जैसा कि अनुमान लगाया जा रहा था, फिल्म निर्माता एकता कपूर ने, अपनी २८ अगस्त को प्रदर्शन के लिए तैयार फिल्म वन की प्रदर्शन की तिथि बढ़ा कर २५ सितम्बर कर दी है। यह फिल्म लोक कथाओं पर आधारित थ्रिलर फिल्म है। फिल्म के निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा हैं। मुख्य भूमिकाएं सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया ने की है।
एकता कपूर ने,फिल्म वन को २५ सितम्बर तक सरका कर, फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर सुरक्षित करने का प्रयास किया है। क्योंकि, २८ अगस्त को वन, यश की अखिल भारतीय स्तर पर ही नहीं, अखिल विश्व स्तर पर प्रदर्शित होने जा रही फिल्म टॉक्सिक सितम्बर को श्रद्धा कपूर की महाराष्ट्र की लावणी नर्तकी के जीवन पर आधारित फिल्म ईठा के बीच सैंडविच बनी हुई थी। इससे सिद्धार्थ की फिल्म को स्क्रीन मिलने तक के लाले लगे हुए थे।
२५ सितम्बर को, बॉक्स ऑफिस पूरी तरह से सिद्धार्थ की फिल्म वन के लिए खुला हुआ है। इस दिन, अभी तक की सूचनाओं के अनुसार, हॉलीवुड की ब्रैड पिट अभिनीत एक्शन थ्रिलर फिल्म हार्ट ऑफ़ द बीस्ट ही प्रदर्शित हो रही है। इससे पहले के शुक्रवार १८ सितम्बर को भी, हॉलीवुड की हॉरर थ्रिलर रेजिडेंट ईविल और करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की क्राइम ड्रामा फिल्म दायरा ही प्रदर्शित हो रही है। यह दोनों फ़िल्में सिद्धार्थ की वन के बहुत अधिक स्क्रीन नहीं छीन लेने वाली है।
फिल्म वन की निर्माता एकता कपूर ने एक अन्य कारनामा भी किया है। उन्होंने, स्पेलिंग के अक्षरों को टोटका करते हुए, अतिरिक्त वी वाले शीर्षक वन की अंग्रेजी स्पेलिंग में एक ए अतिरिक्त जोड़ कर, आगे द लगा दिया है। कपूर का यह करिश्मा, द व्वान के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर क्या सकारात्मक प्रभाव डालेगा, यह तो २५ सितम्बर को ही साफ हो सकेगा। किन्तु, इस समय तो उन्होंने वन को बड़े टकराव से बचाते हुए, अधिक स्क्रीन पा सकने का जुगाड़ अवश्य कर लिया है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा अपनी फिल्मो की असफलता से जूझ रहे है। उन्हें आवश्यकता है एक अदद हिट फिल्म की। व्वान: फोर्स ऑफ़ द फॉरेस्ट का थ्रिल और पौराणिक कथानक उनको आस बढ़ाने वाला है। फिल्म में उनकी नायिका तमन्ना भाटिया है। तमन्ना भाटिया, आइटम गर्ल के खांचे में फिट कर दी गई है। उनकी विशेष भूमिका वाली फिल्म ओ रोमियो भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ विशेष नहीं कर सकी है। स्पष्ट है कि सिद्धार्थ की तरह तमन्ना की तमन्ना भी एक अदद हिट फिल्म है। क्या इन दोनों की तमन्ना पूरी होगी?
No comments:
Post a Comment