Friday 8 May 2015

बड़े खतरे में है ब्रांड सलमान खान

सलमान खान को २००२ के हिट एंड रन केस में पांच साल की सज़ा के बाद बॉम्बे हाई कोर्ट से दो दिनों की ज़मानत मिल गई।  अब सलमान खान दो रातें अपने घर में माँ के हाथ का बना खाना खा कर गुजार सकते हैं। लेकिन, सलमान खान की यह दोनों रातें करवटें बदलते ही गुजरेंगी। वह जितनी भी साँसे लेंगे, उनमे से कोई भी चैन  की सांस नहीं होगी। क्योंकि, आगे तो उन्हें हजारों रातें जेल में करवटें  बदलते ही गुजारनी हैं।
आम तौर पर, बॉलीवुड एक्टर्स का हर शुक्रवार एक इम्तिहान होता है।  उनकी नई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिलीज़ होती है।  वह रात भर सो नहीं पाते। बेचैनी से करवटें बदलते दर्शकों के फैसले का इंतज़ार करते हैं।  कुछ ऐसा ही ८ मई का शुक्रवार सलमान खान के लिए साबित होगा। बॉम्बे उच्च न्यायालय ने  सलमान खान की ज़मानत की अर्ज़ी ठुकरा दी तो सलमान खान अदालत से वापस अपने घर बांद्रा नहीं लौट पाएंगे।  उन्हें सीधा जेल  भेज दिया जायेगा।  लेकिन, बात यहीं और इतने में ही ख़त्म नहीं होगी।
 सलमान खान १९९८ के काले हिरन के शिकार और अवैध हथियार रखने के मामले में भी फंसे हैं।  दो मामलों  उन्हें सज़ा भी हो चुकी है। एक मामले में पांच साल की और दूसरे मामले में एक साल की।  यह सज़ाएँ उन्हें भुगतनी होंगी, अगर ऊपरी अदालतों से उन्हें कोई  रिलीफ नहीं मिली।  यह सज़ाएं अलग मामले में हैं।  इसलिए जोधपुर कोर्ट से  सज़ा को मुंबई कोर्ट की  सज़ा से टैग नहीं किया जा सकता।  ऐसे में पांच साल बाद सलमान खान को फिर जेल जाना पड़ सकता है।  इसका मतलब यह हुआ कि  वह जब तक अपने गुनाहों की सज़ा भुगत कर जेल से बाहर निकलेंगे साठ  के हो चुके होंगे।  बॉलीवुड में साठा पाठा नहीं होता।  उसे करैक्टर रोल ही मिलते हैं।   तब तक यह खान भी दबंग कहाँ रहेगा !
सलमान खान को थर्टी प्लस में की गई अपनी दबंगई का सिला फोर्टी प्लस में भोगना पड़ रहा है। इन सज़ाओं   के साथ ही सलमान खान की ब्रांड वैल्यू ख़त्म हो जाएगी। हालाँकि, उनके एनजीओ 'बीइंग ह्यूमन' के प्रोडक्ट की बिक्री में ३० प्रतिशत का इज़ाफ़ा हुआ है।  जिन ब्रांड्स के विज्ञापन सलमान खान करते हैं, उस पर हिट एंड रन केस में हुई सज़ा के बाद होने वाला असर आईपीएल में ही दिखाई देने लगेगा।  सलमान खान इस समय सुजुकी मोटरसाइकिल्स, थम्स अप, व्हील, पीएल गाडगिल जेवेलर्स, एस्ट्रल पाइप्स, रेविअल, डिग्सी स्कॉट, यात्रा डॉट कॉम, रेलक्सो हवाई चप्पल, रोटोमक पेन और एसएफएस सोनिक बैटरीज जैसे दर्ज़न भर ब्रांड कर रहे हैं। सलमान खान प्रत्येक इंडोर्समेंट के लिए १० करोड़ लेते हैं।  आईपीएल में थम्स अप जैसे विज्ञापन सलमान खान की ब्रांड वैल्यू के औंधे मुंह गिरने के गवाह हो सकते हैं। इस समय सलमान खान की ब्रांड वैल्यू  १००० करोड़ के आसपास की है।  इस पर सीधा असर पड़ेगा। यह ब्रांड किसी दूसरे एम्बेसडर को चुन सकते हैं।
 उनकी इस समय शूट हो रही दो फिल्मों में 'बजरंगी भाईजान' काफी हद तक पूरी हो चुकी है।  हो सकता है कि सलमान खान ने मुंबई लौटने से पहले कश्मीर में अपने हिस्से के सीन शूट  कर दिए हो।  उनका कुछ मामूली काम बचा होगा तो निर्देशक कबीर खान उसे निकाल भी सकते हैं।  सलमान खान के संवादों की डबिंग किसी डबिंग आर्टिस्ट से कराई जा सकती है।  लेकिन, सूरज  बड़जात्या  की फिल्म 'प्रेम रतन धन पायो' के साथ सब कुछ इतना आसान नहीं होगा।  इस फिल्म का पिछला शिड्यूल जोधपुर में ही हुआ था। लेकिन, अभी सलमान खान का काफी काम बाकी है।  इसलिए प्रेम रतन धन पायो दिवाली में रिलीज़ नहीं हो पाएगी।  यह दोनों फ़िल्में ७५-७५ करोड़ की  फ़िल्में हैं। सलमान  खान के पास दो अन्य फ़िल्में 'नो  एंट्री में एंट्री',  'शुद्धि' और 'सुलतान' का सलमान  खान के साथ बनना मुश्किल लग रहा है। हालाँकि, यह माना जा रहा था कि यह फ़िल्में रिलीज़ होने के बाद १००-१५० करोड़ का बिज़नेस तो कर ही ले जाएंगी। हो सकता है कि  सलमान खान के  जेल जाने के बाद इन फिल्मों में सलमान खान की जगह कोई दूसरा एक्टर ले ले या फिर यह प्रोजेक्ट ही बंद कर दिए जाएँ। फिल्म इंडस्ट्री के तीन खान आमिर खान और शाहरुख़  खान के बाद तीसरे सलमान खान ही हैं। इन तीन खानो की फ़िल्में इंडस्ट्री को हर साल ३० प्रतिशत कमाई करवाती हैं।  इन तीनों खानों में बॉक्स  ऑफिस पर सबसे ज़्यादा विश्वसनीय सलमान खान ही हैं।  उन्हें ३००-५०० करोड़ का खान माना जाता है। सलमान खान के जेल जाने का मतलब इंडस्ट्री को सीधे सीधे ५०० करोड़ का नुक्सान।
जिस हिट एंड रन केस में सलमान खान को पांच साल की सज़ा हुई है, वह २००२ का है।  यानि उस समय, इस समय ४९ साल के सलमान खान  ३५ साल के थे।  काले हिरन का शिकार मामला पांच साल ज़्यादा पुराना है। यानि सलमान खान उस समय ३० के थे। सलमान खान को थर्टी प्लस में किये गए अपने गुनाहों का खामियाज़ा फिफ्टी प्लस में भोगना पड़ेगा। अपने दोनों ही मामलों को इतना लम्बा खिंचवाने के लिए खुद सलमान खान ज़िम्मेदार हैं।  बार बार तारीखें लेने की चालबाज़ी और वकीलों की मामले को खीचने की व्यूह रचना सलमान खान को अब भारी पड़ने जा रही है। उन्होंने अपने मामलों को न केवल १३-१८ साल तक खींचा बल्कि, हिट एंड रन केस में आखिरी मौके पर अपने ड्राइवर को पेश कर यह साबित कर दिया कि  वह कानून के साथ खेल करने में माहिर हैं। लेकिन, बुरे काम का बुरा नतीजा।   सलमान खान सज़ा के बाद जब जेल से निकलेंगे तो ख़त्म हो चुके होंगे, ठीक संजय दत्त की तरह। उनकी ब्रांड वैल्यू तहस नहस हो चुकी होगी। सलमान का करियर इस समय टॉप पर था। उन्हें लेकर यशराज फिल्म्स, बोनी कपूर फिल्म्स, साजिद नाडियाडवाला, आदि बैनर बड़े बजट की फ़िल्में बना रहे थे।  तमाम बड़े ब्रांड उनके पीछे खड़े थे। सलमान खान सज़ा के बाद जब जेल से निकलेंगे तो उम्र के पाताल पर होंगे।  उम्र और जेल की चहारदीवारी उन्हें ख़त्म कर चुकी होगी।  उस समय लोग सलमान खान को एक था टाइगर कह कर पुकारेंगे।


राजेंद्र कांडपाल 

चियर्स में नज़र आएंगे अली फज़ल

'फ्यूरियस ७' से अंतर्राष्ट्रीय पटल पर छा चुके एक्टर अली फज़ल, आजकल शॉर्ट फिल्म सर्कल में काफी व्यस्त हैं। हाल ही में इंडो अमेरिकन फिल्म ‘फॉर हेयर टू गो’ में नज़र आये।  अब अली फज़ल ने अपनी सफलता में एक और पंख जोड लिया है। जी हां इस फिल्म के बाद अली एक शॉर्ट फिल्म ‘चीयर्स’ में नज़र आएंगे। पियूष द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अली, अंजु बेदी के बेटे की भूमिका में नज़र आएंगे। मदर्स डे के अवसर पर यह फिल्म यू ट्यूब सहित अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ होगी। यह फिल्म एक दिल को व्यथित कर देनेवाली मां बेटे की कहानी पर आधारित है, जहां बडा हो कर बेटा अपनी शराबी मां से मिलता है, जो बीस साल पहले अलग हो चुकी होती है।   जिन्होंने भी यह फिल्म देखी है उनका कहना है अपने विरक्त बचपन से जुडी इन दो किरदारों की प्यारी बातचीत काफी खूबसूरत है।  इस फिल्म के बारे में अली कहते हैं, ‘’यहां अच्छे भी हैं और बुरे भी हैं और इन्हीं में मां भी है।  यह वह हिस्सा है जो आप और वह शेयर करते हैं।  मेरे लिए यह फिल्म किसी भावनात्मक सफर से कम नहीं।  इस फिल्म के दौरान मुझे कई ऐसे अनुभव मिले जिन्होंने मेरा दिल छू लिया।   


Wednesday 6 May 2015

सलमान खान की ११ प्रेमिकाएं

बॉलीवुड के इकलौते अविवाहित खान की लव लाइफ अपनी रील लाइफ की तरह काफी रंगीन थी। उनकी  संगीता बिजलानी से लेकर रोमानियाई लुलिआ वंतूर तक रोमांस की खबरें सुर्ख हुई, कोई रोमांस कुछ समय तक चला, कुछ महीनों के अंदर ख़त्म हो गए।  संगीता बिजलानी और सोमी अली से लेकर ऐश्वर्या राय तक सलमान खान के रोमांस बेहद चर्चित हुए।  पेश है सलमान खान की प्रेमिकाओं पर के नज़र -
संगीता बिजलानी- संगीता बिजलानी मिस इंडिया १९८० की विजेता थी।  वह सलमान खान का पहला रोमांस बताई जाती हैं।  अलविरा के साथ दोस्ती के कारण संगीता बिजलानी खान परिवार के काफी निकट भी आ गई थी।  सलमान खान और संगीता बिजलानी ने इक्का दुक्का फिल्मों में काम भी किया।  यह रोमांस करीब दस साल तक फूला फला।  सलमान खान से संगीता बिजलानी की निकटता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि  क्रिकेटर अज़हरुद्दीन से अलगाव के बाद संगीता को सपोर्ट करने में सलमान खान सबसे आगे थे।  आज सज़ा के दौरान भी संगीता खान परिवार के साथ उनके घर पर थी।
सोमी अली- संगीता बिजलानी के बाद सलमान खान पाकी अभिनेत्री सोमी अली से जुड़े। सोमी अली तो सलमान खान के साथ शादी करने के सपने तक देखने लगी थी।  लेकिन, सलमान खान के बहुत शराब पीने और हिसंक बिहेवियर के कारण वह सलमान खान को छोड़ कर देश से बाहर चली गई।
 ऐश्वर्या राय- सलमान खान और ऐश्वर्या राय का रोमांस सबसे ज़्यादा चर्चित, विवादित और हिंसक साबित हुआ।  इन दोनों ने १९९९ में रिलीज़ संजयलीला भंसाली की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' में साथ काम किया था।  इस फिल्म में इन दोनों के बीच का रोमांस साफ़ झलकता है।  २००२ में फिल्म 'चलते चलते' की शूटिंग के दौरान सलमान खान द्वारा फिल्म के सेट पर गाली गलौच और मारपीट करने के बाद यह रोमांस हमेशा के लिए ख़त्म हो गया।  इस हादसे के बाद ऐश्वर्या राय को 'चलते चलते' से बाहर हो जाना पड़ा था।
 स्नेह उल्लाल- सलमान खान ऐश्वर्या राय को भूल नहीं सके थे।  इसीलिए उन्होंने ऐश्वर्या राय की हमशक्ल अभिनेत्री स्नेह उल्लाल के साथ २००५ में'लकी नो टाइम फॉर लव' जैसी फिल्म स्वीकार की।  परन्तु नकली सूरत वाला यह रोमांस परवान नहीं चढ़ सका।
कैटरीना कैफ- कैटरीना  कैफ ने बूम की असफलता के बावजूद सलमान खान के साथ फिल्म 'मैंने प्यार क्यों किया' पाने में सफलता हासिल की।  सलमान खान के साथ नाम जुड़ने के बाद कैटरीना कैफ का बॉलीवुड में करियर फर्राटे भरने लगा।  लेकिन सलमान खान हिंसक व्यवहार ने कैटरीना को सलमान खान का साथ छोड़ने को  मज़बूर कर दिया।  एक था टाइगर के सेट पर सलमान खान द्वारा कैटरीना कैफ से कथित मारपीट के बाद कैटरिना कैफ सलमान से अलग हो गई।
क्लाउडिआ सिएस्ला- कैटरीना कैफ से अलगाव के बाद सलमान खान इस जर्मन मॉडल से जुड़ गए।  उन्होंने क्लाउडिआ को अच्छी बच्ची बताते हुए घर के लोगों से भी मिलवाया।  सलमान खान के कारण क्लाउडिआ को कुछ छोटे मोटे रोल मिले भी।  लेकिन, यह रोमांस ख़ास गुल नहीं खिला सका।
ज़रीन खान- २०१० में सलमान खान कैटरीना कैफ की हमशक्ल ज़रीन खान को लंदन से लेकर आये।  वह फिल्म 'वीर' में  सलमान खान की नायिका भी बनी। फिल्म ज़बरदस्त फ्लॉप हुई।  इसके साथ ही यह रोमांस भी फ्लॉप हो गया । हालाँकि, सलमान खान और ज़रीन खान को देर रात तक साथ बिताते देखा गया।
महक चहल- नयी पड़ोसन जैसी हिट  फिल्म की नायिका महक चहल ने २००७ की हिट फिल्म वांटेड में एक आइटम किया था।  इस आइटम और फिल्म के बाद वह सलमान खान की ख़ास दोस्त बन गई।  उन्होंने सलमान खान के सहयोग से ही एक शो भी चलाया।
डेज़ी शाह और सना खान- फिल्म 'जय हो' में सलमान खान ने दो नए चेहरों को बॉलीवुड से परिचित कराया था।  जय हो में सलमान खान की नायिका डेज़ी शाह थी और वैम्प का रोल सना खान ने किया था।  दोनों पर सलमान खान का हाथ और साथ हुआ करता है।
लुलिआ वंतूर- सलमान खान से लुलिआ का परिचय लुलिआ के बॉय फ्रेंड ने करवाया था।  लेकिन, सलमान खान गर्ल फ्रेंड को ही ले उड़े।  कहा जा रहा है कि  सलमान खान लुलिआ के मामले में गंभीर हैं।   



राजेंद्र कांडपाल 

सलमान खान : अभिनेता या अपराधी !

सलमान खान को बड़े बाप की बिगड़ैल औलाद कहना ठीक होगा। संजय दत्त जैसे बांद्रा बॉय जैसे सलमान खान भी थे।  क्रिमिनल उन्हें आकर्षित करते थे।  ज़रा से बात पर मारपीट करना उनकी आदत में शुमार था।  यहाँ तक कि वह अपनी प्रेमिकाओं के लिए भी हिंसक थे। बताते हैं कि सलमान ने सोमी अली का सर दीवार पर दे मारा था।  ऐश्वर्या राय और कैटरीना कैफ को तो वह अपनी जागीर मानते थे।  जब चाहे गली गाळुच करना और सेट से बार खींच लाना और धमकाना तो उनकी आदत थी।  इसीलिए ऐश्वर्या राय के माता पिता ने सलमान खान के खिलाफ थाने में रिपोर्ट भी लिखवाई थी।  पेश है सलमान खान के कुछ ख़ास अपराधी कारनामे -
जोधपुर चिंकारा केस- फिल्म हम साथ साथ हैं की शूटिंग के दौरान सलमान खान और उनके बॉलीवुड  साथियों पर काला चिंकारा का शिकार करने के आरोप लगे।  इस मामले में सलमान खान को पांच साल की सज़ा हुई।  वह तीन दिनों बाद जोधपुर जेल से हाई कोर्ट से ज़मानत मिलने  के बाद रिहा हुए । फिलहाल यह मामला भी अदालत के विचाराधीन है।  लेकिन, इस मामले में ज़्यादा कड़ी सज़ा मिलने की उम्मीद भी है।
हिट एंड रन केस- इस मामले  में आज सलमान खान को पांच साल की सज़ा हो गई।  उन्होंने २००२ में शराब के नशे में गाडी चलाते हुए फूटपाथ पर सोये लोगों पर चढ़ा दी। इस मामले में नूर उल्लाह खान नाम के व्यक्ति की मौत भी हो गई थी।
मुंबई केस- धमकी देने के लिए ऐश्वर्य राय के माता पिता ने सलमान खान के खिलाफ पुलिस कंप्लेंट दर्ज़ कराई थी ।
जोधपुर केस- काले हिरन के शिकार के मामले में सुनवाई के लिए जाते समय सलमान खान तेज़ रफ़्तार से गाडी चलाते हुए पकड़े गए थे। यहीं नहीं उनकी गाडी पर मंत्रियों द्वारा उपयोग की जाने वाली बत्ती भी लगा राखी।  इसके लिए उन पर एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगा था।
इनकम टैक्स केस- इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने हाई कोर्ट में सलमान खान द्वारा अपनी आय छुपाने का आरोप लगाया था।  विभाग ने कहा की सलमान खान ने अपनी आय केवल ९. ३२ करोड़ दिखाई थी।  जबकि यह वास्तव में १३ करोड़ थी।
कानपूर केस- २०११ में कानपूर में अन्ना हजारे के समर्थकों से सलमान खान के बॉडी गार्ड्स द्वारा मारपीट का मामला दायर किया गया था। इस मार पीट में एक व्यक्ति को गंभीर छोटे लगी थी।

राजेंद्र कांडपाल 

बहुत हैं बॉलीवुड में संजय दत्त और सलमान

आज सलमान खान हिट एंड रन केस में सज़ा पाते ही उन तमाम बॉलीवुड सेलिब्रिटी की श्रेणी में आ गए, जो अपराध के मामले में सज़ायाफ्ता साबित हुए।  बॉलीवुड अपनी फिल्मों की तरह  अपराध में मुब्तिला नज़र आता है।  अब यह बात दीगर है कि हिंदी फिल्मों की तरह वह हीरो नहीं बन पाता। संजय दत्त और सलमान खान तो बॉलीवुड के हाई प्रोफाइल अपराधी हैं।  शाइनी आहूजा जैसे अभिनेता का करियर शुरू होने से पहले ही ख़त्म हो गया।  पेश है ऐसे ही कुछ अपराधी बॉलीवुड सेलिब्रिटी।  अरे हाँ, इनमे अभिनेत्रियां भी हैं।
संजय दत्त- संजय दत्त को अवैध हथियार रखने और अबु सालेम के ग्रेनेड रखने के मामले में टाडा कोर्ट द्वारा पांच साल की सज़ा सुनाई गई।  चूंकि, वह टाडा मामले में १८ महीना जेल रह चुके थे।  इसलिए वह बाकी साढ़े तीन साल की सज़ा काटने के लिए यरवदा जेल में हैं।
सलमान खान- आज सलमान खान को भी हिट एंड रन केस में पांच साल की सज़ा हो गई।  उन्हें जोधपुर में फिल्म हम साथ साथ हैं की शूटिंग के दौरान काले हिरन के शिकार के मामले में पांच साल की सज़ा हो चुकी है, जो फिलहाल हाई कोर्ट के आदेश से ससपेंड है।
सैफ अली खान- काले चिंकारे के शिकार सैफ अली खान भी अपराधी हैं।  उन पर ताज महल होटल में एक एनआरआई पर हमले के मामले में भी चार्ज शीट किया गया है।
शाहरुख खान- आई पी एल के दौरान शाहरुख़ खान महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारीयों के  साथ नशे की हालत में भिड़ गए। उन पर  स्टेडियम में घुसने पर पांच साल तक की रोक लगा दी गई है। 
जॉन अब्राहम- तेज़ रफ़्तार बाइक के शौक़ीन जॉन अब्राहम के ऊपर अपनी बाइक से एक्सीडेंट कर ेचार लोगों को घायल करने  का मुक़दमा दायर किया गया था। इस मामले में उन्हें २००६ में जेल भी भेजा गया था। उन्हें १५ दिनों की साधारण सज़ा हुई। 
फरदीन खान- २००१ में नशीली दवा रखने के मामले में दोषी पाया गया।  उन्हें छह महीने की सज़ा भी हुई। 
शाइनी आहूजा-  अपनी घरेलु नौकरानी से बलात्कार के आरोप में अभिनेता शाइनी आहूजा गिरफ्तार हुए।  उन्हें इस मामले में ज़मानत मिल गई है।  लेकिन, कोर्ट के निर्णय पर उनका भविष्य निर्भर करता है।  वह एक फिल्म वेलकम बैक में काम कर रहे हैं।  
मधुर भंडारकर- पेज ३, सत्ता, फैशन, आदि रीयलिस्टिक फिल्मों के निर्देशक मधुर भंडारकर पर एक नवोदित अभिनेत्री ने फिल्म दिलाने का लालच दे कर बलात्कार करने का आरोप लगाया था। लेकिन, कोई नौ साल बाद मधुर पर सारे आरोप वापस ले लिए गए।
मोनिका बेदी-  अबु सालेम की पूर्व प्रेमिका मोनिका बेदी को फ़र्ज़ी पासपोर्ट के आधार पर देश में घुसाने के आरोप में पुर्तगाल में जेल की सज़ा काटनी पड़ी थी। २००५ में अबु सालेम और मोनिका बेदी को पुर्तगाल सरकार ने भारत को डेपोर्ट कर दिया।  मोनिका बेदी अपनी सज़ा काटने के बाद जेल से बाहर आ गई। 
गोविंदा - मनी है तो हनी है की शूटिंग के दौरान गोविंदा ने अपने एक प्रशंसक के थप्पड़ जड़ दिया था। गोविंदा का कहना था कि  वह आदमी महिला आर्टिस्ट के साथ बदतमीजी कर रहा था।  संतोष राय नाम के इस व्यक्ति ने गोविंदा पर धारा ३२३,३५२ और ५०६ के अंतर्गत  केस दर्ज कराया।  
तब्बू, नीलम और सोनाली बेंद्रे- काले हिरन के शिकार के मामले में अभिनेत्री नीलम, सोनाली बेंद्रे और तब्बू भी सह अपराधी हैं।  
अक्षय कुमार- एक सामाजिक कार्यकर्ता ने अक्षय कुमार परसरेआम  अश्लीलता दिखाने के लिए मुकदमा दर्ज़ कराया था।  अक्षय कुमार ने लक्मे फैशन वीक में अपनी बीवी ट्विंकल खन्ना से अपनी जीन्स का बटन खुलवाया था।  

राजेंद्र कांडपाल 

सुभाष घई ने कहा- सुभाष घई ने सलमान खान के साथ युवराज  जैसी फ्लॉप फिल्म बनाई थी। सलमान खान को सज़ा सुनाये जाने की खबर के बाद सुभाष घई ने यह प्रतिक्रिया दी- 
हम अदालत के निर्णय का स्वागत करते हैं। लेकिन, पूरी इंडस्ट्री जानती है कि सलमान खान एक शानदार इंसान हैं। उन्होने अपनी चैरिटी द्वारा समाज की सेवा की है। अब हम जमानत और न्याय की लिए ऊंची अदालतों का दरवाज़ा खटखटा सकते हैं।  यही हमारे जुडिशल सिस्टम की खूबसूरती हैं।  मैं सलमान खान को निकटता से जानता हूँ।  इसलिए मैं उनके लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।  

'उडनछू' नायक हैं रजनीश दुग्गल

'एक पहेली लीला' की  सफलता का फायदा रजनीश दुग्गल को मिलने लगा है। वह फिल्म में सनी लियॉन के पूर्व जन्म के प्रेमी बने थे।  'एक पहेली लीला' की लीला रजनीश को नहीं मिल सकी थी।  लेकिन, लीला के कारण रजनीश उड़नछू होने ज़रूर जा रहे हैं।  वह आर विज़न की फिल्म 'उड़नछू' में नए चेहरे सायशा के साथ रोमांस लड़ाएंगे।  'उड़नछू' किरदार करने के रजनीश दुग्गल के लिए यह दूसरा मौका है।  'उड़नछू' के निर्देशक विपिन पराशर की पहली पसंद रजनीश ही थे।  लेकिन, तारीखों की समस्या के कारण रजनीश ने 'उड़नछू' स्वीकार नहीं की थी।  इस पर फिल्म के निर्माता रविन्द्र सिंह ने बिग बॉस के विजेता गौतम गुलाटी को साइन कर लिया।  लेकिन, 'उड़नछू' नायक बनना रजनीश के भाग्य में ही बदा था। गौतम के सामने भी तारीखों की समस्या सर उठाने लगी।  उधर रजनीश दुग्गल ने 'उड़नछू'  के लिए तारीखे मैनेज कर ली।   यह देख कर रविन्द्र सिंह और विपिन पराशर ने तुरंत रजनीश दुग्गल को साइन कर लिया।  'उड़नछू' के लिए रजनीश दुग्गल ही पहली पसंद होने को लेकर फिल्म के डायरेक्टर विपिन पराशर कहते हैं, "उड़नछू' मेरे लिए ख़ास है।  फिल्म की मेन लीड को पर्याप्त इमोशन भी दिखाना है और कठिन एक्शन भी करने है।  रजनीश दुग्गल, लम्बे हैं, सुन्दर दिखाते हैं, खतरों के खिलाड़ी के बात वह ताज़गी भरे भी हो गए हैं और टैलेंटेड तो हैं ही।" विपिन पराशर ने 'नो एग्जिट' और 'सीएम साहब' जैसी लीक से हट कर फ़िल्में बनाई हैं।  'उड़नछू' उनकी मुख्य धारा की बड़े बजट की फिल्म है।  इस फिल्म में रजनीश दुग्गल और सायशा के अलावा प्रेम चोपड़ा, ब्रूना अब्दुल्लाह, आशुतोष राणा और बिजेंद्र काला के नाम भी उल्लेखनीय हैं।

राजेंद्र कांडपाल 
अब कम उम्र अभिनेताओं के साथ फ़िल्में कर रही है कैटरीना कैफ
कैटरीना कैफ, अपना करियर बड़ी चतुराई से हैंडल कर रही हैं।  'बूम' जैसी बड़ी फ्लॉप फिल्म से करियर शुरुआत  करने के बावजूद कैटरीना  आज बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में शुमार हो रही हैं, तो इसकी हक़दार कैटरीना ही हैं।  'बूम' की असफलता के बावजूद कैटरीना कैफ ने बिना हौसला खोये, सलमान खान के साथ जोड़ी बनाते हुए फिल्म 'मैंने प्यार क्यों किया' की।  फिर २००६ में अक्षय कुमार के साथ 'हमको दीवाना कर गए' की सफलता के बाद अक्षय के साथ कैटरीना की जोड़ी हिट हो गई।  २००७ में अक्षय कुमार के साथ एक के बाद एक दो  फिल्मों 'नमस्ते लंदन' और 'वेलकम' तथा गोविंदा और सलमान खान के साथ फिल्म 'पार्टनर' की सफलता ने कैटरीना को बॉलीवुड की लकी हीरोइन बना दिया।  इन फिल्मों में २१ साल की कैटरीना कैफ के नायक उनसे दोगुनी उम्र के थे।  लेकिन,  थर्टी  प्लस के सलमान खान, गोविंदा और अक्षय कुमार थे। २००९ में आई अजब  प्रेम की गज़ब कहानी। इस फिल्म में वह अपने हमउम्र रणबीर कपूर की नायिका थी।  'अजब प्रेम की गज़ब कहानी' हिट हुई।  फिल्म राजनीति' की सफलता ने कैटरीना कैफ को अपने से उम्र में काफी बड़े अभिनेताओं के साथ जोड़ी बनाने की मज़बूरी से कैटरीना को उबार दिया।  इस दौरान, कैटरीना कैफ ने इमरान खान और अली ज़फर के साथ फिल्म 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' को खुद के बूते पर हिट बना कर अपनी दर्शकों पर पकड़ साबित कर दी। कैटरीना कैफ ने अक्षय कुमार और सलमान खान की नायिका के ठप्पे से छुटकारा पाने के लिए ह्रितिक रोशन के साथ फ़िल्में करनी शुरू कर दी।  'ज़िन्दगी न मिलेगी दुबारा' में ह्रितिक उनके नायक थे।  'अग्निपथ' में नायक ह्रितिक रोशन के लिए कैटरीना ने एक आइटम करना मंज़ूर कर लिया।  फिर  वह 'बैंग बैंग' फिल्म में भी ह्रितिक रोशन की नायिका बनी। तीनों  खान यानि सलमान खान, आमिर खान और शाहरुख़ खान के साथ सफल जोड़ी बनाने वाली कैटरीना कैफ अब चौथे खान सैफ अली खान के साथ फैंटम कर रही हैं।  कैटरीना कैफ इस समय रणबीर कपूर के साथ 'जग्गा जासूस' कर रही हैं तो अपने से उम्र में छोटे आदित्य रॉय कपूर के साथ अभिषेक कपूर की फिल्म 'फितूर' में जोड़ी बना रही हैं। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की अनाम फिल्म में कैटरीना के नायक सिद्धार्थ मल्होत्रा उनसे एक साल छोटे हैं। सुना है कि  वह एक फिल्म अपने से काफी जूनियर रणवीर सिंह के साथ भी करने जा रही हैं। इस प्रकार से कैटरीना कैफ भी मीना कुमारी, नंदा और माला सिन्हा जैसी अभिनेत्रियों की केटेगरी में आ गई हैं, जिन्होंने अपने से काफी युवा अभिनेताओं के साथ बतौर नायिका फ़िल्में की।  
.