Sunday 21 February 2021

शाहरुख़ खान के पठान सलमान खान


इस खबर के बाहर आते ही शाहरुख़ खान और सलमान खान के प्रशंसकों में ख़ुशी की लहर दौड़ गई कि शाहरुख खान की फिल्म पठान में
, सलमान खान विशेष महत्वपूर्ण भूमिका में होंगे। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही फिल्म पठान एक एक्शन फिल्म है। इस फिल्म में शाहरुख़ खान के अंडरकवर एजेंट होने की खबर है। यह लम्बे समय बाद शाहरुख़ खान की एक्शन फिल्म बताई जा रही है। सिद्धार्थ आनंद निर्देशित इस फिल्म में जॉन अब्राहम विलेन की भूमिका में है। फिल्म में शाहरुख़ खान की जोड़ीदार दीपिका पादुकोण हैं, लेकिन तहलका मचाया शाहरुख़ खान और सलमान खान की जोड़ी बनने की खबर ने। क्या शाहरुख़ खान और सलमान खान की जोड़ी पठान को बॉक्स ऑफिस पर हिट फिल्म बना पायेगी?

बॉलीवुड की खान जोड़ी - यहाँ बताते चलें कि पठान में सलमान खान की भूमिका पूरी लम्बाई की नहीं है। वह थोड़े समय के लिए ही परदे पर होंगे। इसी प्रकार से थोड़े समय के लिए ही, शाहरुख़ खान भी सलमान खान की फिल्म में नज़र आते रहे हैं। हालाँकि, इन दोनों ने पूरी लम्बाई की भूमिका वाली करण अर्जुन, कुछ कुछ होता है, हर दिल जो प्यार करेगा और हम तुम्हारे हैं सनम में की थी। हालाँकि, कुछ कुछ होता है में सलमान खान का थोड़ा लम्बा स्पेशल अपीयरेंस था। यह सभी फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल हुई। इस लिहाज़ से, सलमान खान की पठान में विशेष भूमिका फिल्म का हिट होना साबित करती है।

दुश्मन जोड़ी ?- हालाँकि, सलमान खान और शाहरुख़ खान बॉलीवुड के बड़े सितारे हैं। इनकी फ़िल्में १००-२०० करोड़ का कारोबार आराम से कर ले जाती है। लेकिन, किसी फिल्म में इन दोनों का होना, उस फिल्म को बड़ी हिट बनाने की गारंटी नहीं बन जाता। क्या सचमुच यह दोनों किसी फिल्म की सफलता की गारंटी बन सकती है। अगर ऐसा होता तो जीतेंद्र और सुमालता की फिल्म दुश्मन दुनिया का को बड़ी हिट फिल्म बन जाना चाहिए था। पर यह जोड़ी दुश्मन दुनिया का की दुश्मन ही साबित हुई। क्योंकि, दर्शक इस जोड़ी को परदे पर देखना चाहते थे, लेकिन, यह दोनों अलग अलग सिर्फ थोड़े समय के लिए ही नज़र आये। इससे दर्शक निराश हुए। फिल्म फ्लॉप हो गई।

सलमान खान का कैमिया - सलमान खान और शाहरुख़ खान, दोनों ही अपनी सोलो फिल्मों में व्यस्त रहे हैं। इन दोनों को एक साथ लेकर फ़िल्में बनाने की तमाम कोशिशें बेकार साबित हुई है। इसके बावजूद, इन दोनों ने एक दूसरे की फिल्मों में विशेष दृश्य या कैमिया किये। सलमान खान ने शाहरुख़ खान की फिल्म ओम शान्ति ओम और जीरो में ख़ास भूमिका की थी। ओम शान्ति ओम में सलमान खान एक गीत दीवानगी दीवानगी में बॉलीवुड के दूसरे तमाम सितारों के साथ थिरक रहे थे। लेकिन, आनंद एल राज निर्देशित तथा शाहरुख़ खान के साथ कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा की मुख्य भूमिका वाली फिल्म जीरो में सलमान खान की छोटी भूमिका फिल्म को जीरो साबित होने से नहीं बचा सकी।

चली नहीं ट्यूबलाइट - ठीक शाहरुख़ खान की फिल्मों की तरह ही, सलमान खान की फिल्म को भी शाहरुख़ खान का कैमिया या विशेष भूमिका रास नहीं आई। शाहरुख़ खान ने सलमान खान की एक फिल्म ट्यूबलाइट (२०१७) में कैमिया किया था। आज की ही तरह उस समय भी यह चर्चा थी कि १५ साल बाद, शाहरुख़ खान और सलमान खान एक साथ आ रहे हैं। परन्तु, ट्यूबलाइट को शाहरुख़ खान का विशेष आगमन दर्शकों को आकर्षित नहीं कर सका। फिल्म बुरी तरह से फ्लॉप हुई।

जीरो के बाद पठान - ऐसा कहना उपयुक्त नहीं कि सलमान खान की विशेष भूमिका पठान को हिट बना देगी। क्योंकि, शाहरुख़ खान खुद अपने आप में बॉलीवुड के बादशाह है। बेशक उनकी पिछली दो जीरो और जब हैरी मेट सेजल बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से लुढ़की थी।  इसके बावजूद शाहरुख़ खान का आकर्षण बना हुआ है। पठान उनकी दो साल बाद रिलीज़ हो रही फिल्म है। पठान का निर्देशन वॉर जैसी बड़ी हिट के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। सिद्धार्थ आनंद ने बैंग बैंग जैसी हिट फिल्म का निर्माण भी किया है। इसलिए फिल्म को सिद्धार्थ आनंद और शाहरुख़ खान की जोड़ी से ही उम्मीद करनी चाहिए, सलमान खान के कैमिया से नहीं।

 

No comments:

Post a Comment