Saturday, 13 June 2026

#ManojBajpayee की फिल्म #Governor की #Madhoo



कुक्कू कोहली के निर्देशन में बनी,  १९९१ में प्रदर्शित म्यूजिकल रोमांस एक्शन फिल्म फूल और काँटे से अजय देवगन के साथ बॉलीवुड में प्रवेश करने वाली हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री मधू इन दिनों अपने अभिनय जीवन के एक विशेष दौर से गुजर रही हैं। उनकी दो महत्वपूर्ण फिल्में कुछ ही दिनों के अंतराल पर प्रदर्शित होने जा रही हैं।





राजनीतिक ड्रामा फिल्म ‘गवर्नर’ 12 जून को रिलीज़ हो चुकी है। इस फिल्म में मनोज बाजपेई के सम्मुख मधु अपने चरित्र के माध्यम से प्रशंसा बायर रही है। जबकि, तमिल-मलयालम द्विभाषी फिल्म ‘चिन्ना चिन्ना असाई’ 18 जून को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी ।






फूल और कांटे तथा रोजा जैसी यादगार फिल्मों से हिंदी पेटी के घर-घर में पहचान बनाने वाली मधू ने अपने लंबे अभिनय सफर में हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा दोनों में अनेक सफल फिल्में दी हैं। योद्धा, जेंटलमैन, अल्लारी प्रियुडु, दिलजले और यशवंत जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को भी खूब सराहा गया।





अपनी आगामी फिल्म ‘गवर्नर’ के बारे में मधू ने कहा कि इसमें मुख्य भूमिका मनोज बाजपेयी निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका पात्र भले ही छोटा हो, लेकिन कहानी में उसका विशेष महत्व है।






मधू ने कहा, “‘गवर्नर’ में मेरा पात्र बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण है। मनोज बाजपेयी के साथ काम करना मेरे लिए एक शानदार अनुभव रहा। इस फिल्म का हिस्सा बनना किसी जादुई यात्रा से कम नहीं था।”






वहीं दूसरी ओर, ‘चिन्ना चिन्ना असई’ को मधू ने अपने अभिनय जीवन की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि काशी और बनारस में एक महीने तक चली शूटिंग ने उन्हें भीतर तक प्रभावित किया।






“यह फिल्म मेरे जीवन को बदल देने वाला अनुभव रही है। इसे शब्दों में व्यक्त करना आसान नहीं है। मैं इसे अपने अभिनय जीवन की सर्वश्रेष्ठ फिल्म मानती हूं,” मधू ने कहा।






उन्होंने संगीतकार गोविंद वसंत की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके संगीत ने फिल्म को एक दिव्य अनुभूति प्रदान की है और उसकी आत्मा को और गहराई दी है।






करीब तीन दशक से अधिक समय से दर्शकों का प्यार हासिल कर रहीं मधू अब इन दोनों फिल्मों के माध्यम से एक बार फिर बड़े पर्दे पर अलग-अलग रंगों में दिखाई देंगी। एक ओर ‘गवर्नर’ में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, वहीं ‘चिन्ना चिन्ना आसै’ को वह अपने पूरे अभिनय जीवन की सर्वश्रेष्ठ फिल्म मानती हैं। ऐसे में आने वाले दिन उनके प्रशंसकों के लिए विशेष होने वाले हैं।

No comments: