Sunday 8 October 2017

क्यों नहीं कहा जाये १०० करोड़ क्लब की नायिका ?

जब तक यह लेख छपेगावरुण धवन की फिल्म जुड़वा २ सौ करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी होगी।  जुड़वा २ वरुण धवन की बॉक्स ऑफिस पर सौ करोड़ बिज़नस करने वाली चौथी फिल्म होगी।  वरुण धवन की सौ करोडिया फिल्मों में एबीसीडी २, दिलवाले और बद्रीनाथ की दुल्हनिया के नाम शामिल हैं।  वरुण धवन की सौ करोड़ का बिज़नस करने वाली एक फिल्म दिलवाले में शाहरुख़ खान भी हैं।  तब दिलवाले को वरुण धवन की फिल्म क्यों कहा जाता है।  अगर, केवल एक एक्टर के नाते दिलवाले वरुण धवन की सौ करोड़ का बिज़नस करने वाली फिल्म कही जा सकती हैतो जुड़वा को जैक्विलिन फर्नांडिस और तापसी पन्नू की सौ करोड़ कमाने वाली फिल्म क्यों नहीं कही जा सकती है।  जिस प्रकार से दर्शक वरुण धवन के कारण दिलवाले को देखने गए, वैसे ही जुड़वा २ देखने वालों में जैक्विलिन और तापसी के नाम पर फिल्म देखने वाले दर्शक भी शामिल थे।
सिर्फ ग्लैमर के लिए ही नहीं
किसी भी हिट फिल्म में हीरोइन रखी ही इसी लिए जाती है कि दर्शकों के बीच उसकी प्रतिष्ठा है। फिल्म में ग्लैमर और सेक्स अपील भरने का काम फिल्म की नायिका ही करती हैं।  वह दर्शकों के तनाव को कम करने का जरिया भी है।  दर्शक उसे परदे पर देखना ही इसी लिए चाहते हैं।  वरुण धवन की फिल्म एबीसीडी २ में वरुण धवन की नायिका श्रद्धा कपूर थी।  दिलवाले में उनकी नायिका कृति सेनन थी और शाहरुख़ खान की नायिका काजोल थी।  बद्रीनाथ की दुल्हनिया में आलिया भट्ट थी।  इन फिल्मों में नायिका ग्लैमर बिखेरने का काम तो कर ही रही थी, फिल्म की कहानी का काफी दारोमदार नायिका पर भी था।  एबीसीडी २ में श्रद्धा कपूर का किरदार वरुण धवन के साथ टाइटल जीतने के लिए डांसिंग पार्टनर थी।  बद्रीनाथ की दुल्हनिया की दुल्हनिया तो आलिया भट्ट ही थी।  क्या आलिया भट्ट के बिना बद्रीनाथ की दुल्हनिया की कल्पना की जा सकती है !
भूमिका के आधार पर खारिज नहीं
हिंदी फिल्मों की नायिका को सिर्फ यह कह कर नहीं खारिज किया जा सकता कि वह अपनी फिल्म में ग्लैमर के लिए रखी जाती है।  फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर हिट बनाने का सारा दारोमदार नायक पर होता है।  ऐसे में आइये जानने की कोशिश करते हैं कि सौ करोड़ की फिल्मों की नायिका क्या सचमुच अपनी १०० करोड़ की फिल्म का सेहरा अपने सर नहीं बाँध सकती ? क्या किसी १०० करोड़िया फिल्म में उसकी कोई भूमिका नहीं? इस तथ्य को १०० करोड़ की फिल्म की नायिका, उस फिल्म उस अभिनेत्री की भूमिका के आधार पर आंकने की कोशिश करते हैं। 
दीपिका पादुकोण- दीपिका पादुकोण और करीना कपूर ऐसी अभिनेत्रियां है, जिन्होंने छह छह १०० करोडिया फिल्में की हैं।  ख़ास बात यह है कि दीपिका पादुकोण की १०० करोड़ कमाने वाली फ़िल्में दीपिका पादुकोण की भूमिका पर भी टिकी नज़र आती हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह फ़िल्में भिन्न एक्टरों के साथ भी हैं।  यह जवानी है दीवानी में रणबीर कपूर, रेस २ में सैफ अली खान, बाजीराव मस्तानी और गोलियों की रास लीला रामलीला में रणवीर सिंह और चेन्नई एक्सप्रेस और हैप्पी न्यू ईयर में शाहरुख़ खान उनके नायक थे। हैप्पी न्यू ईयर में दीपिका पादुकोण केवल ग्लैमर प्रदर्शन के लिए थी।  लेकिन, बाकी फिल्मों में उनकी भूमिका सशक्त और फिल्मों को मोड़ दे सकने वाली थी।
अनुष्का शर्मा - अनुष्का शर्मा के खाते में तीन फ़िल्में ऐसी हैं, जो सौ करोड़ या उससे अधिक का बिज़नेस कर चुकी हैं।  ऐ दिल है मुश्किल, सुलतान और जब तक है जान ऎसी १०० करोड़ कलेक्शन करने वाली फ़िल्में हैं, जिनमे अनुष्का शर्मा या तो सोलो थी या दूसरी एक्ट्रेस के साथ।  जब तक हैं जान में शाहरुख़ खान की एक दूसरी नायिका कैटरीना कैफ भी थी।  ऐ दिल है मुश्किल में ऐश्वर्या राय बच्चन भी थी।  लेकिन, इन तीनों ही फिल्मों में अनुष्का शर्मा की भूमिका सशक्त थी।  सुल्तान में तो वह इमोशन के साथ सलमान खान के किरदार का सपोर्ट कर रही थी।  अलबत्ता वह जब तक है जान का श्रेय अकेले नहीं ले सकती। 
सोनाक्षी सिन्हा- सोनाक्षी सिन्हा पांच १०० करोड़िया फिल्मों दबंग, दबंग २, राउडी राठौर, सन ऑफ़ सरदार और हॉलिडे की नायिका थी।  इन फिल्मों के नायक सलमान खान, अक्षय कुमार और अजय देवगन थे।  यह फ़िल्में पूरी तरह से अपने नायकों पर केंद्रित फ़िल्में थी।  सोनाक्षी सिन्हा का रोल सिर्फ ग्लैमर तक ही सीमित था।  वह अपने ताज में इन दोनों फिल्मो के सौ करोड़ कमाने का पंख तो लगा सकती हैं।  लेकिन, सेहरा नहीं बाँध सकती। 
करीना कपूर- दीपिका पादुकोण की तरह करीना कपूर के खाते में भी छह सौ करोड़ कमाने वाली फ़िल्में दर्ज़ हैं।  गोलमाल ३, रा.वन, बजरंगी भाईजान, ३ इडियट्स, बॉडीगार्ड और सिंघम रिटर्न्स में वह सोलो नायिका थी।  गोलमाल ३ और सिंघम रिटर्न्स में अजय देवगन, रा.वन में शाहरुख़ खान, बॉडी गार्ड और बजरंगी भाईजान में सलमान खान और ३ इडियट्स में आमिर खान उनके नायक थे।  यह सभी फ़िल्में सुपर स्टार अभिनेताओं की थी।  यह कहना ठीक नहीं  होगा कि अगर करीना कपूर अदि इन फिल्मों की नायिका न होती तो यह फ़िल्में इतनी बड़ी हिट न हो पाती।
प्रियंका चोपड़ा- पांच फ़िल्में दर्ज़ हैं प्रियंका चोपड़ा के खाते में, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर १०० करोड़ क्लब में शामिल होने का सम्मान पाया।  बाजीराव मस्तानी मे प्रियंका चोपड़ा की भूमिका अपेक्षाकृत छोटी मगर सशक्त थी।  डॉन २ में शाहरुख़ खान के डॉन किरदार  पीछे पड़ी हुई, उसके दांत खट्टे किये दे रही थी।  अग्निपथ में हृथिक रोशन की वह नायिका थी।  उनका रोल छोटा था।  मगर प्रियंका चोपड़ा की छाप नज़र आई थी।  कृष ३ में वह फिर हृथिक रोशन की नायिका थी।  अलबत्ता, कंगना रनौत का किरदार थोड़ा भारी पड़ रहा  था।  रणबीर सिंह के साथ बर्फी में दोनों के अभिनय की टक्कर थी।  पूरी फिल्म इन्ही दोनों के अभिनय पर टिकी हुई थी।  ख़ास बात यह है कि अग्निपथ और कृष ३ छोड़ कर बाकी दूसरी फ़िल्में अलग अलग अभिनेताओं के साथ थी। 
कैटरीना कैफ- कभी कैटरीना कैफ को लकी मैस्कॉट माना जाता था।  अक्षय कुमार के साथ उनकी जोड़ी हिट मानी जाती थी।  मगर उनकी १०० क्लब में शामिल कोई भी फिल्म अक्षय कुमार के साथ नहीं है।  एक था टाइगर में सलमान खान, बैंग बैंग में हृथिक रोशन, धूम ३ में आमिर खान और जब तक हैं जान में शाहरुख़ खान उनके नायक थे।  हालाँकि, कैटरीना कैफ की १०० क्लब शामिल सभी फ़िल्में भिन्न नायकों वाली थी। इसके बावजूद कैटरीना काफी किसी भी फिल्म पर अपना मज़बूत दावा नहीं ठोंक सकती।
जैक्विलिन फर्नांडीज़- जुड़वा २ को शामिल कर लिया जाए तो जैक्विलिन फर्नांडीज़ भी पांच १०० करोड़ क्लब में शामिल फिल्मों की नायिका हैं। पहले की चार फिल्मों हाउसफुल २ और ३, किक और रेस २ में किसी भी फिल्म को जैक्विलिन की फिल्म नहीं कहा जा सकता है।  यह सभी फ़िल्में सितारा बहुल भी हैं।  सोनम कपूर- दो सौ करोड़ क्लब वाली फिल्मों की नायिका सोनम कपूर को अभी यह दावा पुख्ता करना है कि वह १०० करोड़ क्लब की नायिका की सही दावेदार हैं। सलमान खान के साथ प्रेम रतन धन पायों और फरहान अख्तर के साथ भाग मिल्खा भाग में सोनम कपूर कुछ भी नहीं कर रही थी। 
श्रद्धा कपूर- एबीसीडी २ और एक विलेन की श्रद्धा कपूर का दावा इन दोनों सौ करोड़ क्लब वाली फिल्मों पर पुख्ता उस समय हो जाता है, जब वह इन फिल्मों में अपनी सशक्त भूमिका और डांसिंग क्षमता के कारण फिल्म को मोड़ दे सकने में कामयाब होती हैं। 
आलिया भट्ट- बद्री की दुल्हनिया की आलिया भट्ट हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया और २ स्टेट्स में १०० करोड़ क्लब की नायिका वाला दावा ठोंक सकती हैं। इन फिल्मों में उनके अभिनय पक्ष पर दर्शकों का ध्यान जाता है।  वह सिर्फ ग्लैमर डॉल नहीं लगती।

No comments:

Post a Comment