Showing posts with label Kalyani Priyadarshan. Show all posts
Showing posts with label Kalyani Priyadarshan. Show all posts

Tuesday, 14 July 2026

#RanveerSingh की #ZombieThriller फिल्म #Pralay के लिए #28DaysLater के आर्टिस्ट !



धुरंधर श्रंखला की दो फिल्मों की धुरंधर सफलता के बाद, अभिनेता रणवीर सिंह, एक बार फिर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करना चाहते लगते है।  यह फिल्म है ज़ोंबी थ्रिलर फिल्म प्रलय, जो बर्बाद हो चुके मुंबई के कथानक पर है। इस फिल्म में रणवीर सिंह और कल्याणी 'लोका चैप्टर १' प्रियदर्शन अपनी जान बचते हुए शहर को बचाने के लिए निकले दम्पति की भूमिका कर रहे है। यह कल्याणी की पहली हिंदी फिल्म होगी।  




रणवीर सिंह की, ज़ॉम्बी सर्वाइवल थ्रिलर प्रलय भारतीय सिनेमा में अब तक के सबसे ज़्यादा तकनीकी रूप से समृद्ध और महत्वकांक्षी फिल्म के रूप में गिनी जा रही है, जिसमे ज़ोंबी शैली की परख की जा रही है। 




रोचक तथ्य यह है कि फिल्म के निर्माता निर्देशक जय मेहता ने फिल्म को विश्व स्तरीय बनाने के लिए कमर कस ली है। फिल्म को, भारत की अनोखी और स्वाभाविक ज़ोंबी फिल्म बनाने के लिए मेहता ने फिल्म से विश्व स्तर के मेकअप आर्टिस्ट्स को जोड़ना शुरू कर दिया है। बताते हैं कि फिल्म के निर्माता ने कथित तौर पर डैनी बॉयल की कल्ट क्लासिक 28 डेज़ लेटर (2002) के लेजेंडरी हॉलीवुड प्रोस्थेटिक मास्टर्स के साथ फिल्म के डरावने मरे हुए लोगों की भीड़ को बनाने के लिए सक्रिय बातचीत शुरू कर दी है।





प्रलय का बजट ३०० करोड़ बताया जा रहा है। किन्तु, इतने बजट के बावजूद सीजीआई पर निर्भर होना नहीं चाहते। इसके लिए उन्होंने अपनी कल्पना को साकार करने, चेहरे पर मेकअप पर निर्भर रहने का निर्णय लिया है ताकि ज़ोंबी फिल्म वास्तविकता के निकट लग सके।  इसके लिए उन्होंने पुराने ज़माने के सिनेमैटिक रियलिज़्म को दिखाने के लिए जाने-माने स्पेशल इफ़ेक्ट्स के पुराने अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों लिसा क्रॉली, एड्रियन गेटली, बैरी गॉवर और केट हिल से संपर्क किया है। इस मशहूर टीम को लेने से फिल्म की हॉरर पहचान तत्काल विश्व स्तर पर बन जाएगी।




विनाश ग्रस्त मुंबई के वातावरण को दिखाने के लिए, डायरेक्टर जय मेहता ऑस्ट्रेलिया में एक बहुत बड़ा और कई हफ़्तों का शूटिंग शेड्यूल बना रहे हैं। इस फिल्म की कहानी एक शादीशुदा जोड़े पर केंद्रित है जो बर्बाद मुंबई में ज़िंदा रहने के लिए संघर्ष कर रहा है।  




इस प्रोजेक्ट की ज़बरदस्त अपील में कल्याणी प्रियदर्शन का हिंदी डेब्यू भी शामिल है, जिन्होंने मलयालम सुपरहीरो एपिक लोका चैप्टर 1: चंद्रा में अपने करियर की सबसे बड़ी सफलता हासिल की है। इंडस्ट्री के सूत्रों ने बताया कि रणवीर सिंह ने एक्ट्रेस को पर्सनली एक स्पेशल कॉल किया ताकि हिंदी मार्केट में कदम रखने को लेकर उनकी झिझक दूर की जा सके। उन्होंने ज़ॉम्बी की दुनिया के बड़े पैमाने और नवीनता पर बल दिया 





प्रलय का पहला आधिकारिक कार्यक्रम सितम्बर २०२६ से प्रारम्भ होने जा रहा है। वेस्टर्न क्लासिक्स की डरावनी फिलॉसफी को इंडियन स्टोरीटेलिंग के रॉ इमोशनल हिस्से के साथ मिलाकर, जय मेहता की सर्वाइवल एपिक सबकॉन्टिनेंट में हॉरर-थ्रिलर के लिए एक बिल्कुल नया बेंचमार्क सेट करने के लिए तैयार है।




ऐसा प्रतीत होता है कि बॉलीवुड फिल्म निर्माण शैली में ज़ोंबी  प्रयोग करने जा रहा है। क्योंकि, वेलकम टू द जंगल के निर्देशक अहमद खान, अपनी बागी २, बागी ३ और हीरोपंथी २  फिल्मों के नायक टाइगर श्रॉफ के साथ ज़ोंबी कॉमेडी फिल्म का निर्माण प्रारम्भ करने जा रहे है।   

Friday, 3 July 2026

क्या #Pralay के #Zombie हैं #Dhurandhar एक्टर #RanveerSingh ?



समाचार है कि धुरंधर अभिनेता रणवीर सिंह, सितंबर से, निर्देशक जय मेहता की ज़ॉम्बी फ़िल्म 'प्रलय' शुरू करेंगे। इस समय, जय मेहता अपनी फिल्म की शूटिंग प्रारम्भ  करने की तैयारी में जुटे हुए है।  वह अपनी इस ज़ोंबी फिल्म की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया से प्रारम्भ करेंगे। 






भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे अधिक कारोबार करने वाली जासूसी एक्शन फ़िल्म धुरंधर के बाद, रणवीर सिंह पाकिस्तान के बाद, इस नई  दुनिया में क्या करने जा रहे हैं? क्या फिल्म प्रलय में,  फिल्म धुरंधर में भीषण रक्पात करने वाले हमजा की तरह मानव रक्त के प्यासे ज़ोम्बी बने हैं ? निसंदेह यह फिल्म ज़ोंबी जंतुओं की कयामत दिखाने वाली फिल्म है। किन्तु, रणवीर सिंह इस फिल्म में ज़ोंबी नहीं बने हैं।




  

यद्यपि, फिल्म प्रलय की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया से शुरू हो रही है।  किन्तु, फिल्म का कथानक बर्बाद मुंबई की पृष्ठभूमि पर ज़ोंबी आतंक पर  फिल्म है।  पूरी फिल्म, ज़ोंबी के आतंक से वीरान पड़ी मुंबई पर केन्द्रित है। प्रलय एक कयामत के बाद की दुनिया में सेट है। इसमें एक डायस्टोपियन मुंबई की कल्पना की गई है जो ज़ॉम्बी से भरी हुई है और एक शादीशुदा जोड़ा उसमें ज़िंदा रहने के लिए संघर्ष कर रहा है। तीन सौ करोड़ के बजट के साथ, यह फ़िल्म रणवीर सिंह के फिल्म जीवन की सबसे महँगी एकल हीरो फिल्म है।






  

रणवीर सिंह, इसी दम्पति का पुरुष चरित्र कर रहे हैं।  बताते हैं कि फिल्म में रणवीर सिंह की पत्नी की भूमिका सुपरहिट मलयालम फिल्म लोक पार्ट १ चंद्रा की नायिका कल्याणी प्रियदर्शन कर रही है।  मलयालम फिल्मों और  विगत दिनों सुपरहिट हुई हिंदी फिल्म भूत बंगला के सुप्रसिद्ध निर्देशक प्रियदर्शन की इकलौती बेटी है कल्याणी प्रियदर्शन। वह अब  तक डेढ़ दर्जन मलयालम, तमिल और तेलुगु फ़िल्में कर चुकी है।  प्रलय उन की पहली बॉलीवुड फिल्म होगी। 






जय मेहता, अपनी फिल्म को स्वाभाविक और रोमांचक बनाने के लिए कुछ छोड़ना नहीं चाहते।  इस फिल्म की ऑस्ट्रेलिया में शूटिंग अनुभवी तकनीशियनों की देखरेख में होगी। यह फिल्म वीएफएक्स पर भी बहुत अधिक निर्भर करेगी। फिल्म के लिए द हंगर गेम्स की शैली में मुंबई की कल्पना की गई है। इसके लिए तबाह मुंबई सेट्स बनाए जायेंगे।  शहर के बड़े हिस्से को डिजिटल रूप से पुराना किया जाएगा ताकि इसे परित्यक्त रूप दिया जा सके।






भारतीय दर्शकों को, विदेशी ज़ोंबी चरित्र आकर्षित करता है।  अब तक संख्या में कम बनी फिल्म शैली वाली ज़ोम्बी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली है। इस  प्रकार की कुछ फिल्मों का विवरण निम्न प्रकार है -   





गो गोवा गॉन (२०१३) हिन्दी में निर्मित इस फिल्म के मुख्य कलाकार सैफ अली खान, कुणाल खेमू, वीर दास, आदि थे। यह भारत की पहली मुख्यधारा की एक्शन ज़ॉम्बी फ़िल्म मानी जाती है। यह एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म  है, जिसमें गोवा की एक रेव पार्टी के दौरान एक नए ड्रग के कारण लोग ज़ॉम्बी बन जाते हैं।






ज़ॉम्बी रेड्डी (२०२१) तेलुगू में निर्मित और हिंदी में भी डब  फिल्म है।  इसके मुख्य कलाकार  तेजा सज्जा, आनंदी, दक्षा नगरकर हैं। प्रशांत वर्मा द्वारा निर्देशित यह तेलुगू सिनेमा की पहली ज़ॉम्बी फ़िल्म है। इसमें रायलसीमा क्षेत्र के गुटीय संघर्ष  को ज़ॉम्बी महामारी के साथ बेहद अनोखे और मनोरंजक तरीकों से जोड़ा गया है।






मिरुथन (२०१६) तमिल भाषा में निर्मित और हिंदी में डैरिंग रखवाला नाम से डब फिल्म है।  इस फिल्म के मुख्य कलाकार जयम रवि, लक्ष्मी , जैसे प्रतिष्ठित नाम है। यह तमिल सिनेमा की पहली ज़ॉम्बी फ़िल्म है। ओट में एक केमिकल लीक के कारण वायरस फैलता है, जिससे लोग ज़ोंबी बनने लगते है।






बेताल (२०२०) हिंदी भाषा में निर्मित नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज़ है। इसके मुख्य कलाकार विनीत कुमार सिंह, अहाना कुमार हैं। तथापि यह फ़िल्म नहीं बल्कि सीरीज़ है, लेकिन भारतीय ज़ॉम्बी जॉनर में इसका बड़ा नाम है। इसमें ब्रिटिश काल के मरे हुए अनडेड सैनिक और उनके अधिकारी आधुनिक सैनिकों पर हमला करते हैं।






घोस्ट स्टोरीज़ (२०२०) हिंदी भाषा में निर्मित नेटफ्लिक्स सीरीज है। इस एंथोलॉजी फ़िल्म की दिवाकर बनर्जी द्वारा निर्देशित तीसरी कहानी पूरी तरह से ज़ॉम्बी विषय पर आधारित थी, जिसमें एक व्यक्ति ऐसे गाँव में पहुँचता है जहाँ लोग इंसानों को खा रहे होते हैं।





जी - ज़ॉम्बी (२०२१) तेलुगु भाषा में बनाई गई आर्यन गौरा, दिव्या पांडे की मुख्य भूमिका वाली फिल्म है। यह फिल्म मेडिकल थ्रिलर फिल्म है, जहाँ युवा डॉक्टरों की एक टीम इम्युनिटी वैक्सीन विकसित करने की कोशिश करती है, लेकिन वायरस की वजह से लोग ज़ॉम्बी बनने लगते हैं।

Monday, 13 October 2025

#JioHotstar पर १७ अक्टूबर से #LokahChapter1



छविगृहों में देखने से वंचित रह गए दर्शकों के लिए सुसमाचार।  प्रियदर्शन की बिटिया कल्याणी प्रियदर्शन की हॉरर फिल्म लोका चैप्टर १ चंद्रा अब ओटीटी पर प्रदर्शित होने जा रही है। इस फिल्म के, डिजिटल प्लेटफार्म जिओ हॉटस्टार पर १७ अक्टूबर २०२५ से स्ट्रीम होने की संभावना है।






अभी लोका पार्ट १ के हिंदी संस्करण के स्ट्रीम होने पर थोड़ा संदेह है। ऐसा इसलिए कि लोका पार्ट १ २८ अगस्त २०२५ को छविगृहों में प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म का हिंदी संस्करण एक सप्ताह बाद ही प्रदर्शित हो सका था।  फिल्म निर्माताओं और प्रदर्शकों के समझौते के अनुसार कोई हिंदी फिल्म या हिंदी संस्करण में फिल्म प्रदर्शन के आठ सप्ताह बाद ही ओटीटी पर प्रदर्शित हो सकती है।  अन्य भाषाओँ में फ़िल्में केवल चार सप्ताह बाद ही ओटीटी पर आ सकती है।




 

इस दृष्टि से, लोका के मलयालम, तेलुगु और तमिल संस्करणों को छविगृहों में अधिक सपताह तक प्रदर्शित होने का अवसर मिला। समझौते के अनुसार फिल्म १९ सितम्बर या इसके आसपास प्रदर्शित हो सकती थी। किन्तु छविगृहों में फिल्म को दर्शकों से मिल रहे  प्यार को देखते हुए, फिल्म को छविगृहों में चलने देने का  निर्णय लिया गया।  इसीलिए लोका पार्ट १ का हिंदी संस्करण १७ अक्टूबर को प्रदर्शित होने में संदेह है।






लोका पार्ट १ ने अपने प्रदर्शन के पश्चात् कीर्तिमान स्थापित किये थे। यह सबसे अधिक व्यवसाय करने वाली मलयालम फिल्म बन चुकी है।  इस फिल्म ने मोहनलाल की मलयालम फिल्म थुद्रुम को पीछे धकेल दिया था। इस फिल्म ने  पहले सात दिनों में ही १०० करोड़ का व्यवसाय कर डाला।  फिल्म ने अपनी चंद्रा अर्थात कल्याणी प्रियदर्शन को मलयालम फिल्मों की सुपरस्टार बना दिया। 






लोका चैप्टर १ चंद्रा एक स्त्री सुपरहीरो चंद्रा की  कहानी है। फिल्म का निर्माण मलयालम फिल्म अभिनेता दुलकर सलमान ने किया है।  वह इस फिल्म को पांच भागों में निर्मित करना चाहते है।  यही कारण है कि पहले चैप्टर के छविगृहों से विदा लेने से पूर्व ही फिल्म के दूसरे हिस्से की शूटिंग भी प्रारम्भ हो चुकी है।






लोका चैप्टर १ चंद्रा ने,  वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ३०० करोड़ का ग्रॉस पार कर लिया है। ऐसा कर अपने वाली यह पहली मलयालम फिल्म बन गई है।  इससे पहले मोहनलाल की मलयालम फिल्म एमपुराण २ ने वर्ल्डवाइड २३५ का व्यवसाय किया था। केरल में फिल्म ने १२० करोड़ का व्यवसाय किया।  बाकी देश में फिल्म ने ६० करोड़ से अधिक का व्यवसाय किया।  स्पष्ट रूप से निर्देशक डॉमिनिक अरुण ने स्त्री सुपरहीरो का भारतीय अवतार सृजित कर दिया है।  

Tuesday, 23 September 2025

मलयालम फिल्म इंडस्ट्री की इंडस्ट्री हिट अभिनेत्री #KalyaniPriyadarshan !



मलयालम फिल्म अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने, न केवल सबसे अधिक ग्रॉस करने वाली पहली नारी प्रधान भूमिका वाली  फिल्म दी, बल्कि इसके साथ ही एक इंडस्ट्री हिट फिल्म भी दे दी है। 




सेलुलॉइड के भयावने संसार में हास्य का मिश्रण कर सुपरहिट फिल्म देने वाले मलयाली फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन की बेटी कल्याणी ने विशुद्ध भयावनी फिल्म लोक पार्ट १ चंद्रा को बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट बना दिया है। अभिनेता दुलकर सलमान की फिल्म निर्माण संस्था वेफेअर के अंतर्गत निर्मित फिल्म लोक पार्ट १ चंद्रा के निर्माण में ३० करोड़ व्यय हुए थे। यह फिल्म अब तक पूरी दुनिया में २७५ करोड़ का कुल व्यवसाय कर चुकी है।  और अभी भी बॉक्स ऑफिस पर भीड़ खींच रही है।




कल्याणी प्रियदर्शन की फिल्म लोक पार्ट १ चंद्रा इस दृष्टि से भिन्न है कि मलयाली फिल्म इंडस्ट्री को अभी तक किसी अभिनेत्री ने इतनी बड़ी हिट फिल्म अपने बल पर नहीं दी है।  कल्याणी ने इस मिथ को असत्य घोषित कर दिया है। फिल्म लोक पार्ट १, न केवल नारी प्रधान हिट बन गई, बल्कि इस फिल्म ने मोहनलाल और पृथ्वीराज की इसी साल की हिट फिल्म लूसिफर पार्ट २ के सबसे अधिक २६८ करोड़ के कुल व्यवसाय को भी पीछे धकेल दिया है।  




यहाँ बताते चलें कि कल्याणी के पिता प्रियदर्शन ने, मोहनलाल के साथ हेलो माय डिअर रॉंग नंबर, थालवट्टम, कालापानी, ओप्पम, आदि सुपरहिट फ़िल्में दी है। प्रियदर्शन, अपनी सफलता का श्रेय अपने बचपन के मित्र मोहनलाल के सुपरस्टार को देते है। समाचार यह है कि प्रियदर्शन अपने फिल्म जीवन की १००वी फिल्म मोहनलाल के साथ बनाएंगे। वह कल्याणी को अभिनय के सन्दर्भ में मोहनलाल के अभिनय को देखने की सलाह देते है। 




कल्याणी प्रियदर्शन की फिल्म लोक पार्ट १ इंडस्ट्री हिट ही नहीं, दर्शक संख्या के मामले में भी कीर्तिमान स्थापित कर रही है। अभी तक इस फिल्म के ५० लाख टिकट बिक चुके है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जैसा प्रदर्शन कर रही  है, उससे फिल्म की टिकट बिक्री की संख्या में वृद्धि ही होगी। 





लोक पार्ट १ चंद्रा, केवल कल्याणी की पहली सुपरहिट महिला प्रधान फिल्म या मलयालम फिल्म इंडस्ट्री की इंडस्ट्री हिट फिल्म नहीं है, बल्कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा में मलयालम फिल्मों के बढ़ते प्रभाव  को भी इंगित करती है। यह फिल्म प्राचीन लोक कथाओं के आधुनिक सन्दर्भों के साथ सफल मिश्रण किये जाने की राह भी खोलती प्रतीत होती है। अब देखने वाली बात होगी कि  लोक पार्ट १ का दूसरा भाग बॉक्स ऑफिस पर किस प्रकार की छाप छोड़ती है!

Tuesday, 26 August 2025

#LokahChapter1 की सुपर हीरो #KalyaniPriyadarshan



ओणम २०२५, मलयालम फिल्मों, विशेष रूप से अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन के लिए महत्वपूर्ण है। इस वर्ष ओणम पर, कल्याणी की फिल्म फ़िल्में प्रदर्शित हो रही है। पहली फिल्म, निर्देशक डोमिनिक अरुण की फंतासी सुपरहीरो फिल्म है।  यह फिल्म २८ अगस्त को प्रदर्शित होगी। दूसरी फिल्म मोहनलाल के साथ ओडम कुथिरा चादुम कुथिरा रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है। सुपरहीरो फिल्म लोक चैप्टर १ चंदा की सुपर पावर पाने वाली चंदा कल्याणी ही है। 




मलयालम फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन और फिल्म अभिनेत्री लिसी की ५ अप्रैल १९९३ को चेन्नई में जन्मी बेटी कल्याणी प्रियदर्शन का चलचित्र जगत से प्रथम परिचय साबू सिरिल के लिए फिल्म कृष ३ के सह निर्माण निर्देशक के रूप में काम कर हुआ।  कदाचित, सुपर हीरो से उनका पहला परिचय यही से हुआ।





कल्याणी का कैमरा से पहला परिचय निखिल अक्किनेनी की रोमांटिक एक्शन फिल्म हेलो से हुआ। यद्यपि, विक्रम कुमार द्वारा निर्देशित हेलो को बॉक्स ऑफिस पर औसत सफलता मिली।  किन्तु, कल्याणी को अपने स्वाभाविक अभिनय के लिए समालोचकों की प्रशंसा मिली। इस भूमिका के लिए कल्याणी को सर्वश्रेष्ठ महिला पदार्पण के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार और २०१७ की शीर्ष तेलुगु फिल्म अभिनेत्रियों की सूची में जगह दिलाई। इसके बाद, कल्याणी को मलयालम के अतिरिक्त तमिल और तेलुगु फ़िल्में मिलती चली गई।




मलयालम फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन की बेटी कल्याणी को, प्रियदर्शन के प्रिय अभिनेता मोहनलाल के बेटे प्रणव मोहनलाल के साथ पहली फिल्म मारक्कर लायन ऑफ़ द अरेबियन में मिला। प्रणव के साथ अभिनय करने का दूसरा अवसर फिल्म वर्षांगलक्कु शेषम में मिला। इस फिल्म में उन्होंने प्रणव की पूर्व प्रेमिका की भूमिका की थी। 





उन्होंने रोमांटिक एक्शन फिल्म हीरो (२०२१) और धनुष द्वारा निर्देशित रायन (२०२४) के साथ तमिल सिनेमा में प्रवेश किया. तेलुगु फिल्मों में, वह टाइम-लूप थ्रिलर मनाडू (२०२१) और कॉमेडी-ड्रामा ब्रो डैडी (२०२२) में दिखाई दीं । यह फिल्में भिन्न शैली वाली फ़िल्में थी।





कल्याणी अब तक अखिल के अतिरिक्त सई धरमतेज, सर्वानंद, शिवकार्तिकेयन, दुलकर सलमान, सीलाम्बरासन, पृथ्वीराज सुकुमारन, आदि अभिनेताओं के साथ अभिनय कर चुकी है। उन्हें पिता पुत्र मोहनलाल और प्रणव मोहनलाल के साथ फिल्म मराक्कर में अभिनय करने का अवसर मिला।    

Monday, 28 July 2025

#KalyaniPriyadarshan की पहली महिला सुपर हीरो फिल्म #LokahTeaser



मलयालम फिल्म लोका  (लोक अर्थात दुनिया) का टीज़र चौंकाने वाला है। इस टीज़र को देख कर विश्वास नहीं होता कि यह किसी मलयालम फिल्म का टीज़र है।  एकदम हाई क्लास।  हॉलीवुड की फिल्मों को टक्कर देने वाला। यदि, चेहरे भारतीय न हो तो किसी विदेशी फिल्म की अनुभूति होती है। 






लोका चैप्टर १ चंदा,  मलयालम फिल्म अभिनेता  दुलकर सलमान के फिल्म निर्माण बैनर वेफरर  के अंतर्गत बनी सुपरहीरो फिल्म है।  यह मलयालम फिल्मो की पहली महिला सुपरहीरो फिल्म है।  इस फिल्म  में, सुपरहीरो चंदा की भूमिका कल्याणी  प्रियदर्शन ने की है।  कल्याणी, प्रसिद्द फिल्म निर्देशक  प्रियदर्शन की अभिनेत्री लिसी से बेटी है।





लोका चैप्टर १ चंदा का टीज़र युद्ध से ध्वस्त किसी काल्पनिक स्थान में युद्धग्रस्त लोगों के समर्थन में उतरे कुछ लोग, जिनमे एक सुपरहीरो शक्ति वाली  चन्दा भी है, दिखाई देते है।  वह सुपरहीरो की वेशभूषा में हथियारबंद सैनिकों से युद्ध कर  रही है।  यह टीज़र कहानी के प्रति उत्सुकता पैदा करने वाला है। टीज़र को देखते हुए, किसी रहस्यपूर्ण वास्तविक दुनिया की अनुभूति होती है।  इसे अधिक बढ़ाती  है कल्याणी की चंदा। 





चंदा के रहस्यमय लोक का रहस्य  उनके साथी पुरुष अभिनेता नेस्लेन के गफूर भी बढ़ाते हैं। इस फिल्म को डोमिनिक अरुल ने लिखा और निर्देशित किया है। इस फिल्म का यह पहला भाग सफल हुआ तो कल्याणी प्रियदर्शन भारतीय सिनेमा को पहली महिला सुपरहीरो देंगी ही, फिल्म के अगले भागों में भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।





यह फिल्म ओणम पर्व पर २८ अगस्त को प्रदर्शित होगी। केरल में ओणम का पर्व चार दिनों तक  पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।  इसलिए आशा है कि दर्शकों को चंदा का संसार आकर्षित करेगा।