Monday 3 June 2013

बॉलीवुड का नया सुपर स्टार रणबीर कपूर

            
 फिल्म यह जवानी है दीवानी की समीक्षा करते समय मैंने अंत में लिखा था कि फिल्म को दर्शक जैसा रेस्पोंस  दे रहे हैं, उससे यह फिल्म इस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्म साबित होने जा रही है। ठीक वैसा ही हुआ। बीस करोड़ की लागत में बनी यह जवानी है दीवानी बॉलीवुड की पहली ऐसी फिल्म बन गयी है, जिसने 60 करोड़ का वीकेंड मनाया है। फिल्म की रिलीज के दिन तक यही अनुमान किया जा रहा था कि फिल्म को जैसी हाइप मिली है, उससे यह फिल्म 15 करोड़ की ओपेनिंग ले लेगी तो इस साल की बड़ी हिट फिल्मों में शुमार हो जाएगी। हालांकि फिल्म 12-14 करोड़ के बीच ओपेनिंग लेने का ही अनुमान था। लेकिन, यह जवानी है दीवानी ने तमाम अनुमानों को पछाड़ते हुए 19.45 करोड़ की ओपेनिंग ले ली। उस समय यह जवानी है दीवानी सलमान खान की फिल्म दबंग 2  से पीछे थी। अमूमन, पहले दिन बड़ी ओपेनिंग ले लेने वाली बड़ी फिल्मों का शनिवार थोड़ा गिरता है। दबंग 2 का दूसरा दिन भी कमजोर गया था। लेकिन यह जवानी है दीवानी ने सलमान खान की दबंगई की भी हवा निकाल दी। जवानी का दूसरा दिन यानि शनिवार 20 करोड़ से ऊपर गया । इस प्रकार से यह जवानी है दीवानी ने दबंग 2 को 50 लाख से पीछे धकेल दिया। यहाँ यह बताते चलें कि दबंग 2 के कुल 3500 प्रिन्ट जारी किए गए थे, जबकि यह जवानी है दीवानी केवल तीन हजार प्रिंट्स में ही रिलीज की गयी थी।  सनडे को फिल्म का बिज़नस 23 करोड़ को पार कर गया। यह जवानी है दीवानी का वीकेंड बिज़नस एक था टाइगर, दबंग 2, रा1, बॉडीगार्ड तथा कुछ अन्य बड़ी फिल्मों के बिज़नस आंकड़ों को पीछे छोड़ गया। इन सभी फिल्मों ने आगे चलकर 100 करोड़ का क्लब बनाया। अब अगर दर्शकों पर यह जवानी है दीवानी का जादू वीक डेज़ में बरकरार रहा तो इस फिल्म बिज़नस आगे रिलीज होने वाली फिल्मों के लिए बड़ी चुनौती बन जाएगी।  देखते ही देखते यह शोर मच गया कि बॉलीवुड को नया सुपर स्टार मिल गया। यह सलमान खान के अब तक के रेकॉर्ड को तोड़ना ही नहीं था, बल्कि सलमान खान और अन्य तमाम खान सितारों के सुपरस्टारिज़्म को गंभीर चुनौती और खतरे का संकेत भी था। यह जवानी है दीवानी के रिलीज के 72 घंटे बीतते बीतते यह तय हो गया कि रणबीर कपूर सभी खानों को पीछे छोड़ते हुए नए सुपर स्टार बन गए हैं।
यह जवानी है दीवानी की बड़ी सफलता हाइप की सफलता नहीं है। हाइप तो पहले दिन या बहुत हुआ वीकेंड तक ही रहती है। हाइप वाली फिल्मे दिन ब दिन ज़्यादा बिज़नस नहीं करतीं। यह फिल्म का टेम्पो था। कलाकारों की कैमिस्ट्रि थी, जिसने दर्शकों को मुग्ध कर लिया। यह फिल्म हर प्रकार से अच्छी बन पड़ी फिल्म है। यह पहली फिल्म है, जो युवाओं के लिए होने के बावजूद अश्लील संवादों और हाव भाव वाली नहीं तथा इस कारण से पूरे परिवार के देखने योग्य है। रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण ऐसे स्टार बन कर उभरे हैं, बॉलीवुड  जिन पर भरोसा कर सकता है। रणबीर कपूर किसी भी अभिनेत्री के स्वीकार्य हीरो हैं और दीपिका हीरोइन। यह दोनों साथ साथ होंगे तो सुहागा होगा ही।
अब बड़ा खतरा खान अभिनेताओं के लिए है। वह अपनी घिसिपीटी मैनरिज़म के जरिये दर्शकों की जेब को चूना नहीं लगा सकते। उन्हे अपने अभिनय को सुधारना होगा, ऐसी फिल्में करनी होंगी, जो दर्शकों को मनोरंजन करने के साथ साथ संदेश भी दे।

No comments:

Post a Comment