Tuesday 22 August 2017

दो देशों के जोड़ों के रोमांस की फिल्म द बिग सिक !

अमेरिकन रोमांटिक कॉमेडी  फिल्म द बिग सिक रियल लाइफ स्टोरी है ही, इस फिल्म में कई देशों से एक्टरों की मिली जुली स्टारकास्ट भी है।  यह फिल्म इस की लेखक जोड़ी एमिली वी  गॉर्डन और कुमैल नांजिआनी की रील लाइफ स्टोरी है।  फिल्म का पाकिस्तानी नायक कुमैल एक स्टैंडअप कॉमेडियन है।  एक शो के दौरान वह एमिली से मिलता है।  दोनों में प्रेम हो जाता है।  कुमैल एमिली से शादी करना चाहता है, लेकिन वह नहीं जानता कि पाकिस्तान में उसका रूढ़िवादी परिवार इस शादी के बारे में क्या सोचेगा।  इसी बीच एमिली कोमा में चली जाती है।  इस दौरान कुमैल के एमिली के परिवार ख़ास कर एमिली के लिए चिंतित उसकी माँ और पिता से गहरा लगाव पैदा हो जाता है।  फिल्म में कुमैल का किरदार खुद कुमैल नांजिआनी ने किया है।  जोए कज़न एमिली बनी है। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर अज़मत के किरदार में हैं।  

Monday 21 August 2017

क्या खुद से टकराएंगे अक्षय कुमार

फिलहाल तो ऐसा ही लग रहा है।  अक्षय कुमार की आर बाल्की निर्देशित फिल्म पैडमैन की रिलीज़ की तारीख  २६ जनवरी २०१८ तय कर दी गई है।  इसी दिन, रजनीकांत की साइंस फिक्शन फिल्म २.० की रिलीज़ पहले से  ही तय है।  इस फिल्म में रजनीकांत और एमी जैक्सन के साथ अक्षय कुमार एक बैड रोबोट का बुरा किरदार कर  रहें हैं।  यानि फिल्म में उनकी भूमिका विलेन वाली है।  इस प्रकार से हीरो अक्षय कुमार अपने विलेन से टकराएगा। हालाँकि, यह कहा जा सकता है कि अक्षय कुमार दोनों फिल्मों में हीरो नहीं है।  दोनों ही फ़िल्में भिन्न शैली वाली हैं।  पैडमैन सामजिक सन्देश वाली फिल्म है। इनके टकराव से फिल्म के दर्शक बटेंगे नहीं।  क्योंकि, दोनों ही फिल्मों के दर्शक भिन्न हैं। लेकिन, हिंदी बेल्ट में २.० का काफी क्रेज अक्षय कुमार के कारण बना है।  वैसे यह खबर आ रही है कि रजनीकांत की फिल्म में वीएफएक्स का बहुत काम पूरा नहीं हुआ है।  इसलिए, उम्मीद की जा सकती है कि २.० की रिलीज़ की तारिख फिर बढ़ा दी जाए। यह भी कहा जा रहा है कि अगर २.० की तारीख टली नहीं तो अक्षय पैडमैन को अप्रैल में रिलीज़ करेंगे। इसके बावजूद दो फिल्मों का टकराव होना तय है।  २६  जनवरी को नीरज पांडेय का सैनिक ड्रामा फिल्म ऐयारी रिलीज़ हो रही है।  यह सैन्य जासूसी पर केंद्रित फिल्म है।  फिल्म में मनोज बाजपेई और सिद्धार्थ मल्होत्रा केंद्रीय भूमिका में हैं।  अक्षय कुमार ने निर्माता, निर्देशक और लेखक नीरज पांडेय की स्पेशल २६, बेबी, रुस्तम, नाम शबाना और टॉयलेट एक प्रेम कथा की है।  अक्षय कुमार ने मनोज बाजपेई के साथ बेवफा, स्पेशल २६ और नाम शबाना जैसी फ़िल्में की हैं।  ऐसे में २६ जनवरी २०१८ को टकराव तो देखने को मिलेगा ही।  देखने वाली बात यह होगी कि इसकी तीव्रता कितनी होगी।  

टॉयलेट एक प्रेम कथा १० दिन ११५.०५ करोड़

टॉयलेट एक प्रेम कथा ने १० दिन में किया ११५.०५ करोड़ का कलेक्शन. डेली कलेक्शन इस प्रकार रहा- (संख्या रुपये करोड़ मे)
शुक्रवार – १३.१०
शनिवार – १७.१०
रविवार-   २१.२५
सोमवार –  १२.००
मंगलवार-  २०.००
बुद्धवार-     ६.५०
गुरुवार -    ६.१०
शुक्रवार-     ४.००
शनिवार-     ६.७५
रविवार-      ८.२५ 

कुल योग  ११५.०५ करोड़

Sunday 20 August 2017

तीस साल बाद रिलीज़ होगी लिबास

झेलम (पाकिस्तानी पंजाब) में १८ अगस्त १९३४ को जन्मे सम्पूरण सिंह कालरा, जिन्हें हिंदी फिल्म जगत गुलजार के नाम से जानता है, के लिए उनका ८३ वां जन्मदिन खुशियों की बरात ले कर आया।  उन्हें जन्म दिन का सबसे अच्छा तोहफा दिया था, फिल्मकार विकास मोहन के बेटे अमूल विकास मोहन ने गुलजार निर्देशित और ३० साल पहले पूरी हो चुकी डिब्बा बंद फिल्म लिबास को रिलीज़ करने के निर्णय का ऐलान किया।  गुलजार ने अपनी यह फिल्म स्पर्श और मासूम की हिट जोड़ी नसीरुद्दीन शाह और शबाना आज़मी को लेकर बनाई थी।  समय से काफी पहले बनाई गई यह फिल्म विवाहेत्तर संबंधों पर थी। लिबास गुलजार की लघु कथा सीमा पर आधारित है।  इस फिल्म को देश विदेश के फिल्म समारोहों में दिखाया गया और सराहा गया।  लेकिन, यह फिल्म देश में रिलीज़ नहीं हो सकी।  इसके लिए फिल्म की बोल्ड सामग्री जिम्मेदार नहीं थी।  बल्कि, फिल्म के निर्माता विकास मोहन और निर्देशक गुलजार के बीच गहरा विवाद था।  यही कारण है कि जहाँ फिल्म के निर्माता विकास मोहन की मृत्य (३१ मई २०१६) के १८ महीने बाद फिल्म की रिलीज़ का ऐलान हुआ।  वहीँ फिल्म का संगीत भी संगीतकार राहुल देव बर्मन की मृत्यु के बाद ही रिलीज़ हुआ।  इस फिल्म में राज बब्बर, सुषमा सेठ, उत्पल दत्त, अनु कपूर और सविता बजाज की भी ख़ास भूमिका है। फिल्म की रिलीज़ की तारिख का ऐलान जल्द किया जायेगा।   

तो एक पिट्ठू से रोमांस कर रही है सैफ अली खान की बेटी !

सैफ अली खान और अमृता सिंह की बेटी सारा खान के फिल्म एक्ट्रेस बनने की खबरे इस साल की शुरू से ही शुरू हो गई थी।  लेटेस्ट न्यूज़ यह है कि सारा अली खान अब 'केदारनाथ' के पिट्ठू से रोमांस करने जा रही हैं।  वैसे सारा ने ऑन स्क्रीन रोमांस के अच्छे मौके खोये हैं।  निर्माता-निर्देशक करण जौहर सारा को अपनी फिल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर के सीक्वल से लांच करना चाहते थे।  इस फिल्म में उनकी जोड़ी जैकी श्रॉफ और आयेशा श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ के साथ बनाई जा रही थी।  लेकिन, सारा की माँ अमृता सिंह को यह रोमांस पसंद नहीं था।  वह निजी कारणों से करण जौहर से खुंद खाती हैं।  इस प्रकार से सारा का स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर २ से डेब्यू नहीं हो सका।  इसके बाद सारा को हॉलीवुड की फिल्म फाल्ट इन आवर स्टार्स के रीमेक में लिया जा रहा था।  यह  फिल्म अभिनेता शाहिद कपूर के सौतेले छोटे भाई ईशान खट्टर के साथ बनाई जा रही थी।  ईशान, पूर्व अभिनेत्री नीलिमा अज़ीम के राजेश खट्टर से बेटे हैं।  शाहिद कपूर की माँ नीलिमा अज़ीम है और पिता पंकज कपूर।  सारा को यह रोल दमदार लगा था।  लेकिन, बात कॉन्ट्रैक्ट पर अटक गई।  सूत्र बताते हैं कि निर्माता चाहते थे कि सारा अली खान अपनी पब्लिसिटी का का काम एक ख़ास एजेंसी को दे।  सारा को यह मंज़ूर नहीं हुआ।  नतीजतन वह फिल्म छोड़ कर चल दी।  अब खबर है कि वह अभिषेक कपूर उर्फ़ गट्टू की फिल्म केदारनाथ में सुशांत सिंह राजपूत की नायिका बनेगी।  इस फिल्म में सुशांत सिंह केदारनाथ की भूमिका में हैं।  केदारनाथ एक पिट्ठू है, जो अपनी पीठ पर बीमारों और अपाहिजों को लाद कर तीर्थ स्थलों की ऊंचाइयों तक पहुंचाता है।  सारा एक अमीर लड़की हैं, जो इस पिट्ठू से प्रेम करने लगती हैं।  खुद फिल्मों में फ्लॉप रहे अभिषेक कपूर ने रॉक ऑन और काई पो चे से फरहान अख्तर, अर्जुन रामपाल और सुशांत सिंह राजपूत को स्टार बना दिया था।  क्या अभिषेक कपूर के निर्देशन में एक गरीब पिट्ठू से अमीरज़ादी सारा का रोमांस बॉक्स ऑफिस पर सिक्का जमायेगा ?

बॉलीवुड न्यूज़ २० अगस्त

टेनिस की तरह मिक्स्ड क्रिकेट टीम हो- अक्षय कुमार
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार 23 जुलाई को लंदन के लॉर्ड क्रिकेट मैदान में  महिला क्रिकेट विश्वकप फाइनल देखने गए थे। भले ही महिला क्रिकेट टीम फाइनल नहीं जीत पाई पर उन्होंने सभी के दिलो को ज़रूर जीत लिया है।  अब टीम वापस भारत लौट आयी हैं।  इधर अक्षय कुमार ने  यह सुझाव दिया है कि महिला और पुरुष क्रिकेट टीम एक साथ एक टीम बनकर खेले।  वह आगे कहते हैं, "जिस  तरह  टेनिस  में मिक्स्ड  डबल्स होते  हैं, उसी  तरह  महिला  और  पुरुष  क्रिकेट  टीम  में क्यों  नहीं  हो  सकता।  मिक्स्ड  क्रिकेट  टीम में 6   महिला  और  6 पुरुष  खिलाडी, ऑस्ट्रेलिया  के  6 पुरुष  और  6 महिलाओ  के  खिलाफ  खेले ? यदि इस तरह का फॉर्मेट बनता है, तो यह सबसे बड़ा सेट-अप होगा। " अक्षय कुमार को यह विचार उस समय आया, जब वह फोन पर विंबलडन मैच देख रहे थे ।
फन्ने ख़ाँ में ऐश्वर्या राय के साथ विक्की कौशल

करण जौहर की फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किलमें अपने नए अवतार से दर्शकों को चकित करने के बाद ऐश्वर्या रॉय बच्चन  राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म 'फन्ने ख़ाँके साथ बड़े पर्दे पर बिलकुल अलग अवतार में नज़र आएँगी । खबर है कि इस फिल्म में विक्की कौशल पहली बार ऐश्वर्या रॉय के साथ स्क्रीन शेयर करते नज़र आएंगे । यह विक्की के लिए इस लिहाज़ से ख़ास है कि कुछ समय पहले दीपिका पादुकोण उन्हें पद्मावती में अपना पति मानने से इंकार कर चुकी थी। पुरस्कार विजेता फिल्म 'मसानके साथ करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता विक्की कौशलरणबीर कपूर की संजय दत्त के जीवन पर आगामी 'दत्त बायोपिकफिल्म में एक अहम किरदार कर रहे हैं। इसके अलावा फिल्म राज़ी में वह आलिया भट्ट के हीरो बन  कर आ रहे हैं । फन्ने ख़ाँ २००० में रिलीज डच फिल्म 'एवरीबॉडी इज फेमस! का हिंदी रूपांतरण है। फिल्म 'फन्ने ख़ाँके  निर्देशन का भार नवोदित अतुल मांजरेकर पर है।  फिल्म का निर्माण राकेश ओमप्रकाश मेहराक्रियर्ज एंटरटेनमेंट और टी-सीरीज़ द्वारा किया जा रहा है।   
सावधान शुभ मंगल करेगी दम लगा के हईशा की जोड़ी 
निर्माता आनंद एल राय एक बार फिर पारिवारिक मनोरंजक फिल्म शुभ मंगल सावधान ले कर आ रहे हैं।  पिछले दिनों इस फिल्म का टिजर रिलीज हुआ था। इस टीज़र को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया गया। इस फिल्म की आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर की जोड़ी दूसरी बार एक साथ है।  इस जोड़ी की फिल्म दम लगा के हईशा को बेहद पसंद किया गया था। यह फिल्म स्कूल तक पढ़े युवा प्रेम की थी, जिसकी शादी एक पढ़ीलिखी मगर काफी मोटी लड़की संध्या से हो जाती है। आर.एस. प्रसन्ना निर्देशित फिल्म शुभमंगल सावधान का कथानक काफी अलग है।  यह नॉन कूल मुदित शर्मा (आयुष्मान खुराना) और नॉन हॉट सुगंधा जोशी (भूमि पेडनेकर) की यह मजेदार कहानी हैं। आनंद एल राय की फिल्मों ने हमेशा ही छोटे शहर का रोमांस और देसी मनोरंजन के बारे में अपने अलग अंदाज में बात की हैं। यह फिल्म भी आनंद एल राय की इसी खास स्टाइल में बनी हुई हैं। अब देखने वाली बात होगी कि आयुष्मान-भूमि की जोडी की दिलचस्प केमिस्ट्री इस फिल्म के ज़रिये फिल्म के लिए आनंद और शुभ मंगल लाएगी ।   
अब दो फिल्मों में जेम्स बांड बनेंगे डेनियल क्रैग
खबर पुख्ता है कि अभिनेता डेनियल क्रैग मान गए हैं।  प्रोडूसर्स के मनाने के बाद डेनियल अब एक नहीं दो जेम्स बांड फिल्मों में अभिनय करेंगे।  २००५ में पहली बार इस ब्रिटिश अभिनेता ने इऑन प्रोडक्शंस के साथ तीन बांड फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था।  डेनियल क्रैग फिल्म कैसिनो रोयले में पियर्स ब्रॉसनन  की जगह जेम्स बांड की गन थामे नज़र आये थे।  इसके बाद वह क्वांटम ऑफ़ सोलस (२००८), स्काईफाल्स (२०१२) और स्पेक्टर (२०१५) में भी बांड के किरदार में नज़र आये स्पेक्टर के बाद डेनियल क्रैग बांड का चोला नहीं पहनना चाहते थे।  लेकिन, बांड फिल्मों की निर्माता बारबरा ब्रोक्कोली डेनियल क्रैग से लगातार छह बांड फ़िल्में करने का अनुरोध कर रही थी। इसमें से एक फिल्म बांड २५ का तो ऐलान भी कर दिया गया था।  यह फिल्म ८ नवंबर २०१९ को रिलीज़ होनी थी। हालाँकि, क्रैग के मना कर देने पर दूसरे विकल्प भी देखे जा रहे थे। डेनियल क्रैग को दो अन्य बांड फिल्मों के लिए मना लेने के पीछ बारबरा ब्रोक्कोली की मान मनौवल तो था ही, अंदरूनी सूत्र बताते हैं कि डेनियल क्रैग ने अपना इरादा तब बदला, जब उन्हें मालूम हुआ कि बांड फिल्म का निर्देशन सैम मेंडेस करेंगे।  डेनियल क्रैग और सैम मेंडेस की आपस में बढ़िया जमती हैं।  दोनों दो बांड फिल्मों स्काईफॉल और स्पेक्टर कर चुके हैं।  इन दोनों ने २००२ में पहली बार रोड टू पर्डीशन एक साथ की थी।  रोड टू पर्डीशन के निर्माता सैम मेंडेस ही थे।  चूंकि, सैम ने अगली बांड फिल्म डायरेक्ट करने से मना कर दिया था, इसलिए डेनियल क्रैग भी अलग हो गए थे। 
कावेरी का तीसरा सिंगल
शाहरुख़ खान की फिल्म कभी हाँ कभी न की नायिका सुचित्रा कृष्णमूर्ति और मासूम के निर्देशक शेखर कपूर की बिटिया अब १६ साल की हो गयी है।  लेकिन, तमाम स्टार पेरेंट्स के बच्चों की तरह वह फिल्मों में भाग्य आजमाने की कोशिश  नहीं कर रही है।  इसी स्टार डॉटर का रुझान संगीत तरफ है।  वह अच्छी गायिका है।  उनके दो सिंगल हिट हो चुके हैं।  अब कावेरी का डिड यू नो और हाफ अ हार्ट के बाद तीसरा सिंगल अगेन  ९ अगस्त को रिलीज़ हुआ।  छह साल की उम्र से अपने संगीत के प्रति रुझान को रियाज़ में बदलने वाली कावेरी ने १२ साल की उम्र में पहला सिंगल डिड यू नो किया था।  यह बड़ा हिट साबित हुआ था।  संगीत प्रेमियों ने कावेरी की आवाज़ को पसंद किया।  हिंदुस्तानी क्लासिकल म्यूजिक की जानकार कावेरी वेस्टर्न क्लासिकल म्यूजिक की भी अच्छी समझ रखती है। वह पियानो और गिटार बजा लेती हैं।  अपने गीत खुद लिखने वाले कावेरी की प्रेरणा उनकी माँ सुचित्रा कृष्णमूर्ति हैं।  कावेरी कहती हैं, "मैं आगे भी संगीत सीखते रहना चाहती हूँ।  मैं जितना आगे तक जा सकती हूँ, जाना चाहती हूँ।"
अब बिदिता कर रही हैं चित्रांगदा वाला रोमांस !
निर्देशक कुषाण नंदी ने अपनी एक्शन थ्रिलर फिल्म बाबूमोशाय बन्दूकबाज़ में नायिका के बतौर चित्रांगदा सिंह को लिया था।  लेकिन, बदमिजाज़ चित्रांगदा सिंह फिल्म को बीच में ही छोड़ का चली गई।  उन्हें ऐतराज़ फिल्म के रोमांटिक सीन और गहरे चुम्बनों पर नहीं था।  बल्कि, वह एक बदशक्ल हीरो के साथ रोमांस नहीं कर सकती थी।  फिल्म में उनके नायक नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी थे।  चित्रांगदा को उन्ही के साथ रोमांस करना था। अब  काले कलूटे नवाज़ुद्दीन के साथ रोमांस करने के लिए अभिनेत्री बिदिता बाग को ले लिया गया।  फ्रॉम सिडनी विथ लव, १९ जुलाई, एक्स- पास्ट इज प्रेजेंट और गन पे डन जैसी नामालूम फ़िल्में कर चुकी बिदिता को किसी के भी साथ रोमांस पर ऐतराज़ नहीं।  उन्होंने नवाज़ के साथ जमकर रोमांटिक सीन किये हैं। फैशन और मॉडलिंग की दुनिया का जाना पहचाना चेहरा बिदित बाग को ऐसा नहीं लगता कि चित्रांगदा सिंह ने केवल इस कारण से फिल्म छोड़ी होगी।  वह कहती हैं, "सही बात मुझे नहीं मालूम।  क्योंकि, चित्रांगदा  ने पहले भी इंटिमेट सीन किये हैं।  वह जानती हैं कि आपको अपने करैक्टर का आईडिया डायरेक्टर द्वारा इसका विवरण बताये जाने पर समझ में है। लेकिन, मुझे किसी प्रकार का दबाव नहीं।"
तेरी मेहरबानियां के सीक्वल में निकेशा पटेल
तेलुगु, तमिल और कन्नड़ फिल्मों की अभिनेत्री निकेशा पटेल तेरी मेहराबनिया फिल्म का  रीमेक करेंगी।  १९८५ में रिलीज़ फिल्म तेरी मेहरबानियां में जैकी श्रॉफ और पूनम ढिल्लों ने लीड करैक्टर किये थे।  इसके बावजूद फिल्म एक कुत्ते के बदला लेने की कहानी के  इर्दगिर्द घूमती थी।  निर्माता केसी बोकाडिया की विजय रेड्डी निर्देशित तेरी मेहरबानियां हिट फिल्म साबित हुई थी।  अब ३२ साल बाद के सी बोकाड़िया इस फिल्म का सीक्वल बनाने जा रहे हैं।  लेकिन यह सीक्वल हिंदी में नहीं बल्कि तेलुगु और तमिल भाषा में बनाया जायेगा।  इस फिल्म में निकेशा पटेल और श्रीकांत मुख्य किरदार करेंगे।  निकेशा पटेल उनकी घरेलु पत्नी बनी हैं, जबकि श्रीकांत एक पुलिस किरदार कर रहे हैं।  यह अनाम फिल्म एक हत्या रहस्य फिल्म है।  इस फिल्म में दो दो जर्मन शेफर्ड लिए गये हैं।  इसीलिए कहा जा रहा है कि फिल्म १९८५ की फिल्म का रीमेक होगी।  फिल्म का निर्देशन के सी बोकाडिया करेंगे। यहाँ बताते चलें कि तेरी मेहरबानियां स्वर्गीय शंकर नाग अभिनीत कन्नड़ फिल्म थालिया भाग्य का हिंदी रीमेक फिल्म थी।

Saturday 19 August 2017

लिओनार्डो बनेंगे लिओनार्डो

हॉलीवुड फिल्म एक्टर लिओनार्डो डीकैप्रिओ का नाम महान पेंटर लिओनार्डो डाविन्ची पर रखा गया था। हॉलीवुड फ़िल्म टीनएज म्युटेंट निन्जा टर्टल के एक कछुए का नाम लिओनार्डो पर ही रखा गया था। टॉम हैंक्स अभिनीत रॉन होवार्ड निर्देशित फिल्म द डा विन्ची कोड का रहस्य लिओनार्डो डा विन्ची की मशहूर पेंटिंग में से एक द लास्ट सपर के अंदर था।  इस फिल्म को भारी सफलता मिली थी।  इसके बाद दो सीक्वल फ़िल्में एंजेल्स एंड डेमॉन्स और इन्फर्नो भी बनाई गई। कोई दो साल पहले हिटमैन फिल्म के निर्माता एड्रियन अस्करी ने लिओनार्डो डाविन्ची पर फिल्म बनाये जाने का ऐलान किया था। अब हॉलीवुड अभिनेता लिओनार्डो डिकेप्रिओ रील लाइफ में इस महान पेंटर का अवतार धरने जा रहे हैं।  डीकैप्रिओ का नाम लिओनार्डो इसी पेंटर के नाम पर रखा गया था।  इसलिए अभिनेता लिओनार्डो का अति उत्साहित हो जाना स्वाभाविक है।  लिओनार्डो इस समय बतौर निर्माता द प्लेनेट, द कॉर्पोरेशन, द बलाड ऑफ़ रिचर्ड जेवेल, डेलीरियम, रॉबिनहुड और द ब्लैक हैंड जैसी फिल्मों का निर्माण कर रहे हैं। वह बतौर अभिनेता द ब्लैक हैंड और किलर्स ऑफ़ द फ्लावर मून में अभिनय कर रहे हैं।  फिर भी वॉटर इसाक्सोन की डाविन्ची पर फिल्म करने को लेकर उत्साहित हैं।  इस फिल्म के अधिकार प्राप्त करने के लिए हॉलीवुड के दो बड़े स्टूडियो पैरामाउंट और यूनिवर्सल के बीच गर्मागर्म युद्ध छिड़ा हुआ था। बहरहाल, बाज़ी पैरामाउंट के हाथ लगी है।  डीकैप्रिओ अपनी कंपनी के जरिये डा विन्ची बनने को तैयार है।  लेकिन, फिलहाल उन्हें अपने हाथ के प्रोजेक्ट पर ध्यान देना है।  पैरामाउंट को बढ़िया लेखकों का चुनाव भी करना है ताकि तमाम आधुनिक अविष्कारों को अपनी पेंटिंग में उतारने वाले पेंटर पर प्रभावशाली फिल्म बन सके।  
गाल गैडोट से हारी दीपिका पादुकोण

पिछले दिनों बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को हॉलीवुड अभिनेत्री गाल गैडोट से मात खानी पड़ी। दीपिका अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म ट्रिपल एक्स: रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज में सेरेना उंगेर की भूमिका के लिए टीन चॉइस अवार्ड्स की चॉइस एक्शन मूवी एक्ट्रेस की श्रेणी में नामित हुई थी। इस पुरस्कार के लिए मैदान में वंडर वुमन की नायिका गाल गैडोट भी नामित हुई थी।  हालाँकि, ट्रिपल एक्स से ही दो अन्य अभिनेत्रियां निना डॉब्रेव और रूबी रोज भी नामित हुई थी।  फिल्म पाइरेट्स ऑफ़ द कॅरीबीयन: डेड मेन टेल नो टेल्स की काया स्कॉडलेरिओ भी नामित थी।  लेकिन, बाज़ी हाथ लगी गाल गैडोट के।  अब यह बात दीगर है कि गाल गैडोट चॉइस समर मूवी एक्ट्रेस की श्रेणी में स्पाइडर-मैन होमकमिंग की ज़ेन्डया से परास्त हो गई।  इस श्रेणी में गाल गैडोट और ज़ेन्डया के अलावा मैंडी मूर (४७ मीटर्स डाउन), इज़ाबेला मॉनेर (ट्रांसफार्मर्स: द लास्ट नाइट), करा डेलेविजने (वेलेरियन एंड द सिटी ऑफ़ अ थाउजेंड प्लैनेट्स) और बेल्ला थोर्न (अमीटीविल्ले द अवेकनिंग) भी नामित हुई थी।  टीन चॉइस अवार्ड्स हर साल फिल्म, टेलीविज़न, फैशन, स्पोर्ट्स, संगीत, आदि की श्रेणी में दिए जाते हैं।  १९९९ से शुरू इन पुरस्कारों का प्रसारण फॉक्स टेलेविज़न नेटवर्क द्वारा किया जाता है।