Thursday 16 November 2017

क्या रणबीर कपूर बनेंगे राजा के हीरो ?

हुआ यह कि अक्षय कुमार को एयरलिफ्ट कराने वाले और सैफ अली खान को शेफ बनाने वाले राजा कृष्णा मेनन एक दिन रणबीर कपूर से मिलने चले गए।  इसके साथ ही बॉलीवुड के फिफ्टी फिफ्टी बाजार में यानि गॉसिप मैगज़ींस में रणबीर कपूर के राजा की फिल्म का हीरो बनने की सुर्खियां बनने लगी।  दरअसल, राजा मेनन ने एक काल्पनिक थ्रिलर ड्रामा लिखा है।  वह इस पर कोई फिल्म बनाने का इरादा रखते हैं।  उनके दिमाग में कई एक्टर हैं।  लेकिन, अभी वह तय नहीं कर पाए हैं कि किसे हीरो बनाये।  खुद राजा भी किसी का नाम लेना नहीं चाहते।  इसके बावजूद गपोड़े भाई लोग रणबीर कपूर का नाम घसीट लाये।  वह इस कारण  से कि राजा मेनन रणबीर कपूर से मिलने चले गए। जबकि, उनका यह मिलना किसी फिल्म के लिए नहीं था।  वह तो बस रणबीर कपूर से जानपहचान बढ़ाने और उनके विचार जानने चले गए थे।  हो सकता है कि बाद में कभी उपयुक्त स्क्रिप्ट मिलने पर वह रणबीर कपूर के साथ फिल्म बनाएं।  दरअसल, रणबीर कपूर चाह कर भी, अभी राजा कृष्ण मेनन की फिल्म नहीं कर सकते।  रणबीर कपूर इस समय राजकुमार हिरानी की फिल्म संजू में अभिनेता संजय दत्त की भूमिका कर रहे हैं।  यह फिल्म अगले साल ३० मार्च को रिलीज़ होनी है।  इसके बाद उन्हें अयान  मुखर्जी के साथ फ़न्तासी एडवेंचर सीरीज ब्रह्मास्त्र करनी है।  ब्रह्मास्त्र ट्राइलॉजी फिल्म है।  इसका पहला हिस्सा १५ अगस्त २०१९ को रिलीज़ होगा।  रणबीर ब्रह्मास्त्र की शूटिंग अगले साल ही शुरू कर पाएंगे।  ऐसे में उनके लिए मुश्किल होगा कि वह एक ट्राइलॉजी के रहते किसी दूसरी फिल्म को स्वीकार कर पाएं। 

No comments:

Post a Comment