Sunday 17 July 2022

कुछ बॉलीवुड की १७ जुलाई २०२२


अनीस बज्मी की नो एंट्री में एंट्री - 
भूल भुलैया २ को मिली बड़ी सफलता के बाद, फिल्म के निर्देशक अनीस बज्मी स्टार डायरेक्टर बन गए है। वह कुछ युवा सितारों के साथ, कुछ नई कहानियों पर फ़िल्में बनाने की तैयारी भी कर रहे है।  पर वह पुराने सितारों को भी नहीं भूले है। इसी का परिणाम है कि उन्होंने २००५ में प्रदर्शित अपनी कॉमेडी फिल्म नो एंट्री के सीक्वल को भी जीवित कर दिया है। सत्तरह साल बाद शुरू किये जाने वाली इस सीक्वल फिल्म का टाइटल नो एंट्री में एंट्री ही होगा। इस फिल्म में प्रेम, किशन और शेखर की धमाल तिकड़ी ही एक बार फिर धमाल मचाएगी। रुचिकर तथ्य यह है कि इन तीनों चरित्रों को ५६, ६५ और ४८ के सलमान खान, अनिल कपूर और फरदीन खान ही करेंगे। पर इनकी काजल, संजना और पूजा क्रमशः लारा दत्ता, सेलिना जेटली और एषा देओल नहीं होंगी। नो एंट्री की सेक्सी बॉबी यानि बिपाशा बासु की भी एंट्नरी हीं होंगी। लेकिन, इनके बदले दर्शकों को ९-९ युवा अभिनेत्रियों के ग्लैमर की अपील देखने को मिलेगी। क्योंकि, फिल्म में सलमान खान, अनिल कपूर और फरदीन खान तीन तीन भूमिकाओं में होंगे। इन्ही की संख्या के अनुसार फिल्म में अभिनेत्रियों को भी शामिल किया जायेगा। कौन होंगी यह हसीनाये ? इतना तो इंतजार करना ही होगा।



टॉप ५ ओपनिंग वाली हॉलीवुड फिल्म - भारतीय दर्शकों को क्रिस हेम्सवोर्थ की थॉर सीरीज की चौथी फिल्म थॉर लव एंड थंडर की उत्सुकता से प्रतीक्षा थी। उनकी यह प्रतीक्षा ७ जुलाई को फिल्म के प्रदर्शन के साथ पूरी भी हो गई। इसी का परिणाम था कि थॉर ने बॉक्स ऑफिस पर कीर्तिमान कारोबार किया। भारत में यह फिल्म हॉलीवुड की सबसे अच्छा व्यवसाय करने वाली पांचवी फिल्म बन गई है। मार्वेल सिनेमेटिक यूनिवर्स की इस फिल्म ने पहले दिन २४ करोड़ का पांचवा सबसे अच्छा ग्रॉस किया था. विशेष बात यह है कि थॉर से अधिक व्यवसाय करने वाली पहली चार फ़िल्में सुपर हीरो फ़िल्में ही है। बॉक्स ऑफिस पर सबसे अधिक पहला दिन निकालने वाली पहली चार फिल्मों में २०१९ में प्रदर्शित मार्वेल की ही एवेंजरस एन्डगेम ५३.१० करोड़, २०२१ में प्रदर्शित फिल्म स्पाइडर मैन ३२.६७ करोड़, २०१८ में रिलीज़ एवेंजरस इनफिनिटी वॉर ३१.३० करोड़ और इसी साल प्रदर्शित डॉक्टर स्ट्रेंज २७.५० करोड़ थी।




रॉकेट्री: नांबी इफेक्ट को अंतर्राष्ट्रीय मान्यता - अभिनेता से निर्देशक बने आर माधवन की पहली फिल्म रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट को भारतीय दर्शकों के प्यार के साथ साथ अंतर्राष्ट्रीय प्रशंसा और मान्यता भी मिल रही है। इसे भिन्न रेटिंग वेबसाइट पर श्रेष्ठ फिल्म के रूप में स्वीकार किया जा रहा है। इस फिल्म को आईएमडीबी पर रॉक सॉलिड 9.3 रेटिंग, रॉटेन टोमाटोज़ पर 75% और बीएमएस पर 96% के साथ आम जन की अभूतपूर्व प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। फिल्म ने जुग जुग जीयो और थॉर की रेटिंग को भी पीछे छोड़ दिया है। राकेट्री को रिलीज हुए एक सप्ताह बीत गए है, पर दर्शको के दिलोदिमाग पर फिल्म का नियंत्रण अभी भी बना हुआ है। सूत्र बताते हैं कि द कश्मीर फाइल्स की तरह सच्ची घटना पर राकेट्री की प्रसिद्धि और दर्शको पर पकड़ भी बढती जा रही है।




टाइगर के साथ एक्शन करेगी श्रीवल्ली रश्मिका - स्टूडेंट ऑफ़ इयर २ के बाद टाइगर श्रॉफ, दूसरी बार धर्मा प्रोडक्शन्स की दूसरी फिल्म करने जा रहे हैं। इस फिल्म के लिए उन्होंने तैयारियां भी शुरू कर दी है। ऐसा लगता है कि दक्षिण के सितारों को बॉलीवुड फिल्मों में लेने का सिलसिला चल निकला है।  शशांक खेतान के निर्देशन में बनाई जाने वाली इस एक्शन से भरपूर मनोरंजक फिल्म में पुष्पा द राइज की श्रीवल्ली रश्मिका मन्दाना को करण जोहर ने अपनी अनाम फिल्म में टाइगर श्रॉफ के साथ जोड़ीदार बना लिया है। वास्तव में शशांक खेतान चाहते थे कि उनकी फिल्म में टाइगर के साथ कोई नई अभिनेत्री ली जाये ताकि जोड़ी में ताजगी लगे। टाइगर श्रॉफ की डेब्यू फिल्म बागी की नायिका भी दक्षिण से कृति सेनन थी। बताते हैं कि इस फिल्म की शूटिंग भारत के अतिरिक्त दुनिया के कई देशो में की जायेगी। हो सकता है फिल्म की एक यूनिट भारत में शूटिंग करे तथा साथ साथ दूसरी यूनिट अंतर्राष्ट्रीय लोकेशन पर दृश्य फिल्माए। रश्मिका मन्दाना इस समय पुष्पा द रूल की शूटिंग कर रही है। जबकि टाइगर श्रॉफ ने अभी ही गनपत पार्ट १ से फुर्सत पाई है।




'जवान' विलेन विजय सेतुपति - हृथिक रोशन ने, विक्रम वेधा के रीमेक में जिस विलेन वेधा की भूमिका स्वीकार की, तमिल विक्रम वेधा में इस भूमिका को करने वाले अभिनेता विजय सेतुपति इस समय भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सबसे अधिक मांग वाले खलनायक बन गए हैं। हालाँकि, वह आमिर खान के साथ फिल्म लाल सिंह चड्डा को नहीं कर सके थे।  परन्तु, अब वह शाहरुख़ खान की फिल्म जवान के खलनायक बनने जा रहे हैं।  एटली निर्देशित जवान में शाहरुख़ खान के साथ विजय के अतिरिक्त दक्षिण से नयनताराप्रियमणि और योगी बाबू भी है।  विजय सेतुपति को  विजय के साथ मास्टर और कमल हासन के साथ फिल्म विक्रम के खल चरित्रों से ऎसी प्रसिद्धि मिली कि वह अब भारतीय फिल्म उद्योग के सबसे अधिक मांग वाले खलनायक बन गए हैं। बताते हैं कि विजय सेतुपति, शाहरुख़ खान की फिल्म के अतिरिक्त अल्लू अर्जुन की अखिल भारतीय फिल्म पुष्पा द रूल में फहद फासिल के साथ दूसरे खलनायक गुरुनाथ की भूमिका में होंगे।  विजय सेतुपति, निर्देशक श्रीराम राघवन की फिल्म मेरी क्रिसमस में कैटरीना कैफ और संजय कपूर के साथ होंगे। इस फिल्म को फेस्टिव थ्रिलर फिल्म बताया जा रहा है। यानि यह फिल्म क्रिसमस के  त्यौहार में हुए अपराध पर केंद्रित होगी।  यह फिल्म २३ दिसंबर २०२२ को प्रदर्शित हो रही है।




राशि खन्ना चाहे नाग चैतन्य से थैंक्यू ! - तेलुगु और तमिल फिल्म अभिनेत्री राशि खन्ना कादर्शकों से पहला परिचय जॉन अब्राहम की फिल्म मद्रास कैफे से हुआ था।  फिल्म में. राशि खन्ना ने मेजर विक्रम सिंह की पत्नी रूबी सिंह की भूमिका की थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ विशेष न कर सकी।  राशि ने दक्षिण को पलायन किया। वहां उन्हें सफलता मिली।  उन्होंने कई सफल फिल्में की।  इसी साल वह, अजय देवगन के शो रूद्र द एज ऑफ़ डार्कनेस में डॉक्टर आलिया चौकसी की ग्रे शेड वाली भूमिका कर रही थी।  उनका एक दूसरा शो फर्जी पोस्ट प्रोडक्शन में है।  इधर  राशि खन्ना का दक्षिण में कामधाम अच्छा नहीं चल रहा। उनकी दो तेलुगु फ़िल्मो को बॉक्स ऑफिस पर असफलता  का मुँह देखना पड़ा है। वर्ल्ड फेमस लवर की असफलता के बाद, अभी १ जुलाई को प्रदर्शित फिल्म  पक्का कमर्शियल को बॉक्स ऑफिस पर  बुरी मार पड़ी थी।  इसीलिए उन्हें नाग चैतन्य  के साथ २२ जुलाई को प्रदर्शित  होने जा रही रोमकॉम फिल्म थैंक्यू से काफी अपेक्षाएं हैं।  इस फिल्म के बाद, राशि की दो तमिल फ़िल्में और एक हिंदी फिल्म एक्शन थ्रिलर योद्धा ११ नवंबर २०२२ को प्रदर्शित होगी।   लेकिन, राशि खन्ना  इससे पहले ही दर्शकों से थैंक्यू  चाहेंगी। 




श्रद्धा- रणबीर जोडी की फिल्म पूरी ! - बॉलीवुड फिल्म अभिनेता रणबीर कपूर  ने,श्रद्धा कपूर के साथ लव रंजन की अनाम फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली है।  यह रणबीर और श्रद्धा कपूर की एक साथ पहली फिल्म है।  निर्देशक लव रंजन की यह फिल्म रोमकॉम यानि रोमांटिक कॉमेडी  है।  इस फिल्म की शूटिंग कोरोना के कारण  लम्बे समय से रुकी हुई थी। जनवरी २०२१ में, नॉएडा में जब फिल्म की शूटिग शुरू हुई तो कोरोना ने एक बार फिर बाधा डाली। फिल्म की शूटिंग रोक देनी पड़ी। अब कुछ भी हो, फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। रणबीर कपूर, लव  रंजन की फिल्म पूरी हो जाने के बाद, यशराज फिल्म्स की करण मल्होत्रा निर्देशित फिल्म शमशेरा के  प्रमोशन में जुट गए हैं।  यह फिल्म २२ जुलाई को प्रदर्शित होने जा रही है। फिल्म में संजय दत्त के अतिरिक्त अभिनेत्री वाणी कपूर नायिका है। फिल्म के  प्रमोशन के लिए उनका वाणी कपूर के साथ फोटोशूट आजकल  बहुत चर्चित हो रहा है।  रणबीर कपूर की इस साल, शमशेरा के अतिरिक्त दूसरी फिल्म ब्रह्मास्त्र पार्ट १ शिवा  भी प्रदर्शित होनी है। यह फिल्म ९ सितम्बर २०२२ को प्रदर्शित हो जायेगी। इस फिल्म में वास्तविक  जीवन की पत्नी आलिया भट्ट उनका रोमांस है। इसके अलावा, रणबीर कपूर एक दूसरी फिल्म एनिमल में भी अभिनय कर रहे है।  इस फिल्म की शूटिगं अभी शुरू होनी है। इस फिल्म का निर्देशन संदीप रेड्डी वंगा कर रहे हैं। संदीप ने, अपनी पहली फिल्म तेलुगु की अर्जुन रेड्डी का, बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर के साथ सुपरहिट रीमेक कबीर सिंह  बनाया था। यहाँ बताना उपयुक्त होगा कि रणबीर कपूर की  लव रंजन निर्देशित अनाम फिल्म होली के त्यौहारी उत्सव पर  ८ मार्च २०२३ को  प्रदर्शित की जाएगी। 

No comments:

Post a Comment