Wednesday 21 September 2016

स्टेन ली पर एक्शन एडवेंचर फिल्म

आयरन मैन, सुपर मैन और अवेंजर्स : एज ऑफ़ उल्ट्रॉन जैसी सुपरहीरो फ़िल्में लिखने और उनमे कोई भूमिका करने वाले स्टेन ली पर फिल्म बनाये जाने की खबर है।  यह कोई बायोपिक फिल्म नहीं होगी।  ट्वेंटिएथ सेंचुरी फॉक्स ने स्टेन ली की ज़िन्दगी पर फिल्म बनाने के अधिकार खरीद लिए हैं। फॉक्स ने ही स्टेन ली के क्रिएट फैंटास्टिक फोर और एक्स-मेन जैसे किरदार परदे पर उतारे थे।  फॉक्स का इरादा स्टेन ली को सत्तर के दशक के एक्शन-एडवेंचर हीरो के बतौर पेश करना है।  यह वही समय है, जिसमे स्टेन ली ने हॉलीवुड का रुख किया था।  इस फिल्म का निर्माण मार्टी बोवेन और विक गॉडफ़्रे करेंगे।  इस टीम ने ट्वाईलाईट, द मेज़ रनर जैसी फ़िल्में बनाई हैं।  यह टीम पावर रेंजर्स की रिबूट फिल्म भी बना रही है।  स्टेन ली पर फिल्म का लहज़ा किंग्समैन : द सीक्रेट सर्विस और रॉजर मूर की जेम्स बांड फिल्मों जैसा होगा।  यानि की परदे पर स्टेन ली का रूप समर्थ, चतुर और चुलबुला होगा।  यहाँ बताते चलें कि ली ने १९३९ में मार्वेल कॉमिक्स के लिए काम करना शुरू किया था।  उस समय इस कंपनी को टाइमली कहा जाता था।  ली को अपने समय से दशकों आगे का कहा जाता था।  इसलिए, ली को ख़ास सफलता नहीं मिली।  ऐसे में, जब साठ के दशक में ली ने इंडस्ट्री छोड़ने का मन बना लिया था, उनकी पत्नी ने समझाया कि वह अपने हिसाब से कॉमिक स्टोरी लिखने के बजाय उनके वरिष्ठ जैसा लिखने के लिए कहते हैं, लिखें।  परिणामस्वरूप ली ने फैंटास्टिक फोर #१ की रचना की।  इस के साथ जैक किर्बी के साथ उनकी जोड़ी बनी। इसी जोड़ी ने बाद में मार्वेल यूनिवर्स की स्थापना की।  ली ने किर्बी और स्टीव डिटको के साथ स्पाइडर-मैन, द एक्स-मेन, हल्क और डॉक्टर स्ट्रेंज जैसे चरित्रों की रचना की।  बहरहाल, सुपर हीरो किरदारों के रचयिता स्टेन ली पर फिल्म को अभी कोई लेखक नहीं मिला है।



पैसिफिक २ में नई स्टार कास्ट

पिछले दिनों, लेखक जेम्स गन (गार्डियंस ऑफ़ द गैलेक्सी) की ग्रेग मैकलीन निर्देशित हॉरर थ्रिलर फिल्म द बेल्को एक्सपेरिमेंट टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गई थी।  फेस्टिवल में इस फिल्म को काफी सराहा और देखा गया।  इस फिल्म की प्रशंसा में  जेम्स गन ने एक ट्वीट भी किया।  इस ट्वीट पर पैसिफिक रिम २ के डायरेक्टर स्टीव एस डि'नाइट  ने ट्वीट करते हुए लिखा कि वह जेम्स गन की आगामी फिल्म  गार्डियंस ऑफ़ द गैलेक्सी वॉल्यूम २ देखना चाहेंगे और हो सकता है कि उनकी (गन की) फिल्म का कोई एक सदस्य मेरी फिल्म में हो।  इस पर गन ने डि'नाइट को चिढाते हुए ट्वीट किया 'अगर वह एक्टर (माइकल) रूकर है तो भूल जाओ पैसिफिक रिम २ को। रूकर, आम तौर पर जेम्स गन की फिल्मों के नियमित सदस्य होते हैं।  वह गार्डियंस ऑफ़ द गैलेक्सी सीरीज में योन्डु ओडोंटा का किरदार कर रहे हैं।  इससे साफ़ है कि डि'नाइट की फिल्म के एक एक्टर माइकल रूकर हो सकते हैं।  जहाँ तक ऐलानिया नाम का सवाल है स्टार वार्स : द फाॅर्स अवकेंस के जॉन बोएगा के नाम का ऐलान किया जा  चूका है।  वह फिल्म में स्टैकर पेंटकोस्ट (इदरीस एल्बा) के बेटे का किरदार करेंगे।  लेजेंडरी और यूनिवर्सल स्टूडियोज की फिल्म पैसिफिक रिम २ की रिलीज़ की तारिख २०१८ में २३ फरवरी तय की गई है।

Tuesday 20 September 2016

वकील बनेंगे फ्रेडी दारूवाला

फ्रेडी दारूवाला जिन्होंने विपुल शाह की फिल्म "​हॉलिडे - सोल्जर इस नेवर ऑफ़ ड्यूटी" धमाकेदार परफॉर्मन्स देकर सभी को अपने एक्टिंग से चौका दिया था। अब वे अपनी अगली फिल्म में एक अलग किरदार  नजर आएंगे। फ्रेडी के आगामी फिल्म का नाम  "मिया एक उम्मीद" यह है इस फिल्म वे एक वकील बनेंगे जो की नो - नॉनसेंस है।  वकील  निभाने के लिए फ्रेड्डी ने कोर्ट के कई सेशन में गए तथा वकीलो को कोर्ट रूम में मिले ताकी वे वकीली पेशा समझ सके और हावभाव सिख सके। इतना ही नहीं फ्रेड्डी ने अपने वकील दोस्त से भी मदत ली ​, वे दोस्त की मदत से कोर्ट रूम गए कुछ केस स्टडीज पड़ी और किताबे भी पड़ी।  अपने किरदार को वास्तविक और विश्वसनीय बनाने के लिए, फ्रेडी को कोर्ट रूम की शिक्षा महसूस करना  और सीखना आवश्यक था। ​फ्रेडी अपने किरदार की थोड़ी जानकारी देते हुए कहते है " मेने कई ऐसी फिल्मे देखी जिसमे कई अभिनेताओ ने अपनी बेहतरीन अदाकारी से वकील का किरादर जीवित किया है। यह एक चुनौतीपूर्ण भूमिका है जो कथा का अभिन्न अंग है। "​

Saturday 17 September 2016

डेमी गॉड को ड्वेन जॉनसन की आवाज़

डिज्नी की एनिमेटेड एडवेंचर फिल्म मोआना बड़ी तेज़ी से रिलीज़ की तैयारी पर है। इस फिल्म से ड्वेन जॉनसन को डेमी गॉड मोई के किरदार से जोड़ कर दर्शकों में थ्रिल पैदा कर दिया है। एक आकर्षक महिला मोआना समुद्र पार एक काल्पनिक द्वीप की खोज करने निकल पड़ती है। मोआना नाविकों  के मुखिया की खूबसूरत बेटी है वह नौका चालन में माहिर है। उसका पिता नहीं चाहता कि मोआना इस प्रकार की यात्रा पर निकले। मगर वह जिद्द कर के निकल पड़ती है। इस यात्रा में उसके साथ मोई है। इस फिल्म में, जहाँ मोई को आवाज़ ड्वेन जॉनसन ने दी है, वही मोआना को हवाई की नवोदित औली'ल क्रेवल्हो ने दी है। इस फिल्म से एलन तुदिक, जेमैने क्लेमेंट, निकोल शेरजिंगर, तैमुरा मोर्रिसों और रेचल हाउस जैसे नाम अपनी आवाज़ों से आ जुड़े हैं। लिटिल मरमेड और अलादीन जैसी फिल्मों की निर्देशक जोड़ी रॉन क्लेमेंट्स और जॉन मस्कर ने मोआना का निर्देशन किया है। मोआना की खासियत इसका संगीत है। फिल्म से मार्क मन्सिना, ओपेटिया फ़ॉ'ई और लिन-मनुएल मिरांडा जैसे संगीतकारों के नाम जुड़े हो तो उम्मीद कुछ ज्यादा बढ़ जाती हैं। यह फिल्म २३ नवम्बर को रिलीज़ होगी।
    

हॉलीवुड फिल्मों के केंद्र में टॉम हैंक्स

दुनिया में हॉलीवुड फिल्मों के दर्शक और टॉम हैंक्स के प्रशंसक चाहते हैं कि जिस फिल्म में टॉम हो, उसकी पूरी बागडोर उन्ही के हाथ में हो। टॉम हैंक्स की मुख्य भूमिका वाली फिल्म कैप्टेन फिलिप्स के बाद रियल लाइफ ड्रामा फिल्म सुली की अमेरिकन बॉक्स ऑफिस पर सफलता इसे साबित करती हैं। टॉम हैंक्स दूसरे विश्व युद्ध पर एक फिल्म भी लिख भी रहे हैं। वह फिल्म में अभिनय भी करेंगे और को-प्रोडूसर भी होंगे।  इस फिल्म के डायरेक्टर आरोन श्नीडर होंगे। एक कैरियर ऑफिसर को नेवी एक विनाशकारी जहाज की कमान सौंप दी जाती है। फिलहाल इस फिल्म के बारे में कुछ ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है। जहाँ तक टॉम हैंक्स की फिल्म सुली का सवाल है, यह फिल्म अभी ग्रेट ब्रिटेन में ही धमाका कर रही है। अमेरिका में इस फिल्म को दिसम्बर में रिलीज़ होना है। लेकिन, इससे पहले दर्शक टॉम हैंक्स को २८ अक्टूबर को इंफरनो फिल्म में प्रोफेसर रॉबर्ट लैंगडॉन के किरदार में देख लेंगे। 



Thursday 15 September 2016

फ़िल्मी गीतों के कवर वर्शन की गायिकाएं

हिंदी फिल्मों के गीतों की लोकप्रियता गायक या गायिका की सफलता का पैमाना होती ही है, फिल्म की सफलता में भी इन गीतों का बड़ा हाथ होता है। आजकल, टेलीविज़न पर बड़े पैमाने पर प्रसारित हो रहे म्यूजिक आधारित रियलिटी शो में प्रतिभागियों की भीड़ हिंदी फिल्मों में नाम और नामा कमाने की दृष्टि से उल्लेखनीय है। लेकिन, ऎसी भी प्रतिभाएं हैं, जिन्हें हिंदी फिल्मों में सफलता मिली हो या न मिली हो, लाखों दर्शकों द्वारा उन्हें सुना और पहचाना जाता है। इन प्रतिभाओं की पहचान बनती है यू-ट्यूब से। ऐसी कई प्रतिभाशाली गायिकाये है, जिन्हें यू-ट्यूब पर अपलोड अपने गीतों के कारण दर्शक और श्रोता दोनों ही मिले। इन आवाजों को किसी भी तरह से ओरिजिनल आवाजों से कमतर आंका नहीं जा सकता। आइये जानते हैं ऎसी ही कुछ यू-ट्यूब प्रतिभाओं के बारे में –
श्रद्धा शर्मा- देहरादून की श्रद्धा शर्मा ने सफलता का पहला स्वाद चखा फिल्म विरसा के तेनु समझावन की के एकॉस्टिक कवर वर्शन के अपने विडियो को यू-ट्यूब पर अपलोड कर। फिल्म मर्डर २ के गीत हालेदिल के चौथे कवर वर्शन विडियो ने उन्हें २६ लाख दर्शक दिला दिए। अपने यू-ट्यूब सब्सक्राइबरों की बड़ी संख्या के लिहाज़ से वह टॉप पर बताई जाती हैं। उनके कुछ लोकप्रिय कवर वर्शन गीतों में रास्ते, मुस्कुराने, हर किसी को नहीं मिलता और इकतारा उल्लेखनीय हैं। उनका पहला एल्बम रास्ते में आठ गीत हैं।  
शिरली सेतिया- भारतीय और कीवी मूल की शिरली सेतिया को यू-ट्यूब की दूसरी सबसे लोकप्रिय गायिका बताया जाता है। ,फिल्म आशिकी २ के गीत तुम ही हो के अपने पहले ही कवर वर्शन के विडियो से वह यू-ट्यूब की पसंदीदा गायिका बन गई थी। कहते हैं कि उन्होंने जितने भी कवर वर्शन विडियो अपलोड किये, सभी लोकप्रिय हुए और देखे गए। दावा तो यह भी किया जाता है कि उनके हर कवर वर्शन विडियो ने दस लाख से ज्यादा हिट पाए। उनके लोकप्रिय कवर वर्शन विडियो में तू ज़रूरी जिद, कुछ न कहो, बारिश, आदि उल्लेखनीय हैं। 
विद्या अय्यर - अन्य गायिकाओं से विद्या इस मायने में अलग हैं कि वह भारत में जन्मी अमेरिकन हैं। उन्हें मैशअप क्वीन कहा जाता है। उनके कवर वर्शन की खासियत होती है कि उनके पाश्चात्य एल्बमों में देसी धुनों का तड़का लगा होता है। न जाने क्या बात है कि उनका हर मैशअप दर्शकों की पसंद के अनुरूप बैठता है। सूत्र बताते हैं कि आजकल विद्या हिन्दुस्तानी क्लासिकल संगीत के साथ साथ पाश्चात्य वोकल भी सीख रही हैं। यू-ट्यूब पर उनका पहला विडियो बिग गर्ल्स क्राई और कभी जो बादल हैं का मैशअप था। उनके इस पहले ही प्रयास को हज़ारों हज़ार प्रशंसा मिली .
प्रियंका पराशर- संगीत का शौक रखने वाली दिल्ली की प्रियंका पराशर की खासियत है कि वह कभी हताश नहीं होती। यू-ट्यूब पर पिछले दो सालों से उनका चैनल सफलतापूर्वक चल रहा है। वह अच्छी गायिका होने के अलावा गिटार भी ख़ूब बढ़िया बजा लेती हैं। वह ऎसी गायिका संगीतकार हैं, जो मौलिक गीत भी बनाती हैं और एकॉस्टिक कवर भी। उनके कुछ मौलिक गीतों में दिल का आशियाना, क्या कोई फिर, वुड यू लव मी लवर, आदि हैं। 
लिसा मिश्रा – भारत में जन्मी और शिकागो में पली-बढ़ी लिसा की गायन शैली अनूठी मानी जाती है। वह अपनी गायिकी और लुक से दर्शकों को सम्मोहित कर लेती हैं। उनके लिए कोई ऐसा नोट नहीं, जिसे वह अच्छी तरह से गा न सकें। लिसा मिश्रा को गिटार के साथ गीत गाना पसंद है। उन्होंने भी इंग्लिश और हिंदी गीतों के कवर वर्शन बनाए हैं। लिसा मिश्रा के सबसे ज्यादा देखे गए कवर में जीना जीना, हंसी बन गई, चल वहाँ जाते हैं और एज लॉन्ग एज यू लव मी हैं। 
अवनी जोशी- दिल्ली की छोरी अवनी के बारे में कहा जाता है कि वह कई दिलों की धड़कन हैं। उन्हें ओरिजिनल गीत रचना करने में भी महारत हासिल है। उनके कई कवर वर्शन बड़े हिट साबित हुए हैं। उनके विडियो अपलोड होते ही वायरल हो जाते हैं। अपनी आवाज़ और लुक्स के कारण अवनी जोशी को बोल्ड एंड ब्यूटीफुल भी कहा जाता है। उनके सुपरहिट कवर्स में चाहूं मैं या न, बंजारा, चित्तियाँ कलईयां, सजना, आदि उल्लेखनीय हैं। 
अमिका शैल- रियलिटी शो भारत की शान- सिंगर स्टार के तीसरे सीजन की उपविजेता अमीक शैल में गायिका माँ ने गायन के प्रति रुझान पैदा किया, जिसे उन्होंने अपना पेशा बना लिया। उनकी आवाज़ सुरीली तो है ही, थोड़ी सेक्सी भी है। इसी वजह से वह जब कोई गीत पेश करती हैं तो दर्शक सांस रोक कर सुनना चाहता है। यू-ट्यूब पर अमिका शैल के एकॉस्टिक कवर्स के अलावा इंस्ट्रुमेंटल कवर और ओरिजिनल गीत भी लोकप्रिय हुए हैं। अमिका शैल अन्य तमाम यू-ट्यूब गायिकाऑ से इस मायने में अलग हैं कि उन्होंने कई विज्ञापनॉ को अपनी आवाज़ दी है। अमिका के अपनी माँ को श्रद्धांजलि स्वरुप गीत मेरी माँ ने काफी दर्शको का दिल छू लिया। 
श्वेता सुब्रम- विद्या की तरह श्वेता भी भारत में जन्मी कैनेडियन गायिका हैं। हालाँकि, वह कई बॉलीवुड फिल्मों में गीत गा चुकी हैं, लेकिन उन्हें ख़ास बनाता है आकाश गाँधी के साथ उनका चैनल। श्वेता सुब्रम को संदीप ठाकुर के पियानो आधारित कवर वर्शन गीत गा कर यू-ट्यूब पर ज़बरदस्त लोकप्रियता हासिल हुई। उनके भारत के अलावा विदेशों में भी लाखों प्रशंसक हैं। आकाश गाँधी और स्व्हेता सुब्रम का कवर वर्शन जीना जीना २० लाख दर्शक संख्या पार कर चूका है। 

वर्षा त्रिपाठी- मुम्बई की वर्षा के खाते में कई उल्लेखनीय सफलताएँ दर्ज हैं। वह कई कॉन्सर्ट का हिस्सा बन चुकी हैं और लाइव कॉन्सर्ट करती रहती हैं। वह क्लोज-अप वेब सिंगर हैं। हालाँकि, उनके कवर वर्शन ज्यादा नहीं, लेकिन जो भी हैं वह काफी अनमोल माने जाते हैं। ख़ास तौर पर उनके कवर वर्शन मैया मैया, दुआ, महबूबा महबूबा, आदि। 
यू-ट्यूब पर लोकप्रिय यह गायिकाएं अपनी ख़ास गायन शैली के कारण लोकप्रिय तो कही जा सकती है। लेकिन, यह अपने लुक से भी पसंदीदा बन जाती हैं।  इनका चेहरा आकर्षक हैं। कई गायिकाएं अपनी सेक्स अपील का प्रदर्शन करने से नहीं हिचकती।  खूबसूरत चेहरा और सुरीली आवाज़ इन गायिकाओं को यू-ट्यूब की बोल्ड एंड ब्यूटीफुल गायिका बना देती है।  

Wednesday 14 September 2016

साल के आखिरी तीन महीने और बचे खुचे दिन !

२०१६ ख़त्म होने को है।  वैसे अभी इस साल की पूरी तिमाही बाकी है और दो शुक्रवार भी। इन बचे खुचे कुछ दिनों और तीन महीनों में बॉलीवुड जलवा दिखाने के लिए बेताब है। बॉलीवुड के सुपर स्टार अपना स्टारडम साबित करने की ज़द्दोजहद में होंगे। दर्शकों को दिलचस्प नज़ारा देखने को मिलेगा।  फिल्मों का दिलचस्प मुकाबला दिखाई देगा। एक्शन का ड्रामा से मुकाबला होगा, बड़े स्थापित चेहरों के सामने युवा चेहरे ताल ठोंक रहे होंगे। ऐसी ऎसी फ़िल्में रिलीज़ होंगी, विपरीत शैलियाँ टकराएंगी कि दर्शक तक कह उठेंगे, उफ़ ! कौन सी फिल्म देखूं
सीक्वल फिल्मों का जलवा
साल के शुरू में सीक्वल फ़िल्में बनाए जाने की चर्चा थी। तमाम फ्रैंचाइज़ी सीक्वल बन रहे थे। सीक्वल फ़िल्में क्या कूल हैं हम ३ और हाउसफुल ३ साल के पहले महीनों में रिलीज़ हो गई। राज़ फ्रैंचाइज़ी की चौथी कड़ी राज़ ४ नहीं, राज़ रिबूट कही जा रही है। इस फ्रैंचाइज़ी के निर्देशक विक्रम भट्ट हैं। फिल्म के नायक इमरान हाशमी भी हैं। लेकिन, उन्हें साथ देने के लिए गौरव अरोड़ा हैं। राज़ रिबूट दक्षिण की कन्नड़ और तेलुगु फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री कृति खरबंदा का बॉलीवुड डेब्यू हो रहा है। भट्ट की राज़ श्रंखला में राज़ रिबूट भी हौंटेड हाउस फिल्म है। राज़ रिबूट के अलावा २००८ में रिलीज़ रॉक म्यूजिक पर आधारित हिट फिल्म रॉक ऑन की सीक्वल फिल्म रॉक ऑन २, २०११ की निशिकांत कामथ निर्देशित फिल्म फ़ोर्स की सीक्वल फिल्म फ़ोर्स २, २००१ की हिट म्यूजिकल रोमांस फिल्म तुम बिन की रीमेक तुम बिन २ और विद्या बालन की मिस्ट्री-थ्रिलर फिल्म कहानी की सीक्वल फिल्म कहानी २ जैसी सीक्वल फ़िल्में भी रिलीज़ होनी हैं। 
दीवाली के बाद सीक्वल रॉक ऑन
दीवाली में एक्शन और रोमांस के मुकाबले के बाद सीक्वल फिल्मों की रिलीज़ शुरू हो जायेगी। शुरुआत ११ नवम्बर को रॉक ऑन २ से होगी। १८ नवम्बर को दो सीक्वल फ़िल्में फ़ोर्स २ और तुम बिन २ रिलीज़ होंगी। इसके अगले हफ्ते कहानी २ रिलीज़ होगी। यह फ़िल्में भिन्न शैलियों में बनाई गई हैं। फ़ोर्स २ एक्शन फिल्म है। तुम बिन २ खालिस रोमांस-ड्रामा फिल्म है। सस्पेंस थ्रिलर फिल्म कहानी २ ठीक बाद के हफ्ते में २५ नवम्बर को रिलीज़ होगी। इन सभी फिल्मों की मूल फ़िल्में सफल हुई थी। इसलिए फ़ोर्स २ को फ़ोर्स के एक्शन का जवाब बनना होगा। तुम बिन २ को तुम बिन की जितनी म्यूजिकल और रोमांस फिल्म साबित होना होगा। तुम बिन ने तो २००१ में अमिताभ बच्चन की फिल्म अक्स को धूल चटा दी थी। हालाँकि, अपनी स्टार कास्ट और निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा के कारण अक्स को तुम बिन पर भारी माना जा रहा था। क्या आम तौर पर सीक्वल फिल्मों को मिलने वाली सफलता जैसी सफलता यह तीनों सीक्वल  फ़िल्में भी पा सकेंगी ?
भिन्न शैलियों के मुकाबले
इस हफ्ते यानि १६ सितम्बर को दो भिन्न शैलियों वाली फ़िल्में पिंक और राज़ रिबूट रिलीज़ होंगी। निर्देशक अनिरुद्ध रॉय चौधरी की ड्रामा फिल्म पिंक में अमिताभ बच्चन के साथ तापसी पन्नू, एंड्रिया तारिंग, कीर्ति कुल्हारी और ममता शंकर हैं। यह बलात्कार के बाद महिलाओं को होने वाली प्रताड़ना का चित्रण करती फिल्म है। अमिताभ बच्चन वकील की भूमिका में हैं। पिंक के ड्रामे को डराने आ रही है निर्देशक विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म राज़ रिबूट। इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ कृति खरबंदा और गौरव अरोरा हैं। क्या इसे फिल्मों की हॉरर और ड्रामा शैलियों का मुकाबला कहा जाये ? क्या अमिताभ बच्चन जैसे सितारे के सामने सीरियल किसर इमेज वाले इमरान हाश्मी टिक पाएंगे ? आम तौर पर हॉरर फ़िल्में खूब दर्शक बटोरती हैं। वहीँ पिंक एक ऑफबीट और क्लास दर्शकों की फिल्म है। इस लिहाज़ से राज़ रिबूट को ज्यादा दर्शक मिलने ही है। लेकिन, क्या राज़ रिबूट बॉक्स ऑफिस पर पिंक को वाशआउट करने वाली फिल्म साबित होगी ?
भिन्न शैली में तीन युवा फ़िल्में
आज कल यूथ टार्गेटेड फ़िल्में जैसे शब्द सुनने को तो मिलते हैं। लेकिन, कोई भी यूथ फिल्म बहुत चर्चित नहीं हो पाती। अब मनमर्जियां, डेज ऑफ़ तफरी और बैंजो को ही लीजिये। मनमर्जियां रोमांस फिल्म है। डेज ऑफ़ तफरी में कॉमेडी है और बैंजो एक ड्रामा फिल्म है। इनके तमाम एक्टर मसलन बैंजो के रितेश देशमुख और नर्गिस फाखरी, डेज ऑफ़ तफरी के यश सोनी, अंश बागड़ी और संचय गोस्वामी तथा मनमर्जियां के आयुष्मान खुराना और भूमि पेडणेकर युवा एक्टर हैं। क्या यह तीनों फ़िल्में युवा दिलों को धड़का पाएंगी ? इस लिहाज़ से आयुष्मान खुराना और भूमि पेडणेकर की फिल्म मनमर्जियां को सबसे ज्यादा नंबर दिए जा सकते हैं। क्योंकि, इस जोड़ी की पहली फिल्म दम लगा के हईशा को अच्छी सफलता और प्रशंसा मिली थी। 
सनी लियॉन की ऊम्फ, धोनी का बल्ला
दिलचस्प होगा ३० सितम्बर को बेईमान लव और एम् एस धोनी अन अनटोल्ड स्टोरी का बॉक्स ऑफिस पर रिलीज़ होना। डायरेक्टर राजीव चौधरी की ड्रामा फिल्म बेईमान लव में एक बार फिर सनी लियॉन के जोड़ीदार रजनीश दुग्गल हैं। इस फिल्म में सनी के हस्बैंड डेनियल वेबर का भी एक्टिंग डेब्यू हो रहा हैं। इस फिल्म में सनी लियॉन अपनी चिरपरिचित मुद्रा और स्टाइल में नज़र आएँगी। इस फिल्म के मुकाबले में एक बायोपिक फिल्म, डायरेक्टर नीरज गुप्ता की फिल्म एम् एस धोनी अन अनटोल्ड स्टोरी होगी। इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने भारतीय क्रिकेट टीम के कैप्टेन महेंद्र सिंह धोनी का किरदार किया है। किअरा अडवाणी धोनी की पत्नी साक्षी धोनी और दिशा पटनी धोनी की पूर्व प्रेमिका और मंगेतर प्रियंका झा का किरदार कर रही हैं। यह ऑन स्क्रीन मुकाबला सनी लियॉन और सुशांत सिंह राजपूत का नहीं बल्कि सुशांत के किरदार धोनी का सनी लियॉन का है। क्या सनी लियॉन की ऊम्फ से धोनी का बल्ला टकरा पायेगा ?
साल का सबसे चर्चित टकराव
हमेशा की तरह इस साल की दीवाली पर बॉक्स ऑफिस पर धमाके होंगे। इस साल २८ अक्टूबर को निर्देशक जौहर की फिल्म ऐ दिल है मुशकिल, निर्देशक अजय देवगन की फिल्म शिवाय से टकराएगी। यह कुछ कारणों से बहुकोणीय मुकाबला होगा। बतौर निर्देशक करण जौहर और अजय देवगन मुकाबिल होंगे। फिल्म ऐ दिल है मुश्किल के रणबीर कपूर और शिवाय के अजय देवगन के नायक का भी टकराव होगा। यह टकराव रोमांस और एक्शन का भी होगा। बॉलीवुड की ऐश्वर्या राय बच्चन और अनुष्का शर्मा जैसी स्थापित अभिनेत्रियो के सामने सायेशा सैगल और एरिका कार का बॉलीवुड डेब्यू हो रहा है। अजय देवगन के एक्शन का कोई जवाब नहीं। रणबीर कपूर युवा पीढ़ी के सबसे लोकप्रिय रोमांटिक अभिनेताओं में हैं। कितना धमाकेदार होगा यह मुकाबला ? पहल तो शिवाय करेगी---बाद में ! 
लगातार एक्शन और रोमांस सीक्वल
पहले ११ नवम्बर को सीक्वल फिल्म रॉक ऑन २ रिलीज़ होगी। २००८ की हिट फिल्म रॉक ऑन की इस सीक्वल फिल्म को अभिषेक कपूर डायरेक्ट नहीं कर रहे। रॉक ऑन २ के डायरेक्टर सुजात सौदागर हैं। इस फिल्म में रॉक ऑन के फरहान अख्तर, अर्जुन रामपाल, शहाणा गोस्वामी, प्राची देसाई और पूरब कोहली के अलावा श्रद्धा कपूर को भी शामिल किया गया है। इसके बाद, १८ नवम्बर को एक्शन फ़ोर्स २ और रोमांटिक तुम बिन २ आमने सामने होंगी। फ़ोर्स २ को निशिकांत कामथ नहीं, बल्कि अभिनय देव निर्देशित कर रहे हैं। फ़ोर्स २ में सोनाक्षी सिन्हा अकीरा के बाद एक बार फिर एक्शन कर रही होंगी।  वह २०११ की हिट फिल्म फ़ोर्स के इस सीक्वल में अभिनेता जॉन अब्राहम के साथ कठिन एक्शन दृश्य कर रही हैं। अनुभव सिन्हा ही अपनी २००१ की हिट फिल्म तुम बिन के सीक्वल तुम बिन २ को निर्देशित कर रहे हैं। इस फिल्म में नेहा शर्मा, आदित्य सियाल और आशिम गुलाटी १५ साल पहले का रोमांस ताज़ा करना चाहेंगे। 
नायिकाओं का टकराव
साल के आखिर में दो नायिका प्रधान फिल्मों का टकराव सुनिश्चित सा है। २५ नवम्बर को गौरी शिंदे निर्देशित फिल्म डिअर ज़िन्दगी और सुजोय घोष की कहानी २ रिलीज़ होगी। डिअर ज़िन्दगी में अलिया भट्ट और अली ज़फर की जोड़ी है। शाहरुख़ खान का कैमिया बड़ा ख़ास बताया जा रहा है। इसी दिन सुजोय घोष के निर्देशन में कहानी २ भी रिलीज़ होगी। यह फिल्म २०१२ की हिट फिल्म कहानी का सीक्वल है। कहानी की तरह कहानी २ भी विद्या बालन पर निर्भर होगी। उनका साथ अर्जुन रामपाल दे रहे हैं। अलिया भट्ट ने उड़ता पंजाब में अपने अभिनय से दर्शकों को प्रभावित किया था। क्या डिअर ज़िन्दगी की अलिया कहानी २ की विद्या बालन पर भारी पड़ेगी ?