समाचार है कि धुरंधर अभिनेता रणवीर सिंह, सितंबर से, निर्देशक जय मेहता की ज़ॉम्बी फ़िल्म 'प्रलय' शुरू करेंगे। इस समय, जय मेहता अपनी फिल्म की शूटिंग प्रारम्भ करने की तैयारी में जुटे हुए है। वह अपनी इस ज़ोंबी फिल्म की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया से प्रारम्भ करेंगे।
भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे अधिक कारोबार करने वाली जासूसी एक्शन फ़िल्म धुरंधर के बाद, रणवीर सिंह पाकिस्तान के बाद, इस नई दुनिया में क्या करने जा रहे हैं? क्या फिल्म प्रलय में, फिल्म धुरंधर में भीषण रक्पात करने वाले हमजा की तरह मानव रक्त के प्यासे ज़ोम्बी बने हैं ? निसंदेह यह फिल्म ज़ोंबी जंतुओं की कयामत दिखाने वाली फिल्म है। किन्तु, रणवीर सिंह इस फिल्म में ज़ोंबी नहीं बने हैं।
यद्यपि, फिल्म प्रलय की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया से शुरू हो रही है। किन्तु, फिल्म का कथानक बर्बाद मुंबई की पृष्ठभूमि पर ज़ोंबी आतंक पर फिल्म है। पूरी फिल्म, ज़ोंबी के आतंक से वीरान पड़ी मुंबई पर केन्द्रित है। प्रलय एक कयामत के बाद की दुनिया में सेट है। इसमें एक डायस्टोपियन मुंबई की कल्पना की गई है जो ज़ॉम्बी से भरी हुई है और एक शादीशुदा जोड़ा उसमें ज़िंदा रहने के लिए संघर्ष कर रहा है। तीन सौ करोड़ के बजट के साथ, यह फ़िल्म रणवीर सिंह के फिल्म जीवन की सबसे महँगी एकल हीरो फिल्म है।
रणवीर सिंह, इसी दम्पति का पुरुष चरित्र कर रहे हैं। बताते हैं कि फिल्म में रणवीर सिंह की पत्नी की भूमिका सुपरहिट मलयालम फिल्म लोक पार्ट १ चंद्रा की नायिका कल्याणी प्रियदर्शन कर रही है। मलयालम फिल्मों और विगत दिनों सुपरहिट हुई हिंदी फिल्म भूत बंगला के सुप्रसिद्ध निर्देशक प्रियदर्शन की इकलौती बेटी है कल्याणी प्रियदर्शन। वह अब तक डेढ़ दर्जन मलयालम, तमिल और तेलुगु फ़िल्में कर चुकी है। प्रलय उन की पहली बॉलीवुड फिल्म होगी।
जय मेहता, अपनी फिल्म को स्वाभाविक और रोमांचक बनाने के लिए कुछ छोड़ना नहीं चाहते। इस फिल्म की ऑस्ट्रेलिया में शूटिंग अनुभवी तकनीशियनों की देखरेख में होगी। यह फिल्म वीएफएक्स पर भी बहुत अधिक निर्भर करेगी। फिल्म के लिए द हंगर गेम्स की शैली में मुंबई की कल्पना की गई है। इसके लिए तबाह मुंबई सेट्स बनाए जायेंगे। शहर के बड़े हिस्से को डिजिटल रूप से पुराना किया जाएगा ताकि इसे परित्यक्त रूप दिया जा सके।
भारतीय दर्शकों को, विदेशी ज़ोंबी चरित्र आकर्षित करता है। अब तक संख्या में कम बनी फिल्म शैली वाली ज़ोम्बी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली है। इस प्रकार की कुछ फिल्मों का विवरण निम्न प्रकार है -
गो गोवा गॉन (२०१३) हिन्दी में निर्मित इस फिल्म के मुख्य कलाकार सैफ अली खान, कुणाल खेमू, वीर दास, आदि थे। यह भारत की पहली मुख्यधारा की एक्शन ज़ॉम्बी फ़िल्म मानी जाती है। यह एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें गोवा की एक रेव पार्टी के दौरान एक नए ड्रग के कारण लोग ज़ॉम्बी बन जाते हैं।
ज़ॉम्बी रेड्डी (२०२१) तेलुगू में निर्मित और हिंदी में भी डब फिल्म है। इसके मुख्य कलाकार तेजा सज्जा, आनंदी, दक्षा नगरकर हैं। प्रशांत वर्मा द्वारा निर्देशित यह तेलुगू सिनेमा की पहली ज़ॉम्बी फ़िल्म है। इसमें रायलसीमा क्षेत्र के गुटीय संघर्ष को ज़ॉम्बी महामारी के साथ बेहद अनोखे और मनोरंजक तरीकों से जोड़ा गया है।
मिरुथन (२०१६) तमिल भाषा में निर्मित और हिंदी में डैरिंग रखवाला नाम से डब फिल्म है। इस फिल्म के मुख्य कलाकार जयम रवि, लक्ष्मी , जैसे प्रतिष्ठित नाम है। यह तमिल सिनेमा की पहली ज़ॉम्बी फ़िल्म है। ओट में एक केमिकल लीक के कारण वायरस फैलता है, जिससे लोग ज़ोंबी बनने लगते है।
बेताल (२०२०) हिंदी भाषा में निर्मित नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज़ है। इसके मुख्य कलाकार विनीत कुमार सिंह, अहाना कुमार हैं। तथापि यह फ़िल्म नहीं बल्कि सीरीज़ है, लेकिन भारतीय ज़ॉम्बी जॉनर में इसका बड़ा नाम है। इसमें ब्रिटिश काल के मरे हुए अनडेड सैनिक और उनके अधिकारी आधुनिक सैनिकों पर हमला करते हैं।
घोस्ट स्टोरीज़ (२०२०) हिंदी भाषा में निर्मित नेटफ्लिक्स सीरीज है। इस एंथोलॉजी फ़िल्म की दिवाकर बनर्जी द्वारा निर्देशित तीसरी कहानी पूरी तरह से ज़ॉम्बी विषय पर आधारित थी, जिसमें एक व्यक्ति ऐसे गाँव में पहुँचता है जहाँ लोग इंसानों को खा रहे होते हैं।
जी - ज़ॉम्बी (२०२१) तेलुगु भाषा में बनाई गई आर्यन गौरा, दिव्या पांडे की मुख्य भूमिका वाली फिल्म है। यह फिल्म मेडिकल थ्रिलर फिल्म है, जहाँ युवा डॉक्टरों की एक टीम इम्युनिटी वैक्सीन विकसित करने की कोशिश करती है, लेकिन वायरस की वजह से लोग ज़ॉम्बी बनने लगते हैं।
No comments:
Post a Comment