Sunday 27 December 2015

द फिफ्थ वेव

लगातार बड़े होते खतरना एलियन के चार तरंगी आक्रमण से पृथ्वी का काफी हिस्सा बिलकुल ख़त्म हो चुका है।  पूरी दुनिया भय और अनिष्ट की आशंका से त्रस्त हो चली है।  ऐसे भय और अविश्वास के माहौल में कसिए सुलिवान अपने छोटे भाई सैमी को किसी तरह से बचाने के लिए भाग दौड़ कर रही है।  वह एलियन की पांचवी तरंग की तयारी कर रही है  कि छोटा भाई समय अपने एक युवा साथी इवान के साथ आ जाता है , कसिए की मदद को।  इस विज्ञानं फंतासी थ्रिलर फिल्म का निर्देशन जे ब्लैक्सोन कर रहे हैं।  कसिए की भूमिका में अभिनेत्री च्लोए ग्रेस मोरेट्ज़ हैं।  सैमी का किरदार ज़ैकरी आर्थर और अलेक्स रोए ईवान का किरदार कर रहे हैं।  यह फिल्म २२ जनवरी को सोनी और कोलंबिया पिक्चर्स द्वारा रिलीज़ की जा रही है।  

जॉन फवरेअउ के शेफ चुनौती होगा सैफ के लिए

अबुंडाटिया एंटरटेनमेंट, एरोस इंटरनेशनल और अलुम्ब्रा एंटरटेनमेंट की को-प्रोडक्शन फिल्म में बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान एक शेफ यानि रसोइये का किरदार कर रहे हैं।  यह फिल्म २०१४ की हॉलीवुड की एडवेंचर कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'शेफ' का रीमेक है।  इस फिल्म में शेफ का किरदार करने वाले जॉन फवरेअउ ही फिल्म के निर्माता, लेखक और निर्देशक थे।  फवरेअउ बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं।  जथुरा अ स्पेस एडवेंचर, आयरन मैन और आयरन मैन २ के निर्देशक जॉन ही थे।  शेफ में उन्होंने एक बड़े रेस्टोरेंट के शेफ कैस्पेर का किरदार किया था।  वह अपने काम से समझौता नहीं करता है।  इसलिए उसे उस प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट की नौकरी छोड़नी पड़ती है।  तब वह अपने दोस्त और बेटे के साथ फ़ूड ट्रक खोलता है और निकल पड़ता है लोगों को अपने भोजन का स्वाद चखाने।  इस फिल्म में जॉन का सपोर्ट रोबर्ट डाउनी जूनियर, सोफ़िया वेरगारा, जॉन लेगुइज़मो, स्कारलेट जोहानसन और डस्टिन हॉफमैन जैसे बड़े सितारे कर रहे थे।  'शेफ' को सराहना भी मिली थी और बॉक्स ऑफिस पर सफलता भी।  सैफ अली खान के लिए जॉन फवरेअउ का कैस्पेर का किरदार किसी चुनौती से कम नहीं होगा।  हालाँकि, सैफ को अपना किरदार निभाने के लिए किन्ही दूसरे लेखकों और निर्देशक का साथ मिलेगा।  अब देखने वाली बात होगी कि वह अपने शेफ को जॉन फवरेअउ के शेफ के कितने नज़दीक  ले जा पाते हैं।

Saturday 26 December 2015

एक जनवरी को रिलीज़ होगी 'किलिंग वीरप्पन'

यह है रामगोपाल वर्मा की फिल्म 'किलिंग वीरप्पन' का ट्रेलर। कुख्यात चन्दन तस्कर वीरप्पन कभी तीन राज्यों कर्णाटक, तमिलनाडु और केरल की पुलिस का सिरदर्द था।  इस डाकू का इन तीनों राज्यों के छह हजार किलोमीटर वन क्षेत्र में एकछत्र राज्य था।  इसने ९०० हाथियों को मार डाला था।  इसके हाथों ९७ पुलिसवालों सहित १८४ लोग मारे गए थे।  रामगोपाल वर्मा अपनी फिल्म के ज़रिये बताते हैं कि जहाँ अमेरिका को ओसामा बिन लादेन को मारने में १० साल लग गए, वही भारतीय पुलिस को वीरप्पन को मार गिराने में बीस साल लग गए।  फिल्म में वीरप्पन का किरदार नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा के छात्र संदीप भारद्वाज कर रहे हैं। संदीप को वीरप्पन का रोल शक्लसूरत में एकरूपता के कारण मिला।   इस फिल्म की शूटिंग कन्नड़ में की जा रही है।  लेकिन, इस फिल्म को हिंदी, तमिल और तेलुगु में डब कर रिलीज़ किया जायेगा।  फिल्म १ जनवरी २०१६ को रिलीज़ होगी।  इस फिल्म के ट्रेलर की अमिताभ बच्चन ने भी प्रशंसा की है।  

दर्शकों से कुछ कहेंगी इनकी फ़िल्में !

नया साल शुरू होते ही बॉलीवुड फिल्म दर्शकों की निगाहें नए चेहरों पर लगी होंगी।  २०१५ में स्थापित अभिनेता अभिनेत्रियाँ दर्शकों को ख़ास प्रभावित नहीं कर सके हैं।  बासी कढी का उबाल अब बैठने को है।  ऐसे में नए चेहरों की पड़ताल करना ज़रूरी हो जाता है।  ऐसे कौन से चहरे होने जो बॉलीवुड में अपनी मौजूदगी दर्ज करा पाएंगे।  आइये जानते हैं इनके बारे में-
ओनिर की शब अर्पिता पाल
ओनिर की आगामी रोमांस ड्रामा फिल्म शब  ​में बांगला सुपरस्टार प्रसनजीत की पत्नी अर्पिता पाल फीमेल लीड होगी। इस फिल्म में अर्पिता के अलावा अभिनेत्री रवीना टंडन मुख्य भूमिका में हैं । ​दिलचस्प बात है  ओनिर प्रसनजीत को ​पटकथा सुनाने उनके घर कोलकाता गए थे , तब उनकी नजर प्रसनजीत की वाइफ अर्पिता पर गयी।  वह उनसे बहुत प्रभावित हुए। ​ओनिर ने जब फिल्म 'शब पर काम शुरू किया, तब उन्हें फिल्म में सोशलिस्ट के किरदार के लिए अर्पिता फिट लगीं। ओनिर ने अर्पिता को फिल्म की कहानी सुनाई, जो उन्हें बहुत पसंद आई। पर एक समस्या थी। किरदार के लिए उन्हें बाल कट करने थे और बॉय कट रखना था।  जबकि अर्पिता के बाल काफी लम्बे थे। ओनिर फिल्म को रियल रखना चाहते थे, इसलिए विग का इस्तेमाल नहीं करना चाहते थे। इसलिए, ओनिर ने अर्पिता  को इसके लिए मनाया और फिल्म शब में कास्ट किया।  ​ओनिर कहते है " जब मैंने अर्पिता देखा तो उनके सेंसुअस और  अच्छे लुक को देख प्रभावित हो गया। मुझे लगा कि वह इस रोल के लिए फिट है। मैं खुश हूँ कि वह फिल्म शब का हिस्सा है।"
अनिल कपूर का बेटा और उसकी मिर्ज़या 
राकेश ओमप्रकाश मेहरा इस साल दो नए चेहरों के साथ आने वाले हैं।  मेहरा की फिल्म 'मिर्ज़या' मिर्ज़ा ग़ालिब और साहिबान के इश्क़ पर आधुनिक रोमांस कहानी है।  फिल्म की पृष्ठभूमि राजस्थान की है।  इस फिल्म की रोमांटिक जोड़ी नया चेहरा नासिक की सैयमी खेर और अनिल कपूर का बेटा हर्षवर्द्धन की है।  सैयमी नासिक से हैं, लेकिन मुंबई से उनका गहरा रिश्ता है।  उन्होंने ग्रेजुएशन सेंट ज़ेवियर कॉलेज, मुंबई से किया है।  उनकी माँ उत्तरा मिस इंडिया और किंगफ़िशर कैलेंडर गर्ल रह चुकी हैं।  सैयमी पुराने ज़माने की अभिनेत्री उषा किरण की पोती हैं।  तन्वी आज़मी उनकी मौसी हैं।  तन्वी और शबाना आज़मी ने उनके करियर को संवारने में मदद की है। वह कई उत्पादों की मॉडल रही हैं।  फिल्म में उनके मिर्ज़ा अनिल कपूर के बेटे और सोनम कपूर के भाई हर्षवर्द्धन हैं।  हर्षवर्द्धन कपूर २३ साल के हैं। वह बॉम्बे वेल्वेट में अनुराग कश्यप के सहायक निर्देशक थे।  
कृष्णा और रूही का इश्क़ फॉरएवर 
निर्देशक समीर सिप्पी की फिल्म 'इश्क़ फॉरएवर' की चर्चा संगीतकार नदीम सैफी और एक्ट्रेस लिसा रे की हिंदी फिल्मों में वापसी के कारण हो रही है।  हालाँकि, इस फिल्म के लिए नदीम और लिसा का महत्व  है।  लेकिन, भूलना नहीं चाहिए कि इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म की कृष्णा चतुर्वेदी और रूही सिंह की रोमांटिक जोड़ी पर ही फिल्म का दारोमदार है।  रूही सिंह २०११ की मिस इंडिया प्रतियोगिता की प्रतिभागी है।  राजस्थान की रूही की पहली फिल्म मधुर भंडारकर की २०१५ में रिलीज़ 'कैलेंडर गर्ल्स' थी।  कैलेंडर गर्ल्स में रूही ने रोहतक की मयुरी चौहान का रोल दिया था। इश्क़ फॉरएवर में रूही सिंह के रोमांटिक जोड़ीदार कृष्णा चतुर्वेदी फैशन मॉडल है। वह एक फिल्म कर्नर टेबल में अभिनय भी कर चुके हैं।  
लातूर’ के गोविंदराव 
रितेश देशमुख के बाद अब एक और मराठी एक्टर गोविंदराव हिंदी फिल्मों में डेब्यू करने जा रहे हैं । गोविंदराव किसान परिवार से हैं. उनकी अभिनय में रूचि थी । इस लिहाज़ से उनका निर्देशक राजेश पटोले की हिंदी फिल्म स्लमडॉग करोडपतिका नायक चुना जाना बड़ी बात है। इस फिल्म में गोविंदराव का मुनिसिपल्टीका रोल एक्शन से भरा इंटरेस्टिंग है । गोविंदराव को एक्टिंग का पहला मौका २००८ में तेलुगु फिल्म द फोर्टकी नेगेटिव भूमिका से मिला । इसके बाद उन्होंने कुछ लघु फ़िल्में और टीवी के विज्ञापन किये । उनके दो अन्य प्रोजेक्ट पोस्ट-प्रोडक्शन की स्टेज पर हैं । स्लमडॉग करोडपति मिलने की कहानी बताते हुए गोविन्दराव कहते हैं, “जब मुझे मालूम हुआ कि निर्माता अरुण राज को एक फ्रेश चेहरे की ज़रुरत है तो मैंने ऑडिशन दिया और मैं इस सीधे सादे लडके की भूमिका के लिए चुन लिया गया, जो मुंबई के स्लम में रहता है।“ 
आनंद एल राय की फिल्म में विक्की कौशल 

निर्माता निर्देशक आनंद एल राय के होम प्रोडक्शन कलर यलो प्रोडक्सन्स के बैनर तले हाल ही में एक फिल्म का ऐलान हुआ है।  इस फिल्म के निर्देशक समीर शर्मा हैं ।  आनंद राय ने फिल्म दम लगा के हैशा की जोड़ी आयुष्मान खुराना और भूमी पेडणेकर को लीड में लिया है। सूत्रों की माने तो आनंद एल राय ने उनके इस फिल्म के लिए मसान ​फेम एक्टर विक्की कौशल को सेकंड लीड में लिया है। यह वही विक्की कौशल हैं, जिन्हें फिल्म मसान के लिए वाह-वाही मिल रही है।  उनकी "ज़ुबान" नाम की एक अन्य फिल्म भी आ रही है। 
बेचारे बीवी के मारे विक्रांत यादव 
निर्देशक सोम वत्स की फिल्म 'बेचारे बीवी के मारे' फिल्म है छः पतियों की, जो अपनी बीवियों के सताए हुए हैं। ऐसे सताए हुए छः पतियों में से एक पति विक्रांत यादव भी है। वह थिएटर आर्टिस्ट हैं।  उन्होंने पद्मिनी कोल्हापुरे के अभिनय स्कूल  ऑफ़ एक्टिंग से अभिनय का प्रशिक्षण लिया है।  बेचारे बीवी के मारे उनकी डेब्यू फिल्म है।  
लव शुदा गिरीश कुमार और नवनीत ढिल्लों
टिप्स की फिल्म 'लवशुदा' अभिनेता गिरीश कुमार की दूसरी फिल्म है। टिप्स के कुमार तौरानी के बेटे गिरीश की यह दूसरी फिल्म है।  पहली फिल्म 'रमैया वस्तावैया' में श्रुति हासन के साथ उन्होंने दर्शकों को आकर्षित क्या था।  अब दूसरी फिल्म से वह एक बार फिर बॉलीवुड में अपने पैर जमाने की कोशिश करेंगे।  लवशुदा में उनका साथ  मिस वर्ल्ड २०१३ की प्रतिभागी नवनीत ढिल्लों  दे रही हैं।  पटियाला पंजाब की नवनीत की यह पहली फिल्म है। रोमांटिक लवशुदा से इस रोमांटिक जोड़े का भविष्य जुड़ा हुआ है।


Friday 25 December 2015

क्रिसमस वीकेंड पर चार फिल्मों से घिरी स्टार वार्स

हिन्दुस्तानी बॉक्स ऑफिस पर स्टार वार्स सीरीज का एपिसोड ७ बॉलीवुड की दो फिल्मों 'दिलवाले' और 'बाजीराव मस्तानी' को कड़ी चुनौती दे रही हैं।  वही, इस फिल्म को अपने घरेलु बाज़ार में चार फिल्मों से चुनौती मिलने जा रही है।  पूरे एक हफ्ते तक बॉक्स ऑफिस के तमाम रिकॉर्ड तोड़ने के बाद स्टार वार्स ७ को थोडा ठिठकना होगा।  द फाॅर्स अवकेंस कलेक्शन के मामले में अवतार से ही थोडा पीछे है।  लेकिन, काफी कुछ निर्भर करेगा दूसरे वीकेंड पर।  चूंकि, यह कमाई वाला क्रिसमस वीकेंड है, इसलिए हॉलीवुड की चार फ़िल्में बड़ी रिलीज़ के साथ स्टार वार्स एपिसोड ७ को पीछे धकेलने के लिए आमादा है।  यह फिल्म २८०० से अधिक प्रिंट्स में रिलीज़ हो रही हैं।  सीन एंडर्स की कॉमेडी फिल्म 'डैडीज होम' सबसे ज्यादा ३,२७१ स्क्रीन पर रिलीज़ हो रही है।  इस फिल्म में विल फरेल, मार्क वह्ल्बर्ग, लिंडा कार्देलिनी और थॉमस हडेन चर्च मुख्य भूमिका में हैं।  विल फरेल और मार्क वह्ल्बर्ग, २०१० की एक्शन कॉमेडी 'द अदर गाइस' के बाद दूसरी बार साथ आ रहे हैं।  यह फिल्म कहानी है रेडियो एग्जीक्यूटिव ब्रैड की, जो अपनी बीवी से दो सौतेले बच्चों से तालमेल बैठाने की कोशिश में है।  करेले पर नीम तब चढ़ता है, जब उसकी बीवी का पहला पति चुनौती बन कर आ खड़ा होता है।  इन तीनों भूमिकाओं को विल फरेल, लिंडा कार्देलिनी और मार्क वह्ल्बर्ग ने किया है। डैडी'ज होम ९६ मिनट लम्बी है।  दूसरी फिल्म डेविड ओ रसेल निर्देशित जॉय २८९६ प्रिंट्स में रिलीज़ हो रही है।  यह फिल्म एक बिज़नेसवुमन जॉय माँगनो की कहानी है, जो अपने बल पर अपना बिज़नेस एम्पियर मिरेकल मैप खड़ा करती है।  अभिनेत्री जेनिफर लॉरेंस जॉय की भूमिका कर रहे हैं। फिल्म मे ब्रेडले कूपर, रॉबर्ट डिनिरो, वर्जिनिया माड़सेन, एडगर रामिऱेज और इसाबेला रोसेलिनी सह भूमिकाओं में हैं।  यह फिल्म १२४ मिनट लम्बी है। तीसरी फिल्म निर्देशक पीटर लंडसमैन की 'ककशन' है।  यह बायोग्राफिकल स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म २८४१ प्रिंट्स में रिलीज़ हो रही है। नेशनल फुटबॉल लीग एक फॉरेंसिक पथालॉजिस्ट बेनेट ओमालु  की उस रिपोर्ट को दबाने की कोशिश कर रहा है, जिसका निष्कर्ष है कि पेशेवर फुटबॉल खिलाडियों के दिमाग को मैदान में लगी चोटों से नुक्सान पहुंचता है।  बेनेट अपनी रिपोर्ट को अंजाम तक पहुंचाने के लिए संघर्ष करता है।  इस १२३ मिनट लम्बी फिल्म में विल स्मिथ ने फॉरेंसिक पथालॉजिस्ट का किरदार किया है।  उनके सपोर्टिंग रोल में एलेक बाल्डविन, गुगु मबाथा-रॉ और ल्यूक विल्सन हैं।  इस फिल्म के प्रोडूसर रिडले स्कॉट हैं।  निर्देशक एरिक्सन कोर की फिल्म 'पॉइंट ब्रेक' २९१० प्रिंट्स में रिलीज़ हो रही है।  ११३ मिनट लम्बी पॉइंट ब्रेक १९९१ में इसी टाइटल के साथ रिलीज पैट्रिक स्वेज़ और कीअनु रीव्स की फिल्म का रीमेक है। एफबीआई एजेंट जॉनी उटा पेशेवर अपराधियों का पता लगाने के लिए एथलीट्स के ग्रुुप में अंडरकवर बन कर जाता है।  इस फिल्म में ल्यूक ब्रेसी (जॉनी उटा),डेलरॉय लिंडो (एफबीआई इंस्ट्रक्टर), टेरेसा पामर (संसारा), एडगर रमिरेज़ (बोधि) और रे विंस्टन (एंजेलो पप्पास) के किरदार में है।




अब 'बाजीराव-मस्तानी' के पीछे 'दिलवाले'

निर्देशक संजय लीला भंसाली की रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' और निर्देशक रोहित शेट्टी की शाहरुख़ खान, काजोल, वरुण धवन और कीर्ति सेनन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'दिलवाले' एक ही दिन १८ दिसंबर को रिलीज़ हुई।  पहले दिन ही खान की फिल्म ने लम्बी छलांग लगी।  फर्स्ट डे कलेक्शन के लिहाज़ से दिलवाले और बाजीराव मस्तानी के बीच ८ करोड़ का फर्क था।  लेकिन, इसके साथ ही दिलवाले का कलेक्शन गिरना शुरू हुआ।  फिल्म की रिलीज़ के सातवे दिन ७.२० करोड़ का फर्क ४ करोड़ रह गया।  देखिये तुलनात्मक चार्ट -
  दिन                         दिलवाले                                   बाजीराव मस्तानी
शुक्रवार                     २० करोड़                                        १२.८० करोड़
शनिवार                   १८ करोड़                                       १५.५० करोड़
रविवार                    २१.५० करोड़                                  १८.४५ करोड़
 सोमवार                  ०९ करोड़                                       १०.२५ करोड़
 मंगलवार                ०७.७५ करोड़                                  ०९.५० करोड़
 बुद्धवार                   ०७.५० करोड़                                  ०९.२५ करोड़
 गुरुवार                   ०६.५० करोड़                                  १०.५० करोड़  
 कुल ७ दिन              ९०.२५ करोड़                                  ८६.२५ करोड़


रहस्यमय सौंदर्य की साधना !

यह वाक़या १९६० का है।  निर्माता शशधर मुख़र्जी की फिल्म 'लव इन शिमला' रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म से दो नए चेहरे  लांच हो रहे थे। फिल्म के हीरो जॉय मुख़र्जी, शशधर  मुख़र्जी के बेटे थे।  फिल्म की नायिका साधना एक छोटे एक्टर हरी शिवदासानी की भतीजी थीं।  फिल्म के निर्देशक आर के नय्यर की भी यह पहली फिल्म थी।  यह फिल्म कहानी थी एक मोटा चश्मा पहनने वाली अनाथ लड़की की।  उस बदसूरत लड़की को कोई प्यार नहीं करता था ।  तब उसकी दादी उसे खूबसूरत बनाती है।  इस फिल्म से अविभाजित  भारत के सिंध प्रान्त में २ सितम्बर १९४१ को एक सिंधी परिवार में पैदा अभिनेत्री का आगमन हुआ था।  अपनी पहली ही फिल्म से साधना ने बॉलीवुड में तहलका मचा दिया था।  आर के नय्यर ने उन्हें ऑड्रे हेपबर्न की तर्ज़ पर बालों को सेट किया था।  हिंदुस्तान में यह सेटिंग 'साधना कट' बाल के नाम से मशहूर हुए।  साधना रातों रात स्टार बन गयीं। लव इन शिमला श्वेत श्याम फिल्म थी।  १९६१ में रिलीज़ शम्मी कपूर और सायरा बानो की फिल्म जंगली ने हिंदी फिल्मों में रंग स्थाई कर दिए।  जंगली के निर्माता और निर्देशक शशधर मुख़र्जी के भाई सुबोध मुख़र्जी थे। लेकिन, साधना ने लव इन शिमला के बाद रिलीज़ श्वेत श्याम
फिल्मों हम दोनों, प्रेम पत्र, मनमौजी, एक मुसाफिर एक हसीना और असली नक़ली से अपने हुस्न का वह
जलवा बिखेरा कि  यह शोख हीरोइन दर्शकों के दिलों में समां गयी।  साधना की पहली रंगीन फिल्म एच एस रवैल की 'मेरे मेहबूब' ने तो साधना की शोखियों को गहरा कर दिया था। इसके बाद साधना ने राजकुमार, वक़्त, आरज़ू, मेरा साया, अनीता, सच्चाई, इन्तेक़ाम, एक फूल दो माली, आप आये  बहार आयी, आदि फिल्मों से जुबलियों की भरमार कर दी। साधना के सन्दर्भ में दिलचस्प तथ्य यह था कि  सुपर हिट फिल्म जंगली से अपने करियर की हिट शुरुआत करने वाली सायरा  बानो की अगली फिल्म शादी श्वेत श्याम थी।  शादी बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से असफल हुई।  अपनी इस असफलता से सायरा बानो कुछ इतना हड़बड़ाई कि  उन्होंने फिर कभी कोई श्वेत श्याम फिल्म न करने की कसम खा ली।   लेकिन, दूसरी ओर, जब साधना एक के बाद एक रंगीन हिट फ़िल्में दे रही थीं, उनकी एक बाद एक तीन फ़िल्में वह कौन थी, पिकनिक और दूल्हा दुल्हन श्वेत श्याम में रिलीज़ हुई।  वह कौन थी एक बड़ी सफल फिल्म थी।
साधना, जितनी सुन्दर थीं, उनका चेहरा उतना ही रहस्यमय भी था। इसीलिए, साधना वह कौन थी, अनीता, मेरा साया, आदि रहस्य फिल्मों को सफल बनाने में कामयाब हो पायीं। साधना के सफलता के दौर में आशा पारेख और सायरा बानो की फ़िल्में भी हिट हो रही थीं।  लेकिन, साधना ने जो मुक़ाम बनाया, उससे उन्हें कोई अभिनेत्री हटा नहीं पायीं।  उनकी दर्शकों पर पकड़ का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि उन्होंने १९६६ में अपनी पहली फिल्म के डायरेक्टर आर के नय्यर से शादी कर ली थी, इसके बावजूद उनकी शादी के बाद रिलीज़ अनीता, एक फूल दो माली, इन्तेक़ाम और आप आये बहार आई जैसी फ़िल्में सुपर हिट हुई।  उन्हें १९६३ से १९६७ के दौरान सबसे ज़्यादा पारिश्रमिक पाने वाली टॉप की अभिनेत्री वैजयंतीमाला के बराबर पारिश्रमिक मिला करता था। १९६१-६२ में उन्हें नंदा के बराबर दूसरा सबसे ज़्यादा पारिश्रमिक मिलता था। १९६९ से १९७३ तक वह पारिश्रमिक के  लिहाज़ से तीसरे नंबर की अभिनेत्री थीं। साधना को फैशन आइकॉन कहना ठीक होगा।  वह एक ऐसी अभिनेत्री थी, जिसने साधना कट बालों का फैशन चलाने के बाद फिल्म वक़्त में चूड़ीदार और कुरता पहन कर युवा लड़कियों में इसका क्रेज पैदा कर दिया।
साधना ने १९७४ में फिल्मों में अभिनय बंद कर दिया था। उनकी एक रुकी हुई फिल्म 'उल्फत की नयी मंज़िलें' २० साल बाद १९९४ में रिलीज़ हुई थी।   चूंकि,इस फिल्म में साधना का काम पूरा नहीं हुआ था, इसलिए एक बॉडी डबल की मदद से फिल्म पूरी करवाई गयी।  साधना की एक अन्य फिल्म गुरु दत्त के साथ पिकनिक गुरु दत्त की मृत्यु की वजह से अधूरी रह गयी। राज खोसला के निर्देशन में देव आनंद के साथ साधना की फिल्म 'साजन की गलियां' भी अधूरी रह गयी।
साधना ने अपने समय के सभी बड़े अभिनेताओं के साथ फ़िल्में की।  सभी कपूर भाइयों की नायिका बनी।  शशि कपूर के साथ प्रेम पत्र करने के बाद साधना ने शम्मी कपूर के साथ राजकुमार और राजकपूर के साथ दूल्हा दुल्हन में काम किया था। वह एक फूल दो माली और इन्तेक़ाम में संजय खान की नायिका बनी तो गीता मेरा नाम में संजय खान के भाई फ़िरोज़ खान उनके हीरो थे।
साधना ने हिंदी फिल्म 'लव इन शिमला' से पहले एक सिंधी फिल्म 'अबाना' में सेकंड लीड की थी।  इस फिल्म में वह शीला रामानी की बहन की भूमिका में थीं। शीला रामानी उस समय की बड़ी एक्ट्रेस में शुमार की जाती थीं।  इसलिए  साधना ने उनसे ऑटोग्राफ की मांग की।  तब, साधना के लिए ऑटोग्राफ साइन करते समय शीला रामानी ने कहा, "एक दिन मैं तुमसे तुम्हारा ऑटोग्राफ मांगूंगी।" इसमे कोई शक नहीं कि  शीला रामानी ने भविष्य की स्टार को पहचान लिया था।
कोई दो दशक तक हिंदी फिल्म दर्शकों के दिलों में एकछत्र राज करने वाली शोख हसीना साधना का लम्बे समय से कैंसर की बीमारी से जूझने के बाद आज (२५ दिसंबर को) निधन हो गया।  उन्हें श्रद्धांजलि।