Monday 6 April 2015

जालंधर में राम नवमी के जुलूस में टीना घई

राम नवमी पर टीना घई ने अनोखा रिकॉर्ड बनाया।  वह जालंधर में राम नवमी के जुलूस का हिस्सा बनी।  वह जालंधर के कोई पचास पंडालों में गई। टीना घई को देखने के लिए लाखों लोग इन पंडालों में पहुंचे।  वह रामनवमी के जुलूस में पॉयलट जीप पर बैठ कर भजन गाती और दोहे सुनाती दिखाई पड़ रही थी। खुद टीना घई ने मीडिया को बताया कि उन्हें पूरे दिन तीन सौ से ज़्यादा लोगों ने हार पहनाये।  ऐसा लग रहा था जैसे वह किसी पोलिटिकल रैली में हिस्सा ले रही थी।

अब 'मैं हूँ रजनीकांत' नहीं 'पार्ट टाइम किलर' !

निर्माता सरोज की फैसल सैफ निर्देशित फिल्म 'मैं हूँ रजनीकांत' पर कोर्ट का शिकंजा कस गया है।  फैसल सैफ की इस फिल्म पर दक्षिण के सुपर स्टार रजनीकांत को ऐतराज़  था कि फिल्म में उनके नाम का गलत उपयोग किया गया है।  अगर इस फिल्म को 'मैं हूँ रजनीकांत' टाइटल के साथ ही रिलीज़ किया जाता है तो इससे उनकी इमेज को नुक्सान पहुंचेगा।  कोर्ट के खिलाफ तेवर भांप कर प्रोडक्शन कंपनी ने आउट कोर्ट सेटलमेंट कर रजनीकांत को यह भरोसा दिलाया कि  वह फिल्म का टाइटल बदल देंगे।  फिल्म में कोई ऐसी पहचान या संवाद नहीं रखेंगे, जिससे रजनीकांत से मिलान होता हो।  प्रोडूसर ने सेंसर  को खत लिख कर फिल्म का टाइटल 'मैं हूँ रजनीकांत' से बदल कर 'मैं हूँ पार्ट टाइम किलर' करने को कहा है। यहाँ बताते चलें कि फिल्म में करैक्टर के नाम रजनीकांत राव, मल्लिका और बच्चन जैसे हैं। यह नाम फिल्म इंडस्ट्री के जाने पहचाने हैं और यह रजनीकांत की ओर ही इशारा करते हैं।                                                                                                                                                                                                                                                                                                           

बेटी के साथ एड किया ईशा कोपिकर ने

पिछले दिनों बॉलीवुड की 'खल्लास गर्ल' ईशा कोपिकर को एक मॉल में अपनी बेटी के साथ देखा गया।  २००९ में एक हॉटेलिएर टिम्मी नारंग से शादी करने के बाद ईशा कोपिकर ने फिल्मों से बिलकुल किनारा कर लिया था।  ईशा ३९ साल की हैं और एक बेटी की माँ भी। इसके बावजूद उनके पास एक्टिंग के प्रपोजल आते रहते हैं।  लेकिन, बेटी के कारण ईशा कैमरा फेस करने से कतराती रहीं। तब एक प्रतिष्ठित ब्रांड ने ईशा के सामने अपनी बेटी के साथ उनके ब्रांड की प्रमोशनल फिल्म करने का प्रस्ताव रखा।  ईशा अपनी बेटी को छोड़ कर कैमरा फेस करने से कतराती थी।  लेकिन, ब्रांड का यह प्रस्ताव उनकी बेटी के साथ ही था।  इसलिए ईशा ने इस प्रमोशनल एड को करना मंज़ूर कर लिया।  इसी ब्रांड की शूटिंग के लिए ईशा मॉल में आई थीं। अपनी बेटी के साथ एड फिल्म करने के बारे में ईशा कहती हैं, "बेटी के साथ शूट करना काम और मज़े को मिक्स करने जैसा है। "

ऐश्वर्या राय बच्चन का सलमान 'जज़्बा' !

संजय गुप्ता की फिल्म 'जज़्बा' से ऐश्वर्या राय बच्चन एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर वापसी कर रही है।  इस फिल्म में ऐश्वर्या राय अपने करियर में पहली बार रफ़-एन-टफ किरदार में होंगी। अभी तक रोमांटिक किरदारों में नज़र आने वाली ऐश्वर्या ने 'खाकी' और 'धूम २' जैसी गिनी चुनी फिल्मों में ही रफ़ टफ रोल किये हैं।  लेकिन, इन फिल्मों में भी उनके डायलाग बेहद सॉफ्ट थे।  कहीं भी उनसे रूखापन नहीं झलकता था।  'द डर्टी पिक्चर' में विद्या बालन के किरदार जैसे संवाद तो कभी ऐश्वर्या के होंठो से निकले ही नहीं।  लेकिन, 'जज़्बा' में सब कुछ होगा।  फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन एक वकील की भूमिका में होंगी।  उनका यह वकील किरदार काफी कुछ  फिल्म 'दामिनी'  में सनी देओल के वकील किरदार जैसा होगा।  वह सलमान खान की स्टाइल में मुझ पे एक एहसान करना, मुझे पर कोई एहसान मत करना' जैसे हेकड़ी भरे डायलाग पीट रही होंगी।  अब तो यह जज़्बा के दर्शक ही बताएँगे कि ऐश्वर्या राय बच्चन का यह सलमान 'जज़्बा' उन्हें कितनी तालियां बजाने के लिए मज़बूर करता है ! ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ इरफ़ान खान, सिद्धांत कपूर, शबाना आज़मी, अनुपम खेर, प्रिया बनर्जी की भूमिका वाली फिल्म 'जज़्बा' ९ अक्टूबर को रिलीज़ होगी।



सनी लियॉन का मरिलीन मोनरो अवतार

बॉलीवुड की हॉटेस्ट सेक्स बम बन चुकी सनी लियॉन अब सेक्स अपील के मरिलीन मोनरो अवतार में नज़र आएंगी।  हॉलीवुड की सबसे विवादित और सेक्सी एक्टेस में शुमार मरिलीन मोनरो का हवा में उडता लम्बा स्कर्ट आज भी सेक्सी दृश्यों में शामिल है। फिल्म 'सेवन ईयर इच' के लिए मरिलीन मोनरो का यह फोटो उनके फोटोग्राफर दोस्त सैम शॉ ने १९५४ में एक सबवे पर खींचा था।  फिल्म की पब्लिसिटी में इस फोटो का खूब उपयोग किया गया।  इस सीन का बॉलीवुड पर असर का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि साठ साल बाद फिल्म 'कुछ कुछ लोचा है' के लिए इसे दोहराया गया है।  'फिल्म कुछ कुछ लोचा है' में सनी लियॉन एक एक्ट्रेस शनाया का किरदार कर रही हैं। कहते हैं देवांग ढोलकिया, "जब मैंने सनी से मरिलीन मोनरो लुक के बारे में बताया तो वह बेहद खुश हुई।  सनी सेक्सी और ग्लैमरस हैं।  उन पर किसी प्रकार का लुक आजमाया जा सकता है।  फिल्म में उनका मरिलीन मोनरो लुक भी ग्लैमरस, सुन्दर और सेन्सुयस है।"


निमृत कौर ने चुरा ली सोफिया हयात की ड्रेस

हॉलीवुड एक्ट्रेस और सिंगर सोफिया हयात ज़्यादातर अपने कर्व्स के लिए चर्चा में रहती हैं।  उन्हें अपनी फिगर दिखाने का चस्का भी है।  वह गाती भी खूब हैं।  इधर उन्होंने अपना एक एल्बम औरतों के सम्मान करो का प्रचार करने के लिए जारी किया।  इस एल्बम के वीडियो 'मैं लड़की हूँ' में सोफिया हयात ने मर्दों को औरतों का सम्मान करने के लिए ललकारा है।  इस एल्बम के लिए उन्होंने एक ड्रेस ख़ास तौर पर तैयार करवाई थी।  हालाँकि, सोफिया का यह एल्बम और वीडियो सोशल साइट्स पर चर्चित हो रहा है।  लेकिन, सोफिया की ड्रेस ज़्यादा चर्चा में हैं।  दरअसल, बॉलीवुड की एक एक्ट्रेस निमृत 'लंचबॉक्स' कौर ने एक फोटो शूट जीक्यू मैगज़ीन के कवर के लिए करवाया है। जब निमृत कौन के फोटो वाले इस कवर को देखा गया तो लोग हैरान रह गए कि निमृत कौर ने वही ड्रेस पहन रखी थी, जो सोफ़िया हयात ने वीडियो एल्बम और हॉलीवुड फिल्म के प्रेस शो में पहन रखी थी। जब सोफिया के प्रशंसकों ने उनसे निमृत कौर द्वारा उनकी ड्रेस की चोरी की बात बताई तो सोफ़िया बोलीं, "अच्छा है।  मेरे कपडे भी लोग कॉपी करते हैं।"


'धरम संकट में' मुरली शर्मा

बॉलीवुड के हीरो से पिटने वाले बुरे आदमी मुरली शर्मा 'धरम संकट में' हैं। वह फिल्म 'धरम संकट में' में एक मौलाना का किरदार कर रहे हैं।  फिल्म में उनके सीन परेश रावल के साथ कई हैं।  अन्नू कपूर के साथ भी हैं।  लेकिन, नसीरुद्दीन शाह के साथ उनका कोई सीन नहीं है। क्या यही मुरली शर्मा का धर्म संकट है ? कहते हैं मुरली शर्मा, "मेरे परेशभाई और अन्नूभाई के साथ सीन हैं।  मेरी इच्छा थी कि मेरा कोई सीन नसीरभाई के साथ भी होता।  वैसे फिल्म में मेरा रोल अब तक का सबसे सशक्त रोल है।" इस फिल्म के बाद मुरली शर्मा कई फिल्मों में नज़र आने वाले हैं। ए बी सी डी २ का उन्हें बेसब्री से इंतज़ार है।  वज़ीर में वह अमिताभ बच्चन और फरहान अख्तर के साथ काम कर रहे हैं।  मराठी फिल्म काकपुरुष के महेश मांजरेकर द्वारा बनाये जा रहे हिंदी रीमेक में भी मुरली शर्मा की ख़ास भूमिका है। अभय देओल के साथ 'स्नाफु' भी है।  गोविंदा के शीर्षकविहीन प्रोडक्शन में भी मुरली होंगे। दरअसल, वह कई भारतीय भाषाओँ की फिल्मों में इतना बिजी हैं कि कभी मुंबई, कभी हैदराबाद और कभी चेन्नई में वह हिंदी, तेलुगु, तमिल और मराठी फिल्मों की शूटिंग करने के लिए उड़ते रहते हैं।  मुरली शर्मा का धरम संकट यही लगता है कि  कहीं कोई फ्लाइट मिस न हो जाये।  वैसे मुरली कहते है, "मैं हमेशा से इतना ही बिजी रहना चाहता था।  तो शिकायत कैसी !"