Wednesday 12 July 2017

रणबीर कपूर के लिए ज़रूरी जग्गा जासूस की सफलता

रणबीर कपूर को इंतजार है जग्गा जासूस की रिलीज़ का।  रणबीर कपूर की कटरीना कैफ के साथ यह तीसरी फिल्म हैं।  यह इस जोड़ी की ऎसी फिल्म है, जो बनते बनाते रुकी और फिर शुरू हुई और रुकी और फिर बनी।  इन दोनों की पहली दो फ़िल्में अज़ब प्रेम की गज़ब कहानी और राजनीति को बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली थी।  इसीलिए रणबीर कपूर को इस लम्बे समय से बन रही फिल्म की रिलीज़ का इंतज़ार है।  यह एक किशोर के अपने पिता को खोजने की कहानी है।  इस कहानी में फैन्टसी है, कॉमेडी है, रोमांस और थोड़ा एक्शन भी है।  गाने हिट हो रहे हैं।  दर्शकों को बेसब्री से फिल्म का इंतज़ार भी है।
रणबीर कपूर, दर्शकों की इसी बेबसी को बॉक्स ऑफिस पर भुनाना चाहते हैं।  उन्हें पिछले चार सालों से एक हिट फिल्म का इंतज़ार है।  उनकी पिछली हिट फिल्म दीपिका पादुकोण के साथ ये जवानी है दीवानी थी, जो मई २०१३ में रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म ने अपनी लागत का चार गुना कमाई की थी।  इसके बाद तो जैसे रणबीर कपूर ने फ्लॉप फिल्मों की लाइन लगा दी।  गंभीर बात यह थी कि यह सभी फ़िल्में बड़े बैनरों से महँगी फ़िल्में थी।  हालाँकि इन सभी फिल्मों को रणबीर कपूर के कारण बढ़िया ओपनिंग मिली।  लेकिन, आखिरकार ज़ोर का झटका रणबीर कपूर के स्टारडम को ही लगा।
बॉक्स ऑफिस पर 'बेशर्म' असफलता
यह जवानी है दीवानी की बड़ी सफलता के पांच महीने बाद रणबीर कपूर को बॉक्स ऑफिस पर ज़ोरदार शॉक मिला।  गांधी जयंती के दुहाऊ वीकेंड पर रणबीर कपूर की पल्लवी शारदा के साथ एक्शन कॉमेडी फिल्म बेशरम रिलीज़ हुई।  इस फिल्म की रिलीज़ के साथ तीन ख़ास बाते जुडी हुई थी।  फिल्म गांधी जयंती वीकेंड पर रिलीज़ हो रही थी, जिसमे रिलीज़ हो कर ज़्यादातर फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया कलेक्शन कर पाती हैं।  दूसरी ख़ास बात यह कि फिल्म उस अभिनव कश्यप की फिल्म थी, जिसने तीन साल पहले ही फिल्म दबंग में सलमान खान को इंस्पेक्टर चुलबुल पांडेय बना कर हास्य और एक्शन का आकर्षक कथानक बन कर दर्शकों को सलमान खान का फैन बना दिया था।  तीसरी बड़ी बात यह कि फिल्म में रणबीर कपूर के रियल लाइफ माता पिता इंस्पेक्टर चुलबुल चौटाला और हेड कांस्टेबल बुलबुल चौटाला के किरदार करके दर्शकों को हंसाने का पराया कर रहे थे।  जहाँ दबंग की सफलता में फिल्म की पटकथा और अभिनव कश्यप की निर्देशकीय कल्पनाशीलता का बड़ा हाथ था, वहीँ बेशरम में यह सब गायब था।  बेशरम को चेन्नई एक्सप्रेस (३७०० स्क्रीन्स) के बाद सबसे ज़्यादा ३६०० स्क्रीन्स में रिलीज़ किया गया था।  बेशरम के निर्माण में ६० करोड़ खर्च हुए थे।  फिल्म को पहले दिन ९० प्रतिशत दर्शक क्षमता के साथ देखा गया।  फिल्म ने १९.५० करोड़ की ओपनिंग ली।  इसके बाद दूसरे दिन से ही फिल्म की दर्शक क्षमता में कमी होती चली गई।  फिल्म ने वीकेंड में सिर्फ ६५ करोड़ का कलेक्शन किया।  फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन ९५ करोड़ का हुआ।  यह तब एक बड़ी फ्लॉप में शुमार होती है, जब इसकी कॉस्ट में फिल्म के प्रचार, विज्ञापन और विपणन में खर्च हुए २५ करोड़ जोड़ लिए जाते हैं।
दर्शकों की राय - 'रॉय' को न !
बेशरम के बाद, रणबीर कपूर की २०१४ में कोई फिल्म रिलीज़ नहीं हुई।  रणबीर की अगली फिल्म रॉय अर्जुन रामपाल और जैक्विलिन फर्नांडिस के साथ थी।  फिल्म ने रिलीज़ के दिन १०.४ करोड़ की बढ़िया ओपनिंग लेकर अक्षय कुमार की फिल्म बेबी के ९.३ करोड़ के कलेक्शन को पीछे धकेल दिया था।  लेकिन, इसके बाद रॉय भी औंधे मुंह गिरी।  चालीस करोड़ के बजट में बनी रॉय ने सिर्फ ७० करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया।  इस फिल्म को समीक्षकों ने आधे सितारे दिए।
टाट में १२० करोड़ का '(बॉम्बे) वेलवेट' पैबंद
रणबीर कपूर की सबसे महँगी फ्लॉप फिल्मों में शुमार की जाती है बॉम्बे वेलवेट।  इस फिल्म में अनुष्का शर्मा नायिका थी।  साठ दशक में बॉम्बे पर इस फिल्म में सब कुछ पुराना था।  इस फिल्म को करण जौहर के साथ मिल कर अनुराग कश्यप ने १२० करोड़ में बनाया था।  फिल्म की सफलता के लिए करण जौहर ने विलेन का चोला पहना था।  इसके बावजूद बॉम्बे वेलवेट बॉक्स ऑफिस पर टाट में वेलवेट यानि मखमल का पैबंद साबित हुई।  फिल्म को दर्शकों ने कितना नापसंद किया होगा, इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बॉम्बे वेलवेट को १०-१५ प्रतिशत की दर्शकता मिली।  फिल्म ने पहले दिन सिर्फ ५.२ करोड़ का कलेक्शन किया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ४३ करोड़ कमा पाने के कारण डिजास्टर फिल्मों में शुमार की गई।  ख़ास बात यह थी कि बॉम्बे वेलवेट को ज़्यादातर समीक्षकों ने सराहा था।
रणबीर-दीपिका का फ्लॉप 'तमाशा'
रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण सबसे पहले एक साथ २००८ में रिलीज़ फिल्म बचना ऐ हसीनों में आये थे।  बचना ऐ हसीनों की सफलता के बावजूद इस जोड़ी की दूसरी फिल्म पांच साल बाद ये जवानी है दीवानी रिलीज़ हुई थी।  यह दोनों ही फ़िल्में सफल हुई थी।  इसीलिए, जब दो साल बाद २७ नवंबर २०१५ को इम्तियाज़ अली निर्देशित फिल्म तमाशा रिलीज़ हुई तो दर्शक एक बढ़िया  मनोरंजक फिल्म की उम्मीद कर रहे थे।  इस फिल्म की शूटिंग विदेश में क्रोशिका और टोक्यो में हुई थी।  फिल्म के निर्माण में ६५ करोड़ की बड़ी रकम खर्च हुई थी।  फिल्म ने पहले दिन १०.९४ करोड़ का बिज़नेस किया।  पहले सप्ताह ५३.४६ करोड़ का हुआ।  फिल्म का भारत में लाइफटाइम कलेक्शन ९४.९२ करोड़ का हुआ।  फिल्म के प्रचार में २० करोड़ खर्च किये गए।  फिल्म से वितरकों को १० करोड़ का घाटा हुआ।
ऐ दिल है मुश्किल - थोड़ी कम हुई मुश्किल
लगातार चार बड़े फ्लॉप तमाशों के बाद, रणबीर कपूर की मुश्किल थोड़ा कम की करण जौहर की फिल्म ऐ दिल है मुश्किल ने।  करण जौहर निर्देशित ऐ दिल है मुश्किल दीवाली वीकेंड पर अजय देवगन की एक्शन फिल्म शिवाय के साथ रिलीज़ हुई थी। अजय देवगन की चुनौती के बावजूद १०० करोड़ की प्रोडक्शन कॉस्ट और प्रचार प्रसार पर खर्च वाली इस फिल्म ने रणबीर कपूर, ऐश्वर्य राय बच्चन, अनुष्का शर्मा और पाकिस्तान के एक्टर फवाद खान की कास्ट के साथ १३.३० करोड़ की ओपनिंग ली।  यह फिल्म १२वे दिन १०० करोड़ क्लब में पहुँचने में कामयाब हुई। इस फिल्म का वर्ल्डवाइड लाइफटाइम कलेक्शन २३७.५६ करोड़ का हुआ।
बेशरम, रॉय, बॉम्बे वेलवेट और तमाशा के बाद ऐ दिल है मुश्किल रणबीर कपूर को थोड़ा राहत देने वाली फिल्म ज़रूर थी।  लेकिन, इस फिल्म की सफलता को ऐश्वर्या राय बच्चन और अनुष्का शर्मा के साथ पाकिस्तान के फवाद खान भी बाँट रहे थे।  रणबीर कपूर उस दर्ज़े के अभिनेता हैं, जो अपने बूते पर फ़िल्में हिट करा सकते हैं। देश विदेश में उनकी फैन फॉलोइंग बहुत ज़्यादा है।  अनुराग कश्यप की फिल्म जग्गा जासूस में जो कुछ हैं रणबीर कपूर हैं और उनका  साथ कटरीना कैफ दे रही हैं।  जग्गा जासूस की सफलता रणबीर कपूर की सफलता मानी जाएगी।  रणबीर कपूर ने अनुराग बासु के साथ बरफी जैसी हिट फिल्म दी है।  वह उम्मीद कर सकते हैं कि बॉक्स ऑफिस पर उनका 'जग्गा' सफल 'जासूस' माना जाएगा।   

थॉर की मुसीबतें बढ़ाएंगे विलेन !

स्पाइडर-मैन होमकमिंग की रिलीज़ के बाद, अब तमाम निगाहें थॉर सोलो फिल्म थॉर: रग्नारॉक पर लगी हुई हैं।  हालाँकि थॉर मार्वेल के सुपरहीरो किरदारों सबसे कम जाना पहचाना है।  लेकिन थॉर: द डार्क वर्ल्ड और क्रिस हैम्सवर्थ के प्रशंसकों के कारण थॉर रग्नारॉक का बॉक्स ऑफिस पर महत्व बहुत बढ़ गया है।  इस दूसरी थॉर फिल्म को बड़े पैमाने पर बनाया गया है ।  फिल्म की रिलीज़ से पहले थॉर थीम के खिलौने भी जारी हुए हैं।  इन्हे देखने से पता चलता है कि थॉर में विलेन की भूमिका ख़ास होगी।  फिल्म में केट ब्लैंचेट का करदार हेला थॉर के लिए खतरा तो है ही, गॉड ऑफ़ थंडर और हल्क भी थॉर के लिए परेशानी पैदा कर सकते हैं।  इन किरदारों के हाथों में ट्वाईलाईट तलवार यानि सोर्ड ऑफ़ डूम होगी।  एक राक्षस सुरतुर भी थॉर की मुसीबतों में इज़ाफ़ा करता नज़र आ सकता है।  क्रिस हैम्सवर्थ, केट ब्लैंचेट, टॉम हिड्लेस्टन, इदरीस एल्बा, जेफ गोल्डब्लम, तेसा थॉम्पसन, कार्ल अर्बन और मार्क रूफलों के साथ अन्थोनी हॉपकिंस की मेहमान भूमिका वाली ताइका वेतिति निर्देशित फिल्म थॉर रग्नारॉक ३ नवंबर को रिलीज़ होगी।  

द ब्लैक प्रिंस की प्रेम कहानी

व्यक्ति चित्र फिल्म द ब्लैक प्रिंस पंजाब आखिरी महाराजा दलीप सिंह पर फिल्म है।  पांच साल की उम्र में पंजाब की गद्दी पर बैठने वाले दलीप सिंह को, उनके राज्य को ब्रितानी शासन में लाने के बाद इंग्लैंड भेज दिया था।  जहाँ से वह कभी वापस नहीं आ सके।  दलीप सिंह को पहला स्वतंत्रता सेनानी भी कहा जा सकता है।  इस शासक की क्वीन विक्टोरिया के साथ अनूठे प्रेम की कहानी को भी इस फिल्म में शामिल किया गया है। फिल्म में कई ऐसे दृश्य हैं, जो बड़े मार्मिक बन पड़े हैं।फिल्म में ब्लैक प्रिंस के नाम से मशहूर महाराजा दलीप सिंह का किरदार पंजाबी फिल्मों के सुपर स्टार सतिंदर सरताज ने किया है।  यह सतिंदर का फिल्म डेब्यू भी है।  शबाना आजमी ने दलीप सिंह की माँ रानी जिन्दां का किरदार किया है। ब्रिटिश अभिनेत्री अमांडा रुट ने क्वीन विक्टोरिया तथा आजकल टेलीविज़न पर शो चंद्रकांता में राजकुमारी चंद्रकांता का किरदार कर रही मधुरिमा तुली ने युवा रानी जिन्दां का किरदार किया है। भारत-यूके सहकार के ७० साल मना रहे इन दोनों देशों का कोप्रोडक्शन इस फिल्म को ब्रिलस्टेइन एंटरटेनमेंट के सहयोग से बनाया गया है। इस फिल्म की शूटिंग बड़े पैमाने पर यूनाइटेड किंगडम और भारत में हुई है।  यह फिल्म २१ जुलाई को रिलीज़ हो रही है।

Tuesday 11 July 2017

नहीं रही सुमिता सान्याल

बचपन बचपन मेरा बचपन। आज यह गीत सहसा याद आ गया। १९६८ में रिलीज़ हृषिकेश मुख़र्जी की फिल्म आशीर्वाद में अपने पिता को याद करती बेटी के मुंह से निकला यह गीत आँखों में आंसूं ला देने वाला था।  इस गीत को परदे पर बंगला अभिनेत्री सुमिता सान्याल गा रही थी। यही सुमिता सान्याल आज नहीं रही। उन्होंने फिल्म में जोगी ठाकुर बने अशोक कुमार की बेटी बिट्टू का किरदार किया था। हालाँकि, फिल्म हिट हुई थी। सुमिता सान्याल के हीरो संजीव कुमार थे।  इसके बावजूद सुमिता सान्याल की दूसरी हिंदी फिल्म तीन साल बाद रिलीज़ हुई।  १९७१ में सुमिता सान्याल की तीन हिंदी फ़िल्में मेरे अपने गुड्डी और आनंद रिलीज़ हुई हैं।  गुड्डी और आनंद फ़िल्में हृषिकेश मुख़र्जी की थी।  आनंद में वह हिंदी फिल्मों के दो बड़े सितारों राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन के साथ काम कर रही थी। उस दौर में भी दर्शकों द्वारा पसंद किये जाने के बावजूद सुमिता सान्याल को ज्यादा हिंदी फ़िल्में नहीं मिली। उन्होंने गुलज़ार निर्देशित फिल्म मेरे अपने में विनोद खन्ना के साथ अभिनय किया। मगर हिंदी फिल्म निर्माता उनसे दूर ही रहे। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सगीना महतो के बंगला संस्करण में सुमिता ने दिलीप कुमार के साथ काम किया था।  लेकिन, हिंदी सगीना में सायरा बानो आ गई थी। अनजाने मेहमान उनकी आखिरी हिंदी फिल्म थी । वास्तविकता तो यह है कि सुमिता सान्याल को बंगला फिल्मों में ही सफलता मिली। उन्होंने ४० बांगला फ़िल्में की।  वह मृत्यु के समय ७१ साल की थी।  

हैंडलूम के प्रमोशन में सामंथा प्रभु

तेलुगु और मलयालम फिल्मों की बड़ी अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु आजकल हैंडलूम प्रमोट कर रही हैं।  गौतम मेनन की तेलुगु रोमांस फिल्म ये माया चेसवे से फिल्म डेब्यू करने वाली सामंथा को तेलुगु और मलयालम फिल्मों की श्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर अवार्ड हासिल है।  उनकी फिल्मों में ईगा, दुकुदु, कठ्ठी, थेरि और २४ उल्लेखनीय हैं।  इस अभिनेत्री की खासियत यह है कि नायक प्रधान फिल्मों में भी उनकी भूमिका केंद्रीय और सशक्त होती है।  सामंथा का यह फोटो शूट एक मैगज़ीन में हैंडलूम के प्रमोशन का है।





Monday 10 July 2017

बादशाओ के बदमाश गैंग की एशा गुप्ता

मिलन लुथरिया की फिल्म बादशाओ इमरजेंसी के दौर के हिंदुस्तान की है।  इस फिल्म में अजय देवगन, इमरान हाश्मी, संजय मिश्रा, एशा गुप्ता  और इलियना डिक्रूज़ मुख्य भूमिका में हैं।  ख़ास बात यह है कि अजय देवगन, इमरान हाश्मी और संजय मिश्रा की बदमाश कंपनी की इकलौती महिला बदमाश एशा गुप्ता है।  २००७ की मिस इंडिया इंटरनेशनल एशा गुप्ता  का फिल्म करियर २०१२ में इमरान हाश्मी के साथ क्राइम थ्रिलर फिल्म जन्नत २ से सफलतापूर्वक हुआ था।  इमरान हाश्मी के साथ बादशाओ एशा  गुप्ता की तीसरी फिल्म हैं।  इन दोनों ने राज़ ३ रिबूट में भी साथ काम किया था।  लेकिन, मिलन लुथरिया और अजय देवगन के साथ एशा पहली बार अभिनय कर रही हैं।  इस फिल्म में एशा ने जम कर एक्शन किये हैं।  चूंकि, फिल्म सत्तर के दशक के हिंदुस्तान की है, इसलिए एशा की पोशाकों और मेकअप गेटअप में ख़ास बदलाव किये गए हैं। एशा गुप्ता हाथ में बन्दूक थामे ज़ीनत अमान और परवीन बाबी की याद ताज़ा कर देती हैं।  पुराने जमाने के बेलबॉटम और क्रॉप टॉप में, गले में स्कार्फ़ बांधे एशा सचमुच में एक्शन हीरोइन लग रही हैं।  

Sunday 9 July 2017

अब पोता करेगा 'इत्तेफाक', भारत में वाइसराय हाउस नहीं पार्टीशन १९४७,राजन शाही की लव सेक्स एंड वियाग्रा गुजरात में शादी विथ जुगाड़,संदीप और पिंकी फरार !, महिलाओं के लिए प्रिटी जिंटा की कवच सेफ्टी

अब पोता करेगा 'इत्तेफाक'
बीआर चोपड़ा ने १९६९ में एक सस्पेंस क्राइम थ्रिलर फिल्म इत्तफाक का निर्माण किया था। यह फिल्म ब्रिटिश फिल्म साइनपोस्ट टू मर्डर (१९६५) का रीमेक थी । नंदा, राजेश खन्ना और सुजीत कुमार की इस फिल्म का निर्देशन उनके भाई यश चोपड़ा ने किया था।  बिना गीतों वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट हुई थी। अब ३८ साल बाद, इस फिल्म के रीमेक के लिए बॉलीवुड के दिग्गज बैनर साथ आये हैं । रेड चिलीज एंटरटेनमेंट, धर्मा प्रोडक्शनस और बीआर स्टूडियोज द्वारा इत्तफाक का रीमेक बनाया जा रहा है । इस फिल्म का नाम इत्तफाक हैप्पनड वन नाईट होगा। फिल्म में राजेश खन्ना वाली भूमिका सिद्धार्थ मल्होत्रा और नंदा वाली भूमिका सोनाक्षी सिन्हा कर रही हैं । फिल्म का निर्देशन बीआर चोपड़ा के पोते और महाभारत वाले रवि चोपड़ा के बेटे अभय चोपड़ा कर रहे हैं । अभय ने करीब, संघर्ष, हरीभरी और मिशन कश्मीर जैसी फिल्मों में अभिनय किया है । बाबुल और भूतनाथ रिटर्न्स में वह अपने पिता रवि चोपड़ा के सहयोगी थे । २०१७ में बनाई जा रही इत्तफाक के रीमेक के लिए करण जौहर और अभय चोपड़ा ने कुछ आजादी ली है । फिल्म का अंत ठीक वही नहीं होगा, जो १९६९ की इत्तफाक में था । फिल्म में गाने भी होंगे । पहली बार होगा कि सिद्धार्थ मल्होत्रा और सोनाक्षी सिन्हा एक साथ कोई फिल्म करेंगे । यह फिल्म इस साल ३ नवम्बर को रिलीज़ हो रही है ।
भारत में वाइसराय हाउस नहीं पार्टीशन १९४७
इस साल फरवरी से गुरिंदर चड्ढा की फिल्म वाइसराय हाउस का प्रचार शुरू  हो गया  था।  इस फिल्म की कहानी विभाजन के कगार पर खड़े भारत के ब्रितानी शासन के आखिरी वाइसराय को बंटवारे के दौरान पेश दुश्वारियों की तो है ही,  इसके साथ एक प्रेम कहानी भी जुड़ी हुई है । फिल्म में ज़्यादातर कास्ट हॉलीवुड की है । गिलियन एंडरसन ने लेडी एडविना, ह्यू बॉनविले ने लार्ड लुइस माउंटबेटन, माइकल गैम्बन ने जनरल हेस्टिंग्स का किरदार किया   है । फिल्म में हिन्दुस्तानी कलाकारों में ओमपुरी ने अली रहीम नूर और हुमा कुरैशी ने वाइसराय की अनुवादक आलिया नूर का किरदार किया है । हिंदी दर्शकों के पहचानने के लिहाज़ से सारा- जेन डिआस को समीरा और गाँधी, माय फादर के गाँधी दर्शन ज़रीवाला को गुप्ता जी के किरदार में देखा जा सकता है । ज़ाहिर है कि इस स्टार कास्ट के साथ वाइसराय हाउस भारतीय दर्शकों के बीच विदेशी फिल्म ही साबित होती, जो किसी भी लिहाज़ से बड़ी संख्या में दर्शको को आकर्षित नहीं कर सकती थी । शायद इसे देखते हुए ही कि हिंदुस्तान में फिल्म का टेम्पो बन नहीं पा रहा है, फिल्म के टाइटल को ही बदल दिया गया है । अब गुरिंदर चड्ढा की फिल्म वाइसराय हाउस सिर्फ भारत में पार्टीशन १९४७ के टाइटल के साथ रिलीज़ होगी । यह टाइटल दर्शकों में कितनी सुगबुगाहट पैदा कर सकेगा, यह तो भविष्य ही बतायेगा  । 
राजन शाही की लव सेक्स एंड वियाग्रा
राजन शाही की शोहरत सपना बाबुल का...विदाई, अमृत मंथन और ये रिश्ता क्या कहलाता है जैसे पारिवारिक शो बनाने वाले निर्माता की है । इसीलिए, उन्हें जानने वाले उस समय चौंक पड़े थे, जब उन्होंने शॉर्ट फिल्म लव सेक्स एंड वियाग्रा बनाने का ऐलान किया । दरअसल, पारिवारिक ड्रामा सीरियल बनाने वाली उनकी टीम का सुझाव था कि कोई शॉर्ट फिल्म बनाई जाये, जिसमे पारिवारिक दर्शकों की पसंद का विषय देने की अनिवार्यता नहीं होती  । शायद राजन शाही को आभास था कि दर्शकों के बीच उनके बैनर डायरेक्टर्स कट प्रोडक्शनस और लोगो की एक इमेज है । इस इमेज से बाहर निकलना खतरनाक हो सकता था । इसलिए लव सेक्स और वियाग्रा के लिए फर्स्ट कट प्रोडक्शनस की स्थापना की गई । नया लोगों भी तैयार किया गया । इस बैनर के तहत भिन्न आइडियाज वाले शो तैयार किये जायेंगे । फिलहाल तो राजन शाही के लव सेक्स और वियाग्रा के प्रोमो को दर्शकों द्वारा पसंद किया जा रहा है ।
संदीप और पिंकी फरार !
पांच साल पहले, यशराज फिल्म्स की हबीब फैसल निर्देशित फिल्म इशकज़ादे में परिणीति चोपड़ा और अर्जुन कपूर की जोड़ी ने कमाल कर दिया था।  यह फिल्म बड़ी हिट फिल्म साबित हुई थी।  इस सफल फिल्म के बावजूद परिणीति चोपड़ा और अर्जुन कपूर फिर एक साथ नहीं आ सके।  अब पांच साल बाद यह जोड़ी दिबाकर बनर्जी की फिल्म संदीप और पिंकी फरार में पिंकी और संदीप के किरदार कर रहे हैं।  इस फिल्म की कहानी बड़ी दिलचस्प है।  यह कहानी बिलकुल भिन्न भारत के लड़का लड़की की है, जो साथ इसलिए हैं कि वह एक दूसरे पर अविश्वास करते हैं, संदेह से देखते हैं और नफ़रत करते हैं।  यह कहानी दिबाकर बनर्जी के रंगों से रंगी होगी, इसलिए निश्चित ही दिलचस्प होगी।  इस ड्रामेटिक थ्रिलर फिल्म के बारे में दिबाकर बनर्जी कहते हैं,"यह मेरे लिए जैसे पहली फिल्म है।  मुझे इस फिल्म को करने में अब तक जो कुछ सीखा है, भूलना होगा।  क्योंकि, यह कहानी ऐसे दो लोगों की है, जो एक दूसरे से नफ़रत भी करते हैं और एक दूसरे के बिना रह भी नहीं सकते।" अर्जुन कपूर की पांच साल बाद यशराज बैनर और परिणीति चोपड़ा के साथ वापसी हो रही है।  इस बात से खुश अर्जुन कपूर कहते हैं, "दिबाकर बनर्जी न्यू एज सिनेमा के टॉर्च बेयरर हैं।  मैं दिबाकर और परिणीति के साथ फरार होने को तैयार हूँ।" दिबाकर बनर्जी के साथ फिल्म करना परिणीत चोपड़ा और अर्जुन कपूर का सपना था।  परिणीति कहती हैं, "दिबाकर की फ़िल्में हमेशा अलग होती हैं और दर्शकों पर प्रभाव छोड़ती है।"
 गुजरात में शादी विथ जुगाड़
कई विज्ञापन, टीवी सीरियल और फिल्मों में काम कर चुकी एकता जैन १२ साल के ब्रेक के बाद हिंदी में कॉमेडी फिल्म शादी विथ जुगाड़ में नज़र आएँगी। फिल्म में एकता जैन मराठी-क्रिस्चियन मेरी का किरदार कर रही हैं । इस फिल्म का निर्माण श्री सूत्रम एंटरटेनमेंट कर रहे है। फिल्म की पूरी शूटिंग गुजरात के गांधीनगर में होगी । फिल्म लव के फ़ंडे के अभिनेता हर्षवर्धन जोशी इस फिल्म में जिग्नेश का किरदार निभा रहे हैं। श्री राजपूत इस फिल्म में वैजंती का किरदार निभा रही हैं। उनकी आखिरी फिल्म मिस खिलाड़ी थी । इस फिल्म के लेखक निर्देशक आज़ाद भारती हैं । फिल्म के अन्य कलाकार में अजय सिंह, कुणाल मेहता, आकाश लापासिया, करेंन राजपूत, सुमति सोलंकी हैं । डी जे भारती ने फिल्म के सारे गीत कंपोज़ किये हैं ।
 महिलाओं के लिए प्रिटी जिंटा की कवच सेफ्टी

बॉलीवुड अभिनेत्री सिर्फ फिल्म एक्ट्रेस ही नहीं  । वह रेड एंड वाइट ब्रेवरी अवार्ड की विजेता हैं । अब प्रिटी जिंटा भारतीय महिलाओं की सुरक्षा के समग्र उपाय के साथ सामने आई हैं । उन्होंने स्पेशल फोर्सेज ऑस्ट्रेलिया के पूर्व अधिकारी अन्थोनी मूरहाउस के साथ कवच सेफ्टीकी स्थापना का ऐलान किया है । यह कवच सेफ्टी अपराधी विरोधी और पीड़ित की हर तरह से समर्थन करने वाली होगी । यह कवच एक बटन दबाने के बाद तुरंत आपदा सेवा देगी । यह कवच टीम पीड़ित को कानूनी मदद भी उपलब्ध करायेगी और उच्च गुणवत्ता वाली फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य भी जुटा कर देगी । मतलब यह कि कवच सेफ्टी हर प्रकार की सुरक्षा और सहायता उपलब्ध करायेगी । इस सेवा की उपलब्धता ४१८ रूपया महीने की मामूली फीस के लेकर उपलब्ध कराई जाएगी । कवच के बारे में बताते हुए प्रिटी जिंटा कहती हैं, “मैं कवच की स्थापना हर औरत को उसके दैनिक जीवन में असुरक्षा से छुटकारा दिलाने के लिए स्थापित की है । मुझे इसे करने में पांच लम्बे साल लग गए । मेरा मानना है कि औरतो को सुरक्षा उनका अधिकार है, कोई विशेषाधिकार नहीं । हमें उनकी मदद करनी चाहिए और सहयोग करना चाहिए ।“