Showing posts with label हैरिसन फोर्ड. Show all posts
Showing posts with label हैरिसन फोर्ड. Show all posts

Saturday 11 April 2020

Steven Spielberg की Indiana Jones 5 में Harrison Ford



किंगडम ऑफ़ क्रिस्टल स्कल के १२ साल बाद, इंडिआना जोंस को परदे पर पांचवी बार लाने की कोशिश शुरू हो चुकी है। लुकासफिल्म की अध्यक्ष कथेलीन कैनेडी ने इस बात की पुष्टि की है कि अभी पांचवी इंडिआना जोंस फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम हो रहा है। यह फिल्म रिबूट नहीं, मौलिक होगी। इसकी शुरुआत वहीँ से होगी, जहाँ पर किंगडम ऑफ़ क्रिस्टल स्कल ख़त्म हुई थी। फिल्म में अभिनेता हैरिसन फोर्ड भी होंगे। वह पांचवी बार इंडिआना जोंस की भूमिका करते नज़र आयेंगे। हैरिसन फोर्ड इस समय ७७ साल के है। उन्होंने जब पहली इंडिआना जोंस फिल्म रेडर्स ऑफ़ द लास्ट आर्क (१९८१) की थी, उस समय वह ३९ साल के थे। इस फिल्म के बाद, टेम्पल ऑफ़ डूम (१९८४), इंडिआना जोंस एंड द लास्ट क्रूसेड (१९८९) और किंगडम ऑफ़ क्रिस्टल स्कल (२००८) में भी डॉक्टर हनेरी वाल्टन इंडिआनाजोंस जूनियर का चरित्र नज़र आता रहा। हर फिल्म में इंडिआना जोंस की भूमिका हैरिसन फोर्ड ही करते रहे। इंडिआना जोंस सीरीज की फिल्म को भारत में लोकप्रियता टेम्पल ऑफ़ डूम से मिली। इस फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता अमरीश ने सांप चबाने वाले गंजे अघोरी साधू की भूमिका की थी। इंडिआना जोंस सीरीज की पहली चार फिल्मों का निर्देशन स्टीवन स्पीलबर्ग ने किया था। लेकिन, इस पांचवी फिल्म का निर्देशन जेम्स मैनगोल्ड करेंगे। इंडिआना जोंस ५ को २०२१ में प्रदर्शित करने की योजना है।

Tuesday 8 December 2015

हैरिसन फोर्ड ही होंगे इंडिआना जोंस !

इस साल के शुरू में मशहूर फ्रैंचाइज़ी इंडियन जोंस का पांचवां सीक्वल बनाए जाने की अफवाहें थी। कहा गया कि डिज्नी की नज़रे ओरिजिनल इंडिआना जोंस हैरिसन फोर्ड के बदल के लिए गार्डियनस ऑफ़ गैलेक्सी और जुरैसिक वर्ल्ड के अभिनेता क्रिस प्राट पर टिकी हुई थी।  हालाँकि, उसी समय क्रिस ने इन अफवाहों का यह कहते हुए खंडन कर दिया था कि उनसे कभी इंडिआना जोंस के लिए संपर्क नहीं किया गया। लेकिन, इंडिआना जोंस ५ बनाए जाने की खबरों को किसी ने नहीं नकारा। इसलिए, यह अफवाह भी बनी रही कि जब भी इंडिआना जोंस ५ बनेगी, पुरातत्ववेत्ता डॉक्टर हेनरी ‘इंडिआना’ जोंस जूनियर का किरदार हैरिसन फोर्ड नहीं कर रहे होंगे। लेकिन, एक इंटरव्यू में इंडिआना जोंस के डायरेक्टर स्टीवन स्पीलबर्ग ने इन सभी अफवाहों को नकार दिया। उन्होंने साफ़ कहा कि ‘मैं नहीं सोचता कि इंडी के किरदार में कोई हैरिसन फोर्ड की जगह ले सकता है। मेरा कोई ऐसा इरादा भी नहीं है कि स्पाइडर-मैन और बैटमैन की तरह इंडिआना जोंस भी कोई दूसरा एक्टर करे।’ हालाँकि, इसमे भी कोई शक नहीं कि इंडिआना जोंस का किरदार करने वाले हैरिसन फोर्ड अकेले एक्टर नहीं। इंडिआना जोंस सीरीज की पहली फिल्म ‘रेडर्स ऑफ़ द लॉस्ट आर्क १९८१ में रिलीज़ हुई थी। फिल्म में इंडिआना जोंस की भूमिका में पहली बार हैरिसन फोर्ड नज़र आये और दर्शकों के दिलो दिमाग पर छा गए। इसके बाद तीन अन्य फ़िल्में ‘इंडिआना जोंस एंड द टेम्पल ऑफ़ डूम’ (१९८४), ‘इंडिआना जोंस एंड द लास्ट क्रूसेड’ (१९८९) और ‘इंडिआना जोंस एंड द किंगडम ऑफ़ द क्रिस्टल स्कल’ (२००८) रिलीज़ हुई। इन चारों फिल्मों में इंडिआना जोंस हैरिसन फोर्ड ही थे। लेकिन, द लास्ट क्रूसेड में रिवर फ़ीनिक्स ने युवा इंडिआना जोंस का किरदार किया था। १९९२ की टीवी सीरीज ‘द यंग इंडिआना जोंस क्रॉनिकलस’ में सीन पैट्रिक फ्लानेरी इंडिआना जोंस के युवा अवतार में थे। इस लिहाज़ से इंडिआना जोंस के हैट में किसी दूसरे एक्टर का सर घुसाने की गुंजायश है। लेकिन, स्टीव स्पीलबर्ग के बाद प्रोडूसर फ्रैंक मार्शल के द्वारा भी नकारे जाने के बाद हैरिसन फोर्ड के बदल की अफवाहों पर विराम लग जाना चाहिए। डिज्नी ने इंडिआना जोंस फ्रैंचाइज़ी पर फिल्म बनाने के अधिकार दिसम्बर २०१३ में ही खरीद लिए थे। पर यह स्टूडियो फिलहाल तो स्टार वार्स सीरीज की सातवीं फिल्म की रिलीज़ को लेकर काफी व्यस्त है। वैसे अन्दर खाने चर्चा है कि इंडिआना जोंस ५ खालिस कल्पना नहीं रह गई है। यह फिल्म ज़रूर बनाई जायेगी, चाहे हैरिसन फोर्ड के साथ या उनके बिना।