Thursday 31 March 2016

पिछले दिनों सनी लियॉन फिल्म 'वन नाईट स्टैंड' की पब्लिसिटी के लिए सूरत में थी।  खबर गर्म है कि सनी लियॉन एक पत्रकार द्वारा उनके निजी जीवन के बारे में पूछे जा रहे सवालों से इतनी नाराज़ हो गई कि उन्होंने उस पत्रकार के गाल पर झन्नाटेदार थप्पड़ जमा दिया।  हालाँकि, सनी के प्रवक्ता ने इसका खंडन किया।  जिस प्रकार से सनी लियॉन ने एक टीवी चैनल के रिपोर्टर के बेहूदा सवालों का भी संजीदा जवाब दिया, उससे ऐसा नहीं लगता कि सनी लियॉन ऐसा करेंगी।  लेकिन, अगर यह खबर गर्म है तो बॉलीवुड हस्तियों के पत्रकारों को फटकारने की बात अतीत तक जाएगी ही।
कई ऐसे मौके आये हैं जब बॉलीवुड फिल्म स्टार पत्रकारों के सवालों से नाराज़ हो कर उन पर हमलावर हो गए। फिल्म निर्माता निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा की पत्नी भी पत्रकार हैं।  लेकिन विधु खुद बताते हैं कि वह कई पत्रकारों को थपडिया चुके हैं।  शांता आप्टे से लेकर सनी लियॉन तक सितारों की यही कहानी है कि वह पत्रकारों की आलोचना को सहन नहीं कर सके।  आइये जानते हैं ऐसे कुछ घटनाक्रमों को -
जब शांता आप्टे ने बाबूराव पटेल को पीटा
यह वाक़या तीस के दशक के उत्तरार्द्ध का है।  इंग्लिश फिल्म मैगज़ीन 'फिल्मइंडिया' के संपादक बाबूराव पटेल बड़े दबंग पत्रकार माने जाते थे।  उनकी लेखनी कटु आलोचक थी।  वह किसी फिल्म या एक्टर की धज्जियाँ उड़ा देते थे।  इंडस्ट्री में उनका खौफ था।  वह शांता आप्टे के ख़ास आलोचक थे।  एक बार उन्होंने अपनी मैगज़ीन में शांता आप्टे की एक फिल्म में अभिनय की बुरी आलोचना कर दी। इससे शांता आप्टे बेहद नाराज़ हो गई।  वह एक छड़ी लेकर फिल्मइंडिया के ऑफिस में पहुंची और उस छड़ी से उन्हें पीट दिया।  मौजूद लोग यह नज़ारा  देख कर कुछ करते कि शांता आप्टे तूफ़ान की तरह बाहर निकल गई।  यहाँ दिलचस्प बात यह है कि बाबूराव ने इस घटना को अपनी पत्रिका के अगले अंक में प्रकाशित भी किया।
जब शाहरुख़ खान ने कालर पकड़ लिया
उस समय शाहरुख़ खान की केतन मेहता निर्देशित फिल्म 'माया मेमसाहब' रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म में उनकी नायिका दीपा साही थी।  फिल्म में दीपा और शाहरुख़ के बीच काफी गर्मागर्म सीन थे।  इस फिल्म के प्रचार के दौरान शाहरुख़ खान एक पत्रकार के सवाल से शाहरुख़ खान इतने नाराज़ हो गए कि उन्होंने उस पत्रकार पर हमला कर दिया। हालाँकि, मौजूद लोगों के बीच बचाव के बाद बात आगे नहीं बढ़ी।  दरअसल,  उस पत्रकार ने खान से पूछा था कि क्या उन्होंने (शाहरुख़ खान ने) फिल्म में अपनी नायिका के साथ शूटिंग के अलावा भी मस्ती की थी !
सैफ और अमृता ने पीटा पत्रकार को
फिल्म एक्टर सफलता मिलने के बाद पगला जाते हैं, यह अर्ध सत्य है।  कभी फिल्म स्टार अपनी प्रारंभिक असफलताओं से भी हताश हो जाते हैं।  सैफ अली खान भी अपनी फिल्मों की असफलता से हताश थे।  एक फिल्म पत्रिका स्टार एंड स्टाइल के पत्रकार कानन दिवेचा सैफ की ख़ास आलोचक थी ।  कानन के एक लेख से नाराज़ हो कर सैफ अली खान अपनी उस समय की बीवी अमृता सिंह के साथ स्टार एंड स्टाइल के ऑफिस पहुँच गए। अमृता सिंह ने कानन के साथ धक्का मुक्की की और फर्नीचर तोड़ दिया। यह मामला बॉम्बे हाई कोर्ट में अमृता सिंह के माफ़ीनामे के बाद ही ख़त्म हुआ।
धर्मेंद्र यो ही ही-मैन नहीं
उन दिनों हेमा मालिनी का सितारा बुलंदी पर था।  वह संजीव कुमार और जीतेंद्र से लेकर धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन तक की नायिका बन कर आ रही थी।  संजीव कुमार उनसे एक तरफा प्रेम करते थे।  लेकिन, उनकी शराबखोरी की आदत हेमा मालिनी को सख्त नापसंद थी।  उनका और धर्मेंद्र को ज़बरदस्त रोमांस चल रहा था।  हेमा मलिनी चाहती थी कि वह इस रिश्ते को कोई नाम दे।  लेकिंन धर्मेंद्र हिचक रहे थे। उस समय की बड़ी पत्रकार देवयानी चौबल ने इस स्टोरी को मीडिया में लीक कर दिया।  इससे धर्मेंद्र बेहद नाराज़ हुए।  एक दिन फिल्म के सेट पर धर्मेंद्र को देवयानी चौबल नज़र आ गई।  वह बिलकुल हीरो स्टाइल में देवयानी पर झपट पड़े।  यह देख कर देवयानी फुर्ती से भाग कड़ी हुई। अन्यथा, ढाई किलो का हाथ वाले सनी देओल के पापा जी का पांच किलों का एक भी घूँसा देवयानी पर पड़ जाता तो वह ज़मीन पर गिर कर उठती नहीं, उठ जाती।
दीपिका पादुकोण ने फटकारा टाइम्स ऑफ़ इंडिया को
यह वाक़या २०१४ का है।  टाइम्स ऑफ़ इंडिया ने अपने फोटो फीचर में दीपिका पादुकोण के एक जश्न में फोटो को लगाते हुए दीपिका पादुकोण के नज़र आते उभारों को ख़ास महत्व देते हुए ट्वीट किया, 'ओह माय गॉड ! दीपिका पादुकोणस क्लीवेज शो'। इस कैप्शन ने दीपिका को आगबबूला हो गई।  उन्होंने टाइम्स ऑफ़ इंडिया की इस 'न्यूज़' का उल्लेख करते हुए लिखा, "यह इंडिया का लीडिंग न्यूज़ पेपर माना जाता है और यह है न्यूज़।  हाँ, मैं एक औरत हूँ। मेरे भी वक्ष है और उभार हैं।  आपको समस्या है क्या !!!" दीपिका के ट्वीट के बाद अख़बार ने इस ट्वीट को डिलीट कर दिया।  लेकिन, कोई माफ़ी माँगने के बजाय फिर ट्वीट किया 'दीपिका यह कॉम्पलिमेंट था।  तुम इतनी शानदार लग रही थी कि हम भी चाहते थे कि सब जाने।" दीपिका पादुकोण के ट्वीट के बाद उनको फॉलो करने वालों के ट्वीट्स की भरमार हो गई।  बॉलीवुड सेलिब्रिटी भी उनके साथ थे।
अपने कमेंट्स पर नाराज़ मल्लिका शेरावत
२०१३ के कांन्स फिल्म फेस्टिवल में मल्लिका शेरावत ने बयान दिया था कि भारत औरतों के लिए प्रतिगामी और निराशाजनक देश है।  मल्लिका का यह बयान शायद भारत में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच कर पब्लिसिटी पाने के लिए था।  लेकिन, उनका यह बयान उन पर भारी पड़ा।  उनकी हर प्रेस कांफ्रेंस में उनके इस बयान को लेकर सवाल पूछे जाने लगे।  ऐसे ही एक प्रेस कांफ्रेंस में जब मल्लिका से सवाल पूछा गया तो उन्होंने अपने बयान को फिर दोहरा दिया और कहा कि वह इस पर कायम है।  इस पर जब एक महिला पत्रकार ने इसे देश की इमेज खराब करने वाल बयान बताया तो मल्लिका हत्थे से उखड गई। उन्होंने उस महिला पत्रकार से अपना होम वर्क ठीक से करने की सलाह तक दे डाली।
दो साल पहले परिणीति चोपड़ा एक ख़ास सैनिटरी पैड के प्रचार के दौरान पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रही थी। एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि आज का विषय क्या है ? तब परिणीति उस पर बरस उठी।  उन्होंने जॉर्नलिस्ट से पूछा कि उसे महिलाओं के पीरियड्स की जानकारी क्यों नहीं है ? क्या उसकी गर्ल फ्रेंड नहीं है ? माँ या बहन भी नहीं हैं।" ऐसा बोलते समय परिणीति चोपड़ा के चहरे का तनाव साफ़ नज़र आ रहा था।  उनकी बहन प्रियंका चोपड़ा तो शाहिद कपूर और शाहरुख़ खान का ज़िक्र छिड़ने मात्र से नाराज़ हो जाती हैं।  उनके चहरे पर तनाव साफ़ देखा जाता है।  ध्यान रहे कि प्रियंका चोपड़ा के इन दोनों एक्टरों से रिलेशन की अफवाहे गर्म हो कर ठंडी हो चुकी हैं।






Wednesday 30 March 2016

बिकिनी में नायिका का बागी अवतार !

शब्बीर खान निर्देशित फिल्म 'बागी' इसके मुख्य किरदारों के शरीर का प्रदर्शन करती है। फिल्म के ट्रेलर में नायक टाइगर श्रॉफ अपनी हृष्ट पुष्ट मांपेशियों का प्रदर्शन करते हैं। वहीँ, नायिका  श्रद्धा कपूर 'बागी' में रंग बिरंगे टू पीस स्विमसूट में पानी में आग लगाती लगती है। श्रद्धा कपूर ग्लैमरस हैं।  पर अभी तक उन्होंने अपने तन से कपडे काफी काम करने की कोशिश नहीं की थी।  बागी उनकी अब तक की इमेज से बागी है।  श्रद्धा कपूर कहती हैं, "मुझे उम्मीद है कि दर्शक मेरे इस बिकिनी अवतार को सराहेंगे। "
श्रद्धा से पहले महेश भट्ट की बिटिया आलिया भट्ट निर्देशक विकास बहल की फिल्म शानदार में टू पीस बिकिनी पहने नज़र आई थी।  गुलाबी बिकिनी में आलिया भट्ट गज़ब ढा रही थी।  इस बिकिनी को पहनने के लिए आलिया भट्ट ने अपने शरीर को आकार देने में काफी मेहनत की थी।  अब फिल्म में कमी थी या फिल्म में आलिया भट्ट का बिकिनी सीक्वेंस इतना लुभावना नहीं बन पड़ा था कि फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच नहीं सकी ।  निराश आलिया भट्ट ने कहा था, "मैंने बिकिनी के लिए काफी मेहनत की थी।"
सेक्सी नहीं हर एक्ट्रेस की बिकिनी
अब जब हिंदी फ़िल्में स्मूचिंग तक आ गयी हैं तो फिल्मों की नायिका का बिकिनी पहनना कोई तहलका मचाने वाली बात नहीं।  यही कारण है कि बेवकूफियां में सोनम कपूर की गुलाबी बिकिनी और मैं तेरा हीरो में नर्गिस फाखरी की नीली बिकिनी दर्शकों में हलचल पैदा नहीं कर सकी। उनसे भी पहले हेमा मालिनी की बेटी एशा देओल की धूम २, शहजान पदमसी की हॉउसफुल २, समीरा रेड्डी की मुसाफिर, मिनिषा लाम्बा की किडनैप में बिकिनी दर्शकों को फीकी नज़र आई।  इस लिहाज़ से फिल्म कॉकटेल में दीपिका पादुकोण का टू पीस बिकिनी अवतार उनकी फिट बॉडी के कारण काफी सेक्सी बन पड़ा था।
बेशक, अब हर अभिनेत्री बिकिनी पहन कर उतार चुकी है।  बिकिनी उसी एक्ट्रेस के शरीर पर फबती है, जिस की बिकिनी बॉडी होती है।  साफ़ तौर पर तराशा बदन बिकिनी से उभर कर निखरता है।  उस पर पानी की बूंदे आग  जैसी दमकती हैं।  ऐसा सेंसुअस शरीर दर्शकों को सेक्सी लगता है।  कभी यह बिकिनी सनसनीखेज हुआ करती थी। पुरानी फिल्म अभिनेत्रियों के बीच जैसे टैबू थे, उसके लिहाज़ से उनका बिकिनी पहनना क्रांति करने जैसा था।  इसीलिए, इक्का दुक्का ही सही, जब भी किसी एक्ट्रेस ने बिकिनी पहनी हंगामा बरपा गया।  साथ ही ऎसी फिल्म सेक्सी बन कर हिट हो गई।
पहली बिकिनी बेब मीनाक्षी शिरोडकर
१९४१ में  किदार शर्मा की पीरियड फिल्म 'चित्रलेखा' में टॉपलेस हो कर तालाब में उतरी अभिनेत्री महताब ने तहलका मचा दिया था।  महताब का  कारनामा हिंदी फिल्मों की अभिनेत्रियों का बोल्डनेस की दिशा में अगला कदम जैसा था। क्योंकि, महताब से तीन साल पहले, १९३८ में  रिलीज़ फिल्म 'ब्रह्मचारी' की नायिका मीनाक्षी शिरोडकर ने बिकिनी पहन कर तहलका मचा दिया था।  मीनाक्षी ने यह बिकिनी फिल्म में अपने हीरो मास्टर विनायक को आकर्षित करने के लिए स्विमिंग पूल के किनारे गीत 'यमुना जली खेलू  खेल' गीत गाते हुए पहनी थी। इस गीत को खुद मीनाक्षी ने ही गया था। यह फिल्म एक विलासी युवक की कहानी थी, जो ब्रह्मचर्य और आत्मसंयम का महत्व समझने के लिए एक आश्रम में जाता है।  वहां वह एक युवती के प्रेम जाल में फंस जाता है। तब होती है उसके संयम की परीक्षा। मीनाक्षी शिरोडकर यह कामुक कन्या बनी थी। इस सीन ने तहलका मचा दिया।  दर्शक इस सीन को देखने के बार बार सिनेमाघर पहुंचे।  समीक्षकों ने ब्रह्मचारी को कामुकता जगाने वाली फिल्म बताया। यहाँ बताते चले कि मीनाक्षी शिरोडकर की दो पोतियों  नम्रता शिरोडकर और शिल्पा शिरोडकर ने  भी बाद में बिकिनी पहनी।  लेकिन, अपनी दादी की तरह तहलका नहीं मचा सकी।
अशोक कुमार की मोहब्बत नलिनी जयवंत की बिकिनी
फिल्म रामराज्य में राम की  सीता के बतौर मशहूर अभिनेत्री शोभना समर्थ की रिश्तेदार नलिनी जयवंत अपने समय से काफी आगे की अभिनेत्री थी।  उन्होंने एक अंग्रेजी पत्रिका के लिए बॉम्बे के जुहू बीच में टू पीस बिकिनी पहन कर फोटो सेशन कराया था।  इन्हीं नलिनी जयवंत ने १९५० की फिल्म संग्राम में वन पीस बिकिनी पहन कर स्विमिंग पूल पर नहाते हुए गीत उल्फत के जादू का दिल में असर है फिल्माया गया था।  यह गीत में नलिनी  जयवंत के साथ अशोक कुमार भी थे। अशोक कुमार और नलिनी जयवंत ने एक साथ ११ फ़िल्में की थी।  उन दिनों अशोक कुमार और नलिनी जयवंत रोमांस सुर्खियां पा रहा था।   इसलिए, यह गीत बेहद सनसनीखेज बन गया था।  संग्राम अशोक कुमार की बड़ी हिट फिल्मों में शुमार है।
आवारा राजकपूर के लिए नर्गिस का स्विमसूट  
राजकपूर ने, जब फिल्मों में कदम रख, उस समय नर्गिस का नाम बड़ी अभिनेत्रियों में शुमार था।  नर्गिस राजकपूर पर आसक्त थी।  इसलिए, उन्होंने नवोदित राजकपूर की नायिका बनना मंज़ूर किया ही, उनके निर्देशन में कई फिल्में भी की। आग और बरसात के बाद आवारा राजकपूर और नर्गिस की निर्देशक अभिनेत्री जोड़े की तीसरी फिल्म थी।  राजकपूर के कारण नर्गिस ने आवारा में स्विमिंग सूट पहनना भी मंज़ूर किया।  इस फिल्म के एक दृश्य में वह स्विमिंग सूट में समुद्र से निकलती है और अपने कपडे  बदलती दिखाई गई थी।  नर्गिस की उस समय की इमेज और कद के लिहाज़ से यह सीन काफी बोल्ड माना गया था। इस सीन ने नर्गिस-राजकपूर रोमांस की गम्भीरता पर मोहर लगा दी थी।
दिल्ली का ठग किशोर कुमार और स्विमिंग पूल पर नूतन 
नलिनी जयवंत और नर्गिस के बाद सनसनी फैलाई नूतन के स्विमिंग पूल पर वन पीस बिकिनी पोज़ ने।  इस फिल्म के नायक किशोर कुमार थे। इस क्राइम-ड्रामा फिल्म में किशोर कुमार ने दिल्ली के ठग और नूतन ने उनकी मंगेतर का रोल किया था।   नूतन फिल्म में एक स्विमिंग और डाइविंग चैंपियन बनी थी। इसलिए, फिल्म में उनका स्विमिंग सूट में नज़र आना स्वाभाविक था।  निर्देशक एस डी नारंग ने स्विमिंग पूल पर स्विमसूट में नूतन के पोज़ को खूब भुनाया।  यह दृश्य भी नूतन की गुडी गुडी इमेज के कारण सनसनी फैलाने वाला बन गया था।
शर्मीला टैगोर ने बनाया बिकिनी ट्रेंड 
उपरोक्त से साफ़ है कि हिंदी फिल्मों में नायिका के स्विमसूट पहनने का सिलसिला छुटपुट चलता रहां।
अमूमन, स्विमसूट या बिकिनी सनसनी फैलाने के लिए ही पहने गए।  यही कारण था कि हिंदी फिल्मों में बिकिनी का ट्रेंड नहीं चल सका।  बॉलीवुड फिल्मों में बिकिनी का ट्रेंड चलाता अभिनेत्री शर्मीला टैगोर ने।  कश्मीर की कली से हिंदी फिल्म डेब्यू करने वाली शर्मीला टैगोर ने कई फैशन ट्रेंड स्थापित किये।  उन्होंने, शक्ति सामन्त की फिल्म 'ऐन इवनिंग इन पेरिस' फिल्म में नीली बिकिनी पहनी थी।  शर्मीला टैगोर के बारे में यह प्रचारित किया गया कि यह रविंद्रनाथ टैगोर के खानदान से हैं।  ऐसे खानदान की लड़की का बिकिनी पहनना अपने आप में सनसनीखेज था।  फिल्म में शर्मीला टैगोर ने दोहरी भूमिकाएं की थी।  इन भूमिकाओं से वह बोल्ड अभिनेत्री साबित होती थी।  इस फिल्म के बाद हिंदी फिल्मों की नायिका को बोल्ड दिखाने का पहला जरिया बिकिनी बन गई।
बदन में बिकिनी यानि बोल्ड नायिका 
मुमताज़, राखी, पूजा बेदी, सारिका, परवीन बाबी, ज़ीनत अमान, हेमा मालिनी, नीतू सिंह, सोनू वालिया, सायरा बानू, रीना रॉय, उर्मिला मातोंडकर, मन्दाकिनी, डिंपल कपाडिया, पूनम ढिल्लों, किमी काटकर, तिन मुनीम, ममता कुलकर्णी, सोनम, आदि साठ से अस्सी के दशक तक की अभिनेत्रियों ने बिकिनी को खूब  अपनाया। शर्मीला टैगोर ने तो खैर अपने करियर की आठवीं फिल्म में बिकिनी पहनी थी।  लेकिन, इन अभिनेत्रियों ने अपनी शुरूआती फिल्मों में ही बिकिनी पहनने में हिचकिचाहट नहीं दिखाई। पूनम ढिल्लों, पूजा बेदी, परवीन बाबी, ज़ीनत अमान, किमी काटकर, टीना मुनीम, सोनम, आदि अभिनेत्रियों ने अपनी पहली ही फिल्म में बिकिनी पहन कर खुद के बोल्ड होने का ढिंढोरा पीट दिया।  आज के दौर की अभिनेत्री अनुष्का शर्मा पर बोल्ड का टैग लगा है, इसलिए कि उन्होंने 'रब ने बन दी जोड़ी' के अलावा बाकी की तमाम फिल्मों में बिकिनी पहनी थी।  उनकी सेंसुअस बॉडी पर बिकिनी कहर बरपाती सी लगती है।
करीना कपूर की साइज जीरो बिकिनी 
करीना कपूर के दौर से पहले तक हिंदी फिल्मों में बिकिनी ट्रेंड बन चुकी थी।  इसलिए, करीना कपूर का बिकिनी पहनना कोई खबर नहीं बन सकती थी।  लेकिन, यशराज बैनर ने फिल्म टशन में करीना  कपूर की बिकिनी को साइज जीरो पर बिकिनी बता कर प्रचारित किया।  इस फिल्म के लिए करीना कपूर ने डाइटिंग, वर्ज़िश और जिम में पसीना बहा कर खुद को साइज जीरो बना दिया था।  इसमें कोई शक नहीं कि साइज जीरो में करीना कपूर सेक्सी लग रही थी।  लेकिन, उनकी बिकिनी ने टशन को बिकिनी टशन नहीं बिकिनी का टेंशन बना दिया। टशन बड़ी फ्लॉप फिल्म साबित हुई।


अल्पना कांडपाल







Tuesday 29 March 2016

बेटे के साथ कैंसर से लड़ते इमरान हाश्मी की दास्ताँ

सीरियल किसर के टैग से मशहूर अभिनेता इमरान हाश्मी की एक किताब बाज़ार में आई है।  अंगेजी भाषा में इस किताब का टाइटल उनकी रील इमेज के अनुरूप 'द किस ऑफ़ लाइफ' रखा गया है।  हालाँकि, इस किताब की टोन सीरियस है।  इस किताब में इमरान हाशमी ने अपने शुरूआती दिनों से लेकर, मर्डर से मिली सफलता, स्टारडम और बेटे की बीमारी और उससे बीवी के साथ उनके संघर्ष का विवरण दिया है। पाठकों को याद होगा कि २०१४ में इमरान के चार साल के बेटे अयान को कैंसर का पता चला था।  उसकी बीमारी और ईलाज के दौरान इमरान हाश्मी और उनकी बीवी परवीन ने जीवन के जो उतार चढ़ाव, आशा-निराशा के क्षण देखे, उसने इन दोनों को मानवीय सोच से भर दिया।  आज इमरान हाशमी खुद को नए इमरान हाश्मी के रूप में देखते हैं। किताब के कवर पर इमरान हाश्मी और उनके बेटे अयान का चित्र मर्मस्पर्शी है और किताब के मज़मून को साफ़ करने वाला है ।  इसके नीचे टैग लाइन है- कैसे एक सुपर हीरो और मेरे बेटे ने कैंसर पर जीत हासिल की। इस किताब को बिलाल सिद्दीकी ने इमरान हाश्मी के साथ लिखा है।  बिलाल बलोचिस्तान पर एक थ्रिलर द बर्ड ऑफ़ ब्लड लिख चुके हैं।  वह वर्तमान में रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के साथ जुड़े हैं।  इमरान हाशमी क्लास के नहीं मास के हीरो हैं।  इसलिए, उनकी किताब को अंग्रेजी में देख कर उनके प्रशंसकों को निराशा हो सकती है।

Monday 28 March 2016

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में बॉलीवुड का दबदबा

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का आज ऐलान कर दिया गया। इन पुरस्कारों पर नज़र डालें तो बॉलीवुड छाया लगता है। लेकिन, भव्यता के मामले में बाजीराव मस्तानी के बाहुबली को करारी टक्कर न दे पाने के कारण मामला हिंदी वाश आउट का नहीं बन सका। इन पुरस्कारों में तमिल और तेलुगु में शूट और हिंदी में डब कर रिलीज़ फिल्म बाहुबली ने श्रेष्ठ फिल्म और स्पेशल इफेक्ट्स का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत कर रीजनल सिनेमा का झंडा उठाये रखा। एस एस राजामौली निर्देशित इस फिल्म में प्रभाष, तमन्ना भाटिया, राना दग्गुबती, आदि मुख्य भूमिका में हैं। बाहुबली का दूसरा हिस्सा अगले साल रिलीज़ होगा। बाकी के मुख्य पुरस्कारों में हिंदी फिल्मों का दबदबा कायम रहा। कंगना रनौत तनु वेड्स मनु रिटर्न्स के लिए श्रेष्ठ अभिनेत्री साबित हुईं। यह कंगना रनौत का तीसरा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है। वह इससे पहले २००८ में फिल्म फैशन के लिए सपोर्टिंग एक्ट्रेस का और २०१४ में क्वीन के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार जीत चुकी हैं। साफ़ तौर पर कंगना आज की सबसे अच्छी एक्ट्रेस हैं। अमिताभ बच्चन ने भी श्रेष्ठ अभिनेता का अपना चौथा नेशनल अवार्ड जीता। उन्हें फिल्म पीकू के लिए श्रेष्ठ अभिनेता ठहराया गया। अमिताभ बच्चन १९९० में अग्निपथ, २००५ में ब्लैक और २००९ में पा के लिए श्रेष्ठ अभिनेता का नेशनल अवार्ड जीत चुके हैं। संजय लीला भंसाली को फिल्म बाजीराव मस्तानी के लिए श्रेष्ठ निर्देशक घोषित किया गया। संजय के लिए भी यह चौथा नेशनल अवार्ड हैं। इससे पहले वह २००३ में फिल्म देवदास के लिए सम्पूर्ण मनोरंजक फिल्म, २००६ में हिंदी की श्रेष्ठ फिल्म ब्लैक और २०१५ में सम्पूर्ण मनोरंजक फिल्म मैरी कॉम के लिए बतौर निर्माता यह पुरस्कार जीत चुके थे। सलमान खान और करीना कपूर खान की कबीर खान निर्देशित फिल्म बजरंगी भाईजान को सम्पूर्ण मनोरंजक फिल्म चुना गया है। रेमो डिसूज़ा बाजीराव मस्तानी के दीवानी मस्तानी गीत की कोरियोग्राफी के लिए श्रेष्ठ साबित हुए। इस गीत में दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा का डांस मुकाबला हुआ था। बाजीराव मस्तानी में राधाबाई की भूमिका के लिए अभिनेत्री तन्वी आज़मी बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवार्ड जीतने में कामयाब हुई हैं। पीकू की जूही चतुर्वेदी और तनु वेड्स मनु रिटर्न्स के हिमांशु शर्मा की पटकथा को श्रेष्ठ मौलिक पटकथा का सम्मान सम्मिलित रूप से दिया गया है। इन्ही दोनों ने संवाद के लिए भी यह पुरस्कार जीता है। विशाल भरद्वाज ने तलवार फिल्म की पटकथा के लिए श्रेष्ठ पटकथा रूपांतरण का पुरस्कार जीता है। किसी डायरेक्टर की पहली फिल्म का इंदिरा गांधी अवार्ड फिल्म मसान के लिए नीरज घेवन को मिला है। एक कम बजट की फिल्म दम लगा के हईशा को श्रेष्ठ हिंदी फिल्म, इसी फिल्म के गीत मोह मोह के धागे के लिए वरुण ग्रोवर को श्रेष्ठ गीतकार और मोनाली ठाकुर को गायिका का सम्मान मिला है। बाजीराव मस्तानी के सिनेमेटोग्राफर बिस्वजीत चटर्जी को श्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफर का पुरस्कार दिया गया है।





Saturday 26 March 2016

तीन किरदारों के बीच लव गेम्स

विक्रम भट्ट की लिखी और निर्देशित फिल्म 'लव गेम्स' की -प्रेम, आसक्ति और धोखे की कहानी पहली नज़र में इंटरेस्टिंग लगती है। एक ठग जोड़ा सज धज कर पेज ३ पार्टियों में जाता है।  इस जोड़े को हमेशा तलाश रहती है, ऐसे खुश जोड़े की, जिसके साथ वह अपना लव गेम खेल सकें।  वह सबसे खुश जोड़े को अपना शिकार बनाते हैं।  फिर आपस में शर्त लगाते  हैं कि कौन पहले शिकार जोड़े के साथ सेक्स कर पाने में सफल होता है। यह जोड़ा अपने इस खेल को लव गेम्स कहता है।  विक्रम भट्ट की इस फिल्म में हंसल मेहता की फिल्म सिटी लाइट्स में छोटे शहर की औरत का किरदार करने वाले बोंग बाला पत्रलेखा सेक्सी, कामुक और दुष्ट अवतार में हैं।  इसमें उनका साथ गौरव अरोड़ा दे रहे हैं, जो बड़े मॉडल हैं।  फिल्म में तारा अलीशा बेरी का किरदार भी है, जो इस कामुक खेल खेलने वाले जोड़े का शिकार बनती है।  फिल्म का ट्रेलर सिटी लाइट्स में सीधे सादे किरदार में नज़र आई पत्रलेखा एकदम बोल्ड अवतार में हैं।  निर्माता भट्ट बंधुओं की फिल्म 'लव गेम्स' ८ अप्रैल को रिलीज़ होगी।



Wednesday 23 March 2016

फिलहाल बंद हो गई द मेज़ रनर की तीसरी कड़ी

पूरी दुनिया में पसंद की गई द मेज़ रनर सीरीज की तीसरी फिल्म 'द मेज़ रनर: द डेथ क्योर' फिलहाल हादसे का शिकार हो गई लगती है। इस फिल्म की शूटिंग वैंकूवर में हो रही थी। मेज़ रनर सीरीज की फिल्मों में थॉमस का किरदार एक्टर डायलन ओ'ब्रायन कर रहे हैं।  द डेथ क्योर में थॉमस को खतरनाक बीमारी फ्लेअर का इलाज़ ढूंढना है।  फिल्म के एक स्टंट में ब्रायन को कार पर स्टंट करना था।  लेकिन, टाइमिंग की गड़बड़ी के कारण स्टंट सही तरह से नहीं हुआ।  नतीजे के तौर पर डायलन बुरे एक्सीडेंट का शिकार हो गए। चूंकि, फिल्म में डायलन के काफी ज़्यादा दृश्य है।  इसलिए फिल्म के स्टूडियो ट्वेंटिएथ सेंचुरी फॉक्स ने तत्काल ही फिल्म की शूटिंग डायलन के ठीक होने तक रोक देने का ऐलान कर दिया।  स्टूडियो द्वारा बताया गया कि डायलन को मामूली चोट लगी है।  लेकिन, कहा जा रहा है कि डायलन को बुरी तरह से चोट लगी है।  उनकी कई हड्डियां टूट चुकी हैं।  अब देखने की बात होगी कि डायलन कब तक ठीक होते हैं और फिल्म की शूटिंग कब फिर शुरू होगी।  वैसे इसमे संदेह है कि द डेथ क्योर की शूटिंग इतनी जल्दी हो पाएगी कि फिल्म की रिलीज़ डेट १७ फरवरी २०१७ को रिलीज़ हो सके।  

अब साहसिक कारनामे करेगी ऐलिस !

स्टूडियो डिज्नी से लेविस कैरोल के झक्की चरित्रों का एक और दर्शनीय साहसिक कहानी 'ऐलिस थ्रू द लुकिंग ग्लास' बिलकुल नए रूप में दर्शकों के सामने आने जा रही है।  ऐलिस की अंडरलैंड के झक्की संसार में वापसी होने जा रही है। यह फिल्म २०१० की फिल्म ऐलिस इन वंडरलैंड के आगे की कहानी है।  मैड हैटर को बचाने के लिए समय को पीछे ले जाएगी।  यह खासियत है डायरेक्टर जेम्स बॉबिन की दृष्टि की। हालाँकि, फिल्म को लिंडा वूलवरटोन ने लिखा है।  लिंडा ने ब्यूटी एंड बीस्ट सीरीज की फ़िल्में लिखने के अलावा द लायन किंग, आर्कटिक टेल, ऐलिस इन वंडरलैंड, मेलफिसेंट, आदि दर्शकों को चकित कर देने वाली फ़िल्में लिखी हैं। फिल्म के निर्माता जॉन जी स्कॉटी साथ जो रॉथ, सुज़ैन टॉड और जेनिफर टॉड और टिम बर्टन  हैं। एनीमेशन और लाइव करैक्टरों वाली इस फिल्म में हॉलीवुड की कई हिट फिल्मों के कलाकारों को शामिल किया गया है।  इनमे जॉनी डेप, ऐनी हैथवे, मिया वासिकोव्स्का और हेलेना बोनहम कार्टर ने क्रमशः मैड हैटर, वाइट क्वीन, ऐलिस किंग्सले और रेड क्वीन के किरदार किये हैं। इनके अलावा एलन रिकमैन ने ब्लू कैटरपिलर, स्टीफेन फ्राई ने चेशिर कैट, माइकल शीन ने वाइट रैबिट और टिमोथी स्पैल ने बेवार्ड के एनीमेशन करैक्टरों को आवाज़ दी है।  फिल्म की खासियत हैं परंपरागत चरित्रों के अलावा मैड हैटर के पिता जनिक हाईटॉप और टाइम के नए करैक्टर भी हैं।  इन चरित्रों को रिस इल्फान्स और साचा बैरन कोहेन ने की है।  टाइम एक दिलचस्प करैक्टर है।  यह कुछ हिस्सा मानव है और कुछ घड़ी जैसा।  क्लॉडिओ एंकरनाकिओन मोंटेरो का नया करैक्टर बॉडी भी दर्शकों को पसंद आएगा।  यह फिल्म २७ मई २०१६ को रिलीज़ हो रही है।