Sunday 13 January 2019

सजने को तैयार है बॉलीवुड का युद्ध का मैदान !


अगर फ़िल्में हिट हो गई तो २०१९ बॉलीवुड की युद्ध फिल्मों के लिए याद किया जाएगा।  आधे दर्जन से ज़्यादा युद्ध फ़िल्में, पूरी हो कर रिलीज़ को तैयार हैं या निर्माण के भिन्न चरणों में हैं। लेकिन, सब ठीक रहा तो यह युद्ध फ़िल्में इसी साल रिलीज़। चूंकि, इन युद्ध फिल्मों में से कुछ बड़े बजट और बड़े सितारों वाली फ़िल्में हैं, इसलिए इन पर दर्शकों की निगाहें होंगी। यह  फिल्मे प्रभावित कर पाई तो बॉलीवुड २०१९ में युद्ध फिल्मों का नया इतिहास लिख पाने में कामयाब होगा। 

प्राचीन युद्धों पर फ़िल्में 
बॉलीवुड की तीन चार फ़िल्में प्राचीन युद्ध की पृष्ठभूमि पर हैं।  यानि इनमे प्राचीन कॉस्ट्यूम पहने योद्धा तीर और तलवार से युद्ध कौशल दिखाते नज़र आएंगे। यह फ़िल्में इतिहास के पन्नों में से होंगी या काल्पनिक भी।  बाहुबली फिल्मों की सफलता के बाद, ऎसी फिल्मों के प्रति दर्शकों को झुकाव बना है।

मणिकर्णिका : द क्वीन ऑफ़ झाँसी - १८५७ के प्रथम विश्व युद्ध पर फिल्म मणिकर्णिका द क्वीन ऑफ़ झाँसी में झाँसी की रानी लक्ष्मी बाई के प्रारंभिक जीवन, उसके झांसी की रानी बनने और अंग्रेज़ों से भारत की आज़ादी के लिए युद्ध करने की कहानी है। फिल्म में, अभिनेत्री कंगना रनौत ने झाँसी की रानी लक्ष्मी बाई, अतुल कुलकर्णी ने तात्या टोपे, जोशुआ सेन गुप्ता ने झाँसी के राजा और मणिकर्णिका के पति गंगाधर राव, अंकिता लोखंडे ने झलकारी बाई, रिचर्ड कीप ने जनरल ह्यु रोज, सुरेश ओबेरॉय ने बाजीराव, डैनी डैंग्जोप्पा ने लक्ष्मी बाई के समर्थक गुलाम गौस खान और मोहम्मद ज़ीशान अयूब ने झाँसी की रानी के दुश्मन सदाशिव की भूमिका की है।  इस भूमिका को पहले सोनू सूद करने  वाले थे। फिल्म का निर्देशन कृष के साथ कंगना रनौत ने किया है।  यह फिल्म २५ जनवरी को रिलीज़ हो रही है।

केसरी - निर्देशक अनुराग सिंह की फिल्म केसरी, १२ सितम्बर १८९७ को लड़े गए, दुनिया के सबसे लम्बे युद्धों में से एक युद्ध पर आधारित है।  बैटल ऑफ़ सारागढ़ी से विख्यात इस युद्ध में, तत्कालीन नार्थ वेस्ट फ्रंटियर प्रान्त में, ब्रितानी सेना की सिख रेजिमेंट के २१ सिपाहियों ने, हवलदार ईशर सिंह के नेतृत्व में २१ सिख सैनिकों ने १० हजार अफगान सैनिकों का मरते दम तक मुक़ाबला किया था, जब तक कि ब्रितानी सेना की अतिरिक्त कुमुक नहीं आ गई । फिल्म में ईशर सिंह की भूमिका अक्षय कुमार कर रहे हैं।  फिल्म में परिणीति चोपड़ा, भाग्यश्री, अश्वथ भट्ट, मीर सरवर, आदि हैं। फिल्म २१ मार्च २०१९ को रिलीज़ होगी।

तानाजी : द अनसंग वारियर- तानाजी की कहानी १६७० में मराठा सेना और मुगलों के बीच सारागढ़ी के किले पर कब्ज़ा करने के लिए लड़ी गई थी।  इस युद्ध में तानाजी वीरता का प्रदर्शन करते हुए, वीरगति को प्राप्त हुए थे। निर्माता अजय देवगन की इस फिल्म का निर्देशन ओम राउत कर रहे हैं।  फिल्म में तानाजी की भूमिका खुद अजय देवगन और सैफ अली खान उदय भान राठौर की खल भूमिका कर रहे हैं। फिल्म में जगपति बाबुल, सुनील शेट्टी और पंकज त्रिपाठी की ख़ास भूमिकाओं के अलावा काजोल देवगन रानी लक्ष्मी बाई की भूमिका में दिखाई देंगी।  यह फिल्म २२ नवंबर को प्रदर्शित हो रही है।

पानीपत- आशुतोष गोवारिकर की ऐतिहासिक फिल्म पानीपत, १७६१ में १४ जनवरी को मराठा साम्राज्य द्वारा अहमद शाह अब्दाली की अफगान सेना के बीच लड़े गए, पानीपत के तीसरे युद्ध पर है।  इस फिल्म में मराठा सरदार सदाशिव राव भाउ की भूमिका अर्जुन कपूर, अहमद शाह अब्दाली  की भूमिका संजय दत्त, पारवती बाई कृति सैनन, गोपिका बाई पद्मिनी कोल्हापुरे और बालाजी बाजीराव  की भूमिका मोहनीश बहल कर रहे है। यह फिल्म ६ दिसंबर को रिलीज़ होगी।

आधुनिक युद्धों पर फिल्म 
हिंदी फिल्म दर्शकों का पसंदीदा विषय रहा है भारत-पाकिस्तान युद्ध। १९६५ के भारत- चीन युद्ध पर चेतन आनंद की फिल्म हकीकत और १९६५ के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर फिल्म बॉर्डर को बड़ी सफलता मिली थी। कारगिल युद्ध पर एलओसी कारगिल और १९६७ के भारत-चीन युद्ध पर फिल्म पल्टन भी रिलीज़ हो चुकी है। इस साल, कम से कम तीन हिंदी फिल्मे रिलीज़ होने जा रही हैं।

उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक- निर्देशक आदित्य धर की फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक, १८ सितम्बर २०१६ के बाद के घटनाक्रम का रोमांचक और साहसिक विवरण है।  १८ सितम्बर २०१६ को, पाकिस्तान से आतंकवादी संगठन द्वारा उरी में सेना के कैंप पर हमला कर कुछ  सैनिकों को मार दिया गया था। यह हमला पठानकोट और गुरदासपुर  के बाद, भारतीय सेना के कैंप पर तीसरा हमला था। इस हमले के बाद, भारत ने पाकिस्तान के अंदर घुस कर आतंकी ठिकानों को तबाह करने का निर्णय लिया। उरी हमले के ११ दिन बाद २९ सितम्बर को सर्जिकल स्ट्राइक की गई। इस स्ट्राइक में आतंकी ठिकानों को तबाह करने के अलावा ७० आतंकवादी भी मार डाले गए। फिल्म में, विक्की कौशल ने मेजर विहान शेरगिल, परेश रावल ने अजित डोवाल, मोहित रैना ने कैप्टेन करण कश्यप और योगेश सोमन ने तत्कालीन प्रतिरक्षा मंत्री मनोहर परिक्कर की भूमिका की है। यह फिल्म ११ जनवरी को रिलीज़ हो जाएगी।

बटालियन ६०९- उरी की रिलीज़ की तारीख़ को ही रिलीज़ हो रही के काल्पनिक युद्ध फिल्म। यह फिल्म तालिबान से लोहा लेने वाली बटालियन ६०९ के पाकिस्तानी सेना के साथ काल्पनिक क्रिकेट मैच को लेकर है। मैच की शर्त के अनुसार, जो टीम हारेगी, वह नियंत्रण रेखा से १८ किलोमीटर पीछे हट जाएगा। बृजेश बटुकनाथ त्रिपाठी के निर्देशन में, इस फिल्म की कहानी अजीबोगरीब लगती है। यह फिल्म राजनीतिक व्यंग्य है या हास्य, कहना ज़रा मुश्किल है। फिल्म में शोएब इब्राहिम, एलेना कज़ान, फरनाज शेट्टी, विश्वास किनी, जश्न सिंह कोहली, चंद्रप्रकाश ठाकुर, स्पर्श शर्मा और विक्की आहूजा जैसी साधारण सी स्टार कास्ट है। यह फिल्म भी ११ जनवरी को रिलीज़ हो जाएगी।

७२ ऑवरस: मार्टीर व्हू नेवर डाईड - निर्देशक अविनाश ध्यानी ने अपनी फिल्म ७२ ऑवरस का नायक भारतीय सेना के राइफलमैन जसवंत सिंह रावत को बनाया है, जिन्होंने १९६२ के भारत-चीन युद्ध के दौरान, नेफा बॉर्डर पर, अरुणांचल प्रदेश के नुरुनान्ग बेस की रक्षा करते हुए बहादुरी का प्रदर्शन करते हुए अपनी जान गंवाई थी। वह अपनी यूनिट चौथी गढ़वाल राइफल के साथ ७२ घंटे तक लगातार युद्ध करते रहे। इस हेतु जसवंत सिंह को महावीर चक्र दिया गया था। यहाँ के लोगों ने, उनकी याद मे एक मंदिर का भी निर्माण करवा रखा है। राइफलमैन जसवंत सिंह की भूमिका खुद अविनाश ध्यानी ने की है।  अन्य भूमिकाओं में मुकेश तिवारी, वीरेंदर सक्सेना, अलका अमीन, शिशिर शर्मा, आदि हैं।  यह फिल्म १८ जनवरी २०१९ को रिलीज़ होगी।

शायद बन न सके यह युद्ध फ़िल्में 
२०१७ में, अज़ूरे एंटरटेनमेंट और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने २००० में सिएरा लीओन में बंधकों को छुड़ाने के लिए भारतीय सेना के ऑपरेशन की पृष्ठभूमि पर फिल्म ऑपरेशन खुकरी बनाने का ऐलान किया था।  इस फिल्म में खुद शाहरुख़ खान मुख्य भूमिका करना चाहते थे। २०१७ में ही, एक अनाम से निर्देशक मुहम्मद अली ने, आज़ादी के ठीक बाद, कबाइलियों की आड़ में पाकिस्तानी सेना के कश्मीर के कुछ हिस्से पर कब्ज़ा कर लेने की कहानी पर फिल्म मुग़ल रोड बनाये जाने का ऐलान किया था।  फिल्म में मनोज बाजपेयी, अर्जुन रामपाल, बोमन ईरानी और आरिफ ज़करिया को स्टारकास्ट में शामिल किया गया था।  २०१७ में ही, पंकज सहगल की फिल्म एमईएस ट्वेंटी फाइव के बनाये जाने का  भी ऐलान हुआ था। इस फिल्म में मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस के ५० जवानो को, १९६२ के युद्ध के दौरान, चीनी सेना के बढ़ने से रोकने के लिए सामरिक महत्त्व के पुलों को तोड़ने का जिम्मा दिया जाता है। मिशन ख़त्म करने के बाद, सिर्फ ६ सैनिक ही जीवित वापस आते हैं। इन फिल्मों के अलावा, अजय देवगन ने बैटल ऑफ़ सारागढ़ी पर तथा अक्षय कुमार द्वारा पृथ्वीराज चौहान पर फिल्म बनाने का ऐलान भी कर रखा है। 


बॉलीवुड न्यूज़ १३ जनवरी २०१९ - क्लिक करें

No comments:

Post a Comment