Thursday 24 August 2017

सलमान खान के साथ दो हीरोइनों की होगी रेस ३

अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम के बाद रेस फ्रैंचाइज़ी की तीसरी फिल्म में सलमान खान होंगे।  इस फिल्म का निर्देशन रेमो डिसूज़ा करेंगे।  यह खबर अब काफी पुरानी हो चली है।  सलमान खान रेमो के साथ काम करने के लिए बेहद उत्सुक थे।  रेमो डिसूज़ा, सलमान खान की फिल्म टाइगर ज़िंदा है के कोरियोग्राफर हैं।  कुछ दिनों पहले तक वह सलमान खान की फिल्म टाइगर ज़िंदा है की कोरियोग्राफी में व्यस्त भी थे। रेस ३ रेमो के साथ सलमान खान की दूसरी फिल्म है।  कुछ समय पहले रेमो डिसूज़ा के निर्देशन में सलमान खान की डांस फिल्म डांसिंग डैड का ऐलान हुआ था।  यह फिल्म पिता और बेटी के संबंधों की कहानी है, जिसमे एक पिता अपनी बेटी की खातिर डांस सीखता है।  अब इस  फिल्म का नाम गो डैडी कर दिया गया है।  इस फिल्म में सलमान खान की नायिका के लिए जैक्विलिन फर्नांडीज़ को लिया गया है।  इसी बीच रेस ३ का ऐलान हो गया।  खबर यह फैली  कि रेस ३ में भी जैक्विलिन सलमान खान की नायिका होंगी।  इसी बीच डेज़ी 'जय हो' शाह का नाम सामने आया।  भ्रम पैदा हो गया कि जैक्विलिन रेस ३ में सलमान खान की नायिका हैं या गो डैडी में।  खुद जैक्विलिन को भी साफ़ कुछ मालूम नहीं था।  सलमान खान के साथ फिल्म किक ने जैक्विलिन के  बॉलीवुड करियर को नया मोड़ दिया था।  जैक्विलिन सलमान खान की फिल्म में कोई भी रोल करने को तैयार रहती है।  परन्तु,  भ्रम यही था कि गो डैडी में तो जैक्विलिन है ही, रेस ३ मे है या नहीं।  लेकिन, अब  स्थिति साफ़ हो गई है।  रेस ३ दो नायिकाओं वाली फिल्म है।  इसलिए फिल्म में डेज़ी शाह के साथ जैक्विलिन भी सलमान खान के साथ स्क्रीन  शेयर करेंगी ।  जैक्विलिन रेस २ में भी एक नायिका थी।  जैक्विलिन की सलमान खान के साथ रेस ३ तीसरी  और गो डैडी चौथी फिल्म हो सकती हैं।  सलमान खान और जैक्विलिन की एक साथ दूसरी फिल्म जुड़वा २ है, जो २९ सितम्बर को रिलीज़ होने जा रही है ।  ध्यान रहे कि जुड़वा २ के नायक वरुण धवन हैं।  सलमान खान का दोहरी भूमिका वाला कैमिया है।  जुड़वा २ की एन्ड क्रेडिट से पहले जुड़वा वरुण धवन एक होटल के कमरे में जुड़वा सलमान खान से मिलेंगे।  सलमान खान की बस इतनी सी भूमिका है।  

No comments:

Post a Comment