Saturday 28 November 2015

'बाजीराव' और 'मस्तानी' ही हैं 'बाजीराव मस्तानी' की कमज़ोर कड़ी !

इधर काफी समय से संजयलीला भंसाली की फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' के फर्स्ट लुक और पोस्टर रिलीज़ हो रहे हैं।  निर्देशक संजयलीला भंसाली अपनी फिल्म के टीज़र, पोस्टर और फर्स्ट लुक को काफी धूमधाम से रिलीज़ कर रहे हैं।  पिछले दिनों बाजीराव मस्तानी के तीन करैक्टर पोस्टर रिलीज़ हुए ।  इन पोस्टरों और समय समय पर जारी फिल्म की वर्किंग स्टिल्स देख कर ऐसा लगता है कि बाजीराव मस्तानी की कमज़ोर कड़ी, इसके बाजीराव और मस्तानी ही हैं। ज्यादा चुभता हुआ कहा जाये तो रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण 'बाजीराव मस्तानी' की कमज़ोर कड़ी कहे जा सकते हैं, जो इस फिल्म में यही दोनों भूमिकाये कर रहे हैं। प्रियंका चोपड़ा अपने लुक में सुंदर भी हैं और गरिमावान भी लगती हैं। उनमे एक मराठा रानी का वैभव झलकता है।  उन्होंने जैसे खुद को काशीबाई के रूप में ढाल लिया है।  लेकिन, ठीक यही बात रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के बारे में नहीं कही जा सकती।  फिल्म में रणवीर सिंह बाजीराव बने हैं।  बताते हैं इसके लिए उन्होंने काफी मेहनत की है। जिम में घंटों पसीना बहाया है। एक योद्धा की तरह फिट और तैयार रखने की कोशिश की है। इसके लिए उन्होंने सर घुटा लिया था, लम्बी मूछे तान ली थी।  इसके बावजूद वह बाजीराव वाला प्रभाव नहीं छोड़ पाते।  बाजीराव बहादुर मराठा योद्धा और राजनीतिक थे।  उनकी आन, बान और शान थी। रणवीर सिंह यह प्रभाव अपने किरदार में नहीं ला पाते। इसके लिए ज़िम्मेदार है उनकी इमेज।  रणवीर सिंह ने अभी तक एक भी फिल्म में ढंग की गंभीर भूमिका नहीं की है। उनकी ज़्यादातर फ़िल्में उनकी खिलंदड़ी, बेपरवाह और कैसानोवा इमेज बनाती थी।  दीपिका के साथ 'गोलियों की रास लीला :राम-लीला' में तो उन्होंने लम्पटई की हद तक रोमांस किया था।  उनकी ऑफ स्क्रीन इमेज भी लम्पट किस्म की है या कहें वह इसे दिखाते रहते हैं ।  वह दीपिका पादुकोण के चापलूस और तफ़रीबाज़ आशिक़ लगते हैं।  रणवीर सिंह की यह इमेज दर्शकों के दिमाग में कुछ इस तरह चस्पा है कि वह बाजीराव में भी उसी को देख पा रहे हैं।  रणवीर सिंह से ज़्यादा कमज़ोर कड़ी दीपिका पादुकोण हैं।  वह फिल्म में कोर्टेसन मस्तानी  का किरदार कर रही हैं।  खुद संजयलीला भंसाली ने इस किरदार को अकबर के ज़माने की अनारकली बनाने की कोशिश की है।  उन्होंने आईना महल तैयार कर 'बाजीराव मस्तानी' को 'मुग़ल ए आज़म जैसी भव्य फिल्म के बतौर पेश करने का प्रयास किया है।  दीपिका पादुकोण के मस्तानी  किरदार वाली फोटोज ख़ास तौर पर आगे की जा रही हैं।  लेकिन, दीपिका पादुकोण वह बात नहीं पैदा कर पा रही हैं।  इसमे आड़े आ रहा है दीपिका पादुकोण का अल्ट्रा मॉडर्न लुक और उनकी फिल्म की अपनी इमेज।  ऐतिहासिक- काल्पनिक तवायफ किरदारों के लिए अभिनेत्री को  बादशाह के दरबार में नाच सकने वाली तवायफ जितना ग्रेस और आकर्षण होना ही चाहिए कि एक राजा या राजकुमार उस पर फ़िदा हो जाये।  दीपिका में इसकी काफी कमी है ।  वह मराठा काल की मुस्लिम तवायफ जैसी नहीं लगती । हम जब किसी ऐतिहासिक- काल्पनिक तवायफ किरदार की कल्पना करते हैं तो हमारी आँखों के सामने 'मुग़ल ए आज़म' और 'अनारकली'  फिल्मों की अनारकली मधुबाला और बीना राय तथा फिल्म 'उमरावजान' की तवायफ उमरावजान रेखा की तस्वीर तैर जाती है।  यही तीन अभिनेत्रियां ख़ास तौर पर कोर्टेसन किरदारों का पैमाना समझी जाती हैं।  इनसे दीपिका पादुकोण की मस्तानी की तुलना की जाये तो दीपिका पादुकोण कहीं नहीं  ठहरती।  बाजीराव मस्तानी में दीपिका का गेटअप भी झल्लाहट पैदा करने वाला है।  उनके आगे को फैले नकली बाल, उनका भारी कॉस्ट्यूम और सामान्य सा डांस प्रभावित नहीं करता।  पहली नज़र के बाद उनके लुक को देखने का मन नहीं करता।  यहाँ ध्यान देने की बात हैं कि 'बाजीराव मस्तानी' की रिलीज़ के कोई तीन हफ्ता पहले  (२६ नवंबर को) इम्तियाज़ अली की फिल्म 'तमाशा' रिलीज़ हो रही है।  इस फिल्म में दीपिका का तारा का किरदार मॉडर्न और सेक्सी है।  तमाशा और बाजीराव मस्तानी का प्रमोशन भी साथ साथ चल रहा है।  दर्शकों को दीपिका पादुकोण भ्रमित सा कर देती हैं।  करेला पर नीम है रणवीर सिंह का दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा के साथ प्रेम त्रिकोण।  इसी साल वह फिल्म 'दिल धड़कने दो' में प्रियंका चोपड़ा के भाई की भूमिका में दिखाई पड़े थे।  'गुंडे' में वह उनके पीछे घूमने वाले घटिया रोमियो थे।  अब वह इस फिल्म में पीसी के शौहर बने हैं। हालाँकि, इस ऐतिहासिक रोमांस ड्रामा में मुख्य है बाजीराव और मस्तानी का रोमांस।  इन दोनों को किसी सीन में देख कर वही 'गोलियों की रास लीला : राम-लीला' वाला सड़क छाप रोमांस दर्शकों की आँखों में कौंध सकता है।  ऐसे में 'बाजीराव मस्तानी' का रोमांस दर्शकों को आकर्षित नहीं कर सकेगा।  जबकि, १८ दिसंबर को 'बाजीराव मस्तानी' के मुकाबले रोहित शेट्टी की शाहरुख़ खान, काजोल, वरुण धवन और कीर्ति सेनन की रोमांस कॉमेडी फिल्म 'दिलवाले' रिलीज़ हो रही है।  शाहरुख-काजोल कभी सुपर हिट जोड़ी थी।  इसलिये, रणवीर-दीपिका के ऐतिहासिक रोमांस ड्रामा पर शाहरुख़-काजोल का  समकालीन रोमांस भारी पड़ सकता है।


राजेंद्र कांडपाल 

होली पर जॉन अब्राहम और श्रुति हासन की रॉकी हैंडसम

अगले साल की होली में जॉन अब्राहम अभिनेता और निर्माता की भूमिका में होंगे।  वह सुनील खेतरपाल के साथ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म 'जॉनी हैंडसम' का निर्माण कर रहे हैं।  इस फिल्म में वह ड्रग माफिया से बदला लेने वाले हीरो रॉकी का किरदार कर रहे हैं।  ड्रग माफिया उस  बच्ची का अपहरण कर लेता है, जिससे रॉकी के ख़ास सम्बन्ध हैं।  इस फिल्म से जॉन अब्राहम दूसरी बार निशिकांत कामथ के निर्देशन में कोई फिल्म कर रहे हैं।  इससे पहले यह हीरो निर्देशक जोड़ी २०११ में रिलीज़ फिल्म 'फ़ोर्स' में एक साथ थी।  रॉकी हैंडसम २०१० में कोरियाई फिल्म 'द मैन फ्रॉम नोवेयर' का हिंदी रीमेक है।  जॉनी हैंडसम की शूटिंग पूरी हो चुकी है।  इस समय फिल्म की एडिटिंग की जा रही है।  अज़ूरे इंटरनेशनल और जॉन अब्राहम एंटरटेनमेंट की फिल्म 'रॉकी हैंडसम' को होली पर रिलीज़ किये जाने के सम्बन्ध में फिल्म की निर्माता जोड़ी ने बताया, "नायक और एक सात साल की लड़की के बीच के भावनात्मक सम्बन्ध को दिखाती इस फिल्म को रिलीज़ करने के लिए काफी विचार विमर्श के बाद होली और गुड फ्राइडे के लम्बे सप्ताहांत वाले शुक्रवार का समय चुना गया है । होली जैसे ख़ास मौके पर इस फिल्म का प्रदर्शन सही वक़्त भी है ।''  रॉकी हैंडसम २५ मार्च २०१६ को रिलीज़ होगी।  


ग्रामीण पृष्ठभूमि पर साउथ की दो फिल्मों के हिंदी रीमेक

इन दिनों, दक्षिण की दो फिल्मों के हिंदी रीमेक बनाये जाने की चर्चा गर्म है।  दिलचस्प तथ्य यह है कि यह दोनों फ़िल्में ग्रामीण परिवेश की गाँव की समस्या को दर्शाने वाली फ़िल्में हैं।  दक्षिण  की दो भाषाओँ में बनी यह फ़िल्में सुपरहिट हुई थी।  यही कारण है कि इन फिल्मों के हिंदी रीमेक में काम करने के लिए बॉलीवुड के बड़े सितारे तक बेताब थे।  इन दो फिल्मों में पहली है तमिल फिल्म 'कट्टी' और दूसरी फिल्म है तेलुगु भाषा में 'श्रीमंतुदु' । तमिल फिल्म 'कट्टी' ए आर मुरुगदॉस निर्देशित है तथा इसके नायक दक्षिण के सुपरस्टार विजय थे, जिन्हे हिंदी दर्शकों ने इसी साल 'पुलि' में देखा था।  कोरतला शिवा निर्देशित तेलुगु फिल्म 'श्रीमंतुदु' के नायक तेलुगु सुपरस्टार महेश बाबू थे।  इसी साल रिलीज़  ७० करोड़ के बजट से बनी ०७ अगस्त २०१५ को रिलीज़ फिल्म 'श्रीमंतुदु' ने  बॉक्स ऑफिस पर २०० करोड़ से अधिक का बिज़नेस किया है।  'कट्टी' पिछले साल २२ अक्टूबर को रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म के निर्माण में भी ७० करोड़ खर्च हुए थे।  इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर १२५ करोड़ का बिज़नेस किया था।  अब बॉलीवुड के दो सितारे इन अरबपति फिल्मों के हिंदी रीमेक से खुद अरबपति बनाने की फिराक में हैं।  'श्रीमंतुदु' के हिंदी रीमेक में अभिनेता ह्रितिक रोशन एक बड़े बिजनेसमैन के  बिज़नेस के इकलौते वारिस की भूमिका करेंगे, जिसे उसकी दोस्त उसके पिता के पैतृक गाँव के बारे में बताती हैं, जिसके किसानों की दशा बहुत खराब है। ह्रितिक रोशन किसानों की मदद के लिए उस गाँव आते हैं।  लेकिन, स्थानीय अपराधी, भ्रष्ट पुलिस और प्रशासन के ऑफिसर्स को यह मंज़ूर नहीं। इस फिल्म में ह्रितिक रोशन के पिता की भूमिका में उनके रियल लाइफ पिता राकेश रोशन नज़र आएंगे। ह्रितिक रोशन इन लोगों से कैसे निबटेंगे, यह 'श्रीमंतुदु' के हिन्दी रीमेक से पता चलेगा।  फिलहाल तो ह्रितिक रोशन 'मोहन जोदड़ो' के आखिरी शिड्यूल की शूटिंग में व्यस्त हैं।  'कट्टी' के रीमेक में अक्षय कुमार की दोहरी भूमिका होगी।  यह फिल्म कॉर्पोरेट घरानों द्वारा किसानों की ज़मीन हड़प लेने के कारण किसानों के आत्महत्या कर लेने पर केंद्रित है।  'श्रीमंतुदु' के हिंदी रीमेक से निर्देशक कोरतला शिवा का हिंदी फिल्म डेब्यू होगा।  लेकिन, 'कट्टी' के रीमेक को मुरुगदॉस नहीं कर रहे होंगे।  बल्कि, वह फिल्म के निर्माता होंगे और जगन का बतौर निर्देशक डेब्यू होगा।  यह दोनों फ़िल्में अगले साल ही शुरू हो पाएंगी।  क्योंकि, जहाँ  ह्रितिक रोशन 'मोहन जोदड़ो' की शूटिंग में व्यस्त हैं, वही अक्षय कुमार 'एयरलिफ्ट' के पोस्ट प्रोडक्शन और 'हॉउसफुल ३' और 'रुस्तम' की शूटिंग में बिजी रहेंगे ।

फ़ास्ट एंड फ्यूरियस की गाल गडोट बनेंगी 'वंडर वुमन'

पिछले दिनों,  हॉलीवुड अभिनेत्री गाल गडोट ने एक स्टिल फोटो के साथ ट्वीट किया- ऑलमोस्ट ७५ इयर्स इन द मेकिंग-----वंडर वुमन इज़ अंडरवे।' यह फिल्म 'वंडर वुमन' की अधिकृत तस्वीर।  फिल्म 'वंडर वुमन' में मुख्य भूमिका गाल गडोट ही कर रही हैं। हिंदी फिल्म दर्शक गाल गडोट को फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज की फिल्मों की गिसेल यशर की भूमिका से पहचानते हैं। वार्नर ब्रदर्स की इस बहुचर्चित  और बहुप्रतीक्षित एक्शन एडवेंचर फिल्म 'वंडर वुमन' की शूटिंग तेज़ रफ़्तार से की जा रही है। मॉन्स्टर और द किलिंग के डायरेक्टर पैटी जेनकिंस फिल्म का निर्देशन  कर रहे है ।  इस फिल्म में स्टार ट्रेक फिल्मों के क्रिस पाइन कैप्टेन स्टीव ट्रेवर का रोल करेंगे। द गर्ल विथ द ड्रैगन टैटू और हाउस ऑफ़ कार्ड्स (नेटफ्लिक्स) के रोबिन राइट, क्लैश ऑफ़ द टाइटनस और एक्स-मेन ओरिजिंस: वॉल्वरिन के डैनी हूस्टन, हैरी पॉटर और  थ्योरी ऑफ़ एवरीथिंग के डेविड थेवलिस, एक्सोडस: गोड्स एंड किंग्स और स्नोपिएर्सेर के एवेन ब्रेमनर, अमेरिकन हसल के सेड ताघमोई, द स्कींग आई लिव इन की एलेना अनया और शॉन ऑफ़ द डेड की  लूसी डेविस  ख़ास भूमिकाओं में नज़र आएंगी। जेनकिंस के लिए फिल्म की फोटोग्राफी मैथ्यू जेनसन करेंगे।  जेनसन क्रॉनिकल, फैंटास्टिक फोर और गेम ऑफ़ थ्रोन्स जैसी फिल्मों और टीवी सीरीज के फोटोग्राफर रहे हैं।  अब कुछ बातें वंडर वुमन की।  डीसी कॉमिक्स का यह किरदार ७५ साल पुराना है।  यह सुपरहीरो करैक्टर ग्रीक माइथोलॉजी के अमेज़ोन्स राज्य की योद्धा राजकुमारी है।  इसे प्रिंसेस डायना ऑफ़ थेमिसरा  भी कहा  जाता है।  राजकुमारी के पास कई सुपर पावर्स हैं।  उसके पास तरह तरह के युद्धक हथियार है और वह द्वंद्व युद्ध की महारथी भी है।  इस करैक्टर के पास दर्शकों को आकर्षित कर सकने वाली कई खासियतें हैं।  अब जब कि वंडर वुमन बतौर सोलो करैक्टर फिल्म वंडर वुमन में २०१७  दिखाई देगी, दर्शकों से उसका परिचय निर्देशक जैक स्नीडर की दो सुपर हीरो वाली फिल्म 'बैटमैन वर्सेज सुपरमैन: डॉन ऑफ़ जस्टिस' से अगले साल २५ मार्च को हो जायेगा।

Wednesday 25 November 2015

आयरन मैन के साथ टकराएगा कैप्टेन अमेरिका

अगले साल की गर्मियों में रिलीज़ होने जा रही मार्वल सिनेमेटिक यूनिवर्स की क्रॉसओवर सुपरहीरो  फिल्म 'कैप्टेन अमेरिका: सिविल वॉरका पहला ट्रेलर कर रिलीज़ किया गया। फिल्म की कहानी २००६ की मार्वल कॉमिक्स की कहानी पर आधारित हैजिसमे कैप्टेन अमेरिका और आयरन मैन के बीच गंभीर मतभेद पैदा होते हैं।  दरअसलदेश के राजनीतिक शासकों को लगता है कि दुनिया को दुष्ट लोगों के चंगुल से बचाने के लिए सुपर हीरोज का कितनाकिस हद तक और कैसा इस्तेमाल किया जायेका निर्णय करने का अधिकार राजनीतिक आकाओं के पास होना चाहिए।  उन्हें लगता है कि सुपरहीरोज इसका  अनियंत्रित इस्तेमाल करते हैंजिससे दोनों ही पक्षों को काफी नुक्सान उठाना पड़ता है।  'अवेंजर्स: एज ऑफ़ अल्ट्रानमें सुपरहीरोज के अभियान के दौरान हुई घटनाओं ने उन्हें ऐसा सोचने के लिए मज़बूर किया था।  इसी बात को लेकर कैप्टेन अमेरिका और आयरन मैन के बीच मतभेद थे कि सुपरहीरोज को किस हद तक नियंत्रित होना चाहिए या खुद निर्णय लेना चाहिए।  इसीलिएफिल्म 'कैप्टेन अमेरिका : सिविल वॉरकी कहानी एज ऑफ़ अल्ट्रान के ख़त्म होने वाले दृश्य से शुरु होगी।  जहाँ तक मार्वल कॉमिक्स की कहानी का सवाल है कॉमिक्स की किताब में कैप्टेन अमेरिका की गिरफ्तारी के साथ कहानी ख़त्म हो जाती है।  कॉमिक्स की कहानी के अगले हिस्से में कैप्टेन अमेरिका को मुक़दमा चलाने के लिए गिरफ्तार कर ले जाया जाता है कि  रास्ते में कैप्टेन अमेरिका की हत्या हो जाती है। फिल्म में स्टीव रोजर्स/कैप्टेन अमेरिका की भूमिका क्रिस इवांसटोनी स्टार्क/आयरन मैन की भूमिका रॉबर्ट डाउनी जूनियरब्लैक विडो की भूमिका स्कारलेट जॉनसन और ब्लैक पैंथर की भूमिका चैडविक बोसेमन कर रहे हैं।  इस फिल्म का निर्देशन रुसो बंधू जो और अन्थोनी कर रहे हैं।  'कैप्टेन अमेरिका : सिविल वॉरकी कहानी का पूरा सच  अगली गर्मियों में सामने आयेगी।   फिलहाल इसका पहला ट्रेलर देख कर कोई अंदाज़ा लगाइये। 

कोंकणा सेनशर्मा के नायक विक्रांत मैसी

टीवी दर्शकों के लिए विक्रांत मैसी का चेहरा टीवी सीरियल धरम वीर, बालिका वधु, बाबा ऐसो वर ढूँढो और कुबूल है से अच्छी तरह से पहचाना हुआ है।  जिन दर्शकों ने लुटेरा और दिल धड़कने दो जैसी फ़िल्में देखी है, उन्होंने देवदास मुख़र्जी और राणा खन्ना के किरदार में विक्रांत मैसी को आसानी से पहचान लिया था। लेकिन, इन दोनों ही फिल्मों में विक्रांत की भूमिकाएं बहुत छोटी थी। मगर, अब वह एक फिल्म में नायक की भूमिका में नज़र आएंगे।  इस फिल्म की नायिका कोंकणा सेनशर्मा होंगी । ख़ास बात यह है कि इस अनाम फिल्म का निर्देशन कोंकणा सेनशर्मा ही कर रही हैं। कोंकणा द्वारा विक्रांत मैसी को अपनी फिल्म में लेने की कहानी दिलचस्प है। प्रकाश झा प्रोडक्शन की फिल्म 'लिपस्टिक वाले सपने' में अन्य कलाकारों के साथ विक्रांत मैसी और कोंकणा सेनशर्मा भी काम कर रहे हैं।  फिल्म में इन दोनों के कई दृश्य साथ हैं। इसी फिल्म से कोंकणा सेन, विक्रांत मैसी की अभिनय प्रतिभा से प्रभावित हुई थी।  इसीलिए, जैसे ही कोंकणा ने फिल्म निर्देशन का निर्णय लिया, फिल्म के नायक के रूप में उनकी आँखों के सामने विक्रांत का चेहरा घूम गया।  कोंकणा की फिल्म में विक्रांत एक बंगाली युवक का किरदार कर रहे हैं।  ज़ाहिर है कि एक टैलेंटेड अभिनेत्री के निर्देशन में फिल्म करना विक्रांत मैसी के लिए ख़ास अनुभव साबित होगा। 

Monday 23 November 2015

'स्पेक्टर' का ३१.९ करोड़ का वीकेंड

इओन प्रोडक्शनस, मेट्रो-गोल्डविन-मायेर स्टूडियोज और सोनी पिक्चरस एंटरटेनमेंट की फिल्म ‘स्पेक्टर’ ने पूरी दुनिया की तरह हिंदुस्तान में भी अपनी सफलता के झंडे गाड़ने शुरू कर दिए हैं। बांड सीरीज की २४वी फिल्म ‘स्पेक्टर’ भारत में २० नवम्बर को रिलीज़ हुई थी। इस फिल्म को इंग्लिश और हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु भाषाओँ में भी रिलीज़ किया गया था। फिल्म को कुल १२५० स्क्रीन्स पर रिलीज़ किया गया था। इतनी बड़ी संख्या में किसी २डी फिल्म के प्रिंट रिलीज़ नहीं किये गए। इस फिल्म ने २डी के अलावा आईमैक्स फॉर्मेट में भी रिलीज़ हो कर ३१.९ करोड़ का वीकेंड कलेक्शन किया। स्पेक्टर की इस सफलता पर सोनी पिक्चरस इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक कृष्णानी कहते हैं, “पूरी दुनिया की तरह हिंदुस्तान में भी स्पेक्टर सफलता के झंडे गाड़ रही है। फिल्म के एक्शन ने दर्शकों को प्रभावित किया है। हमें उम्मीद है कि आने वाले सप्ताहों में भी बांड दर्शकों को प्रभावित करता रहेगा।"