Friday 20 February 2015

'विशाल-शेखर' नहीं ! शाहरुख़ खान के 'प्रीतम'

खबर है कि रोहित शेट्टी की शाहरुख़ खान के साथ आगामी अनाम फिल्म में विशाल-शेखर की जोड़ी का संगीत नहीं होगा।  खबरों के अनुसार इस फिल्म में संगीत प्रीतम देंगे। इसके साथ ही २००७ में रिलीज़ शाहरुख़ खान की फिल्म 'ओम शांति ओम' से बना शाहरुख़ खान और विशाल-शेखर का नाता टूट गया है।  विशाल- शेखर की जोड़ी ने ओम शांति ओम के बाद शाहरुख़ खान की फिल्मों भूतनाथ, रा.वन, चेन्नई एक्सप्रेस और हैप्पी न्यू  ईयर का संगीत दिया था। ख़ास बात यह है कि शाहरुख़ खान और विशाल-शेखर जोड़ी की यह सभी फ़िल्में सुपर हिट रही थी।  ऐसे में इस हिट अभिनेता-संगीतकार जोड़ी का टूटना चौंकाने वाला है।  लेकिन, ट्रेड की जानकारी रखने वाले और फ़िल्मी गतिविधियों के जानकार लोग बताते हैं कि विशाल-शेखर के संगीत से  शाहरुख़ खान का लगाव काफी पहले खत्म हो गया था।  खान इस जोड़ी के फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस में संगीत से भी खुश नहीं थे।  इसलिए, शाहरुख़ खान और रोहित शेट्टी ने बिना विशाल-शेखर को बताये बिना फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस का प्रमोशनल लुंगी डांस गीत रैपर हनी सिंह से कंपोज़ करवा लिया।  इतना ही नहीं विशाल-शेखर जोड़ी को फिल्म के प्रमोशन से भी दूर रखा गया।  यहीं शाहरुख़ खान ने विशाल-शेखर का दिल तोड़ दिया था।  यह बॉलीवुड में सभी को ज़ाहिर है कि विशाल-शेखर रैपर यो यो हनी सिंह को पसंद नहीं करते।  वह हनी सिंह की आलोचना और उन पर छींटाकशी करते रहते है।  शाहरुख़ खान ने उनकी म्यूजिक वाली फिल्म का प्रमोशनल गीत हनी से कंपोज़ कराया ही, उसे तरजीह भी दी। इस पर नाराज़ हो कर विशाल डडलानी ने ट्विटर पर हनी सिंह की आलोचना करते हुए उन्हें 'रेपर रैपर' बताया था। उसी समय यह तय हो गया था कि शाहरुख़ खान और विशाल-शेखर का साथ लम्बे समय तक नहीं चलेगा।  इस बीच यह जोड़ी फराह खान के निर्देशन में हैप्पी न्यू ईयर का संगीत भी तैयार कर रही थी। परन्तु तनावपूर्ण संबंधों का प्रभाव शाहरुख़ खान के फिल्म हैप्पी न्यू ईयर के प्रमोशन हेतु कनाडा और अमेरिका में स्लैम- द टूर पर नज़र आया, जिसमे विशाल शेखर नहीं थे। जबकि, हैप्पी न्यू ईयर के संगीत से कोई सरोकार न होते हुए भी  हनी सिंह साथ थे। इसे देखते हुए यह तय माना जा रहा था कि खान की अगली फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर विशाल शेखर नहीं होंगे।  अब जबकि रोहित शेट्टी की फिल्म के संगीतकार के बतौर विशाल-शेखर को न लिए जाने की अफवाह उड़ रही है, यह तय माना जा रहा है कि जब रोहित शेट्टी की फिल्म का ऐलान होगा, तब बतौर संगीतकार प्रीतम नज़र आएंगे।

अल्पना कांडपाल 


No comments:

Post a Comment