Wednesday 9 September 2015

बॉलीवुड की हिट जोड़ी में शुमार होंगे सूरज और अथिया !

बॉलीवुड ११ सितम्बर को रिलीज़ होने जा रही फिल्म 'हीरो' की  सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी की नई रोमांटिक जोड़ी को लेकर खासा उत्साहित है।  इन्हे दूसरी शाहरुख़ खान और काजोल जोड़ी बताया जा रहा है।  मतलब यह कि सूरज और अथिया को बॉलीवुड आकाश पर चमकना ही है।  लेकिन, इस नवोदित जोड़े की शाहरुख़ खान और काजोल की जोड़ी से तुलना करने वाले यह भूल जाते हैं कि १९९३ में जब शाहरुख़ खान और काजोल ने 'बाज़ीगर' में जोड़ी बनाई, उससे पहले तक बेशक काजोल ने एक ही फिल्म बेखुदी की थी, लेकिन शाहरुख़ खान सात फ़िल्में कर चुके थे।  अर्थात, खान-काजोल जोड़ी सूरज और अथिया की तरह नई नहीं थी।  इसलिए, हीरो के सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी की और उनकी जोड़ी की परख पहली फिल्म कर रही जोड़ियों से की जानी चाहिए।
हीरो (२०१५) तक दसियों नई जोड़ियां बॉलीवुड दे चूका है।  अब बाज़ीगर की काजोल को ही लीजिये।  उनकी पहली फिल्म कमल सडाना के साथ बेखुदी थी।  कमल की भी यह पहली फिल्म थी।  काजोल तो खैर खान की जोड़ीदार बन गई।  वह टैलेंटेड भी थी, लेकिन कम प्रतिभाशाली कमल सडाना का करियर सात फिल्मों तक ही लुढक सका।  बेखुदी तो खैर फ्लॉप हो गई थी।  इसलिए कमल सडाना की असफलता समझ में आती है।  फ्लॉप हीरो आगे कैसे बढ़ सकता था।  लेकिन, १९९० की सुपर हिट म्यूजिकल रोमांस फिल्म 'आशिक़ी' की राहुल रॉय और अनु अग्रवाल की जोड़ी के लिए क्या कहा जाये ? आशिक़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म थी।  लेकिन, इतनी बड़ी हिट फिल्म भी राहुल रॉय और अनु अग्रवाल को बॉलीवुड में पनपने का खाद पानी नहीं बन सकी।  इसका मतलब तो कि हिट फिल्म सफलता की गारंटी नहीं !
स्टार किड्ज़ - ऊंची दूकान के फीके पकवान ज़्यादा
अस्सी के दशक में बॉलीवुड पर स्टार किड्ज़ का हमला जैसा हुआ था। हालाँकि, १९७३ में राजकपूर ने अपने बेटे ऋषि कपूर को हीरो बनाने के लिए फिल्म 'बॉबी' का निर्माण किया तो एक गुजराती व्यापारी चुन्नीभाई कपाड़िया की बेटी डिंपल कपाड़िया को उनकी नायिका बनाया।  फिल्म सुपर डुपेर हिट हुई।  ऋषि-डिंपल जोड़ी चल निकली।  इस के बाद, कई स्टार बच्चे परदे पर आये।  उनके साथ जोड़ी बनाने के लिए नए चहरे भी लिए गए।  कई ताज़ा जोड़िया बनी।  हिंदी फिल्मों के जुबली कुमार राजेंद्र कुमारं ने फिल्म 'लव स्टोरी' प्रोडूस कर अपने बेटे कुमार गौरव को मैदान पर उतार।  उनके साथ जोड़ीदार थी  पंडित जसराज भतीजी और एक्ट्रेस सुलक्षणा पंडित की छोटी बहन विजयता पंडित।  फिल्म हिट हुई।  १९८३ में धर्मेन्द्र ने अपने बड़े बेटे सनी देओल को हीरो बनाया फिल्म 'बेताब' बना कर।  इस फिल्म में सनी की जोड़ीदार थी मशहूर सोशलाइट रुखसाना सुल्तान की बेटी अमृता सिंह।  यह फिल्म भी हिट हुई।  दिलचस्प तथ्य यह था कि लव स्टोरी के घोस्ट निर्देशक राहुल रवैल ही बेताब के भी निर्देशक थे। देओल खानदान के एक दूसरे चिराग बॉबी देओल ने भी राजेश खन्ना की बेटी ट्विंकल के साथ फिल्म 'बरसात' (१९९५) से डेब्यू किया था।  बरसात बॉक्स ऑफिस पर बरस नहीं पाई।  बॉबी और ट्विंकल का फिल्म करियर भी कुछ ख़ास नहीं जम सका। मज़ेदार बात यह थी कि दोनों हिट फिल्मों की जोड़ियों के साथ घटा अलग अलग।  सनी देओल और अमृता सिंह हिट हो गए।  इन दोनों का करियर लम्बा चला।  लेकिन, कुमार गौरव और विजयता पंडित दर्जन भर फ़िल्में भी नहीं कर सके। ऐसा क्या हुआ ? १९८५ में सुनील दत्त, रेखा, राज किरण, फारूक शेख और दीप्ति नवल के साथ फिल्म 'फासले' में रोमांटिक जोड़ा रोहन कपूर और फराह नाज़ बना रहे थे।  रोहन कपूर गायक महेंद्र कपूर के बेटे थे।  फराह नाज़ तब्बू की बहन। दुर्भाग्यवश यश चोपड़ा की फिल्म 'फासले' से दर्शकों ने फासले बनाये रखे ।  महेंद्र कपूर का बेटा रोहन जल्द ही फिल्मों से बाहर हो गया।  अलबत्ता, फराह का करियर कुछ साल चलता रहा। कपूर खानदान से फिल्मों में आने वाली करिश्मा कपूर की पहली फिल्म प्रेम कैदी साउथ के एक्टर हरीश के साथ बनी थी। फिल्म और करिश्मा कपूर चल गई, लेकिन हरीश बिलकुल नहीं चले।
कुछ और जोड़ियां
१९८४ में फिल्म जवानी से करण शाह और नीलम कोठारी की जोड़ी ने डेब्यू किया।  रमेश बहल की फिल्म बुरी तरह से फ्लॉप हुई।  नीलम की तो खैर दूसरी फिल्म, गोविंदा के साथ इलज़ाम हिट हो गई।  लेकिन, करण शाह इतनी भाग्यशाली साबित नहीं हुए।  जल्द ही उनका सूरज बॉलीवुड में अस्त हो गया। इसी साल राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म 'अबोध' में माधुरी दीक्षित और तपोस पॉल की जोड़ी दर्शकों के सामने थी।  फिल्म सुपर फ्लॉप हुई।  तपोस पॉल को तुरंत ही अपना बोरिया बिस्तर लपेट का बंगाल वापस जाना पड़ा।  जबकि, माधुरी दीक्षित को एन चंद्रा की फिल्म 'तेज़ाब' ने ऐसी तेज़ाबी एक्ट्रेस बनाया कि वह एक समय बॉलीवुड मे टॉप पर पहुंची। माधुरी जैसा ही कुछ मीनाक्षी शेषाद्रि के साथ भी हुआ था। उन्हें, निर्माता, निर्देशक और अभिनेता मनोज कुमार ने अपने भाई राजीव गोस्वामी की फिल्म पेंटर बाबू' की नायिका बनाया।  फिल्म फ्लॉप हुई।  राजीव इंडस्ट्री से बाहर हो गए।  परन्तु मीनाक्षी शेषाद्रि को सुभाष घई मिल गए।  सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी की फिल्म 'हीरो' की मूल फिल्म से वह और जैकी श्रॉफ स्टार बन गए। हालाँकि, सुभाष घई तो मनीषा कोइराला और विवेक मुशरान को भी मिले थे।  इन दोनों को दिलीप कुमार और राजकुमार जैसे दिग्गजों के साथ लेकर सुभाष घई ने 'सौदागर' जैसी बड़ी हिट फिल्म बनाई थी।  पर विवेक मुशरान बिलकुल नहीं चल पाये, जबकि मनीषा कोइराला को टॉप पर पहुँचाने का मौका मिला। पांच साल बाद राजश्री के बैनर ने सलीम खान के बेटे सलमान खान को भाग्यश्री के साथ 'मैंने प्यार किया' की नायिका बना कर पेश किया।  फिल्म सुपर हिट हुई।  सलमान खान आज भी सदाबहार हैं। लेकिन, भाग्यश्री हिंदी फिल्मों से बिलकुल बाहर हो गई। कुक्कू कोहली ने १९९१ में फिल्म 'फूल और कांटे' से अजय देवगन और मधु की नई जोड़ी पेश की। बाहर की जोड़ियों के हिंदी फिल्मों में आने की शुरुआत के० बालाचंदर की फिल्म 'एक दूजे के लिए' से हो चुकी थी।  बालाचंदर ने इस फिल्म से दक्षिण से दो चेहरों कमल हासन और रति अग्निहोत्री को पेश किया।  फिल्म सुपर हिट हुई।  रति अग्निहोत्री आगे चल कर अमिताभ बच्चन की नायिका बनी।  लेकिन, कमल हासन को दक्षिण की फिल्मों में वापस लौटना पड़ा।  क्यों ?
समान्तर फिल्मों की नई जोड़ियां
सत्तर के दशक में न्यू वेव (जिसे न्यूड वेव भी कहा गया) या समान्तर सिनेमा ने भी खूब नई जोड़ियां पेश की।  बी आर इशारा ने अपनी न्यू वेव फिल्मों से नई जोड़ियों की वेव ला दी।  १९७२ में रिलीज़ इशारा निर्देशित फिल्म  ज़रुरत में विजय अरोरा और रीना रॉय की जोड़ी पेश हुई।  १९७५ में  रिलीज़ बी  आर इशारा की ही फिल्म 'कागज़ की नाव' से राज किरण और सारिका की जोड़ी का डेब्यू हुआ था ।  हालाँकि, इशारा ने १९७० में ही फिल्म 'चेतना' से रेहाना सुल्तान और अनिल धवन की नई जोड़ी पेश की थी।  लेकिन, इस फिल्म से कुछ पहले रेहाना सुल्तान की संजीव कुमार के साथ फिल्म 'दस्तक' रिलीज़ ही गई थी।  दस्तक में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने वाली रेहाना सुल्तान के करियर को चेतना के कॉल गर्ल के रोल ने बिलकुल ख़त्म कर दिया।  उल्लेखनीय है कि बी आर इशारा और रेहाना सुल्तान ने बाद में शादी कर ली थी।
नई शताब्दि, नई जोड़ियां

चालू सदी के पहले साल यानि २००० में पूर्व अभिनेता और फिल्म निर्माता-निर्देशक राकेश रोशन के बेटे ह्रितिक रोशन ने अमीषा पटेल के साथ फिल्म 'कहो न प्यार है' से डेब्यू किया।  अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन ने कपूर खानदान की दूसरी बेटी करीना कपूर के साथ जेपी दत्ता की फिल्म 'रिफ्यूजी' से डेब्यू किया।  २००३ में रितेश देशमुख और जेनिलिया डिसूज़ा  की जोड़ी फिल्म मुझे तेरी कसम से दर्शकों के रु-ब-रु हुई।  प्रियांशु चटर्जी, संदली शर्मा, हिमांशु मालिक और राकेश बापट को अनुभव सिन्हा ने अपनी फिल्म 'तुम बिन' से दर्शकों के सामने पेश किया।  २००२ में राज बब्बर के बेटे आर्य का अमृता राव के साथ फिल्म 'अब के बरस' से डेब्यू हुआ।  २००७ में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'साँवरिया' से दो कपूर- ऋषि कपूर और नीतू सिंह का रणबीर कपूर और अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर दर्शकों के सामने आये।  इसी दौर में सोनू निगम और फ़्लोरा सैनी

ने लव इन नेपाल से एक्टिंग डेब्यू किया।  रहना है तेरे दिल में से दक्षिण के आर० माधवन पूर्व मिस एशिया पैसिफिक दिया मिर्ज़ा के साथ दर्शकों के सामने आये।  इसके अलावा सुधीर मिश्रा की फिल्म हज़ारों ख्वाहिशे ऎसी से शाइनी आहूजा और चित्रांगदा सिंह,  जेम्स से मोहित अहलावत और निशा कोठारी, मोहित सूरी की फिल्म कलयुग से कुणाल खेमू और स्माइली सूरी, विक्रम भट्ट की फिल्म 'इंतहा' से अश्मित पटेल और विद्या मलवाडे, मेरा पहला पहला प्यार से रुसलान मुमताज़ और हेज़ल, जैसे कुछ डेब्यू हुए। अभी स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर से अलिया भट्ट, वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा दर्शकों के सामने आये हैं।  दर्शक अच्छी तरह से जानते हैं कि इनमे से कितने डेब्यू पेअर हिट हुए या फ्लॉप !
अब जबकि, सलमान खान के बैनर से १९८३ की हिट फिल्म 'हीरो' के रीमेक से आदित्य पंचोली और ज़रीना वहाब का पुत्र सूरज पंचोली सुनील शेट्टी और मोना शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी के साथ डेब्यू कर रहा है, क्या मुतमईन हुआ जा सकता है कि सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी 'हीरो' से हिट जोड़ी बनाएगी ? ऊपर के निष्कर्ष से कुछ समझ पाएं तो ठीक है।



अल्पना कांडपाल 

आशा भोंसले के ८२ साल और १०१ गीत !

इसी ८ सितम्बर को गायिका आशा भोंसले ८२ साल की हो जाएंगी।  उनके  जन्मदिन को मनाने के लिए शेमारू एंटरटेनमेंट ने आशा भोंसले के गाये १०१ चुनिंदा गीतों को तीन डीवीडी पैक में '१०१- आशा भोंसले हिट्स' के अंतर्गत जारी करने का निर्णय लिया।  यह डीवीडी पैक ८ सितम्बर को जारी किया जाना था।   लेकिन, चूंकि,  आशा भोंसले को वर्ल्ड टूर पर जाना था, इसलिए यह पैक पिछले दिनों ही आशा भोंसले द्वारा जारी किया गया।  इस मौके पर आशा भोंसले ने डीवीडी में संकलित अपने गीतों की झलकियाँ देखी।  ख़ास तौर  पर, वह चरित्रहीन, बंदिनी, अनकही, आदि फिल्मों के गीतों को सुनते हुए पुरानी यादों में  खो गई।  आशा भोंसले ने  नूतन और हेलेन से लेकर  रेखा और श्रीदेवी के परदे के चरित्रों  को अपनी आवाज़ दी है। उन्होंने एक किस्सा बताया कि एक बार एक दस साल का लड़का उनके पास आया और बोला कि वह लोग उनके गाये गीतों को एन्जॉय करते हैं। इससे साबित होता था कि वह जेन नेक्स्ट से भी सीधा जुड़ सकती हैं।  '१०१- आशा भोंसले हिट्स' की डिस्क १ का शीर्षक डांस मस्ती है।  इस डिस्क में आशा भोंसले के लोकप्रिय गीत पिया तू अब तो आजा और जवानी जानेमन से लेकर घुँघरू टूट गए और डूबा डूबा नशे में जैसे मस्ती भरे डांस नंबर शामिल हैं।  डिस्क १ में आशा भोंसले के 'रोमांटिक और सेंटीमेंटल' गीत शामिल हैं।  इनमे काली घटा छायी, देखने में भोला है, साथी रे तेरे बिना भी क्या जीना, और इस दिल में, आदि जैसे गीत सुने देखे जा सकते हैं।  डिस्क ३ में आशा भोंसले के 'वेरियस मूड्स' के गीत शामिल हैं।  इनमे क्यों मुझे इतनी ख़ुशी दे दी, जाऊं तो कहा जाऊं, कोमल है कमज़ोर नहीं तू, आदि गीत आशा भोंसले की बहुमुखी गायन प्रतिभा के प्रमाण हैं।  इस मौके पर आशा भोंसले ने  कहा,"इस  प्रकार के कांसेप्ट आधारित एल्बम जारी कर शेमारू  बॉलीवुड के क्लासिक गीतों की परंपरा को जीवित रखे हुए हैं। " तीन डीवीडी वाले इस सेट की कीमत २९९  रुपये है । 




आतिया के साथ सूरज चमकेगा !

११ सितम्बर को, जब पूरब से सूरज उग रहा होगा, ठीक उसी समय सिल्वर स्क्रीन पर भी एक सूरज का उदय हो रहा होगा । यह सूरज सलमान खान की फिल्म 'हीरो' का युवा और नवोदित चेहरा हैं। सलमान खान ने फिल्म हीरो की कमान निर्देशक निखिल आडवाणी को सौंप रखी है।  यह फिल्म १९८३ में रिलीज़, सुभाष घई के निर्देशन में बनी जैकी श्रॉफ और मीनाक्षी शेषाद्रि की म्यूजिकल रोमांस फिल्म 'हीरो' का रीमेक है।  इसी फिल्म से सूरज पंचोली और आतिया शेट्टी के स्क्रीन डेब्यू हो रहे है। यह दोनों जैकी श्रॉफ और मीनाक्षी शेषाद्रि की भूमिकाओं से अपना परिचय दर्शकों को दे रहे होंगे । दर्शक इन दोनों की एक्टिंग को कितने नंबर देते हैं, इसका पता तो ११ सितम्बर के बाद ही चलेगा। फिलहाल इन दोनों का परिचय यही है कि यह दोनों युवा चेहरे स्टार सन एन डॉटर हैं। सूरज पंचोली, अस्सी के दशक की वीडियो फिल्मों कलंक का टीका, शिंगोरा और सियाही जैसी वीडियो फिल्मों के नायक और दम मारो दम, बॉडीगार्ड और रेस २ जैसी फिल्मों के विलेन आदित्य पंचोली तथा राजश्री की चितचोर और घरोंदा जैसी फिल्मों की नायिका ज़रीना वहाब के बेटे हैं। पिछले दिनों सूरज पंचोली की डेब्यू फिल्म हीरोका फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया गया था । इस पोस्टर में सूरज नंगी पीठ के साथ खड़े हुए थे ।  इस लुक से सूरज रफ़ टफ लुक वाले अभिनेता लगते हैं। उन्होंने डांस की ट्रेनिंग ली है। वह मार्शल आर्ट्स में माहिर हैं। एक्टिंग का कोर्स भी किया है। संजय लीला भंसाली को फिल्म गुज़ारिश’ में और कबीर खान को एक था टाइगरमें असिस्ट कर चुके हैं। चौबीस साल के सूरज को सलमान खान प्रमोट कर रहे हैं। निखिल आडवाणी की फिल्म में सूरज की नायिका अतिया शेट्टी हैं।  आतिया, अस्सी के दशक की बलवान, मोहरा, आदि फिल्मों के नायक सुनील शेट्टी और फैशन डिज़ाइनर मान्या की बेटी हैं। वह न्यूयॉर्क फिल्म अकादमी से फिल्म मेकिंग और अन्य विधाएं सीख कर आई हैं। आतिया अभी सिर्फ २३ साल की हैं। हीरोअस्सी के दशक की जैकी श्रॉफ और मीनाक्षी शेषाद्री की फिल्म का रीमेक है। फिल्म में मीनाक्षी वाला किरदार आतिया कर रही हैं, जबकि सूरज जैकी श्रॉफ वाले रोल में हैं। सूरज में हीरो मटेरियल है।  हालाँकि, उन पर २००८ में रिलीज़ आमिर खान की फिल्म गजिनी की सह नायिका अभिनेत्री जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।  इसके बावजूद उनके सर पर सलमान खान का हाथ है।  उन्हें अपनी अभिनय प्रतिभा दिखानी है। आतिया शेट्टी ग्लैमरस और सेक्सी हैं। बॉलीवुड को नए चेहरों  की सख्त ज़रुरत है, जो बॉलीवुड को बॉक्स ऑफिस क्वीन और बादशाह दे सके। यह दोनों इस लिहाज़ से लकी हैं कि उन्हें सलमान खान और सुभाष घई जैसे फिल्म निर्माताओं और फिल्म की समझ रखने वालों को सहारा मिल रहा है। वह बिना फिल्म रिलीज़ हुए स्टार बन चुके हैं।  उन्हें अब इसे सिर्फ पुख्ता करना है। अगर इन दोनों में अभिनय प्रतिभा है तो आतिया और सूरज को बॉलीवुड के फिल्माकाश में चमकने से कोई नहीं रोक सकता। यहाँ दिलचस्प तथ्य यह कि आतिया शेट्टी की फिल्म 'हीरो' उसी तारीख़ को रिलीज़ हो रही है, जिस तारीख़ को उनके पिता सुनील शेट्टी की फिल्म 'बलवान' रिलीज़ हुई थी। 'बलवान' हिट फिल्म साबित हुई थी।  क्या पिता की तरह बेटी की भी फिल्म हिट होगी ?  

Tuesday 8 September 2015

महिला मित्रता को दर्शाती भारतीय सिनेमा इतिहास में पहली फिल्म 'एंग्री इंडियन गौडेसेस'

फिल्म 'एंग्री इंडियन गौडेसेस' भारतीय सिनेमा के इतिहास में महिला मित्रता को दर्शाती पहली फिल्म है। इस फिल्म के स्टार कास्ट में साराह जेन, तनिष्ठा चैटर्जी, अनुष्का मनचन्दा, संध्या मृदुल, अमृत मघेरा, पवलीन गुजराल और राजश्री देशपंडे जैसे बहुमुखी कलकार शामिल हैं। फिल्म 'एंग्री इंडियन गौडेसेस' का निर्देशन अंतराष्ट्रीय स्टार पर मशहूर निर्देशक पैन नलीन ने किया है।इस फिल्म के निर्माता जंगल बुक एंटरटेनमेंट हैं।  इस फिल्म को टोरोंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में आधिकारिक तौर पर चुना गया है। यह फिल्म जल्द ही भारत में रिलीज़ की जाने वाली है। फिल्म 'एंग्री इंडियन गौडेसेस' महिला मित्रता के उन पन्नो को प्रदर्शित किया है जो आम तौर पर  अबतक की बॉलीवुड फ़िल्में में नहीं दिखाया गया है। फिल्म की कहानी 7 लड़कियों के इर्द गिर्द घूमती है। इस फिल्म का सबसे खास तत्त्व राम संपत द्वारा फिल्म के लिए रचा गया संगीत है। फिल्म के बारे में बताते हुए पुरस्कार विजेता निर्देशक पैन नलीन ने बताया है ' दुनिया जल्द ही भारत की पहली महिला मित्रता को दर्शाती फिल्म 'एंग्री इंडियन गौडेसेस' की गवाह बनने वाली है। मै अपने दर्शकों को यह फिल्म दिखने के लिए बहुत उत्साहित हूँ। यह तो बस शुरुवात है आगे और बहुत कुछ आनेवाला है। फिल्म 'एंग्री इंडियन गौडेसेस' को देखने के लिए तैयार रहें।' 

Monday 7 September 2015

अक्षय कुमार का बर्थडे, प्रभुदेवा का गिफ्ट, 'सिनेमा देखे माम्मा'

अभिनेता अक्षय कुमार ९ सितम्बर को ४८ साल के हो जायेंगे।  उनकी प्रभुदेवा के साथ 'सिंह इज किंग' सीरीज की फिल्म 'सिंह इज ब्लिंग' २ अक्टूबर को रिलीज़ होने जा रही है।  अपने अच्छे दोस्त अक्षय कुमार को गिफ्ट देना का यूनिक आईडिया प्रभुदेवा के दिमाग में आया।  उन्होंने अक्षय कुमार के बर्थडे गिफ्ट के रूप में 'सिंह इज ब्लिंग' का अक्षय कुमार का पसंदीदा गीत 'सिनेमा देखे माम्मा' ९ सितम्बर को रिलीज़ करने का इरादा बनाया है।  हालाँकि, 'सिंह इज ब्लिंग' की को मुश्किल से तीन हफ्ते बचे हैं।  इस बीच फिल्म के सभी गीत दर्शकों के सामने होने चाहिए।  इसके बावजूद प्रभुदेवा ने फिल्म के इस गीत की रिलीज़ ९ सितम्बर तक होल्ड कर लिया।  यह अक्षय कुमार के लिए चौंकाने वाला फैसला था।  गणेश आचार्य के कोरियोग्राफ इस गीत का फिल्मांकन अक्षय कुमार और फिल्म में उनकी नायिका एमी जैक्सन पर हुआ है। इस फिल्म की शूटिंग पटियाला के एक गाँव में की गई है।  इस गीत के लिए पूरे गाँव को ख़ास तौर पर पेंट किया गया था। अब देखना होगा कि ९ सितम्बर को अपना जन्मदिन अपने पसंदीदा गीत की रिलीज़ के साथ सेलिब्रेट करते अक्षय कुमार कितने खुश नज़र आते हैं!

Sunday 6 September 2015

मैट डैमन की बॉर्न फ्रैंचाइज़ी में वापसी !

खबर है कि अमेरिकी अभिनेता, पटकथा लेखक और फिल्म निर्माता मैट डेमन की बॉर्न फ्रैंचाइज़ी में जल्द वापसी हो सकती है।  एरिक वान लस्टबडर  के उपन्यासों के काल्पनिक चरित्र जैसन बॉर्न पर पहली फिल्म 'द बॉर्न आइडेंटिटी' २००२ में रिलीज़ हुई थी।  जैसन बॉर्न का करैक्टर बाद की दो सीक्वल फिल्मों 'द बॉर्न सुप्रीमसी' और 'द बॉर्न अल्टीमेटम' में दिखाई दिया।  तीनो ही फिल्मों में मैट डैमन इस करैक्टर को कर रहे थे।  इस फ्रैंचाइज़ी की चौथी फिल्म 'द बॉर्न लिगेसी' में जेरेमी रेनर आ गए।  दरअसल, मैट डैमन  बिना डायरेक्टर पॉल ग्रीनग्रास के बॉर्न सीरीज की चौथी फिल्म नहीं करना चाहते थे।  ग्रीनग्रास बॉर्न सीरीज की दूसरी और तीसरी फिल्म के डायरेक्टर थे।  जबकि, चौथी फिल्म को टोनी गिलरॉय डायरेक्ट कर रहे थे। बॉर्न सीरीज की फिल्मों को अच्छी सफलता मिलती रही है।  बॉर्न सीरीज की चार फिल्मों के निर्माण में ३७० मिलियन डॉलर खर्च हुए थे।  लेकिन, इन फिल्मों ने वर्ल्डवाइड १२२२१.५ मिलियन डॉलर का कलेक्शन किया था।  एक समय जैसन बॉर्न को ब्रितानी जासूस जेम्स बांड के लिए खतरा बताया जाता था।  बॉर्न सीरीज की चौथी फिल्म 'द बॉर्न लिगेसी', जिसमे बॉर्न का किरदार जेरेमी रेनर कर रहे थे, २७६ मिलियन डॉलर का साधारण बिज़नेस किया था, जबकि इसके निर्माण में १२५ मिलियन डॉलर खर्च हुए थे।  यह साधारण बिज़नेस था।  अब इस सीरीज की पांचवी फिल्म 'द बॉर्न बिट्रेयल' में एक बार फिर पॉल ग्रीनग्रास और मैट डैमन की जोड़ी साथ आ गई है। द बॉर्न बिट्रेयल मशहूर एडवर्ड स्नोडेन स्कैंडल पर फिल्म है।  इस व्यक्ति ने सीआईए के अंतर्गत काम किया था और बाद में उसकी कुछ अत्यंत गोपनीय सूचनाएं लीक कर दी थी।  द बॉर्न बिट्रेयल की शूटिंग दुनिया के कई देशो में की जाएगी।  फिल्म की शूटिंग की शुरुआत ग्रीस से होगी।  फिल्म का अंत लॉस वेगस में होगा।  द बॉर्न बिट्रेयल २९ जून २०१६ को पूरी दुनिया में रिलीज़ होगी।