Wednesday, 23 January 2019

दिसम्बर २०१९ में रिलीज़ होगी दबंग ३ ?


अपनी दो बड़ी फिल्मों, ट्यूबलाइट और रेस ३ की असफलता ने, सलमान खान के कान खड़े कर दिए हैं। दिलचस्प तथ्य यह था कि ट्यूबलाइट, सलमान खान के साथ एक था टाइगर और बजरंगी भाईजान जैसी हिट फ़िल्में देने वाले कबीर खान थे और रेस ३ के निर्देशक रेमो डिसूज़ा की दोनों डांस फ़िल्में सफल हुई थी।

सलमान खान की निजी असफल रेस
रेस ३ की असफलता इस लिए भी ख़ास थी कि इस फिल्म की स्क्रिप्ट और स्टार कास्ट के चुनाव में सलमान खान का ही खेल था। ऐसे में बड़ी असफलता का ठीकरा सलमान खान पर भी फूटना है।

कि टाइगर अभी जिंदा है
हालाँकि, सलमान खान की, निर्देशक अली अब्बास ज़फर के साथ फिल्म भारत इसी ईद में रिलीज़ होनी है। लेकिन, सलमान खान अकेले भारत के भरोसे नहीं रहना चाहते।  इसलिए, सलमान खान, साथ साथ एक दूसरी हिट फिल्म भी चाहते हैं, ताकि बता और जता सकें कि  टाइगर अभी ज़िंदा है।

हिट दबंग फ्रैंचाइज़ी
यह दूसरी हिट फिल्म और कोई नहीं,  दबंग फ्रैंचाइज़ी की  तीसरी फिल्म दबंग ३ होगी। पहली दबंग को अभिनव कश्यप ने निर्देशित किया था। फिल्म बड़ी हिट हुई थी। इसके सीक्वल दबंग २ को, भाई अरबाज़ खान ने निर्दशित किया। यह फिल्म भी बड़ी हिट साबित हुई। इसीलिए, सलमान खान हिट फ्रैंचाइज़ी की फिल्म को ही इस साल की दूसरी हिट फिल्म बनाना चाहेंगे।

प्रभुदेवा वांटेड
दबंग ३ के निर्देशन की कमान, पिछले साल ही, प्रभुदेवा को थमा दी गई थी। प्रभुदेवा ही वह पहले डायरेक्टर हैं, जिन्होंने  सलमान खान को पहली १०० करोड़ कलेक्शन वाली फिल्म वांटेड देकर टॉप पर बैठा दिया था। उसके बाद से लगातार, सलमान खान १०० करोड़ क्लब वाली फ़िल्में देते जा रहे हैं।

अप्रैल में शुरू दिसम्बर में रिलीज़
इसे देखते हुए, सलमान खान ने फैसला लिया है कि भारत की शूटिंग ख़त्म होने के बाद, दबंग ३ की शूटिंग शुरू कर दी जाएगी। खबर है कि सलमान खान,  अप्रैल २०१९ से किसी भी तारीख़ को चुलबुल पांडेय की वर्दी पहन लेंगे।  सलमान खान का इरादा दबंग ३ की शूटिंग तड़पड़ पूरी करवा कर, दिसंबर में फिल्म को रिलीज़ करवा देने का है।

दबंग से टकराएगा ब्रह्मास्त्र
दबंग ३ के जहाज पर  मौनी रॉय और सोनाक्षी सिन्हा पहले से ही सवार हैं।  फिल्म २० दिसंबर को आसानी से रिलीज़ हो सकती है।  लेकिन, इससे सलमान खान और रणबीर कपूर का टकराव होगा।  इस तारीख़ को रणबीर कपूर की एक्शन फंतासी फिल्म ब्रह्मास्त्र भी रिलीज़ होनी है। क्या होगा ! उत्सुकता से प्रतीक्षा कीजिये।

 बोल्ड पोस्टर कैलेंडर वाली फिल्म शकीला - क्लिक करें 

No comments: