Showing posts with label Disaster Movie. Show all posts
Showing posts with label Disaster Movie. Show all posts

Monday, 3 November 2025

#BoxOffice पर विनाशक फिल्म #ArjunKapoor की #TheLadyKiller



अर्जुन कपूर, एक ऐसे अभिनेता हैं, जो चाँदी का नहीं, सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए है। वह, मुम्बईया फिल्म उद्योग के सुरिंदर कपूर परिवार के बेटे बोनी कपूर के बेटे हैं। उन्होंने इक्का दुक्का फिल्मों के लिए कैमरा के पीछे काम करने के बाद, २०१२ में, यशराज फिल्म्स की रोमांटिक ड्रामा फिल्म इश्कजादे से अपने नायक के रूप में अभिनय जीवन का प्रारम्भ कर दिया। इश्कजादे बड़ी हिट फिल्म साबित हुई। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर में श्रेष्ठ अभिनेता की  श्रेणी में नामांकन मिला। 




इसके बाद, उनकी प्रदर्शित २०१४ की क्राइम एक्शन ड्रामा फिल्म गुंडे और रोमांटिक कॉमेडी २ स्टेट्स को सफलता मिली। इसके बाद उनकी तीन फिल्मों कॉमेडी ड्रामा की एंड का (२०१६) , हाफ गर्लफ्रेंड (२०१७) और कॉप एक्शन फिल्म सिंघम अगेन (२०२४) के अतिरिक्त शेष फिल्मे एक के बाद एक असफल होती चली गई । 




अर्जुन कपूर ने बॉक्स ऑफिस की डिजास्टर या विनाशक फिल्मों की लम्बी श्रृंखला दी है।  इनमे से एक फिल्म द लेडी  किलर भी थी। इस फिल्म के निर्माता और निर्देशक अजय बहल थे।  अजय बहल ने, बीए पास, सेक्शन ३७५ और ब्लर्र जैसी सफल फिल्में दी थी। किन्तु, द लेडी किलर को लेकर वह भयानक रूप से असफल हुए।




अपराध, हत्या रहस्य ड्रामा फिल्म द लेडी किलर में,  अर्जुन  कपूर की दो नायिकाएं भूमि पेढनेकर और प्रियंका बोस थी। हत्या रहस्य वाली अपराध फिल्मे  दर्शकों द्वारा पसंद भी की जाती है। किन्तु, न जाने क्या बात थी कि द लेडी किलर को दर्शकों का भयंकर टोटा हो गया।



  

द लेडी किलर, ३ नवंबर २०२३ को प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म से पूर्व अर्जुन कपूर की  प्रदर्शित दो फ़िल्में एक विलैन रिटर्न्स औसत और कुत्ते फ्लॉप हुई थी। ऐसा प्रतीत होता है कि दर्शकों ने इस फिल्म की गुणवत्ता पहले ही सूंघ ली थी। तभी तो फिल्म को पहले दिन, पूरे भारत में मात्र २९३ टिकट बिके और ३८ हजार का ग्रॉस हुआ।  फिल्म को प्रदर्शकों ने केवल १२ शो ही दिए थे।  फिल्म की विनाशलीला चहुँ ओर बरसी।  फिल्म के निर्माण में ४५ करोड़ व्यय हुए थे। किन्तु, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक लाख का ग्रॉस ही कर पाई।




बताया जाता है कि फिल्म के बजट में निरंतर वृद्धि को देखते हुए निर्माताओं ने फिल्म को आधा अधूरा ही प्रदर्शित कर दिया था। बजट में वृद्धि का मुख्य कारण शूटिंग की उत्तराखंड में निरंतर बारिश होते रहने के कारण फिल्म की शूटिग निरस्त हो जाना था। इसी का परिणाम था कि फिल्म को बहुत काटा पीटा गया।  कलाकारों द्वारा डबिंग न करने के कारण वॉइसओवर कराया गया। इससे फिल्म की गुणवत्ता में पर्याप्त अंतर पड़ा।




द लेडी किलर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होना था।  किन्तु, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की इस बुरी असफलता को देखते हुए प्लेटफार्म द्वारा फिल्म को स्ट्रीम करने से इंकार कर दिया। इसके बाद, इस फिल्म को  यू ट्यूब चैनल से प्रदर्शित किया गया। यहाँ भी दर्शकों ने इसकी कड़ी आलोचना की।  इस फिल्म के कथानक की समीक्षकों द्वारा भी कटु आलोचना की गई। 




अर्जुन  कपूर की, द लेडी किलर के अतिरिक्त विनाशक फिल्मों में कुत्ते, संदीप और पिंकी फरार, पानीपत, इंडियाज मोस्ट वांटेड, नमस्ते इंग्लैंड, मुबारकां, तेवर, फाइंडिंग फेनी और औरंगजेब थी।  इस प्रकार से, अर्जुन कपूर सबसे बड़ी डिजास्टर फिल्म का नायक है, जिसने अपनी सफल फिल्मों से अधिक विनाशक फ़िल्में दी है।