Sunday 18 November 2018

बड़ा बजट बड़े सितारे बड़ी फ्लॉप फ़िल्में


फिल्म उद्योग आतिशबाज़ी ख़त्म होने के बाद के सन्नाटे और अँधेरे में डूबा हुआ है।  पहली बार बनी आमिर खान और अमिताभ बच्चन की जोड़ी से जैसी उम्मीदें फिल्म उद्योग ने बाँधी थी, उनकी पूरी होने की बात तो दूर, इस जोड़ी की फिल्म ने उन्हें निराशा की गहरी खाई में धकेल दिया है। विजय कृष्ण आचार्य (विक्टर) के निर्देशन में बनी ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तान पर पानी की तरह पैसा बहाया गया था।  महंगे सेट्स खड़े किये गए थे। मगर, ३०० करोड़ में बनी यह मेगा बजट फिल्म अपनी मेगा स्टार कास्ट के बावजूद रिलीज़ के दूसरे दिन ही ध्वस्त हो गई। कहाँ, इस फिल्म से ५०० करोड़ की उम्मीद लगाईं जा रही थी, कहाँ अब इसके १६५ करोड़ से ऊपर पहुँचाने की कोई संभावना दूर दूर तक नहीं है। हालाँकि, बॉक्स ऑफिस दो हफ्ते तक ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तान के ठगों के लिए खुला हुआ था। ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तान, बॉलीवुड की बड़ी असफल फिल्म साबित होने जा रही है।

शानदार बजट बड़ी स्टार कास्ट मगर फिल्म फ्लॉप
लेकिन, बॉलीवुड की फ्लॉप होने वाले मेगा बजट फिल्म सिर्फ ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तान ही नहीं।  बॉलीवुड फिल्मों का इतिहास गवाह है कि दसियों बड़े बजट से बड़े सितारों के साथ बनी महँगी फ़िल्में ताश के पत्तों की तरह ढह गई। किसी को उम्मीद नहीं थी कि हिंदी फिल्मों का दर्शक अपने स्टार अभिनेताओं के लिए भी इतना बेमुरव्वत होगा। ऐसी असफल फिल्मों में अनिल कपूर और श्रीदेवी की फिल्म ऐसी रूप की रानी चोरों का राजा अपने ४७ करोड़ के बजट की एवज में सिर्फ १४ करोड़ ही कमा सकी। अनिल कपूर और श्रीदेवी की हिट जोड़ी की इस असफलता ने सभी को चौंका दिया था। इसी प्रकार से अजय देवगन की फिल्म राजू चाचा २५ करोड़ के बजट के बदले ८.५० करोड़, शाहरुख़ खान की फिल्म अशोका १४ करोड़ के बजट के मुकाबले सिर्फ १० करोड़संजय लीला भंसाली की फिल्म सावरिया ४० करोड़ के मुकाबले ३६ करोड़, सलमान खान और कैटरीना कैफ की जोड़ी की फिल्म युवराज ५० करोड़ के मुकाबले १६ करोड़ , प्रियंका चोपड़ा की विज्ञानं फंतासी फिल्म लव स्टोरी २०५० ६० करोड़ के मुकाबले २५ करोड़, अक्षय कुमार की अंडरवाटर फिल्म ब्लू ११० करोड़ की फिल्म ७५ करोड़अक्षय कुमार की ही फिल्म चांदनी चौक टू चाइना ८० करोड़ के बदले ५५ करोड़, अभिषेक बच्चन और प्रियंका चोपड़ा की फंतासी फिल्म द्रोण ६० करोड़ के बदले १२ करोड़, हृथिक रोशन, कंगना रनौत और बारबरा मोरी की फिल्म काइट्स ६० करोड़ के बदले ४९ करोड़, सलमान खान की फिल्म वीर ४० करोड़ के बदले ४६ करोड़, अभिषेक बच्चन और दीपिका पादुकोण की पीरियड फिल्म खेले हम जी जान से ४५ करोड़ के मुकाबले ४९ करोड़हृथिक रोशन और ऐश्वर्या राय की फिल्म गुज़ारिश ५० करोड़ के बदले २९ करोड़, शाहरुख खान की फिल्म रा.वन १३० करोड़ के बजट के मुअकबले ११४ करोड़, अजय देवगन की फिल्म हिम्मतवाला ७० करोड़ के खिलाफ ४७ करोड़, अक्षय कुमार की फिल्म बॉस ७२ करोड़ मुकाबले ५४ करोड़, संजय दत्त, प्रियंका चोपड़ा और रामचरण की फिल्म ज़ंजीर ६० करोड़ के मुकाबले १५ करोड़, रणबीर कपूर की फिल्म बेशरम ७५ करोड़ के मुकाबले ५९.८ करोड़, अक्षय कुमार की फिल्म हमशकल्स  ७५ करोड़ के मुअकबले ६३ करोड़, रणबीर कपूर की फिल्म बॉम्बे वेलवेट  १२० करोड़ के मुक़ाबले ३१ करोड़ तथा अमिताभ बच्चन और धनुष की फिल्म शमिताभ ३५ करोड़ के मुकाबले २२ करोड़ का कारोबार ही कर सकी। पिछले दो तीन सालों में सलमान खान की फिल्म ट्यूबलाइट, हृथिक रोशन की फिल्म मोहनजोदेरो (२०१७) और शाहरुख़ खान की फिल्म जब हेर्री मेट सजल (२०१७) के नाम भी शामिल हैं।

अच्छी फ़िल्में, जो हिट न हो सकी
कुछ ऎसी भी फ़िल्में हैं, जिन्होंने अपने कंटेंट को लेकर समीक्षकों की प्रशंसा पाई। लेकिन, दर्शकों को सिनेमाघर तक ला पाने में असफल रही। अगली में मुंबई का एक पुलिस अधिकारी एक छोटी बच्ची के गायब हो जाने के रहस्य को खोलने में लगा हुआ है। रोनित रॉय ने इस भूमिका को किया था। अनुराग कश्यप की इस अपराध थ्रिलर फिल्म को पीके की सफलता मार गई, जो अगली से सिर्फ एक हफ्ता पहले रिलीज़ हुई थी। अमिताभ बच्चन, रामगोपाल वर्मा की फिल्म रण में मीडिया मुग़ल की भूमिका में थे। यह फिल्म मीडिया और राजनीति की दुरिभिसंधी का चित्रण करती थी। लेकिन इस फिल्म को विद्या बालन की फिल्म इश्किया की सफलता मार गई, जो इसी फिल्म के साथ रिलीज़ हुई थी। तिग्मांशु धुलिया की फिल्म पान सिंह तोमर अभिनेता इरफ़ान खान के बेहतरीन  अभिनय के बावजूद दर्शकों को नहीं खींच सकी। इसे सेमी हिट फिल्म माना जाता है। आशु त्रिखा की फिल्म कोयलांचल बढ़िया कथानक और विनोद खन्ना और सुनील शेट्टी जैसी स्टार कास्ट के बावजूद ध्वस्त हो गई। निर्देशक अमृत सागर की १९७१ के युद्ध बंदियों पर फिल्म १९७१ प्रिसनर्स ऑफ़ वॉर की प्रशंसा तो बहुत हुई, लेकिन दर्शक नहीं मिले। निर्देशक विक्रमादित्य मोटवाने की फिल्म उड़ान में एक छात्र को उसके पिता द्वारा सिर्फ एक गलती के लिए कभी माफ़ न करने और पीढ़ियों के बीच विचारों में अंतर को दिखाया गया। यह फिल्म भी सिर्फ प्रशंसा ही पा सकी। कुछ दूसरी प्रशंसित मगर बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप फिल्मों में अलीगढ, लव शव ते चिकन खुराना, रहस्य, चलो दिल्ली, टी ई ३ एन, वजीर, शौर्य, साला खडूस, आदि के नाम भी शामिल हैं।

इतनी बड़ी हिट होगी !
कुछ ऐसी फ़िल्में होती हैं, जिनसे उम्मीद होती है। लेकिन इतनी भी नहीं कि यह बड़ी फ़िल्में मान ली जाती। इस मामले में निर्देशक लव रंजन का जवाब नहीं। लव रंजन की कार्तिक आर्यन के साथ फिल्म प्यार का पंचनामा और इसका सीक्वल तथा इसी साल रिलीज़ सोनू के टीटू की स्वीटी के  बड़ी हिट फिल्म होने की उम्मीद नहीं की जा रही थी। सोनू के  टीटू की स्वीटी ने तो १०० करोड़ क्लब में जाने का कमाल कर दिखाया। इसी प्रकार से, आमिर खान की मेहमान भूमिका वाली फिल्म सीक्रेट सुपरस्टार के १०० करोड़ क्लब में  पहुँचने की उम्मीद तो किसी को भी नहीं थी। इसी प्रकार से इरफ़ान खान की फिल्म हिंदी मीडियम, अजय देवगन की फिल्म रेड, कंगना रनौत की दो फिल्मों क्वीन और तनु वेड्स मनु, आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर की फिल्म आशिक़ी २, आयुष्मान खुराना की फिल्म विक्की डोनर और दम लगा के हईशा, श्रीदेवी की वापसी फिल्म इंग्लिश विंग्लिश, विद्या बालन की फिल्म कहानी और अक्षय कुमार की फिल्म ओएमजी ओह माय गॉड को बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद तो इस फिल्म की स्टार कास्ट तक नहीं कर रही थी।


सरप्राइज हिट फ़िल्में, जिनके सीक्वल भी हिट
सुभाष कपूर ने देश की अदालतों पर व्यंग्य फिल्म जॉली एलएलबी का निर्माण अरसद वारसी के साथ किया था। अरशद वारसी के साथ बोमन ईरानी और सौरभ शुक्ल की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म का बजट १० करोड़ था। फिल्म ने ३७ करोड़ का कारोबार किया। इस सफलता के बाद, सुभाष कपूर ने अक्षय कुमार के साथ जॉली एलएलबी २ का निर्माण किया।  यह फिल्म १०० करोड़ क्लब में पहुंची।  इसी प्रकार से कोरियोग्राफर से फिल्म डायरेक्टर बने रेमो डिसूज़ा ने फिल्म एबीसीडी में प्रभु देवा, गणेश आचार्य और कुछ डांस रियलिटी शो के प्रतिभागियों को कास्ट किया था।  इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ४५ करोड़ का कारोबार किया।  बाद में इसका सीक्वल एबीसीडी २, वरुण धवन और श्रद्धा कपूर के साथ बनाया गया।  इस फिल्म १०० करोडिया सफलता नसीब हुई।  कंगना रनोट की मुख्य भूमिका वाली फिल्म तनु वेड्स मनु के बॉक्स ऑफिस पर ३७ करोड़ ने, फिल्म के निर्देशक आनंद एल राय को इस फिल्म का सीक्वल तनु वेड्स मनु रिटर्न्स बनाने को उत्साहित किया।  यह सीक्वल १०० करोड़ क्लब में पहुंचा।

छोटा बजट बड़ी कमाई
निर्माता आमिर खान की फिल्म पीपली लाइव का बजट १४ करोड़ था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ४६.८० करोड़ का कारोबार किया। अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू की २९ करोड़ के बजट से बनी फिल्म पिंक १०९ करोड़ तक पहुंची। इसी प्रकार से २० करोड़ की कहानी ने बॉक्स ऑफिस पर ९२ करोड़ कमा कर विद्या बालन का डंका बजा दिया। आमिर खान निर्देशित फिल्म तारे ज़मीन पर का बजट १८ करोड़ था। फिल्म ने ८७.५७ करोड़ का कारोबार किया। इस प्रकार से निर्माता जॉन अब्राहम की फिल्म विक्की डोनर १० करोड़ में बनी थी मगर फिल्म ने कमाए ६२ करोड़। कुछ इसी तरह से इरफ़ान खान और निम्रत कौर की फिल्म लंच बॉक्स ने २० करोड़ के एवज में निर्माता को १०१ करोड़ वापस करवाए।

जब आंसू निकल आये आमिर खान के
ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तान की असफलता से अभिनेता आमिर खान कितने दुखी है, पता नहीं। क्योंकि, क्योंकि, तलाश द आंसर लाइज वीथिन (२०१२) के बाद, पहली बार नायक आमिर खान की कोई फिल्म असफल हो रही है। लेकिन, कभी आमिर खान अपनी फिल्मों की असफलता से रो पड़े थे। उनकी मेला और मंगल पांडेय : द राइजिंग जैसी महत्वकांक्षी और महंगी फ़िल्में असफल हो गई थी। इससे पहले फिल्म अकेले हम अकेले तुम और मन भी फ्लॉप हो चुकी थी। इन असफलताओं ने, बावजूद इसके कि आमिर खान ने इस दौरान सरफ़रोश, लगान और दिल चाहता है दी थी, आमिर खान की आँखों से आंसू निकलवा दिए।  क्या ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तान के लिए भी इसी तरह से रोये होंगे आमिर खान !

बॉलीवुड न्यूज़ १८ नवम्बर - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment