Sunday 8 August 2021

बॉलीवुड का स्वतंत्रता दिवस वीकेंड वाया डिजिटल प्लेटफार्म !



पिछले कुछ सालों से, भारत का स्वतंत्रता दिवस बॉलीवुड के लिए ख़ास बन चुका है। हालाँकि, कालांतर में भी, कई बड़ी हिंदी फ़िल्में स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर प्रदर्शित हुई थी तथा इन्हे अच्छी सफलता भी मिली थी। २०११ में अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण और सैफ अली खान  की फिल्म आरक्षण, २०१२ में सलमान खान और कैटरीना कैफ की फिल्म एक था टाइगर, २०१४ में अजय देवगन की फिल्म सिंघम रिटर्न और २०१५ में अक्षय कुमार की फिल्म ब्रदर्स स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर प्रदर्शित हुई थी। इससे भी पहले शाहिद कपूर और प्रियंका चोपड़ा की फिल्म कमीने, रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण और बिपाशा बासु की फिल्म बचना ऐ हसीनों, सलमान खान, अमिताभ बच्चन और प्रियंका चोपड़ा की फिल्म गॉड तुस्सी ग्रेट हो, शाहरुख़ खान की महिला हॉकी पर फिल्म चक दे इंडिया, शाहरुख़ खान, सैफ अली खान, प्रीटी ज़िंटा और अमिताभ बच्चन की फिल्म कभी अलविदा न कहना, आदि बजट और स्टारकास्ट के लिहाज़ से बड़ी फ़िल्में स्वतंत्रता दिवस सप्ताहांत में ही प्रदर्शित हुई थी।  इन सभी फिल्मों में ज़्यादातर को बड़ी सफलता मिली थी। कई तो उस साल की टॉप बॉक्स ऑफिस ग्रॉसर फिल्म बन  सकी।


देश भक्ति का तडका - परन्तु, पिछले पांच साल से एक ट्रेंड की शुरुआत होने लगी थी। यह ट्रेंड देश भक्ति का था।  फिल्मों में किसी न किसी प्रकार से देश भक्ति का तड़का देखा जा सकता था। इसे ख़ास तौर पर स्थापित किया अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम ने। शुरुआत हुई २०१६ में, जब हिंदी फिल्मों के बॉक्स ऑफिस पर दो फिल्मों हृथिक रोशन के साथ पूजा हेगड़े की डेब्यू फिल्म मोहनजोदड़ो और अक्षय कुमार की फिल्म रुस्तम एक ही दिन प्रदर्शित हुई। यह एक बड़ा टकराव था। क्योंकि, हृथिक रोशन और अक्षय कुमार बॉलीवुड के ए ग्रेड सितारों में शुमार है।  मोहनजोदड़ो जहाँ सिंधु सभ्यता की पृष्ठभूमि पर काल्पनिक कथा थी, वही रुस्तम एक वास्तविक घटना पर फिल्म थी। इस फिल्म की कहानी को देश की सुरक्षा से जोड़ कर देश भक्ति का पुट दे दिया गया था।  हालाँकि, १९६३ में प्रदर्शित १९६० के दशक के नानावटी कांड से बहुचर्चित हत्याकांड पर यह रास्ते हैं प्यार के एक अपराध कथानक फिल्म थी। मोहनजोदड़ो के मुक़ाबले रुस्तम को बड़ी सफलता मिली। इसके साथ स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर देश की बात करने वाली फिल्मों का सिलसिला शुरू हो गया।


सेलुलोइड से देश की बात- देश भक्ति के इस सिलसिले को अक्षय कुमार ने आगे बढ़ाया २०१७ टॉयलेट एक प्रेम कथा के साथ। इस फिल्म में महिलाओं के लिए घर में शौचालय की वकालत की थी। यह फिल्म दर्शकों द्वारा काफी पसंद की गई। देश भक्ति की फिल्मों के दो बड़े टकराव अगले दो सालों में देखने को मिले। २०१८ में अक्षय कुमार की फिल्म गोल्ड और जॉन अब्राहम की फिल्म  सत्यमेव जयते का टकराव हुआ। यह देश की बात करने वाली दो फिल्मों का टकराव था।  गोल्ड में, भारत की हॉकी टीम द्वारा स्वतंत्रता के बाद का पहला स्वर्ण जीतने का कथानक था। इस कथानक को बहुत काम लोग जानते होंगे। गोल्ड के सामने रिलीज़ जॉन अब्राहम की फिल्म सत्यमेव जयते में देश में व्याप्त भ्रष्टाचार और उसके खिलाफ एक सजग नागरिक के युद्ध का चित्रण हुआ था। यह भूमिका जॉन अब्राहम ने की थी। यह दोनों ही फिल्मे बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार कर पाने में कामयाब हुई थी। अगले साल यानि २०१९ मे एक बार फिर अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम की फिल्म का टकराव हुआ। जॉन अब्राहम की फिल्म बाटला हाउस में १९ सितम्बर २००८ को आतंकवादियों के साथ हुए दिल्ली पुलिस एक एनकाउंटर पर आधारित थी। जबकि, अक्षय कुमार की फिल्म मिशन मंगल में भारत के अंतरिक्ष यान के मंगल पर उतरने की कहानी का दिलचस्प चित्रण हुआ था। इस फिल्म की खासियत थी विद्या बालन, सोनाक्षी सिन्हा, नित्या मेनन, कीर्ति कुल्हारी और तापसी पन्नू की महिला वैज्ञानिकों वाली स्टारकास्ट। बाटला हाउस की तुलना में मिशन मंगल को बड़ी सफलता मिली।


पिछले साल से बिगड़ा ट्रेंड - कोरोना महामारी ने दो साल से इस ट्रेंड को ख़त्म कर दिया है।  देश भक्ति क्या कोई स्टंट फिल्म भी स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर रिलीज़ नहीं हो रही। इसमें कोई शक नहीं कि २०२० मे, अगस्त के महीने में कई हिंदी फिल्मे बड़े जोरशोर के साथ प्रदर्शित हुई। अगस्त २०२० में, परीक्षा, गुंजन सक्सेना द कारगिल गर्ल, खुद हाफिज, कैप्टेन व्योम, क्लास ऑफ़ ८३, मी रक्षम, सड़क २ और राम सिंह चार्ली प्रदर्शित हुई। परन्तु, इनमे से कोई भी फिल्म सिनेमाघरों में प्रदर्शित नहीं हुई थी।  क्योंकि, पिछले साल पूरे देश में सिनेमाघर बंद थे। इसलिए, यह सभी फ़िल्में भिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर प्रदर्शित हुई थी।  परीक्षा और मी रक्षम ज़ी ५ पर।  गुंजन सक्सेना द कारगिल गर्ल क्लास ऑफ़ ८३ नेटफ्लिक्स पर, खुदा हाफ़िज़ और सड़क २ डिज्नी प्लस हॉट स्टार पर तथा राम सिंह चार्ली सोनी लिव पर प्रदर्शित हुई थी।


पिछले साल की तरह- इस साल भी कुछ अलग नहीं होने जा रहा। अभी पूरे देश में सिनेमाघर या तो बंद है या पूरी क्षमता के साथ नहीं खुल रहे है।  इसलिए स्वतंत्रता दिवस पर कोई भी बड़े बजट की फिल्म सिनेमाघरों  में प्रदर्शित नहीं हो सकेगी।  पहले अक्षय कुमार की फिल्म बेल बॉटम में १२ अगस्त को प्रदर्शित होने की सूचना थी। पर अब इसे १२ अगस्त को नहीं रिलीज़ किया जा रहा है।  इसके बावजूद दो युद्ध फिल्मे स्वतंत्रता दिवस के मूड का फायदा उठाने के लिए प्रसारित की जा रही है। जब तक यह लेख छपेगा ज़ी ५ पर रेंसिल डिसिल्वा की  थ्रिलर ड्रामा फिल्म डायल १०० ज़ी ५ से प्रसारित हो रही होगी।


साप्ताहांत में ख़ुशी - स्वतंत्रता दिवस के साप्ताहांत को घर में  बैठ कर बिता रहे लोगों के लिए खुशखबर यह है कि दो डिजिटल प्लेटफार्म पर दो युद्ध फिल्मे अलग अलग प्लेटफार्म पर प्रसारित होने जा रही है।  यह दोनों ही फिल्मे पाकिस्तान के साथ लड़े गए दो युद्धों पर है।  १२ अगस्त २०२१ को अमेज़न प्राइम वीडियो से स्ट्रीम होने जा रही फिल्म शेरशाह कारगिल युद्ध के दौरान वीरता दिखाने वाले भारतीय सेना में शेरशाह के नाम से विख्यात कैप्टेन विक्रम बत्रा की जांबाज़ी की कहानी है।  इस फिल्म में शेरशाह की भूमिका सिद्धार्थ मल्होत्रा कर रहे हैं। विष्णुवर्द्धन निर्देशित फिल्म शेरशाह मे सिद्धार्थ मल्होत्रा शेरशाह के हमशक्ल भाई की दोहरी भूमिका में है। फिल्म की नायिका किआरा अडवाणी है।  डिज्नी प्लस हॉट स्टार से एक दिन बाद १३ अगस्त से प्रसारित हो रही फिल्म भुज द प्राइड ऑफ़ इंडिया का कथानक १९७१ के भारत पाक युद्ध के दौरान भुज में सेना की हवाई पट्टी की बरसते गोलों के बीच गाँव वालों के साथ मरम्मत करवाने वाले वायु सेना के स्क्वाड्रन लीडर विजय कार्णिक के जीवन पर फिल्म है। अभिषेक दुधैया निर्देशित फिल्म मे विजय कार्णिक की भूमिका में अजय देवगन है।  उनके साथ महत्वपूर्ण वास्तविक चरित्र संजय दत्त, सोनाक्षी सिन्हा, नोरा फ़तेही, शरद केलकर, आदि ने किये है। 

 





No comments:

Post a Comment