Wednesday 27 July 2016

कर्ट के बदले की कहानी किकबॉक्सर: वेंजन्स

मार्शल आर्ट्स के महारथी कर्ट और एरिक भाइयों की कहानी पर पहली फिल्म किकबॉक्सर १९८९ में रिलीज़ हुई थी। जीन-क्लौड वैन डैम और डेनिस अलेक्सियो की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म ने वैन डैम को विश्व स्तरीय मार्शल आर्ट्स फिल्म एक्टर के बतौर स्थापित कर दिया था। इस फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि किकबॉक्सर के कई सीक्वल बनाए गए। डायरेक्टर जॉन स्टॉकवेल की फिल्म किकबॉक्सर: वेंजन्स मूल फिल्म का रिबूट या सेमी रीमेक बताई जा रही है। इस फिल्म में ओरिजिनल फिल्म के वन डैम है, लेकिन वह कर्ट की भूमिका में नहीं है। नई किकबॉक्सर में कर्ट और एरिक की भूमिका अलेन मोउसी और डैरेन शहलावी ने की है। वैन डैम मास्टर डुरांड की भूमिका में हैं। फिल्म किकबॉक्सर : वेंजन्स में एरिक की हत्या हो जाती है और कर्ट इस ह्त्या का बदला मार्शल आर्ट्स के ज़रिये लेने का प्राण करता है। यह फिल्म २ सितम्बर को रिलीज़ हो रही है। फिल्म के सीक्वल रिटैलशन का पहले ही ऐलान कर दिया गया है।

स्कल आइलैंड में सबसे विशाल काँग !

अमेरिका से एक और मॉन्स्टर यानि दैत्य फिल्म आ रही है।  इस फिल्म के निर्देशक जॉर्डन वॉट-रॉबर्ट्स हैं तथा फिल्म का नाम काँग: स्कल आइलैंड है।  यह फिल्म मशहूर किंग कॉंग फ्रैंचाइज़ी की रिबूट फिल्म है।  यह गॉडजिला- कॉंग फिल्म सीरीज में दूसरी क़िस्त होगी।  वार्नर ब्रदर्स द्वारा २०१४ में इस सीरीज की पहली फिल्म गॉडजिला रिलीज़ की थी।  लीजेंडरी एंटरटेनमेंट की काँग: स्कल आइलैंड में टॉम हिडलेस्टन, सैम्युएल एल जैक्सन, ब्री लार्सन, जैसन मिशेल, कोरी हॉकिंस, टॉबी केबल, टॉम विल्किंसन, थॉमस मंन, टेरी नोटरी, जॉन गुडमैन और जॉन सी राइली विभिन्न भूमिकाओं में हैं।  १० मार्च २०१७ को रिलीज़ होने जा रही इस फिल्म में किंग काँग का ८३ साल पहले का इतिहास शामिल किया गया है।  लेकिन, निर्देशक जॉर्डन वॉट-रॉबर्ट्स का वादा है कि इस फिल्म में दैत्याकार काँग का बहुत बड़ा करिश्मा शामिल होगा ।  स्टूडियो द्वारा इस फिल्म का जो चित्र जारी किया गया है, उसमे टॉम हिड्लेस्टन और ब्री लार्सन हड्डियों के ढेर के बीच विशाल खोपड़ी के अवशेष के नीचे खड़े दिखाए गए हैं।  वॉट-रॉबर्ट्स कहते हैं, "खोपड़ी के विशाल आकार से अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि अब तक पारम्परिक काँग को देखते आ रहे दर्शकों को क्या-कैसा काँग देखने को मिलेगा।  हमारा कॉंग सिनेमा के इतिहास का सबसे विशाल काँग है।" इस ज़िक्र से पढ़ने वाले दर्शक कॉंग की विशालता का अनुमान लगाना चाहेंगे।  इसे भांपते हुए वॉट आगे कहते हैं, "पीटर जैक्सन का कॉंग (किंग-कॉंग  २००५) लगभग २५ फ़ीट का था।  १९३३ की किंग काँग का कॉंग  २५ से ५० फ़ीट के करीब था।  लेकिन, हमारी फिल्म का कॉंग फिफ्टी प्लस का होगा। फिल्म में इसका आकार बदलता रहेगा।  एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर यह सबसे बड़ा नज़र आएगा।  आप कह सकते हैं कि १९७६ का काँग इसके आसपास कहीं था।" फिल्म की कहानी के अनुसार लैंडसैट प्रोग्राम के ज़रिये विश्व के विस्तार को नाप रहे नासा के वैज्ञानिक इस आइलैंड की खोज करते हैं।  इसी के बाद दुनिया को इस विशाल आकृति का पता चलता है।

Tuesday 26 July 2016

मुन्ना माइकल फिल्म की सितंबर में शुटिंग शुरू होगी

टायगर श्रॉफ को डान्स और एक्शन करतें हुए उनके चाहनेवाले देखना चाहतें हैं। और मुन्ना माइकल इस रोमँटिक म्युजिकल फिल्म में इन दो चीजों के अलावा बहोत कुछ ओर भी हैं। टायगर के सामने कौन होंगी, इस के लिए कई सारी अभिनेत्रीयों के नाम सामने आ रहें हैं।
टायगर की हिरोइन के लिए जहाँ एक तरफ कई अभिनेत्रीयों के नामों की चर्चा हो रहीं हैं। वहीं दूसरी तरफ सूत्रों के अनुसार, अब फिल्ममेकर्स सिनेमा के लिए नयी हिरोइन की तलाश में टैलेंट हंट करने की खबर भी उड रहीं हैं।
इस बारे में, फिल्ममेकर्स कोई भी जानकारी बाहर आने नही दे रहें हैं। लेकिन फिल्म के सूत्रों के अनूसार, फिल्म की शुटिंग सितंबर में शुरू हो जाएगी। और यह टैलेंट हंट फिलहाल जोरशोर से जारी हैं।
निर्देशक शब्बीर खान कहते हैं, जी हाँ, फिलहाल सिनेमा के लिए हम नयी लडकी को तलाश कर रहें हैं। और उसके लिए देश के अलग अलग शहरों में रहें कास्टिंग निर्देशकों ने नये चेहरों की ऑडिशन्स लेना शुरू भी कर दिया हैं। मैंने हमेशा से ही नये टैलेंट को मौका दिया हैं।
नेक्स्ट जेन फिल्म्स के निर्माता विकी राजानी ने कहा, शब्बीर ने इससे पहले की फिल्म हिरोपंती के जरीये टायगर श्रॉफ और क्रिती सेनॉन को इंडस्ट्री में लाँच किया था। मुझे पूरा विश्वास हैं, की वो फिल्म इंडस्ट्री को फिर एक बार जेन-एक्स स्टार देंगे। चंडीगढ, दिल्ली, मुंबई, चैन्नई, कोलकता और बैंगलोर में फिलहाल नये चेहरे को तलाश ने के लिए ऑडिशन्स चल रहीं हैं।
क्वान के फाऊंडर और मैनेंजिंग डायरेक्टर अनिरबान ब्लाह कहते हैं, हमारे फिल्म इंडस्ट्री का फिलहाल सबसे बडा चैलेंज हैं, सुपरस्टार बनने की काबिलियत रहें, नये टैलेंट को ढूंढना। नेक्सट जेन फिल्म्स के साथ मिलकर, इस टैलेंट हंट के जरीये, भारत की नयी सुपरस्टार हिरोइन हम ढूंढ रहें हैं। मुन्ना माइकल फिल्म से जल्द ही आप भारत को नयी टैलेंटेड हिरोइन मिलते हुए आप देखेंगें।

जॉन अब्राहम की फिल्म में अक्षय कुमार की 'ढिशूम'

निर्माता साजिद नाडियाडवाला की रोहित धवन निर्देशित फिल्म ‘ढिशूम’ २९ जुलाई को रिलीज़ होने जा रही है। इस एक्शन कॉमेडी फिल्म में रोहित धवन के भाई और एक्टर वरुण धवन जॉन अब्राहम के साथ एक्शन जोड़ी में नज़र आयेंगे। उनके हिस्से कॉमेडी सीन ज्यादा है। इस एक्शन फिल्म के एक सीन में अभिनेता अक्षय कुमार बॉल शूटिंग करते नज़र आयेंगे। वाटर स्टंट वाले इस सीन में अक्षय कुमार जेट स्की पर बैठे हुए हैं, उन्होंने काली वेस्ट जैकेट पहन रखी है, उनके बॉल पीछे की ओर बंधे हुए हैं। अक्षय कुमार ने अपनी इस फोटो को सोशल साइट्स पर डालते हुए, अपने दोस्तों साजिद, जॉन, वरुण और जैकी (जैक्विलिन फ़र्नान्डिस) को ‘ढिशूम’ की सफलता के लिए शुभकामनायें दी हैं। जॉन अब्राहम और वरुण धवन के पुलिस रोल वाली इस फिल्म में अक्षय खन्ना लम्बे अरसे बाद फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। फिल्म में उनका नेगेटिव किरदार होगा।
 

Saturday 23 July 2016

बॉलीवुड की कैबरे गर्ल

पूजा भट्ट की फिल्म 'कैबरे ' के लिए कहा जा रहा है कि यह फिल्म बॉलीवुड में कैबरे को लोकप्रिय बनाने वाली डांसर हेलेन के जीवन पर है।  इस फिल्म में हेलेन वाला किरदार ऋचा चड्डा कर रही हैं।  ऋचा चड्डा के कैबरे डांसर बनने पर संदेह की गुंजाईश थी।  उनमे ग्लैमर की कमी है।  कैबरे में तो उत्तेजना काफी ज़रूरी होती है।  हेलेन बिना अश्लील हुए उत्तेजना पैदा कर देती थी।  क्या ऋचा चड्डा इस काम को सही तरीके से अंजाम दे पाएंगी ? कैबरे फिल्म में ऋचा चड्डा का जो कैबरे डांसर वाला पहला लुक जारी हुआ है, यह इसकी तस्दीक करता है कि वह सेन्सुअस लगती हैं।  क्या ऋचा कभी बॉलीवुड फिल्मों के ज़रूरी तत्व कैबरे को नई ज़िन्दगी दे  पाएंगी ? इसके लिए ज़रूरी है यह जानना कि बॉलीवुड में क्यों लोकप्रिय रहा था कैबरे और कैबरे डांसर ?
हेलेन : बॉलीवुड कैबरे क्वीन
ऐसे समय में जब कैबरे में हिंदी फिल्मों की कैबरे डांसर अभिनेत्री को केंद्र में रखा गया है, याद आ जाती हैं साठ के दशक और  उसके बाद के दिनों के बॉलीवुड की कैबरे डांसरों की।   एक हिट कैबरे डांस के लिए जितना अच्छा डांसर होना ज़रूरी है, उतना ही धमाकेदार तेज़ रफ़्तार पाश्चात्य संगीत, रोशनी से उजला सेट और डांसरों का ग्रुप भी ज़रूरी है।  इस लिहाज़ से बॉलीवुड के कैबरे डांसर युग में राहुल देव बर्मन का संगीत, आशा भोसले की हस्की आवाज़ और हेलेन का डांस, परफेक्ट कॉम्बिनेशन हुआ करता  था।  आशा भोसले के टॉप कैबरे डांस गीत ये मेरा दिल, आओ न गले लग जाओ न, आज की रात कोई आने को है बेकरार,  पिया तू अब तो आजा, ओ हसीना, आदि कैबरे गीत हेलेन पर ही फिल्माए गए हैं।  हालाँकि, हेलेन, आशा भोसले और लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने भी अच्छे कैबरे गीतों की रचना की।  हालाँकि, हेलेन को बॉलीवुड की कैबरे गर्ल बनाने वाले गीत ओ पी नय्यर का संगीतबद्ध और गीता दत्त का गाया हुआ था।  फिल्म थी शक्ति सामन्त की हावड़ा ब्रिज और गीत था मेरा नाम चुन चुन चिन।  इसी फिल्म में मधुबाला पर आइये मेहरबान फिल्माया गया था।  इसे आशा  भोसले ने गाया था।
तबकी कैबरे डांसर 
हेलेन से पहले कुकु को इस प्रकार के गीतों के कारण शोहरत मिली थी।  हेलेन के समय में फरयाल नाम की डांसर भी अपने उत्तेजक डांस नंबरों के लिए जानी जाती  थी।  साठ के दशक में उनके कैबरे की धूम मचा करती थी।  उन्हें यह शोहरत देव आनंद, अशोक कुमार, वैजयंती माला और तनूजा की फिल्म ज्वेल थीफ में कैबरे करने के बाद मिली।  अरुणा ईरानी भी अपने कैबरे डांसों के कारण पहचानी गई।  उनके अलावा शशिकला, बिंदु, जयश्री टी, लक्ष्मी छाया, आदि भी कैबरे डांस करती थी।  हालाँकि, इस दौर में मुमताज़ ने भी धमाकेदार कैबरे किये। लेकिन वह लोकप्रिय हुई बतौर नायिका ही। ज़ीनत अमान का फिल्म 'क़ुरबानी' का आप जैसा कोई मेरी ज़िन्दगी में आये आज भी पॉपुलर कैबरे में शुमार किया जाता है।  
आज की कैबरे डांसर
हिंदी में कैबरे का वह रूप तो दिखाई नहीं देता, जो साथ के दशक में था।  अब हिंदी फिल्मों में कोई खालिस कैबरे डांसर किरदार नज़र नहीं आता।  कोई कैबरे डांसर वैम्प भी अब फिल्मों का अंग नहीं होती।  इसके बावजूद फिल्मों की नायिका कभी कभार कैबरे डांस करते या कैबरे डांसर की आड़ लेती नज़र आती हैं।  इस लिहाज़ से पिछले साल की बड़ी फ्लॉप फिल्म  बॉम्बे वेलवेट की अनुष्का शर्मा को याद किया जा सकता है।  हालाँकि, वह इस फिल्म में कैबरे डांसर तो नहीं जैज़ सिंगर के किरदार में थी।  २००७ की फिल्म ओम शांति ओम में फिल्म अभिनेत्री बनी दीपिका पादुकोण धूम तना गीत पर शाहरुख़ खान के साथ कैबरे डांसर कर रही थी। दीपिका की बाजीराव मस्तानी में साथी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने यशराज फिल्म्स की पीरियड फिल्म गुंडे में अस्सलाम-ए- इसकुम  गीत पर तड़फड़ाता कैबरे किया था। प्रियंका चोपड़ा फिल्म शूट आउट ऐट वडाला और ज़ंजीर २०१५) में भी कैबरे कर चुकी हैं।  करीना कपूर खान का फिल्म तलाश (आमिर खान और रानी मुख़र्जी की) में मुस्काने झूठी गीत पर कैबरे उत्तेजक बन पड़ा था। करीना कपूर  ने अमिताभ बच्चन की फिल्म डॉन में हेलेन के कैबरे गीत ये मेरा दिल प्यार का दीवाना को काफी उत्तेजक तरीके से  अंजाम दिया था।  इन दोनों फिल्मों में उन्होंने एक कॉल गर्ल का किरदार किया था।  तीस मार खान के शीला की जवानी और धूम ३ के कमली गीत से कैटरिना कैफ अच्छी कैबरे डांसर साबित होती थी।
लता मंगेशकर के छः कैबरे गीत
कैबरे गीतों के लिहाज़ से आशा भोसले परफेक्ट थी।  हालाँकि, दीदी लता मंगेशकर की मौजूदगी में कैबरे जैसे उत्तेजक गीत गाना उनकी मज़बूरी थे। रोमांटिक, चुलबुले और दर्द भरे गीत गाने में लता मंगेशकर बेजोड़ थी।  उनकी मौजूदगी में कौन आशा से लता के गए जा सकने वाले गीत गवाता।  ज़ाहिर है कि लता कैबरे गीतों से परहेज करती होंगी, तभी ऐसे तमाम गीत आशा भोसले को मिली । लेकिन, लता के कुछ ऐसे गीत गवाह हैं कि अगर लता मंगेशकर इंकार न करती तो वह चटपटे-उत्तेजक कैबरे गीत भी गा सकती थी।  आइये जानते हैं लता मंगेशकर के बेहद लोकप्रिय हुए कैबरे गीतों के बारे में
इंतकाम- आ जान ए जां, आ मेरा यह हुस्न जवां- १९६९ में रिलीज़ इस फिल्म के गीत को लता मंगेशकर ने गाया था तथा यह गीत कैबरे क्वीन हेलेन का सबसे ज्यादा मशहूर कैबरे गीत है।  अमूमन फिल्म निर्माता जानते थे कि लता मंगेशकर ऐसे गीतों को गाने से परहेज़ करती हैं।  इंतकाम के संगीतकार लक्ष्मीकांत प्यारेलाल की जोड़ी थी। इस जोड़ी ने लता को समझाया कि उनके इस गीत से उन्हें परेशानी नहीं होगी, क्यों गीत की कम्पोजीशन उनकी शैली में की गई है तथा पूरी तरह से कलात्मक है।  वास्तव में हुआ भी ऐसा ही।
गुमनाम- इस दुनिया में जीना हो तो सुन लो मेरी बात- इससे पहले लता मंगेशकर १९६५ में रिलीज़ हॉरर फिल्म गुमनाम के लिए एक कैबरे गीत गा चुकी थी।  इस दुनिया में जीना हो तो सुन लो मेरी बात गीत को संगीतबद्ध किया था शंकर जयकिशन ने।  यह गीत भी हेलेन के बिंदास करैक्टर मिस किटी पर फिल्माया गया था।  हालाँकि, इसे विशुद्ध कैबरे नहीं कहा जा सकता  है।  फिर भी यह काफी हद तक कैबरे के निकट था।
वासना- जीने वाले झूम के मस्ताना हो के जी- साउथ के निर्देशक टी प्रकाशराव की फिल्म वासना के इस कैबरे गीत को लता मंगेशकर ने गाया था।  फिल्म में राजकुमार, पद्मिनी, विश्वजीत और कुमुद छुगानी मुख्य भूमिका में थे।  यह गीत हेलेन पर फिल्माया गया था।  इस गीत को चित्रगुप्त ने संगीबद्ध किया था।
अप्रैल फूल- मेरा नाम रीता क्रिस्टीना- विश्वजीत और सायरा बानो की १९६४ में रिलीज़ रोमांटिक सस्पेंस थ्रिलर फिल्म अप्रैल फूल के मेरा नाम रीता क्रिस्टीना को लता मंगेशकर ने गाया था।  इस गीत को शंकर जयकिशन जोड़ी ने तैयार किया था।  यह ऐसा गीत था, जो किसी कैबरे डांस करने वाली अभिनेत्री पर नहीं, बल्कि फिल्म की नायिका सायरा बानो पर फिल्माया गया था।  फिल्म में सायरा कैबरे डांसर बन कर विलेन के अड्डे पर जाती हैं।  यह गीत भी अपने समय के लोकप्रिय गीतों में शुमार किया जाता है।
नाईट इन लन्दन- और मेरा नाम है जमीला- लता मंगेशकर के गाये इस कैबरे गीत की धुन भी लक्ष्मीकान्त प्यारेलाल ने बनाई थी।  माला सिन्हा और विश्वजीत अभिनीत इस फिल्म का यह कैबरे गीत भी हेलेन पर फिल्माया गया था।  यह कैबरे भी लता की गायिकी की शैली  में तैयार किया गया था।  ख़ास बात यह है कि इस गीत को एलपी की जोड़ी ने इंतकाम के कैबरे गीत से पहले ही कंपोज़ कर लिया था।   
इंतक़ाम- महफ़िल सोयी, ऐसा कोई- इंतकाम के आ जाने जां गीत के धूम धड़ाके के बीच इसी फिल्म का   महफ़िल सोयी, ऐसा कोई गीत उतना पॉपुलर नहीं हो सका।  लता मंगेशकर के गए इस गीत का  फिल्मांकन भी हेलेन पर किया गया था।

बॉक्स ऑफिस को झिंझोड़ देते बॉलीवुड के 'ड्रैगन'

क्रिसमस २०१६ अभी दूर है। लेकिन, बॉलीवुड ने क्रिसमस २०१७ के लिए कमर कस ली लगती है। लम्बे समय से चर्चा में रही रणबीर कपूर की सुपरहीरो फिल्म ड्रैगन की शूटिंग निर्देशक अयान मुख़र्जी इस साल के आखिरी में शुरू कर देंगे।  इस फिल्म को २५ दिसम्बर २०१७ को रिलीज़ करने की योजना है।  उधर, सलमान खान ने राजकुमार संतोषी की फिल्म को अपनी हां कह दी है। इस फिल्म में सलमान खान की नायिका रणबीर कपूर की पूर्व गर्ल फ्रेंड कटरीना कैफ होंगी।  फिलहाल, राजकुमार संतोषी इस फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे है।  लेकिन, चर्चा है कि संतोषी और खान दोनों ही अपनी फिल्म क्रिसमस २०१७ वीकेंड में रिलीज़ करना चाहते हैं। आम तौर पर क्रिसमस वीकेंड आमिर खान के लिए बुक रहता है। इस साल भी आमिर खान की फिल्म दंगल क्रिसमस वीकेंड पर रिलीज़ होगी।  दंगल के बाद आमिर खान ने कोई फिल्म साइन नहीं की है।  हालाँकि, उन्होंने अद्वैत चौहान की फिल्म द सीक्रेट सुपरस्टार की हरी झंडी दे दी है।  लेकिन, यह फिल्म इतनी ज़ल्दी शुरू भी नहीं होने जा रही कि क्रिसमस २०१७ में रिलीज़ हो पाए।
पहला ऐलान

यहाँ बताते चलें कि बाजीराव- मस्तानी की सफलता के तुरंत बाद, संजयलीला भंसाली ने मेवाड़ की रानी पद्मावती पर अपनी ऐतिहासिक रोमांस फिल्म को क्रिसमस वीकेंड पर रिलीज़ करने का फैसला किया था । आम तौर पर आमिर खान के लिए सुरक्षित क्रिसमस वीकेंड पर पिछले साल शाहरुख़ खान की एक्शन कॉमेडी फिल्म फिल्म दिलवाले, संजयलीला भंसाली की ऐतिहासिक रोमांस फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी से आ टकराई थी । खान को विश्वास था कि संजय अपनी राह बदल लेंगे । पर आत्मविश्वास से लबरेज़ संजय ने तारिख नहीं बदली । नुकसान शाहरुख़ खान की फिल्म दिलवाले को हुआ । इसके बावजूद शाहरुख़ खान आनंद एल राज की एक बौने की कहानी पर अनाम फिल्म को क्रिसमस २०१७ पर रिलीज़ करना चाहते थे । इस लिए, एक बार फिर संजयलीला भंसाली और शाहरुख़ खान की फिल्मों का टकराव साफ़ नज़र आ रहा था । अगर, ऐसा होता तो क्या होता ? २५ दिसम्बर २०१७ को रणबीर कपूर, सलमान खान, शाहरुख़ खान और संजयलीला भंसाली की फ़िल्में टकरा रही होती । लेकिन, इससे पहले ही संजयलीला भंसाली ने अपनी ऐतिहासिक फिल्म को १८ दिसम्बर २०१७ को रिलीज़ करने का ऐलान कर दिया था, ताकि बाकी के दो हफ़्तों का फायदा उठाया जा सके । उधर शाहरुख़ खान की बौने नायक वाली फिल्म भी स्क्रिप्ट पर काम चलने के कारण ज़ल्द शुरू नहीं हो सकती थी ।
हॉलीडे वीकेंड से सुपर स्टार
बॉलीवुड करे भी तो क्या ! उसके कथित सुपर सितारों को भी हॉलिडे वीकेंड की दरकार होती है । एक्सटेंडेड वीकेंड हो तो सोने पर सुहागा । क्योंकि, सप्ताह का पहला सोमवार ही इन सितारों पर भारी पड़ता है । यही कारण है कि क्रिसमस, दीवाली, ईद, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, आदि दिवसों पर फिल्मों की रिलीज़ का ऐलान काफी पहले से होने लगा है । इस भगदड़ में बड़े बजट और बड़े सितारों वाली एकाधिक फ़िल्में रिलीज़ के लिए आ टकराती है । अगले एक साल में ऐसे ही कुछ दिलचस्प मुकाबले देखने को मिल सकते हैं । आइये, जानने की कोशिश करते हैं कि कौन सी दो फ़िल्में टकरा रही हैं किसी हॉलिडे वीकेंड पर –

स्वतंत्रता दिवस (१२ अगस्त) वीकेंड पर रुस्तम से मोहनजोदड़ो का टकराव- बॉलीवुड फिल्मों के लिहाज़ से इंडिपेंडेंस डे वीकेंड सुपर सितारों का रहा है । आम तौर पर बॉलीवुड के सुपर स्टार्स की फ़िल्में इस वीकेंड में रिलीज़ हुई । पिछले पांच सालों में यानि २०११ से २०१५ तक अमिताभ बच्चन, सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और मनोज बाजपेई की फिल्म आरक्षण, सलमान खान और कटरीना कैफ की एक था टाइगर, अक्षय कुमार, इमरान खान और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई दोबारा, अजय देवगन और करीना कपूर की सिंघम रिटर्न्स और पिछले साल अक्षय कुमार, जैकी श्रॉफ, सिद्धार्थ मल्होत्रा और जैकलिन फर्नांडीज की ब्रदर्स रिलीज़ हुई । आरक्षण और ब्रदर्स जहाँ औसत बिज़नस कर सकी, वहीँ एक टाइगर और सिंघम रिटर्न्स सुपर हिट और वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई दुबारा फ्लॉप साबित हुई ।
इस साल दो फिल्मों का टकराव है । रुस्तम की रिलीज़ डेट १२ अगस्त पहले से ही तय थी, लेकिन मोहनजोदड़ो पीछे सरका दिए जाने के कारण १२ अगस्त को रिलीज़ हो रही है । एक पीरियड फिल्म है, दूसरी रियल लाइफ घटना पर फिल्म हैं । मोहनजोदड़ो सिन्धु सभ्यता की शुरुआत को उकेरती है । वहीँ रुस्तम कभी पूरे देश में चर्चित हुए बॉम्बे के १९५९ के मशहूर आहूजा हत्याकांड पर फिल्म थी । एक नेवी ऑफिसर अपने दोस्त के बीवी के साथ अवैध रिश्तों के कारण हत्या कर देता है । इस विषय पर सुनील दत्त ने फिल्म ये रास्ते हैं प्यार के बनाई थी । इस फ्लॉप फिल्म का निर्देशन आर के नय्यर ने किया था । इस लिहाज़ से मोहनजोदड़ो और रुस्तम के बीच कड़ी टक्कर की पूरी संभावना है ।
दिवाली पर अजय अजेय

दीवाली वीकेंड (२८ अक्टूबर) पर शिवाय से टकराएगी ऐ दिल है मुश्किल- दीवाली वीकेंड हमेशा से अजय देवगन का रहा है । २०११ से पहले अजय देवगन दीवाली वीकेंड पर छाये रहते थे । २०११ में पहली बार शाहरुख़ खान की फिल्म रा.वन  रिलीज़ हुई । हालाँकि, इस फिल्म ने १०० करोड़ से ज्यादा का बिज़नस किया । लेकिन, बजट के लिहाज़ से यह फिल्म फ्लॉप फिल्मों में शुमार हुई । २०१२ में शाहरुख़ खान की जब तक है जान, अजय देवगन की फिल्म सन ऑफ़ सरदार से टकराई । हालाँकि, दोनों ही फिल्मों ने अच्छा बिज़नस किया, लेकिन दीवाली वीकेंड का पूरा फायदा इन दोनों ही फिल्मों को नहीं मिल सका । पहली बार हृथिक रोशन की सुपर हीरो फिल्म कृष ३ दीवाली वीकेंड पर रिलीज़ हुई । दो साल के अंतराल में यह दूसरी सुपर हीरो फिल्म थी । रा.वन के मुकाबले कृष ३ को अच्छी सफलता मिली । २०१४ की दीवाली शाहरुख़ खान की हैप्पी न्यू इयर लेकर आई ।
बकवास फिल्म होने के बावजूद हैप्पी न्यू इयर ने १०० करोड़ क्लब में दाखिला लिया । पिछले साल सलमान खान और सोनम कपूर की सूरज बडजात्या निर्देशित फिल्म प्रेम रतन धन पायो रिलीज़ हुई थी । इस फिल्म को भी अच्छी सफलता मिली । दीवाली २०१७ दो बड़े बजट की फिल्मों के टकराव का गवाह बनने जा रही है । शिवाय के निर्देशक भी अजय देवगन हैं । यह भगवान् शिव के मानव स्वरुप को पेश करने वाली फिल्म है । इसके एक्शन ख़ास है । दिलीप कुमार की नातिन सायेशा का इस फिल्म से डेब्यू हो रहा है । डायरेक्टर करण जौहर की फिल्म फिल्म ऐ दिल है मुश्किल में सितारों की भरमार है । रणबीर कपूर, ऐश्वर्या राय बच्चन, अनुष्का शर्मा, फवाद खान, इमरान अब्बास और लिसा हैडन जैसे सितारों की भीड़ अजय देवगन की फिल्म को ज़बरदस्त टक्कर देंगी । लेकिन, इतना तय है कि इनिशियल अजय देवगन की फिल्म को ही मिलेगा ।
टकराव टला 


गणतंत्र दिवस वीकेंड पर रईस टकराव के काबिल- शाहरुख़ खान ने सलमान खान से ईद २०१६ में टकराने का इरादा छोड़ ज़रूर दिया । लेकिन, टकराव ने उनका साथ न छोड़ा । अब उनकी फिल्म रईस २६ जनवरी २०१७ को रिलीज़ हो रही है । यानि, अब यह फिल्म हृथिक रोशन की संजय गुप्ता निर्देशित फिल्म काबिल से टकराएगी । यह टकराव त्रिकोणीय हो जाता, अगर रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की निर्माता जोड़ निर्माता भूषण कुमार से मिल कर उनकी अजय देवगन अभिनीत फिल्म बादशाओ की रिलीज़ डेट टलवा नहीं देते । अब बादशाओ १२ मई २०१७ को रिलीज़ होगी । सोचिये क्या होता, अगर यह सभी फ़िल्में एक साथ रिलीज़ हो गई होती ! बॉक्स ऑफिस को झिंझोड़ कर रख देते बॉलीवुड के यह ड्रैगन हीरो ।

मैट डैमन सुपर हीरो बनना चाहेंगे अगर...!

बॉर्न सीरीज की फिल्मों में अमरीकी एजेंट और शार्प शूटर जैसन बॉर्न का किरदार कर रहे मैट डैमन सुपर हीरो किरदार करना चाहेंगे। फिल्म जैसन बॉर्न के प्रचार के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मैट ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि अब कोई सुपर हीरो बचा रह गया है। यहाँ बताते चलें की सिल्वर स्क्रीन पर फिल्म बैटमैन वेर्सेस सुपरमैन: डॉन ऑफ़ जस्टिस में बैटमैन का किरदार करने वाले बेन अफ्लेक मैट डैमन के घनिष्ठ मित्र है। वह फिल्म निर्देशक भी हैं। जब मैट से पूछा गया कि अगर बेन आपके पास कोई प्रपोजल लाये तो आप सुपर हीरो बनेंगे ? यह सवाल इस लिए पूछा गया था कि बेन अफलेक कुछ सालों में बैटमैन पर अपनी फिल्म बनाना चाहते हैं। इस पर मैट डैमन ने कहा, “अगर बेन डायरेक्ट करेंगे तो मैं कूद पडूंगा। मैं बेन के साथ फिल्म करना चाहूंगा. लेकिन...”, साथ ही मैट ने जोड़ा, “बेन की समस्या यह है कि वह जब भी कोई फिल्म निर्देशित करते हैं, अपने लिए बढ़िया रोल रख ले लेते हैं। इसलिए जब तक बेन यह वादा नहीं करते कि वह बढ़िया रोल देंगे, उनका कोई दोस्त उनकी फिल्म नहीं करेगा।" मैट डैमन की फिल्म जैसन बॉर्न पूरे विश्व में २९ जुलाई को रिलीज़ हो रही है।