Friday 3 April 2015

मनचला बने 'धरम संकट में' जिप्पी ग्रेवाल

पंजाब के रॉक स्टार जिप्पी ग्रेवाल अब रॉक स्टार मनचला बन गए हैं।  उन्होंने अपना यह मनचला चोला आगामी फिल्म 'धरम संकट में' के लिए ओढ़ा है।  वह फिल्म में भी रॉक स्टार बने हैं। जिप्पी ग्रेवाल के इस मनचला रॉक स्टार का फिल्म में किरदार अहम है। फिल्म में अभिनेता परेश रावल धर्मपाल के किरदार में हैं।  यह धर्मपाल हिन्दू परिवार में पला बढ़ा है। वह उस समय धरम संकट में फंस जाता है, जब उसे पता चलता है कि वह मुस्लिम माता पिता की संतान है।  धर्मपाल सिख पॉप सिंगर मंजीत मनचला का प्रशंसक है।  इस धर्म संकट में धर्मपाल को राह  दिखाता है, मनचला का एक गीत।  जिप्पी ग्रेवाल ने फिल्म में इस अहम किरदार के साथ दो डांस नंबर 'डू यू नो' और 'तू टक्के' भी गाया है तथा इन गीतों पर सोफी चौधरी और हेज़ल कीच के साथ परफॉर्म भी किया है । धार्मिक भावनाओं के लिहाज़ से सेंसिटिव फिल्म 'धरम संकट में' यह गीत कितने प्रभावी साबित होते है। परेश रावल, ओम पूरी और नसीरुद्दीन शाह की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'धरम संकट में' अगले शुक्रवार रिलीज़ हो रही है।


बॉलीवुड फ्यूरियस ! वेरी वेरी 'फ़ास्ट ७'


इस हॉलिडे सीजन में हॉलीवुड फिल्मों का डंका बजने जा रहा है।  'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज' की सातवी फिल्म 'फ़ास्ट ७' या 'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ७' ने बॉलीवुड के लिए खतरे की घंटी बजा दी है।  २०१५ के पहले तीन महीने यानि जनवरी से मार्च २०१५ में रिलीज़ हिंदी फिल्मों में पहले दिन का सबसे ज़्यादा बिज़नेस अर्जुन रामपाल, जैक्विलिन फर्नांडीज़ की रणबीर कपूर की मेहमान भूमिका वाली फिल्म 'रॉय' का १०.४० करोड़ का था।  'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ७' ने, प्राथमिक अनुमानों के अनुसार २०००+ स्क्रीन में रिलीज़ हो कर १० करोड़ से इतना ज़्यादा कलेक्शन कर लेगी कि  वह रॉय के कलेक्शन को पीछे छोड़ दे। (फास्ट एंड फ्यूरियस ७ ने १२ करोड़ का फर्स्ट डे कलेक्शन कर लिया है)  इस प्रकार से 'फ्यूरियस ७' ने इंडियन  बॉक्स ऑफिस पर हॉलीवुड फिल्मों का विश्व  रिकॉर्ड कायम कर लिया है। इस फिल्म से पहले इंडियन बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज़्यादा कलेक्शन करने वाली हॉलीवुड फिल्म पिछले साल रिलीज़ 'द अमेजिंग स्पाइडर-मैन' थी, जिसने ७.५० करोड़ का  फर्स्ट डे कलेक्शन किया था। यहाँ एक दिलचस्प तथ्य यह भी है कि हिंदी फ़िल्में हॉलीवुड फिल्मों के मुकाबले कहीं ज़्यादा प्रिंट्स में रिलीज़ होती हैं।  २०१५ में अब तक जितनी हिंदी फ़िल्में रिलीज़ हुई हैं, इनमे दहाई का वीकेंड कलेक्शन बनाने वाली फिल्मों में 'एनएच १०' का १३.३० करोड़, बदलापुर का २४.०० करोड़, रॉय का २८.६८ करोड़, षमिताभ का १३.२५ करोड़, बेबी का ३५.९० करोड़, डॉली की डोली' का १०.३० करोड़, अलोन का १४ करोड़ और तेवर का २२.०५ करोड़ का कलेक्शन ही दहाई की संख्या छू सका था।  'फ्यूरियस ७' को जिस प्रकार से गुड रिव्यु और माउथ पब्लिसिटी मिल रही हैं, उसे देखते हुए 'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ७' शुक्रवार को रिलीज़ होने जा रही यशराज बैनर की दिबाकर बनर्जी की डिटेक्टिव ड्रामा फिल्म 'डिटेक्टिव ब्योमकेश बनर्जी' को पीछे धकेलते हुए, सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन कर पाने में कामयाब होगी।  यहाँ उल्लेखनीय तथ्य यह भी है कि 'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज' की अब तक रिलीज़ फिल्मों का कलेक्शन हर फिल्म के साथ बढ़ता ही गया है।  इससे साफ़ होता है कि भारतीय दर्शकों में फ्रैंचाइज़ी फिल्मों का क्रेज है।  वह हॉलीवुड सितारों को पहचानने लगे हों।  ऐसे में आने वाले हफ्ते बॉलीवुड के लिए चेतावनी भरे होने जा रहे हैं।  २४ अप्रैल को 'अवेंजर्स : एज ऑफ़ उल्ट्रॉन' रिलीज़ होगी।  एज ऑफ़ उल्ट्रॉन के बाद एक और पॉपुलर सीरीज मैड मैक्स की रीमेक फिल्म 'मैड मैक्स फ्यूरी रोड' १५ मई को, ५ जून को इंसिडियस सीरीज का तीसरा चैप्टर 'इंसिडियस: चैप्टर ३', जुरैसिक पार्क सीरीज की चौथी फिल्म 'जुरैसिक वर्ल्ड' १२ जून को, टर्मिनेटर सीरीज की 'टर्मिनेटर जेनिसीस' १ जुलाई को,  ३१ जुलाई को मिशन इम्पॉसिबल सीरीज की पांचवी फिल्म 'मिशन इम्पॉसिबल ५', फैंटास्टिक फोर ७ अगस्त को और जेम्स बांड सीरीज की २४वी फिल्म 'स्पेक्ट्र' ६  नवंबर को रिलीज़ होने जा रही हैं। ऐसे में जबकि 'फ्यूरियस ७' ने घातक शुरुआत कर दी है, क्या बॉलीवुड के तमाम सुपर स्टार्स को पसीना नहीं छूट रहा होगा ?

फ़ास्ट है.… फ्यूरियस है…लेकिन आखिरी नहीं है सातवी फिल्म !

दो घंटा १८ मिनट तक सांस रोकनी पड़े।  इतने ही समय तक अगले सीन के लिए बेताबी हो।  एक पल भी कुर्सी के किनारे से हट नहीं पाएं।  तो इसे क्या कहेंगे !!! यह फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ७ का साँसे रोक देने वाला एक्शन है। भरी गाड़ियों की खतरनाक पहाड़ी मोड़ पर तेज़ रफ़्तार दौड़ है।  २००१ में शुरू फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज की इस सातवी फिल्म में पहले वाली छह फिल्मों से अधिक रफ़्तार है और हैरतअंगेज एक्शन है।  इन एक्शन के लिए विन डीजल, पॉल वॉकर, ड्वेन जॉनसन, मिशेल रॉड्रिगुएज़, जोर्डाना ब्रूस्टर, टायर्स गिब्सन, लुडक्रिस, लुकास ब्लैक और जैसन स्टेथम से अच्छा चुनाव और कोई नहीं हो सकता था।  विन डीजल, पॉल वॉकर, दवाएं जॉनसन और मिशेल रॉड्रिगुएज़ तथा जैसन स्टेथम अपने एक्शन दृश्यों से दर्शकों को दहलाते हैं। वहीँ धुंआधार खतरनाक एक्शन के बीच बढ़िया कॉमेडी के सीक्वेंस भी हैं। टायर्स गिब्सन और लुडक्रिस की जोड़ी इसे बखूबी अंजाम देता है। खतरनाक चेस सेक्वेन्सेस और एक्शन से सहमा दर्शक हँसते हँसते लोटपोट हो जाता है और रिलीफ महसूस  करता है।  पॉल वॉकर और जोर्डाना ब्रूस्टर तथा विन डीजल और मिशेल रॉड्रिगुएज़ की रोमांटिक जोड़ियां फिल्मों को खालिस एक्शन फिल्म होने से बचाती है।  
डॉमिनिक टोरेंटो और ब्रायन ओ'कोनर और उनके साथी खतरों का काम छोड़ कर अपनी अपनी ज़िन्दगी में व्यस्त हो गए हैं।  लेकिन, डेकार्ड शॉ इन लोगों से अपने भाई की मौत का बदला लेना चाहता है।  वह उनके साथी हान को मार देता है।  जब टोरेंटो और उसके साथियों को इसका पता चलता है तो वह शॉ को ख़त्म करने निकल पड़ते हैं।  इसी के साथ शुरू होता है फ़ास्ट एंड फ्यूरियस की खतरनाक सफर।
'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ७' के अंग्रेजी संस्करण के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु और बांगला संस्करण भी रिलीज़ किये जा रहे हैं।  स्तरीय डबिंग के कारण फिल्म का प्रभाव बरकरार रहता है। इंडियन बॉक्स ऑफिस के अब तक के जो समाचार हैं, उसके अनुसार 'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ७' हॉलीवुड की सबसे अधिक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करने वाली फिल्म तो बनने जा ही रही है, यह २०१५ का हिंदी फिल्मों में बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का रिकॉर्ड भी तोड़ने जा रही है।  वैसे 'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज के भारत के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी ! 'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ७' सीरीज की आखिरी फिल्म नहीं। इस फिल्म के तीन हिस्से और भी देखने को मिलेंगे।  'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ७' के आखिरी दृश्य, जिसमे शॉ को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया जाता है, इसका संकेत भी मिलता है।
तो देर क्या है आप भी देख आइये न हॉलीवुड का हैरतअंगेज कारनामा -'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ७'
Embedded image permalink

Wednesday 1 April 2015

दिलीप कुमार की नातिन नहीं है यह सायशा सहगल

कल आर० विज़न की फिल्म 'उड़नछू' का ऐलान किया गया।  इस फिल्म से बिग बॉस ८ के विजेता गौतम गुलाटी डेब्यू कर रहे हैं। लेकिन, जैसे ही फिल्म में उनकी नायिका का नाम पुकारा गया, मौजूद पत्रकार चौंक पड़े।  क्या यह दिलीप कुमार और सायरा बानो की नातिन है? यानि पूर्व फिल्म अभिनेत्री शाहीन बानो और अभिनेता सुमीत सहगल की बेटी ! शाहीन और सुमीत की बेटी का नाम सायशा सहगल है।  आर० विज़न की फिल्म 'उड़नछू' में गौतम गुलाटी की नायिका का नाम भी सायशा सहगल है।  नाम की समानता के कारण पैदा हो रही और होने वाली गलती को भांप कर आयोजको ने साफ़ किया कि यह वह सायशा नहीं है।  यह दिलीप कुमार और सायरा बानो की नातिन नहीं है।  जी हाँ, इस सायशा का दिलीप कुमार और सायरा बानो से कोई नाता नहीं है।  वह नितांत गैर फ़िल्मी बैकग्राउंड से हैं और नाशिक की रहने वाली हैं।  २०१२ में वह आँखों में एक्टिंग का सपना लिए मुंबई आई।  कई थिएटर ग्रुप्स में काम किया।  वह अच्छी डांसर भी हैं। यहाँ तक कि सायशा सहगल किसी सायरा बानो की फैन  नहीं, बल्कि माधुरी दीक्षित उनकी आदर्श हैं। इस सायशा के आने से दिलीप कुमार नई नातिन सायशा को नाम की दिक्कत हो सकती है। पिछले साल शाहीन बानो और सुमीत सहगल की बेटी सायशा सहगल को अजय देवगन के साथ फिल्म 'शिवाय' का ऐलान किया गया था।  उड़नछू से गौतम गुलाटी और सायशा सहगल के  अलावा फिल्म के निर्देशक विपिन  पराशर का भी मुख्य धारा की फिल्मों में डेब्यू हो रहा है।  वह म्यूजिक वीडियो के अलावा हिंदी फिल्म 'नो एग्जिट'  निर्देशन  भी कर रहे हैं।

राजेंद्र कांडपाल

लक्ष्मी राय का हिंदी फिल्म डेब्यू वाया 'अकीरा'

दक्षिण की हॉट एक्ट्रेस लक्ष्मी राय का बॉलीवुड डेब्यू होने जा रहा है।  हालाँकि, वह एक दक्षिण के डायरेक्टर की फिल्म से डेब्यू कर रही हैं। ए आर मुरुगदॉस की फिल्म 'अकीरा' की नायिका सोनाक्षी सिन्हा हैं।  इसी एक्शन फिल्म से लक्ष्मी राय का भी डेब्यू होने जा रहा है।  लक्ष्मी राय दक्षिण की सफल अभिनेत्रयों में हैं।  इसके बावजूद कि  वह दक्षिण की फिल्मों में सफल हैं, लक्ष्मी राय ने कभी हिंदी फिल्मों को तरजीह नहीं दी।  हालाँकि, उनके भारतीय क्रिकेट टीम के मशहूर खिलाडियों के साथ अफेयर चले।  सबसे ज़्यादा सुर्खियां मिली महेंद्र सिंह धोनी और लक्ष्मी राय के अफेयर को।  यह आईपीएल २०११ का सीजन था।  मुंबई के अख़बारों के ज़रिये राय-धोनी रोमांस सुर्खियां पाने लगा। उस दौरान यह सोचा गया कि यह लक्ष्मी राय की बॉलीवुड फिल्म पाने की गिमिक है।  लेकिन, लक्ष्मी राय ने बॉलीवुड फिल्म करने से साफ़ मना कर दिया।  कुछ समय बाद यह रोमांस अपनी मौत मर गया।  हालाँकि, लक्ष्मी राय आज भी इस रोमांस को अपनी ज़िन्दगी का घाव मानती हैं। लक्ष्मी राय का कुछ समय तक क्रिकेटर श्रीसंथ के साथ भी रोमांस चला। लक्ष्मी राय को बॉलीवुड  फिल्म करने का पहला मौका हिमेश रेशमिया ने अपनी फिल्म 'हाय गुज्जु' में दिया था।  लक्ष्मी राय 'हाय गुज्जु' की नायिका बन गई होती, अगर उन्होंने हिमेश रेशमिया की उस समय रिलीज़ फिल्म 'क़र्ज़' न देख ली होती।  क़र्ज़ देखने के बाद लक्ष्मी को लगा कि वह ऎसी फिल्मों का हिस्सा नहीं बन सकती।  उन्होंने फिल्म छोड़ दी। 'हाय गुज्जु' भी बन नहीं सकी। ' अकीरा' में राय लक्ष्मी (अब उन्होंने अपना यही नाम रख लिया है ) का फुलफ्लेज हीरोइन वाला नहीं।  फिल्म में वह एक महत्वपूर्ण मेहमान भूमिका में हैं।  मुरुगदॉस ने अब तक जो हिंदी फ़िल्में बनाई हैं, वह सुपर डुपेर हिट रही हैं।  अगर 'अकीरा' हिट हुए तो सोनाक्षी सिन्हा की बल्ले बल्ले तो होगी ही, राय लक्ष्मी की बॉलीवुड गाडी भी चल निकलेगी।


अल्पना कांडपाल



फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज की सातवीं फिल्म

भारत में हॉलीवुड फिल्मों का दबदबा कायम है। २०१२ में रिलीज़, हॉलीवुड की सुपरहीरोज वाली फिल्म 'द अवेंजर्स' को अनिल कपूर और अजय देवगन की फिल्म 'तेज़' को मौजूदगी में मिली सफलता  से हॉलीवुड का  हौसला बढ़ा हुआ है।  सुपरमैन, स्पाइडर-मैन, रेजिडेंट ईविल, हैरी पॉटर, आदि सीरीज हिन्दुस्तानी दर्शकों की पसंदीदा फिल्म सीरीज हैं।  ऐसी एक अन्य सीरीज 'फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज' भी है। २००१ से शुरू, इस सीरीज की पहली छह फिल्मों को पूरी दुनिया के साथ भारत में भी सफलता मिली थी।  अब इस सीरीज की सातवी और आखिरी फिल्म ३ अप्रैल को रिलीज़ होने जा रही है। 'द फ़ास्ट एंड द फ्यूरियस' सीरीज एक्शन फ़िल्में इस मायने में अलग है कि इनका फोकस हमेशा ही स्ट्रीट कार रेसिंग और डकैती पर रहता है। कथानक में थोड़ा हेरफेर हो सकता है, लेकिन मोटे तौर पर इन फिल्मों में नई और भारी गाड़ियों की तेज़ रफ़्तार और खतरना कार स्टंट प्रमुख होते हैं। यूनिवर्सल स्टूडियोज द्वारा निर्मित  इस सीरीज की पहली फिल्म 'द फ़ास्ट एंड द फ्यूरियस' २००१ में रिलीज़ हुई थी। इसके बाद से अब तक फिल्म के पांच सीक्वेल बनाये जा चुके हैं।  इस सीरीज की सातवी और आखिरी फिल्म 'फ्यूरियस ७' इस शुक्रवार ३ अप्रैल को रिलीज़ होने जा रही है । दुखद यह है कि सीरीज की सातवी और आखिरी कड़ी अपने एक सदस्य पॉल वॉकर को खोकर ख़त्म हो रही है।  फिल्म की शूटिंग के दौरान ही तेज़ रफ़्तार कार चलाने के शौक़ीन पॉल वॉकर एक सड़क दुर्घटना में अपनी ज़िन्दगी गवा बैठे थे ।  फिल्म के निर्माताओं ने पॉल की मौत निर्माण के दौरान तथा रोल पूरा शूट किये बिना हो जाने के बावजूद पॉल के किरदार  को निकाला या किसी अन्य अभिनेता को सौंपा नहीं,बल्कि उनके भाई की मदद से पॉल वॉकर के हिस्से की शूटिंग पूरी करवाई ।  आइये जानते हैं इस सीरीज की  आखिरी फिल्म और उससे पहले पहली छह फिल्मों के बारे में -
२००१- द फ़ास्ट एंड द फ्यूरियस- फिल्म के कथानक के अनुसार लॉस एंजेल्स पुलिस का एक अंडरकवर पुलिस वाला ब्रायन ओ'कोंनेर स्ट्रीट कार रेसर के समूह में शामिल हो जाता है। उसका इरादा उनके ग्रुप के जरिये अपहरणकर्ताओं के इरादों को नाकाम करना है।  अब होता यह है कि उसके यह नए साथी ही संदेह के घेरे में आ जाते हैं। ऐसे में उसे अपने अपने नये दोस्तों या ड्यूटी में से किसी एक को  चुनना है।  इस फिल्म का निर्देशन रॉब कोहेन ने किया था। 
२००३- २ फ़ास्ट एंड २ फ्यूरियस - पूर्व पुलिस कर्मी ब्रायन ओ'कोंनेर को अपहर्ताओं के लीडर को भगाने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया जाता है। अब उसे इस जुर्म बचने के लिए अपने कॉलेज के पुराने दोस्त की मदद से लोकल ड्रग एक्सपोर्टर को गिरफ्तार करना है। यह इस सीरीज की इकलौती फिल्म है, जिसमे विन डीजल नहीं थे।  केवल उनके करैक्टर का ज़िक्र किया जाता है। इस फिल्म में मेल गिब्सन ब्रायन के पुराने दोस्त बने थे।
 २००६- द फ़ास्ट एंड द फ्यूरियस : टोक्यो ड्रिफ्ट- इस तीसरी फिल्म की पृष्ठभूमि टोक्यो होने के कारण फिल्म की ज़्यादातर कास्ट नई थी।  फिल्म में लुकास ब्लैक ,नताली केली, बोव वाओ, सुंग कांग और ब्रायन टी मुख्य भूमिका में थे।  विन डीजल का कैमिया था। अमेरिका से आया एक किशोर टोक्यो में ड्रिफ्ट रेसिंग की  दुनिया में चुनौती बन कर उभरता है।  इस फिल्म का निर्देशन जस्टिन ली ने किया था।
 २००९-  फ़ास्ट एंड फ्यूरियस- ब्रायन ओ' कोनोर अब एफबीआई के लिए काम करने लगा है।  ब्रायन और डोमिनिक टोरेंटो को लॉस एंजेल्स में एक हीरोइन तस्कर को पकड़ने का काम सौंपा गया है। जस्टिन लीन के निर्देशन में फिल्म में पहले वाली कास्ट फुल फॉर्म में थी।
२०११- फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ५- यह फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज की दूसरी ट्राइलॉजी की दूसरी फिल्म थी। डोमिनिक टोरेंटो, ब्रायन ओ'कोनोर और मिया टोरेंटो एक भ्रष्ट बिजनेसमैन के  १०० मिलियन डॉलर की डकैती डालने की योजना बनाते हैं।  इस फिल्म में अमेरिकी डिप्लोमेटिक सिक्योरिटी सर्विस एजेंट ल्यूक हॉब्स के  ड्वेन जॉनसन आ गए थे।  फिल्म का निर्देशन जस्टिन लीन ने ही किया था।
२०१३- फ़ास्ट एंड फ्यूरियस ६- एक सौ मिलियन डॉलर की  डकैती के बाद टोरेंटो और उसके साथी अलग अलग हो जाते हैं।  हॉब्स ऐसे खतरनाक भाड़े के हत्यारों को गिरफ्तार करना चाहता है, जो सडकों पर तेज़ रफ़्तार गाड़ियां भगाते और हत्याएं करते चले जाते हों।  हॉब्स इस गिरोह ख़त्म तभी कर सकता  है, जब रफ़्तार में इस गिरोह का कोई मुकाबलेबाज़ हो। ऐसे में हॉब्स को टोरेंटो और कोनोर की याद आती है। जस्टिन लिन फिल्म  के निर्देशक थे।
२०१५- फ्यूरियस ७- डेकार्ड शॉ को अपने भाई की मौत का बदला डोमिनिक टोरेंटो से लेना है।  वह अपना  बदला
कैसे लेगा या फिर ले पायेगा या नहीं ! फिल्म का निर्देशन मलेशियन डायरेक्टर जेम्स वान कर रहे हैं। उन्हें सॉ, डेड साइलेंस, इंसिडियस, द कंजूरिंग, इंसिडियस चैप्टर २ लिए जाना जाता है।  वह पहली बार फास्टर एंड फ्यूरियस सीरीज की किसी फिल्म को डायरेक्ट कर रहे हैं।  इस फिल्म की लम्बाई १३७ मिनट की है।
फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज की फिल्मों में पॉल वॉकर ने ब्रायन ओ'कोनोर, विन डीजल ने डॉमिनिक टोरेंटो, मिशेल रॉड्रिगुएज़ ने लेट्टी ओर्तीज़,  जॉर्डन ब्रूस्टर ने मिया टोरेंटो, चाड लिंडबर्ग ने जेसे, जॉनी स्ट्रांग ने लीओन, मैट शुल्ज़ ने विन्स और रिक युन ने जॉनी ट्रेन के किरदार किये थे। फिल्म में अभिनेता जैसन स्टेथम मुख्य विलेन बने हैं।  इस सीरीज के दुनिया भर के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी हो सकती है कि सीरीज का निर्माता स्टूडियो यूनिवर्सल पिक्चर्स इस सीरीज को १० हिस्सों तक  ले जाना चाहता है।  ऐसे संकेत 'फ़ास्ट  एंड फ्यूरियस :टोक्यो ड्रिफ्ट' के हीरो लुकास ब्लैक को इस सीरीज की दो फिल्मों के लिए साइन किये जाने से मिले हैं। इसके अलावा प्रमुख स्टूडियोज के एक्सेक्यूटिव्स की मीटिंग में यूनिवर्सल पिक्चर्स की सीईओ ने भी तीन फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज की फिल्मों की संभावना के संकेत दिए।  स्टूडियो का सोचना है कि इस सीरीज में नए चरित्रों को जोड़े जाने की संभावनाएं हैं।  इसके अलावा सीरीज की पिछली तीन चार फिल्मों का बिज़नेस काफी बढ़ा है।  लेकिन, सब कुछ निर्भर करेंगे फ्यूरियस ७ की बॉक्स ऑफिस पर सफलता पर।

अल्पना कांडपाल