Sunday 5 December 2021

क्या दिसंबर बदल देगा बॉक्स ऑफिस का मूड !

पहले ४ नवंबर को, अक्षय कुमार और कैटरीना  कैफ की कॉप एक्शन फिल्म सूर्यवंशी ने बढ़िया शुरुआत कर, दर्शकों की सिनेमाघरों में वापसी का संकेत दिया।  पर अगले ही हफ्ते  सैफ अली खान और  रानी मुख़र्जी की फिल्म बंटी और बबली २ के मुंह के बल जा गिरने से फिल्म इंडस्ट्री के माथे पर आशंका की शिकन  खिंच गई।  अब सभी की निगाहे २५ नवंबर को प्रदर्शित हो रही फिल्म सत्यमेव जयते २ और अंतिम द फाइनल ट्रुथ पर टिकी हुई थी।



अब्राहम पर भारी खान - क्या हिट फिल्म सत्यमेव जयते की सीक्वल फिल्म सत्यमेव जयते २ भी बड़ी हिट साबित होगी ? क्या सलमान खान की एक्सटेंडेड मेहमान भूमिका वाली  आयुष शर्मा की एक्शन फिल्म अंतिम द फाइनल ट्रुथ सलमान खान के स्टारडम के बूते पर दिल खुश कर देने वाला कारोबार करेगी ? यह भी शंका व्यक्त की जा रही थी कि सलमान खान और जॉन अब्राहम की फिल्मों का टकराव दोनों ही फिल्मों को महँगा पड़ेगा ? २५ नवंबर को टकराव हुआ।  शंका के विपरीत टकराव से नुकसान दिखाई नहीं दिया।  सत्यमेव जयते २ अपने कमज़ोर कथानक और निर्देशन के कारण दर्शकों द्वारा नापसंद कर दी गई।  हालाँकि, अंतिम के कारोबार पर  संतोष जताया जा  रहा है।  पर यह नहीं भुलाया जाना चाहिए कि अंतिम को आयुष शर्मा  की नहीं बल्कि सलमान खान की एक्सटेंडेड भूमिका वाली फिल्म बता कर प्रचारित किया गया था। इस लिहाज़ से अंतिम की शुरुआत संतोषजनक ही कही जाएगी।



सुनील शेट्टी के बेटे की फिल्म - यही कारण है कि अब पूरे देश की ऑंखें दिसंबर में प्रदर्शित होने जा रही फिल्मों पर लगी होंगी। पिछले साल को छोड़ कर, हर साल दिसंबर का महीना बॉलीवुड का दिलखुश करने वाला होता है।  इस महीने प्रदर्शित ज़्यादातर  फ़िल्में हॉलिडे मंथ का फायदा उठाते हुए, बड़ी संख्या में दर्शक बटोर ले जाती है।  ऐसे में यह सोचा जाना स्वभाविक है कि क्या ३ दिसंबर को प्रदर्शित होने जा रही सुनील शेट्टी  के बेटे अहान की मुख्य भूमिका वाली, तेलुगु फिल्म आर एक्स १०० की हिंदी रीमेक फिल्म तड़प देश के गुनगुने मौसम का लाभ  उठा पाएगी? कोई ३० साल पहले, एक्शन फिल्म बलवान ने बॉलीवुड को एक जबरदस्त एक्शन नायक सुनील शेट्टी दिया था।  क्या अहान शेट्टी अपने पिता की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे ?



किस्मत का फैसला - जब तक यह लेख छपेगा, अहान की तड़प का फैसला दर्शक कर चुके होंगे।  दर्शक भी तड़प से निकल कर, आने वाले चार शुक्रवारों में प्रदर्शित की जाने वाली बॉलीवुड की फिल्मों  अलावा हॉलीवुड और अखिल भारतीय अपील वाली दक्षिण की फिल्मों पर होंगी। यह फिल्मे बहुचर्चित और बड़े सितारों की बड़े बजट की फ़िल्में होंगी। इन फिल्मो से २०२१ की  मुस्कुराहट के साथ विदाई की उम्मीद बनती है।



विशिष्ट दर्शकों के लिए - १० दिसंबर को आयुष्मान खुराना और वाणी कपूर की ड्रामा रोमांस फिल्म चंडीगढ़ करे आशिकी और अभय देओल की ड्रामा फिल्म वेल्ले प्रदर्शित हो  रही है।  यह दोनों फ़िल्में  विशेष वर्ग के दर्शकों के लिए है।  फिल्म वेल्ले में, सनी देओल के बेटे करण देओल भी है।  करण की यह दूसरी फिल्म है।  पिता सनी देओल के निर्देशन में, करण का  फिल्म डेब्यू रोमांस  फिल्म पल पल दिल  के पास से हुआ था।  यह फिल्म फ्लॉप हुई थी।  ऐसे में, करण का दूसरी बार एक हट कर फिल्म करना उनके करियर के लिए भारी पड़ सकता है।  इस फिल्म में वह एक गैंगस्टर बने है।  इस लिहाज़ से, आयुष्मान खुराना की फिल्म चंडीगढ़ करे आशिक़ी का पलड़ा भारी दिखाई देता है।


स्पाइडरमैन और पुष्पा - परन्तु, इन दोनों फिल्मों पर १७ दिसम्बर को प्रदर्शित होने जा रही फ़िल्में भारी पड़ सकती है।  यह फिल्मे हॉलीवुड की सुपर हीरो फिल्म स्पाइडरमैन नो वे होम और दक्षिण से तेलुगु फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की पहली अखिल भारतीय फिल्म पुष्पा द राइज पार्ट १ प्रदर्शित हो रही है।  हॉलीवुड की फिल्म भारत में लोकप्रिय स्पाइडरमैन श्रंखला की फिल्म है। इसे दर्शकों का मिलना तो सुनिश्चित है।  अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा का ट्रेलर जबरदस्त है।  इस ट्रेलर ने हिंदी बेल्ट के दर्शकों को आकर्षित किया है। वैसे भी कोरोना महामारी के दौरान अल्लू अर्जुन की डूब फिल्मों ने दर्शकों की अच्छी पहचाना अल्लू अर्जुन से करा दी है। इस फिल्म से हिंदी फिल्म दर्शकों को प्रभास के बाद एक नया स्टार मिलने जा रहा है।



छाएगा क्रिकेट!- दिसम्बर के आखिरी दो सप्ताहों में बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड की क्रिकेट पर दो फिल्मों का जलवा होगा।  भारतीय क्रिकेट टीम को पहला एक दिवसीय क्रिकेट विश्व कप जीतने की कहानी पर बनी कबीर खान की फिल्म '८३ प्रदर्शित होने जा रही है।  रणवीर सिंह की कपिल देव भूमिका वाली यह फिल्म २४ दिसम्बर को प्रदर्शित होगी।  इस फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को पसंद आ रहा है। इस लिहाज़ से, ३१ दिसम्बर को प्रदर्शित होने जा रही एक रिटायर क्रिकेट खिलाड़ी के अपने बेटे के लिए क्रिकेट एक मैदान में फिर उतरने की संवेदनापूर्ण कहानी जर्सी अपने अजमाए कथानक के कारण दर्शकों को पसंद आयेगी। इस फिल्म के नायक शाहिद कपूर अपनी अभिनय प्रतिभा के लिए सराहे जाते हैं।  जर्सी तेलुगु की इसी टाइटल वाली फिल्म की रीमेक है। इस फिल्म का ट्रेलर भी दर्शकों का ध्यान आकृष्ट करने वाला है। 


   

उत्साह की मुस्कराहट - इसे स्पष्ट है कि कोरोना महामारी से घरों में लम्बे समय से बंद दर्शकों की सिनेमाघरों में वापसी अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी से तय हो चुकी है।  दिसम्बर यह तय करेगा कि २०२१ ख़त्म होते होते, बॉलीवुड के चेहरे पर मुस्कराहट लौटने जा रही है।  इस मुस्कराहट में पुष्पा,  '८३ और जर्सी जैसी फ़िल्में उत्साह का रंग भरेगी। अगला साल तो गज़ब होने ही जा रहा है।

No comments:

Post a Comment