Sunday, 5 July 2026

#Priyadarshan के #WickedSunny होंगे #AkshayKumar !



कोई २२ साल पहले,  ३० जुलाई २००४ को प्रदर्शित फिल्म मुझसे शादी करोगी का अतीत एक बार फिर आँखों के सामने घूम गया है।  इसका कारण है, निर्देशक प्रियदर्शन द्वारा घोषित फिल्म विकेड सनी।  प्रियदर्शन ने अपनी इस कॉमेडी फिल्म का नायक अक्षय कुमार को भी बनाया है।  मुझसे शादी करोगी की याद आने का कारण यही है। 





डेविड धवन निर्देशित और अनीस बज्मी की लिखी फिल्म मुझसे शादी करोगी में प्रियंका चोपड़ा के दो नायक सलमान खान और अक्षय कुमार थे।  सलमान खान ने  जल्द ही अत्यंत क्रोध में आ जाने वाले युवा समीर की भूमिका की थी।  इस फिल्म में अक्षय कुमार भी सलमान खान की तरह प्रियंका चोपड़ा से प्रेम करते है।  फिल्म में अक्षय कुमार के चरित्र का नाम सनी था।  





दरअसल, अक्षय कुमार ही समीर यानि सलमान खान के बचपन के दोस्त अरुण थे, जो समीर के क्रोध के कारण उसे छोड़ कर चला गया था।  लम्बे समय बाद, अरुण ही चालाक सनी बन कर वापस आता है और समीर के गुस्से को नियंत्रित कर  उसको उसका प्यार दिलवाता है।  





सनी, फिल्म मुझसे शादी करोगी का कल्ट कैरेक्टर था।  इस चरित्र को स्टैंडअलोन फिल्म का नायक बनाना, प्रियदर्शन का एक चतुर निर्णय है।  इस प्रकार से वह, २२ साल पहले रिलीज़ फिल्म की याद तो ताजा  करवाते ही है, इस फिल्म में अक्षय कुमार के सनी की याद भी ताजा करवा देते है। यही कारण है कि फिल्म को इसकी घोषणा के साथ ही हाथों हाथ लिया गया है।  





जो भी हो, विकेड सनी में अक्षय कुमार, ठेठ मुझसे शादी करोगी के अरुण उर्फ़ सनी के चोले में नहीं होंगे।  बताते हैं कि२फ़िल्म में वह विचित्र हास्य अवतार में होंगे। इस चरित्र को भूत बंगला और वेलकम टू द जंगल जैसी हालिया प्रदर्शित हास्य फिल्मों में उनके निभाए गए चरित्रों से बिल्कुल अलग होगा।





विकेड सनी, अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की, टिप्स फिल्म्स  द्वारा समर्थित हास्य थ्रिलर फिल्म होगी। इस फिल्म को रोहन शंकर के साथ प्रियदर्शन ने लिखा है। टिप्स फिल्म्स ने कभी एक से बढ़ कर एक मनोरंजक संगीतमय रोमांस फिल्मों का निर्माण किया था।  यह परियोजना, अक्षय कुमार-प्रियदर्शन जोड़ी का नौंवा सहकार है। इस फिल्म में बढ़िया हास्य व्यंग्य और रहस्य का तड़का भी होगा। इस फिल्म की शूटिंग इस साल दिसंबर से प्रारम्भ हो जाएगी। 

No comments: