Tuesday 1 May 2018

चार महिला मित्रों की वीरे दी वेडिंग

आजकल, करीना कपूर खान और सोनम कपूर के साथ स्वरा भास्कर और शिखा तलसानिया की टीम १ जून को रिलीज़ होने जा रही फीमेल बडी कॉमेडी फिल्म वीरे दी वेडिंग का प्रमोशन कर रही हैं। 

शशांक घोषक निर्देशित इस फिल्म में यह चारों दोस्त बनी है। तेज़ तर्रार और खुल कर महिला पुरुष अंगों के बारे में बात करने वाली और सेक्स के मामले में खुले दिमाग वाली आधुनिक भारतीय नारियां हैं।

इस फिल्म में, करीना कपूर खान ने कालिंदी, सोनम कपूर ने अवनि, स्वरा भास्कर ने साक्षी और शिखा तलसानिया ने मीरा की भूमिका की है।

इस फिल्म में इन भद्र महिलाओं ने किस स्तर के संवाद बोले होंगे, इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फिल्म की एक निर्माता एकता कपूर ने सेंसर बोर्ड से फिल्म के लिए खुद एडल्ट प्रमाण पत्र की मांग करने का फैसला किया है।

इस फिल्म से, सोनम कपूर की बहन रिया फिल्म निर्माता बन गई हैं।

उपरोक्त चारों अभिनेत्रियों के लिए वीरे दी वेडिंग ख़ास है।

शिखा तलसानिया ने वेकअप सिड, दिल तो बच्चा है जी, माय फ्रेंड पिंटू, आदि जैसी फ़िल्में की हैं।  वह आम तौर  पर शार्ट फ़िल्में करती रहती हैं।  उनकी लम्बे समय बाद कोई पूरी लम्बाई की फिल्म रिलीज़ होगी।  इस फिल्म के अलावा उनके पास कोई दूसरी फिल्म नहीं है।

प्रेम रतन धन पायो  में सलमान खान की बहन की भूमिका करने वाली अभिनेत्री स्वरा भास्कर का करियर भी कुछ यों ही सा है। पिछले साल रिलीज़ फिल्म अनारकली ऑफ़ आरा में स्वरा ने एक छोटे कसबे की कामुक ढंग से नाचने वाली अनारकली की भूमिका की थी।  इस फिल्म में, स्वरा भास्कर ने दिखाया भी बहुत था और बोला भी बहुत कुछ था। भद्दी भाषा उगलने के बावजूद स्वरा भास्कर अपनी फिल्म के लिए दर्शक नहीं उगल पाई। उनकी भी वीरे दी वेडिंग के बाद दूसरी कोई फिल्म रिलीज़ नहीं हो रही।

सोनम कपूर ने फिल्म में अवनि की भूमिका की है। २००७ में सुपर फ्लॉप सावरिया से फिल्म करियर की शुरुआत करने वाली सोनम कपूर ने हिट से ज़्यदा फ्लॉप फ़िल्में दी हैं। हालाँकि, उनके खाते में रांझणा, भाग मिल्खा भाग और नीरजा जैसी फ़िल्में दर्ज हैं। लेकिन, उनकी यह सफलता उनकी असफल फिल्मों के ढेर के नीचे दब कर रह जाती हैं। सोनम कपूर की वीरे दी वेडिंग के बाद  दूसरी फ़िल्में संजू, द ज़ोया फैक्टर और एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा भी प्रदर्शित होनी हैं।  लेकिन, ३२ साल की इस अभिनेत्री के इस साल शादी कर लेने की खबरों से साफ़ हो जाता है कि अब उनके फिल्म करियर का कोई ठौर नहीं रह गया है।

करीना कपूर खान ने अपने बेटे तैमूर के जन्म के बाद इस फिल्म की शूटिंग शुरू की थी। इस फिल्म की कहानी कालिंदी पर केंद्रित है।  कालिंदी शादी करने जा रही है।  लेकिन, उसके मन में कई शंकाये और सवाल हैं।  यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल होगी या असफल, इसका पता तो १ जून को ही चल सकेगा।  लेकिन, करीना कपूर खान को अपना करियर आगे चलाने के लिए फिल्म में खुद के अभिनय को दिखाना होगा।  बदन उघाड़ने और भड़ी संवाद बोलने का समय चला गया है।अगर, वह बढ़िया अभिनय नहीं पेश कर पाई तो उन्हें तैमूर की नैनी को बाहर करतैमूर की देख भाल का जिम्मा खुद सम्हालना होगा।  क्योंकि, वीरे दी वेडिंग के बाद, उनके पास भी कोई नई फिल्म नहीं है।


२७ साल बाद सड़क २ ? - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment