Wednesday 3 November 2021

सुजोय घोष के रहस्य रोमांच में करीना कपूर

 


अब यह तय हो गया है कि सुजॉय घोष की अगली रहस्य रोमांच फिल्म में करीना कपूर खान मुख्य भूमिका करेंगी। यह फिल्म जापानी उपन्यास द डिवोशन ऑफ़ सस्पेक्ट एक्स पर आधारित है। इस फिल्म के निर्माता जयेश सेवाकरामानी है. फिल्म में नायक की भूमिका विजय वर्मा कर रहे हैं।  


सुजॉय घोष के मन में जापानी लेखक कईगो हिगाशिनो के  उपन्यास पर थ्रिलर फिल्म बनाने का विचार कहानी कि सफलता के ठीक बाद आया था।  उस समय फिल्म की प्रमुख भूमिका में विद्या बालन को ही लेने का विचार बना था। परन्तु यह प्रोजेक्ट उस समय परवान नहीं चढ़ सका। कहानी २ की असफलता भी आड़े आई।  विद्या बालन ने फिल्म करने से इनकार कर दिया।


विद्या बालन के बाद, सुजॉय घोष ने इस प्रोजेक्ट को कंगना रानौत के साथ शुरू करने की कोशिश की। शायद कंगना रानौत अपने पूर्व पति की हत्या में फंसी महिला की भूमिका नहीं करना चाहती थी। इस भूमिका को  जैक्वेलिन फर्नॅंडेज़ और ऐश्वर्या राय बच्चन ने भी मना कर दिया। इसके बाद, सुजॉय घोष ने इस  प्रोजेक्ट को बंद करना ही उपयुक्त समझा।


अब, जबकि करीना कपूर खान फिल्म के लिए पांचवा चुनाव बन गई है, इस फिल्म के फरवरी २०२२ में शुरू होने की आशा की जा रही है।  वैसे अभी फिल्म के लिए कई चेहरों का चुनाव होना है।  जापानी उपन्यास में तलाकशुदा महिला के अलावा उसकी बेटी, उसका पडोसी, पूर्व पति और केस की जांच करने वाला जासूस के भी चरित्र हैं।  इन सभी के लिए कलाकारों के चुनाव के बाद ही पता लगेगा कि कौन कलाकार किस भूमिका को कर रहा है।  

No comments:

Post a Comment