Wednesday 30 March 2016

बिकिनी में नायिका का बागी अवतार !

शब्बीर खान निर्देशित फिल्म 'बागी' इसके मुख्य किरदारों के शरीर का प्रदर्शन करती है। फिल्म के ट्रेलर में नायक टाइगर श्रॉफ अपनी हृष्ट पुष्ट मांपेशियों का प्रदर्शन करते हैं। वहीँ, नायिका  श्रद्धा कपूर 'बागी' में रंग बिरंगे टू पीस स्विमसूट में पानी में आग लगाती लगती है। श्रद्धा कपूर ग्लैमरस हैं।  पर अभी तक उन्होंने अपने तन से कपडे काफी काम करने की कोशिश नहीं की थी।  बागी उनकी अब तक की इमेज से बागी है।  श्रद्धा कपूर कहती हैं, "मुझे उम्मीद है कि दर्शक मेरे इस बिकिनी अवतार को सराहेंगे। "
श्रद्धा से पहले महेश भट्ट की बिटिया आलिया भट्ट निर्देशक विकास बहल की फिल्म शानदार में टू पीस बिकिनी पहने नज़र आई थी।  गुलाबी बिकिनी में आलिया भट्ट गज़ब ढा रही थी।  इस बिकिनी को पहनने के लिए आलिया भट्ट ने अपने शरीर को आकार देने में काफी मेहनत की थी।  अब फिल्म में कमी थी या फिल्म में आलिया भट्ट का बिकिनी सीक्वेंस इतना लुभावना नहीं बन पड़ा था कि फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच नहीं सकी ।  निराश आलिया भट्ट ने कहा था, "मैंने बिकिनी के लिए काफी मेहनत की थी।"
सेक्सी नहीं हर एक्ट्रेस की बिकिनी
अब जब हिंदी फ़िल्में स्मूचिंग तक आ गयी हैं तो फिल्मों की नायिका का बिकिनी पहनना कोई तहलका मचाने वाली बात नहीं।  यही कारण है कि बेवकूफियां में सोनम कपूर की गुलाबी बिकिनी और मैं तेरा हीरो में नर्गिस फाखरी की नीली बिकिनी दर्शकों में हलचल पैदा नहीं कर सकी। उनसे भी पहले हेमा मालिनी की बेटी एशा देओल की धूम २, शहजान पदमसी की हॉउसफुल २, समीरा रेड्डी की मुसाफिर, मिनिषा लाम्बा की किडनैप में बिकिनी दर्शकों को फीकी नज़र आई।  इस लिहाज़ से फिल्म कॉकटेल में दीपिका पादुकोण का टू पीस बिकिनी अवतार उनकी फिट बॉडी के कारण काफी सेक्सी बन पड़ा था।
बेशक, अब हर अभिनेत्री बिकिनी पहन कर उतार चुकी है।  बिकिनी उसी एक्ट्रेस के शरीर पर फबती है, जिस की बिकिनी बॉडी होती है।  साफ़ तौर पर तराशा बदन बिकिनी से उभर कर निखरता है।  उस पर पानी की बूंदे आग  जैसी दमकती हैं।  ऐसा सेंसुअस शरीर दर्शकों को सेक्सी लगता है।  कभी यह बिकिनी सनसनीखेज हुआ करती थी। पुरानी फिल्म अभिनेत्रियों के बीच जैसे टैबू थे, उसके लिहाज़ से उनका बिकिनी पहनना क्रांति करने जैसा था।  इसीलिए, इक्का दुक्का ही सही, जब भी किसी एक्ट्रेस ने बिकिनी पहनी हंगामा बरपा गया।  साथ ही ऎसी फिल्म सेक्सी बन कर हिट हो गई।
पहली बिकिनी बेब मीनाक्षी शिरोडकर
१९४१ में  किदार शर्मा की पीरियड फिल्म 'चित्रलेखा' में टॉपलेस हो कर तालाब में उतरी अभिनेत्री महताब ने तहलका मचा दिया था।  महताब का  कारनामा हिंदी फिल्मों की अभिनेत्रियों का बोल्डनेस की दिशा में अगला कदम जैसा था। क्योंकि, महताब से तीन साल पहले, १९३८ में  रिलीज़ फिल्म 'ब्रह्मचारी' की नायिका मीनाक्षी शिरोडकर ने बिकिनी पहन कर तहलका मचा दिया था।  मीनाक्षी ने यह बिकिनी फिल्म में अपने हीरो मास्टर विनायक को आकर्षित करने के लिए स्विमिंग पूल के किनारे गीत 'यमुना जली खेलू  खेल' गीत गाते हुए पहनी थी। इस गीत को खुद मीनाक्षी ने ही गया था। यह फिल्म एक विलासी युवक की कहानी थी, जो ब्रह्मचर्य और आत्मसंयम का महत्व समझने के लिए एक आश्रम में जाता है।  वहां वह एक युवती के प्रेम जाल में फंस जाता है। तब होती है उसके संयम की परीक्षा। मीनाक्षी शिरोडकर यह कामुक कन्या बनी थी। इस सीन ने तहलका मचा दिया।  दर्शक इस सीन को देखने के बार बार सिनेमाघर पहुंचे।  समीक्षकों ने ब्रह्मचारी को कामुकता जगाने वाली फिल्म बताया। यहाँ बताते चले कि मीनाक्षी शिरोडकर की दो पोतियों  नम्रता शिरोडकर और शिल्पा शिरोडकर ने  भी बाद में बिकिनी पहनी।  लेकिन, अपनी दादी की तरह तहलका नहीं मचा सकी।
अशोक कुमार की मोहब्बत नलिनी जयवंत की बिकिनी
फिल्म रामराज्य में राम की  सीता के बतौर मशहूर अभिनेत्री शोभना समर्थ की रिश्तेदार नलिनी जयवंत अपने समय से काफी आगे की अभिनेत्री थी।  उन्होंने एक अंग्रेजी पत्रिका के लिए बॉम्बे के जुहू बीच में टू पीस बिकिनी पहन कर फोटो सेशन कराया था।  इन्हीं नलिनी जयवंत ने १९५० की फिल्म संग्राम में वन पीस बिकिनी पहन कर स्विमिंग पूल पर नहाते हुए गीत उल्फत के जादू का दिल में असर है फिल्माया गया था।  यह गीत में नलिनी  जयवंत के साथ अशोक कुमार भी थे। अशोक कुमार और नलिनी जयवंत ने एक साथ ११ फ़िल्में की थी।  उन दिनों अशोक कुमार और नलिनी जयवंत रोमांस सुर्खियां पा रहा था।   इसलिए, यह गीत बेहद सनसनीखेज बन गया था।  संग्राम अशोक कुमार की बड़ी हिट फिल्मों में शुमार है।
आवारा राजकपूर के लिए नर्गिस का स्विमसूट  
राजकपूर ने, जब फिल्मों में कदम रख, उस समय नर्गिस का नाम बड़ी अभिनेत्रियों में शुमार था।  नर्गिस राजकपूर पर आसक्त थी।  इसलिए, उन्होंने नवोदित राजकपूर की नायिका बनना मंज़ूर किया ही, उनके निर्देशन में कई फिल्में भी की। आग और बरसात के बाद आवारा राजकपूर और नर्गिस की निर्देशक अभिनेत्री जोड़े की तीसरी फिल्म थी।  राजकपूर के कारण नर्गिस ने आवारा में स्विमिंग सूट पहनना भी मंज़ूर किया।  इस फिल्म के एक दृश्य में वह स्विमिंग सूट में समुद्र से निकलती है और अपने कपडे  बदलती दिखाई गई थी।  नर्गिस की उस समय की इमेज और कद के लिहाज़ से यह सीन काफी बोल्ड माना गया था। इस सीन ने नर्गिस-राजकपूर रोमांस की गम्भीरता पर मोहर लगा दी थी।
दिल्ली का ठग किशोर कुमार और स्विमिंग पूल पर नूतन 
नलिनी जयवंत और नर्गिस के बाद सनसनी फैलाई नूतन के स्विमिंग पूल पर वन पीस बिकिनी पोज़ ने।  इस फिल्म के नायक किशोर कुमार थे। इस क्राइम-ड्रामा फिल्म में किशोर कुमार ने दिल्ली के ठग और नूतन ने उनकी मंगेतर का रोल किया था।   नूतन फिल्म में एक स्विमिंग और डाइविंग चैंपियन बनी थी। इसलिए, फिल्म में उनका स्विमिंग सूट में नज़र आना स्वाभाविक था।  निर्देशक एस डी नारंग ने स्विमिंग पूल पर स्विमसूट में नूतन के पोज़ को खूब भुनाया।  यह दृश्य भी नूतन की गुडी गुडी इमेज के कारण सनसनी फैलाने वाला बन गया था।
शर्मीला टैगोर ने बनाया बिकिनी ट्रेंड 
उपरोक्त से साफ़ है कि हिंदी फिल्मों में नायिका के स्विमसूट पहनने का सिलसिला छुटपुट चलता रहां।
अमूमन, स्विमसूट या बिकिनी सनसनी फैलाने के लिए ही पहने गए।  यही कारण था कि हिंदी फिल्मों में बिकिनी का ट्रेंड नहीं चल सका।  बॉलीवुड फिल्मों में बिकिनी का ट्रेंड चलाता अभिनेत्री शर्मीला टैगोर ने।  कश्मीर की कली से हिंदी फिल्म डेब्यू करने वाली शर्मीला टैगोर ने कई फैशन ट्रेंड स्थापित किये।  उन्होंने, शक्ति सामन्त की फिल्म 'ऐन इवनिंग इन पेरिस' फिल्म में नीली बिकिनी पहनी थी।  शर्मीला टैगोर के बारे में यह प्रचारित किया गया कि यह रविंद्रनाथ टैगोर के खानदान से हैं।  ऐसे खानदान की लड़की का बिकिनी पहनना अपने आप में सनसनीखेज था।  फिल्म में शर्मीला टैगोर ने दोहरी भूमिकाएं की थी।  इन भूमिकाओं से वह बोल्ड अभिनेत्री साबित होती थी।  इस फिल्म के बाद हिंदी फिल्मों की नायिका को बोल्ड दिखाने का पहला जरिया बिकिनी बन गई।
बदन में बिकिनी यानि बोल्ड नायिका 
मुमताज़, राखी, पूजा बेदी, सारिका, परवीन बाबी, ज़ीनत अमान, हेमा मालिनी, नीतू सिंह, सोनू वालिया, सायरा बानू, रीना रॉय, उर्मिला मातोंडकर, मन्दाकिनी, डिंपल कपाडिया, पूनम ढिल्लों, किमी काटकर, तिन मुनीम, ममता कुलकर्णी, सोनम, आदि साठ से अस्सी के दशक तक की अभिनेत्रियों ने बिकिनी को खूब  अपनाया। शर्मीला टैगोर ने तो खैर अपने करियर की आठवीं फिल्म में बिकिनी पहनी थी।  लेकिन, इन अभिनेत्रियों ने अपनी शुरूआती फिल्मों में ही बिकिनी पहनने में हिचकिचाहट नहीं दिखाई। पूनम ढिल्लों, पूजा बेदी, परवीन बाबी, ज़ीनत अमान, किमी काटकर, टीना मुनीम, सोनम, आदि अभिनेत्रियों ने अपनी पहली ही फिल्म में बिकिनी पहन कर खुद के बोल्ड होने का ढिंढोरा पीट दिया।  आज के दौर की अभिनेत्री अनुष्का शर्मा पर बोल्ड का टैग लगा है, इसलिए कि उन्होंने 'रब ने बन दी जोड़ी' के अलावा बाकी की तमाम फिल्मों में बिकिनी पहनी थी।  उनकी सेंसुअस बॉडी पर बिकिनी कहर बरपाती सी लगती है।
करीना कपूर की साइज जीरो बिकिनी 
करीना कपूर के दौर से पहले तक हिंदी फिल्मों में बिकिनी ट्रेंड बन चुकी थी।  इसलिए, करीना कपूर का बिकिनी पहनना कोई खबर नहीं बन सकती थी।  लेकिन, यशराज बैनर ने फिल्म टशन में करीना  कपूर की बिकिनी को साइज जीरो पर बिकिनी बता कर प्रचारित किया।  इस फिल्म के लिए करीना कपूर ने डाइटिंग, वर्ज़िश और जिम में पसीना बहा कर खुद को साइज जीरो बना दिया था।  इसमें कोई शक नहीं कि साइज जीरो में करीना कपूर सेक्सी लग रही थी।  लेकिन, उनकी बिकिनी ने टशन को बिकिनी टशन नहीं बिकिनी का टेंशन बना दिया। टशन बड़ी फ्लॉप फिल्म साबित हुई।


अल्पना कांडपाल







No comments:

Post a Comment