Wednesday 17 February 2016

एक्शन 'द एक्सपेंडब्ल्स' की तर्ज पर हॉरर 'डेथ हाउस'

हॉलीवुड अभिनेता सिल्वेस्टर स्टेलोन की लिखी और निर्देशित एक्शन फिल्म 'द एक्सपेंडब्ल्स' २०१० में रिलीज़ हुई थी।  'द एक्सपेंडब्ल्स' को मिली बड़ी सफलता के बाद इस सीरीज में दो फ़िल्में २०१२ और २०१४ में रिलीज़ हुई। द एक्सपेंडब्ल्स में फिल्म के नायक सिल्वेस्टर स्टैलोन के साथ जैसन स्टेथम, जेट ली, डॉल्फ लुंडग्रेन, रैंडी कूचर, टेरी क्रुज, स्टीव ऑस्टिन और मिकी रूरके जैसी मिली जुली स्टारकास्ट थी।  द एक्सपेंडब्ल्स की सफलता के बाद सीरीज में तीन फ़िल्में ही नहीं बनाई गई, बल्कि इस फिल्म की मिली जुली स्टारकास्ट ने इसी तर्ज पर अन्य शैली की फ़िल्में बनाने की प्रेरणा भी दूसरे फिल्मकारों को दी । फ़ास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज की फिल्मों में स्टार कास्ट का जमावड़ा लगने लगा।  द एक्सपेंडब्ल्स के स्टूडियो मिलेनियम ने सभी महिला किरदारों वाली फिल्म द एक्सपेंडाबैलेस' का ऐलान किया।  इस फिल्म में मेरील स्ट्रीप, कैमरून दिआज़ और मिला जोवोविच के अलावा कुछ अन्य अभिनेत्रियों को लिया जाना है। द एक्सपेंडब्ल्स का हॉरर संस्करण बनाये जाने की भी खबर है।  इस फिल्म को हॉरर फिल्म ज़ोंबी किलर्स: एलीफैंट ग्रेवयार्ड' के निर्देशक हैरिसन स्मिथ निर्देशित कर रहे हैं।  इस फिल्म में हॉरर फिल्मों के रॉबर्ट एंग्लुण्ड, दैन्य ट्रेजो, माइकल बेरीमैन, केन हॉडर, डी वैलेस, बिल मोसली, बर्बर क्राम्पटन, डौग  ब्रेडले,केन फ़ौरी, कमिले कीटोन और डॉन शांक्स जैसे हॉरर फिल्मों के एक्टर नृशंस हत्यारों की शक्लों में नज़र आएंगे।  इस फिल्म के एक एक्टर गनर हैनसन, जिन्होंने फिल्म  की कहानी भी लिखी थी, की असामयिक मृत्य हो चुकी है। यह फिल्म कहानी है भूमिगत ईविल सरकार के एरिया ५१ स्थित द डेथ हाउस की है, जहाँ  पहुँचाने वाले इंसानों को भयानक नौ स्तरों से गुजरना होता है, जहाँ ऐसे नृशंस हत्यारे मौजूद मौजूद  हैं, जिनसे मौत भी पनाह मांगती है। फिल्म २०१७ में रिलीज़ हो सकती है।     
  

विल स्मिथ ही बनेंगे बैड बॉयज !

२००३ में हॉलीवुड एक्टर विल स्मिथ की फिल्म बैड बॉयज २ रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म में विल स्मिथ ने मियामी पुलिस डिपार्टमेंट के नारकोटिक्स डिवीज़न के डिटेक्टिव लेफ्टिनेंट माइक लौरे का किरदार किया था।  यह फिल्म १९९५ में रिलीज़ बॉयज का सीक्वल थी।  उस समय, जब विल स्मिथ से बैड बॉयज ३ के बनाये जाने के बारे में सवाल किया गया तो विल का जवाब था, "ज़रूर बनेगी।" इस  फिल्म में दूसरे बैड बॉय मार्टिन लॉरेंस थे, जिन्होंने विल के दूसरे साथी डिटेक्टिव लेफ्टिनेंट मार्कस बर्नेट का किरदार किया था।  बैड बॉयज २ के बाद कुछ ऐसा घटा कि तीसरी फिल्म शुरू होने की नौबत ही नहीं आई।  फिर मार्टिन लॉरेंस के परिवार की गलतियों के कारण कुछ ऐसा हुआ कि मार्टिन लॉरेंस विल स्मिथ से ही नहीं, हॉलीवुड फिल्मों से भी कट गए। उन्हें पैसे कमाने के लिए टीवी सीरियलों का सहारा लेना पड़ा।  एक इंटरव्यू में विल स्मिथ ने बताया कि 'मैंने मार्टिन को पिछले दो सालों से देखा तक नहीं था।  लेकिन, कुछ हफ्ते पहले वह मुझे मिला।  हम दोनों ने एक दूसरे को गले लगाया।  उस समय हम जानते थे कि हम बैड बॉयज ३ करने जा रहे हैं।'  बैड बॉयज २ ने १८६७ करोड़ रुपये की कमाई की थी, जो बैड बॉयज की कमाई का दोगुना थी।  बैड बॉयज सीरीज की पहली दो फिल्मों के निर्देशक माइकल बे थे।  लेकिन, माइकल  बे की ट्रांसफार्मर्स सीरीज की पांचवी फिल्म में व्यस्तता को देखते हुए, ऐसा नहीं लगता कि वह बैड बॉयज ३ का निर्देशन कर पाएंगे।  एक पत्रिका की रिपोर्ट पर भरोसा करें तो द ग्रे और द ए- टीम के निर्देशक जो कार्नहान बैड बॉयज ३ का निर्देशन करने जा रहे हैं।  बैड बॉयज ३ की रिलीज़ की तारिख २०१७ में फरवरी में किसी तारीख में हो सकती है।

Tuesday 16 February 2016

बॉलीवुड रोमांस पर भारी हॉलीवुड की एक्शन कॉमेडी

इस साल, वैलेंटाइन डे वीकेंड में बॉलीवुड के रोमांस ड्रामा को हॉलीवुड की एक्शन कॉमेडी फिल्म ने पछाड़ दिया। इस शुक्रवार वैलेंटाइन डे वीकेंड का फायदा उठाने के लिए कैटरीना कैफ और आदित्य रॉय कपूर की रोमांस ड्रामा फिल्म 'फितूर' रिलीज़ हुई थी। निर्देशक अभिषेक कपूर की फिल्म में तब्बू की केंद्रीय भूमिका है।  इसकी स्टार कास्ट को देखते हुए, फिल्म के वैलेंटाइन डे वीकेंड में बढ़िया बिज़नेस करने की उम्मीद थी।  लेकिन, दर्शकों को यह फिल्म भारी लगी।  फिल्म ज़रुरत से ज़्यादा क्लास फिल्म बन गई।  नतीजे के तौर पर इस फिल्म ने ३.६१, ४.५४ और ५.९६ करोड़ का बिज़नेस करते हुए १४.११ करोड़ का वैलेंटाइन डे वीक निकाला।  इसके ठीक विपरीत हॉलीवुड की फिल्म डेडपूल ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।  इस फिल्म की ओपनिंग ही ४.१० करोड़ की हुई।  शनिवार और रविवार को फिल्म ने क्रमशः ४.९० और ५.२५ करोड़ का बिज़नेस करते हुए १४.२५ करोड़ का वीकेंड बिज़नेस करते हुए १४ लाख से फितूर को पछाड़ दिया।  लेकिन, यह नाम का अधिक बिज़नेस उस समय बढ़िया महसूस होता है, जब हम पाते हैं कि बॉलीवुड की फिल्म फितूर १२२५ सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी। जबकि, डेडपूल को केवल ८०० स्क्रीन मिले थे।

फैशन भी आराम का मामला है

ग्लैडरेग्स की मेगा मॉडल रूपाली सूरी का मानना है कि फैशन भी आराम का मामला है।  फैशन उद्योग में अपनी  पहचान बना चुकी और देश की श्रेष्ठ डिज़ाइनरस के लिए रैंप पर चल चुकी रूपाली सूरी के पसंदीदा फैशन डिज़ाइनर राहुल मिश्रा और वैशाली एस हैं।  रूपाली कहती हैं, "वैशाली की डिज़ाइन पोशाकें स्त्रियोचित हैं।  कुछ अन्य डिज़ाइनर की फैशन की समझ भी मुझे पसंद हैं।" रूपाली को ड्रेसिंग सेंस और रंगों के सामंजस्य वाली ड्रेस पहने देखा जाता है।  लेकिन, वह कहती हैं, "मुझे फ्लो के साथ जाना पसंद है।  मेरी पर्सनल स्टाइल कम्फर्ट और कलर का  मिश्रण है।  यानि ड्रेस आरामदेह हो और रंगों का सही चुनाव हुआ हो।" रूपाली सूरी को दर्शक निर्देशक अरुण फ्रैंक की पूरी लम्बाई की इंग्लिश फिल्म 'डैड....होल्ड माय हैंड' में देख सकेंगे।  इस फिल्म की पूरी शूटिंग मुंबई और लंदन में हुई है।  विभिन्न फिल्म फेस्टिवल्स में दिखाए जाने के बाद 'डैड....होल्ड माय हैंड' भारत और पश्चिम के देशों में रिलीज़ की जाएगी।  .

रितेश देशमुख का 'बैंजो' लुक

पिछले दिनों, ईरोस इंटरनेशनल ने रितेश देशमुख और नर्गिस फाखरी की जोड़ी को लेकर म्यूजिकल ड्रामा फिल्म 'बैंजो' का ऐलान किया था।  इस फिल्म में रितेश के साथ नर्गिस की जोड़ी पहली बार बन रही है।  आज इस फिल्म में रितेश  देशमुख का बैंजो लुक जारी किया गया।  इस चित्र में रितेश के सर पर लम्बे बाल नज़र आ रहे हैं।  रितेश के यह लुक फिल्म में उनके म्यूजिशियन के किरदार के अनुरूप है।  यह एक मराठी करैक्टर है।  यह संगीतकार अपने सपनों को पूरा करने के लिए सात समंदर  पार तक का सफर पूरा करता है।  बैंजो का यह सफर पूरा करने में एक अमेरिकन डीजे मदद करता है।  दोनों मिल कर एक बैंड बनाते हैं।  इसके साथ ही इन दोनों का करियर छलांगे लगाने लगता है।  निर्माता कृषका लुल्ला की फिल्म का निर्देशन रवि जाधव ने किया है। 
   

Sunday 14 February 2016

अहमदाबाद में हुआ शाहरुख़ खान की कार पर पथराव, लगे नारे

'दिलवाले' के सुपर फ्लॉप हो जाने के बावजूद घुटन महसूस करने के शाहरुख़ खान के बयान पर लोगों का गुस्सा अभी ख़त्म नहीं हुआ है। वह जहाँ भी जाते हैं विरोध का शिकार होते हैं।  उन्हें लोगों का ताज़ातरीन गुस्सा भुज में फिल्म रईस की शूटिंग के दौरान झेलना पड़ा।  रईस  गुजरात के शराब तस्कर के डॉन बनने की कहानी है।  शाहरुख़ खान इस करैक्टर को कर रहे हैं।  लेकिन, भुज में शूटिंग में रुकावट पैदा होने का सिलसिला यहीं नहीं रुका।  कल रात अहमदाबाद में जिस होटल में शाहरुख़ खान रुके हुए थे, कुछ युवकों के झुण्ड ने उनके मुर्दाबाद के नारे लगाये और उनकी कार पर पथराव किया।  इस समय शाहरुख़ खान अहमदाबाद में सरखेज रोज़ा गुम्बद और मस्जिद में शूटिंग कर रहे हैं।  इसलिए, भुज की घटना को देखते हुए उनकी सुरक्षा में गुजरात पुलिस के ४०० जवान लगाए गए हैं।   लेकिन, इसके बावजूद खान की फिल्म की शूटिंग नहीं हो सकी, क्योंकि  इस शूट के लिए  यूनिट के लोग पुरातत्व विभाग से अनुमति लेना भूल गए।  यह इमारत एक ऐतिहासिक स्मारक है।  रईस की शूटिंग में पाकिस्तानी अभिनेत्री माहिरा खान के हिस्सा लेने की भी खबर है।   

ऑस्कर पुरस्कारों में भारतीय फिल्म हस्तियां !

प्रियंका चोपड़ा इस  साल २८ फरवरी को हो रहे ऑस्कर पुरस्कारों में प्रेजेंटर की हैसियत से हिस्सा लेंगी।  वह हॉलीवुड की उन कुछ बड़ी हस्तियों के साथ ऑस्कर के मंच पर दिखाई देंगी, जिन्हे हम उनकी फिल्मों से जानते पहचानते हैं।  प्रियंका चोपड़ा के लिए ऑस्कर से जुड़ने का यह दूसरा मौका होगा।  पिछले साल, ऑस्कर २०१५ की प्री-अवार्ड पार्टी में प्रियंका ने हिस्सा लिया था।  इस पार्टी को भारतीय रक्त वाली हॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो ने  वैनिटी फेयर के साथ आयोजित किया था।
प्रियंका चोपड़ा से पहले भी
लेकिन, ऑस्कर समारोहों में हिस्सा लेने वाली प्रियंका चोपड़ा पहली भारतीय फिल्म उद्योग से जुड़ी हस्ती नहीं हैं।  हिंदुस्तान १९५७ से ऑस्कर अवार्ड्स की विदेशी फिल्मों की श्रेणी में अपनी फ़िल्में भेज रहा है।  लेकिन, अब तक तीन बार भारतीय फ़िल्में शामिल की गई थी।  १९५७ में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म की श्रेणी में महबूब खान की फिल्म मदर इंडिया भेजी गई।  यह फिल्म अंतिम पांच फिल्मों में चुनी भी गई।   लेकिन, एक वोट से मदर इंडिया ने ऑस्कर अवार्ड्स फेडरिको फेलिनी की इतालवी फिल्म नाइट्स ऑफ़ कैबिरिआ के पक्ष में खो दिया। फिर ३१ साल बाद मीरा नायर की फिल्म सलाम बॉम्बे (१९८८) को ऑस्कर पुरस्कारों की होड़ में नामित होने का मौका मिला। सलाम बॉम्बे डेनिश फिल्म पेले द कॉन्करर से पिछड़ गई। इसके १३ साल बाद  आशुतोष गोवारिकर की फिल्म लगान ऑस्कर पुरस्कारों में नामित हुई। यह फिल्म बोस्नियाई फिल्म नो मेंस लैंड से परास्त हो गई।  इस प्रकार से तीनों भारतीय फ़िल्में ऑस्कर जीत पाने में नाकाम रही। इस साल मराठी फिल्म कोर्ट ऑस्कर में विदेशी फिल्म की श्रेणी के लिए भेजी गई थी। लेकिन, वह नामित तक नहीं हो सकी। ऑस्कर पुरस्कारों के लिए होने वाले समारोह में नामित फिल्मों से जुड़ी हस्तियां हिस्सा ले सकती हैं।  इसलिए, लगान के नामित होने पर निर्देशक आशुतोष  गोवारिकर, आमिर खान अपनी उस समय की बीवी रीना खान के साथ शामिल हुए।
नामित होने के कारण ऑस्कर में
७१ वे ऑस्कर अवार्ड्स में शेखर कपूर की इंग्लिश फिल्म एलिज़ाबेथ नामित हुई थी।  फिल्म के नॉमिनेशन के कारण ऑस्कर पुरस्कारों के फंक्शन में शेखर कपूर की मौजूदगी दर्ज़ हुई। दीपा मेहता की फिल्म वॉटर के ऑस्कर में नॉमिनेट होने के कारण जॉन अब्राहम, लिसा रे और सीमा बिस्वास को दीपा मेहता के साथ ७९ वे ऑस्कर अवार्ड्स समारोह में शामिल होने का मौका मिला।  यह हिंदी फिल्म कनाडा की प्रविष्टि के रूप में भेजी गई थी। लाइफ ऑफ़ पाई के हीरो और भारतीय अभिनेता  सूरज शर्मा २०१३ में हुए ८५ वे ऑस्कर अवार्ड्स समारोह में शामिल हुए थे।  इसी फिल्म के लिए बॉम्बे जयश्री भी बेस्ट सांग की श्रेणी में नामित हुई। २०१३ में स्टीवन स्पीलबर्ग की फिल्म लिंकन १२  श्रेणियों में नामित हुई थी।  लिंकन का निर्माण स्टीवन स्पीलबर्ग की कंपनी ड्रीम वर्क्स के साथ रिलायंस ने किया था।  इसीलिए इस फिल्म के निर्माता के तौर पर अनिल अम्बानी और उनकी पत्नी और भूतपूर्व बॉलीवुड अभिनेत्री इस समारोह में मौजूद थी।  डेविड ओ रसेल की फिल्म सिल्वर लइनिंग्स प्लेबुक ऑस्कर में नामित हुई थी।  फिल्म में केंद्रीय भूमिका करने वाले भारतीय अभिनेता अनुपम खेर को नॉमिनेशन नहीं मिला था।  लेकिन, अपनी फिल्म के कारण उन्हें भी इस फंक्शन में शामिल होने का मौका मिला।
जब ऑस्कर में छाया इंडिया
ऑस्कर पुरस्कारों का ८१ वां एडिशन  भारत के लिए ख़ास था।  जैसे पूरा बॉलीवुड ऑस्कर समारोह में मौजूद था। भारतीय संगीतकार ए आर रहमान ने  २००९ में डैनी बॉयल की इंग्लिश फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर के लिए दो श्रेणियों (बेस्ट ओरिजिनल स्कोर और गुलज़ार के साथ बेस्ट ओरिजिनल सांग जय हो) में ऑस्कर पुरस्कार जीता था। इसी फिल्म के लिए रसूल पुकुट्टी ने साउंड मिक्सिंग की श्रेणी में पुरस्कार जीता था। इसी साल स्माइल पिंकी ने शार्ट डॉक्यूमेंट्री का पुरस्कार जीता।  इसीलिए, जब जब ऑस्कर अवार्ड्स  में स्लमडॉग मिलियनेयर का नाम पुकारा जाता, स्टेज पर भारतीय डिज़ाइनर्स की डिज़ाइन लहराने इतराने लगती।  समारोह में बराबर ए आर रहमान का संवारा जय हो गीत बजने लगता।  इस धुन पर हॉल में मौजूद तमाम हस्तियां भी मुग्ध हो जाती।
ऑस्कर पुरस्कारों में नामित और पुरस्कृत भारतीय
१९८३ में रिचर्ड एटनबरो की फिल्म गांधी एकेडेमी अवार्ड्स की आठ  श्रेणियों में नामित हुई थी।  इस फिल्म की कॉस्ट्यूम डिज़ाइनर भानु अथैया थी।  उन्होंने जॉन मोलो के साथ बेस्ट कॉस्ट्यूम डिज़ाइन का पुरस्कार  जीता था। सितार वादक रवि शंकर का ऑस्कर अवार्ड्स में बेस्ट ओरिजिनल स्कोर की श्रेणी में नामित किया गया था। सत्यजित रे को १९९२ में मानद ऑस्कर से सम्मानित किया गया। अश्विन कुमार की लघु फिल्म लिटिल टेररिस्ट को २००५ में ऑस्कर नॉमिनेशन मिला था।  वह ऑस्कर्स  में नामित होने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय थे।
भारतीय और भारत के विषय पर फ़िल्में
१९८४ में ई एम फोर्स्टर की पुस्तक का  स्क्रीन रूपांतरण निर्देशक डेविड लीन की फिल्म अ पैसेज टू इंडिया ११ ऑस्कर श्रेणियों में नामित हुई थी।  फिल्म ने बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस और बेस्ट ओरिजिनल स्कोर के अवार्ड जीते।  इस फिल्म में विक्टर बनर्जी, सईद जाफरी और रोशन सेठ जैसे भारतीय अभिनेताओं ने भी काम किया था। भारतीय  मूल के फिल्मकार इस्माइल मर्चेंट एक बार नहीं चार बार ऑस्कर के लिए नामित हुए।  मर्चेंट आइवरी की लघु फिल्म द क्रिएशन ऑफ़ वुमन १९६१ में ऑस्कर पुरस्कारों में नामित हुई।  उनकी तीन फ़िल्में अ रूम विथ अ  व्यू, होवार्डस एंड और द रिमेंस ऑफ़ द डे भी ऑस्कर पुरस्कारों में बेस्ट पिक्चर की श्रेणी में नामित हुई।
ऑस्कर पुरस्कार समारोह में किसी बॉलीवुड सेलेब्रिटी के शामिल होने पर दूसरे सेलिब्रिटीज को डाह करने की ज़रुरत नहीं। हॉलीवुड में अपने कांटेक्ट बढाइये और पाइए ऑस्कर अवार्ड्स में शामिल होने का सुनहरा मौका।  इसीलिए, भारतीय फिल्म अभिनेत्रियां किसी हॉलीवुड हस्ती के इनविटेशन पर भी ऑस्कर अवार्ड्स फंक्शन में शामिल  नज़र आती हैं।  ८३ वे अकैडमी अवार्ड्स में मल्लिका शेरावत ऑस्कर मूर्ति के पास खडी हो कर फोटो खिंचवाती नज़र आई।  इसी साल ऐश्वर्या राय की ऑस्कर मौजूदगी भी दर्ज़ हुई।
इसमे कोई शक नहीं कि ऑस्कर अवार्ड्स में भारतीय फिल्म  उद्योग, ख़ास कर बॉलीवुड सेलिब्रिटी नज़र आते हैं।   लेकिन, प्रियंका चोपड़ा का कारनामा इस लिए ख़ास है कि वह डॉल्बी थिएटर हॉलीवुड में कोई ऑस्कर अवार्ड अन्य बॉलीवुड हस्तियों के साथ प्रेजेंट कर रही होंगी।  प्रियंका चोपड़ा इस साल स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवार्ड्स प्रेजेंट कर चुकी हैं तथा उन्हें पीपलस चॉइस अवार्ड भी दिया गया।


अल्पना कांडपाल