Friday 2 November 2018

सलमान खान को सताए भारत की लम्बाई


सलमान खान को भारत की लम्बाई की चिंता सता रही है। अली अब्बास ज़फर निर्देशित तथा सलमान खान के साथ कैटरीना कैफ, दिशा पाटनी, तब्बू, सुनील ग्रोवर और जैकी श्रॉफ की भूमिका वाली यह फिल्म ७० साल के काल खंड में फैली हुई है। भारत की आज़ादी से लेकर आज तक के सलमान खान के चरित्र का फिल्म में चित्रण हुआ है। ऐसे में इस फिल्म को लम्बा होना ही था।  खबर है कि भारत की लम्बाई तीन घंटे से ज़्यादा की हो गई है।

फिल्म लम्बी क्यों !  
ऐसा होना स्वाभाविक भी था। फिल्म में तमाम फ्लैशबैक हैं। ढेरों स्टार हैं। उन सभी के साथ न्याय भी होना है। सलमान खान की फिल्म है तो नाच-गाने होंगे ही।  ऐसे में लम्बाई को नियंत्रित कर पाना किसी निर्देशक के वश की बात नहीं है। जिस कोरियाई फिल्म ओड टू माय फादर की रीमेक फिल्म  भारत  है, वह सिर्फ २ घंटा ६ मिनट लम्बी थी। ज़ाहिर है कि कारण चाहे जो हों, भारत ज्यादा लम्बी हो गई है।


सलमान खान की लम्बी फ़िल्में 
अमूमन सलमान खान की फ़िल्में अपेक्षाकृत लम्बी होती है।  उनकी पिछली दो फ़िल्में टाइगर ज़िंदा है और सुल्तान की लम्बाई क्रमशः २ घंटा ४१ मिनट और २ घंटा ५० मिनट थी।  इस लिहाज़ से, यह तो कहा जा सकता है कि सलमान खान की लम्बी फ़िल्में भी लंबा बिज़नेस कर जाती हैं। लेकिन, ३ घंटे से ज़्यादा का समय बहुत होता है।

ज़्यादा शो चाहिये 
सलमान खान की फिल्म बेहद महँगी होती है। इसे कवर करने के लिए ज़्यादा से ज़्यादा शो की दरकार होगी। तीन घंटे से ज़्यादा लम्बाई की फिल्मों के पांच से ज़्यादा शो चला पाना संभव नहीं हो पाता। इतनी कम संख्या में शो फिल्म की कॉस्ट निकाल पाने में मददगार नहीं होंगे।  फिल्म की टिकट दरें बढ़ाने का मतलब सलमान खान के दर्शकों को फिल्म से दूर रखना है। सलमान खान का ज़्यादा दर्शक निम्न माध्यम वर्ग और माध्यम वर्ग से आता है। बढ़ी टिकट दरें उनके जेब पर भारी पड़ेंगी।


लम्बी फिल्मे नुकसान लम्बा 
एक बात और भी।  लम्बी फिल्मे नुकसानदेह भी होती हैं, ख़ास तौर  पर अगर वह दर्शकों का अच्छा मनोरंजन नहीं कर पाती।  ऐसे में सिनेमाघरों से बाहर निकलते दर्शकों की खराब प्रतिक्रिया फिल्म को मिलती है। फिल्म जल्दी बैठ जाती है।  सलमान खान की फिल्म ट्यूबलाइट और रेस ३ की लम्बाई क्रमशः २ घंटा ५१ मिनट और २ घंटा ४० मिनट थी।  दर्शकों की खराब प्रतिक्रिया ने फिल्मों का भट्टा बैठाल दिया।

क्या हो ठीक लम्बाई ! 
इसे देखते हुए ही सलमान खान फिल्म भारत की लम्बाई ३ घंटे से ज़्यादा के बजाय २ घंटा ४५ मिनट तक रखना चाहते हैं।  सलमान खान की फिल्म एक था टाइगर २ घंटा १३ मिनट और किक २ घंटा २६ मिनट लम्बी थी और सुपरहिट हुई थी।  इसलिए, भारत पर एडिटर की कैंची चलनी है। 

शाहरुख़ खान ने मनाया  बर्थडे, रिलीज़ होगा जीरो  ट्रेलर  - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment