Sunday 30 January 2022

कुछ बॉलीवुड की 30 जनवरी २०२२

जल्द शुरू होगी पुष्पा २ - तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से पक्की खबर यह है कि अल्लू अर्जुन की २०२१ की सबसे बड़ी हिट फिल्म पुष्पा द राइज पार्ट १ को अब जल्दी शुरू किया जाएगा। पहले फिल्म का टाइटल पुष्पा द राइज पार्ट २ रखा जाना था। परन्तु, अब फिल्म को पुष्पा द रूल टाइटल के साथ बनाया जाएगा। पुष्पा द राइज को हिंदी बेल्ट में आशातीत बड़ी सफलता मिली थी। इसलिए पुष्पा के दूसरे हिस्से को हिंदी बेल्ट के दर्शकों की पसंद के अनुरूप बनाया जायेगा। इसके लिए स्क्रिप्ट में बदलाव किये जा रहे हैं। फिल्म के कुछ दृश्य फिर से लिखे जा रहे हैं। अब फिल्म के नायक पुष्पा और खलनायक फहद फाजिल के बीच टकराव काफी गहरा होगा। यह शारीरिक भिडंत में तो होगा ही मानसिक टकराव भी खूब होगा। इनकी भिडंत के दृश्य बढाए जा रहे हैं। क्या अखिल भारतीय अपील के लिए फिल्म में बड़े बॉलीवुड एक्टर शामिल किये जाएंगे? एक चर्चा यह है कि हिंदी दर्शकों में अल्लू अर्जुन का जादू छाया हुआ है। इसलिए इसमें किसी ए लिस्टर बॉलीवुड एक्टर की जरूरत नहीं। पर अफवाह यह भी है कि कई बड़े बॉलीवुड सितारे पुष्पा २ में शामिल होंगे।



अक्षय कुमार की दो फिल्मों की सेल्फी ! - पिछले दिनों अक्षय कुमार और इमरान हाशमी के सेल्फी लेते हुए एक चित्र जारी हुआ है। यह चित्र इन दोनों की प्रमुख भूमिका वाली फिल्म सेल्फी का था। इस टाइटल के सुनते समय सहसा एक रोचक प्रसंग याद आ जाता है। जब अक्षय कुमार की फिल्म ओएमजी ओह माय गॉड का निर्माण शुरू हुआ तब इस इस फिल्म का टाइटल सेल्फी रखा गया था। सीक्वल फिल्म का यह टाइटल वर्किंग नहीं था। क्यों कि ओह माय गॉड २ में समाज और खुद पर गहरी दृष्टि डाली गई थी। लेकिन, बाद में सेल्फी को ओह माय गॉड २ में बदल दिया गया। जब ओह माय गॉड को सेल्फी के रूप में बनाया जा रहा था, तभी निर्देशक राज मेहता ने अपनी अक्षय कुमार के साथ फिल्म का टाइटल सेल्फी ही रखा था। अक्षय कुमार और इमरान हाश्मी की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म मलयालम भाषा की कॉमेडी ड्रामा फिल्म ड्राइविंग लाइसेंस की रीमेक थी। एक सुपरस्टार और ट्रांसपोर्ट अधिकारी के टकराव की इस दिलचस्प कहानी सुपरस्टार, ट्रांसपोर्ट अधिकारी के परिवार के साथ सेल्फी खिंचाने से मना कर देता है। इस पर अधिकारी उसके विरुद्ध षड़यंत्र करता है। अभी तक ड्राइविंग लाइसेंस की हिंदी रीमेक फिल्म सेल्फी टाइटल के साथ बनाई जा रही है। हो सकता है कि जब तक फिल्म पूरी हो फिल्म का मूल शीर्षक ड्राइविंग लाइसेंस अपना लिया जाए।



सामंथा की ऊ ऊ का जलवा ! - अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा द राइज पार्ट १ का गीत ऊ बोलेगा या ऊ ऊ बोलेगा साला, फिल्म को हिंदी बेल्ट में हिट बनाने वाला एक बड़ा कारक है। इस गीत में अल्लू अर्जुन के साथ तेलुगु फिल्म स्टार सामंथा प्रभु अपनी मादक देह को कामुक ढंग से थिरका रही हैं। यही कारण है कि यह गीत १० लाख से अधिक लोगों द्वारा देखा जा चुका है। पर यह गीत विवादों में आ चुका है। कहा जा रहा है कि यह गीत सभी पुरुषों को लम्पट बताने वाला है। इसके बोलों में कामुकता और घटियापन है। इस गीत की धुन देवी श्री प्रसाद ने तैयार की है. गीत के बोल चन्द्र बोस ने लिखे है। पर संगीतकार इस गीत को हर पुरुष पर आरोप नहीं मानते। उनका कहना है कि इस गीत में सन्देश है। यह गीत एक राजनीतिक दल के समारोह में हो रहा है। यहाँ इसी प्रकार के लोगों का जमावडा है। अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा द राइज पार्ट १ ने हिंदी बेल्ट में धमाकेदार कारोबार किया है। यह फिल्म अब तक ९० करोड़ से अधिक का कारोबार कर चुकी है। तेलूग सुपरस्टार अल्लू अर्जुन का जादू हिंदी दर्शकों के सर चढ़ कर बोल रहा है।



झमेले में सलमान खान ? - सलमान खान झमेले में फंसे लगते हैं। उनके पनवेल फार्महाउस के पडोसी केतन कक्कड़ ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स से अभिनेता पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर लिखा है कि सलमान खान के फार्महाउस में कई एक्टरों की लाशें दफन है तथा इस फार्महाउस से बच्चो की तस्करी भी की जाती है। इस पर सलमान खान ने अपने वकील के माध्यम से कक्कड़ को कारण बताओ नोटिस दिया है कि क्यों नहीं अवमानना की कार्यवाही की जाए। बताया जाता है कि कक्कड़ और सलमान के बीच सम्पति को लेकर विवाद है। आरोप है कि सलमान खान ने कक्कड़ के फार्महाउस का रास्ता बंद कर रखा है। सच्चाई क्या है, यह तो जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस की तरफ से कोई कार्यवाही नज़र नहीं आती। अब देखने की बात होगी कि अवमानना नोटिस का क्या हाल होता है?



वेब-शो 'चिड़िया उड़ में जैकी श्रॉफ और सिकंदर खेर - डिज़्नी प्लस हॉटस्टार के पारिवारिक क्राइम ड्रामा वेब शो 'आर्या' की दूसरी किस्त में अपनी दौलत की भूमिका में बेहद सराहे गए, सिकंदर खेर अपने अगले प्रोजेक्ट 'चिड़िया उड़' से फिर दर्शकों के सामने होंगे । हरमन बावेजा और विक्की बाहरी द्वारा निर्मित यह शो एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होगा। इस शो का निर्देशन मराठी निर्देशक रवि जाधव करेंगे, जो बैंजो, छत्रपति शिवाजी और टाइमपास डुओलॉजी जैसी सफल फिल्में देने के लिए जाने जाते हैं। शो में स्लमडॉग मिलियनेयर फेम मधुर मित्तल भी अहम भूमिका में होंगे। जैकी श्रॉफ, सिकंदर खेर के साथ २०१९ की स्लीपर हिट, रोमियो अकबर वाल्टर में काम कर चुके हैं, सूत्रों की माने तो वेब-शो में सिकंदर अपने करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण भूमिका कर रहे है।

No comments:

Post a Comment