Showing posts with label Jio Hotstar. Show all posts
Showing posts with label Jio Hotstar. Show all posts

Monday, 13 October 2025

#JioHotstar पर १७ अक्टूबर से #LokahChapter1



छविगृहों में देखने से वंचित रह गए दर्शकों के लिए सुसमाचार।  प्रियदर्शन की बिटिया कल्याणी प्रियदर्शन की हॉरर फिल्म लोका चैप्टर १ चंद्रा अब ओटीटी पर प्रदर्शित होने जा रही है। इस फिल्म के, डिजिटल प्लेटफार्म जिओ हॉटस्टार पर १७ अक्टूबर २०२५ से स्ट्रीम होने की संभावना है।






अभी लोका पार्ट १ के हिंदी संस्करण के स्ट्रीम होने पर थोड़ा संदेह है। ऐसा इसलिए कि लोका पार्ट १ २८ अगस्त २०२५ को छविगृहों में प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म का हिंदी संस्करण एक सप्ताह बाद ही प्रदर्शित हो सका था।  फिल्म निर्माताओं और प्रदर्शकों के समझौते के अनुसार कोई हिंदी फिल्म या हिंदी संस्करण में फिल्म प्रदर्शन के आठ सप्ताह बाद ही ओटीटी पर प्रदर्शित हो सकती है।  अन्य भाषाओँ में फ़िल्में केवल चार सप्ताह बाद ही ओटीटी पर आ सकती है।




 

इस दृष्टि से, लोका के मलयालम, तेलुगु और तमिल संस्करणों को छविगृहों में अधिक सपताह तक प्रदर्शित होने का अवसर मिला। समझौते के अनुसार फिल्म १९ सितम्बर या इसके आसपास प्रदर्शित हो सकती थी। किन्तु छविगृहों में फिल्म को दर्शकों से मिल रहे  प्यार को देखते हुए, फिल्म को छविगृहों में चलने देने का  निर्णय लिया गया।  इसीलिए लोका पार्ट १ का हिंदी संस्करण १७ अक्टूबर को प्रदर्शित होने में संदेह है।






लोका पार्ट १ ने अपने प्रदर्शन के पश्चात् कीर्तिमान स्थापित किये थे। यह सबसे अधिक व्यवसाय करने वाली मलयालम फिल्म बन चुकी है।  इस फिल्म ने मोहनलाल की मलयालम फिल्म थुद्रुम को पीछे धकेल दिया था। इस फिल्म ने  पहले सात दिनों में ही १०० करोड़ का व्यवसाय कर डाला।  फिल्म ने अपनी चंद्रा अर्थात कल्याणी प्रियदर्शन को मलयालम फिल्मों की सुपरस्टार बना दिया। 






लोका चैप्टर १ चंद्रा एक स्त्री सुपरहीरो चंद्रा की  कहानी है। फिल्म का निर्माण मलयालम फिल्म अभिनेता दुलकर सलमान ने किया है।  वह इस फिल्म को पांच भागों में निर्मित करना चाहते है।  यही कारण है कि पहले चैप्टर के छविगृहों से विदा लेने से पूर्व ही फिल्म के दूसरे हिस्से की शूटिंग भी प्रारम्भ हो चुकी है।






लोका चैप्टर १ चंद्रा ने,  वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ३०० करोड़ का ग्रॉस पार कर लिया है। ऐसा कर अपने वाली यह पहली मलयालम फिल्म बन गई है।  इससे पहले मोहनलाल की मलयालम फिल्म एमपुराण २ ने वर्ल्डवाइड २३५ का व्यवसाय किया था। केरल में फिल्म ने १२० करोड़ का व्यवसाय किया।  बाकी देश में फिल्म ने ६० करोड़ से अधिक का व्यवसाय किया।  स्पष्ट रूप से निर्देशक डॉमिनिक अरुण ने स्त्री सुपरहीरो का भारतीय अवतार सृजित कर दिया है।  

Thursday, 31 July 2025

रोचक और सम्भावनाये पैदा करता है शो #KyukiSaasBhiKabhiBahuThi2



स्टार प्लस के, २००० के घर घर में देखे जाने वाले शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी के सीक्वल और रिबूट क्योंकि  सास भी कभी बहू थी २ का प्रारम्भ स्टार प्लस पर २९ जुलाई से हो चुका है। इस शो में, बीजेपी की नेता और अमेठी से  राहुल गाँधी को हारने वाली स्मृति ईरानी की  छोटे परदे पर वापसी हो रही है। 





स्मृति ईरानी के, अमेठी से पिछला चुनाव हारने के बाद, राजनीती छोड़ कर टीवी पर वापसी करने की लम्बे समय से चर्चा थी। क्योंकि सास भी कभी बहू थी २ की घोषणा के बाद यह तय हो गया कि स्मृति ईरानी अपने २००० के प्रसिद्द तुलसी अवतार में वापसी करेंगी।  २९ जुलाई की रात तुलसी दर्शकों के सामने थी। 





क्योंकि सास भी कभी बहू थी २ का स्टार प्लस पर तमाम शो की तुलना में टॉप पर खुलना अभिनेत्री स्मृति ईरानी का कमाल था। किन्तु, इसमें कोई संदेह नहीं कि पहली कड़ी प्रभावित करती है। इसे बढ़िया लिखा गया है। रोचक प्रस्तुति है।  प्रारम्भिक कथा को २००० और २०२५ से मिला कर उत्सुकता पैदा करने वाला बना दिया गया है। सेट्स पर भव्यता है।  परिवार के सदस्यों का परिचय दर्शकों को आगे बने रहने का आधार देता है।  





पहली कड़ी परिचयात्मक है।  पात्रों का दर्शकों से परिचय कराया जा रहा है।   तुलसी वीरानी के रूप में स्मृति ईरानी के अतिरिक्त अमर उपाध्याय मिहिर वीरानी, हितेन तेजवानी और गौरी प्रधान के करण विरानी और नंदिनी विरानी के अतिरिक्त शक्ति आनंद हेमंत वीरानी और  कमालिका गुहा ठकुराता गायत्री विरानी के रूप में वापसी कर रहे है। जबकि, शगुन शर्मा, रोहित सुचंती और अमन गाँधी का नई पीढ़ी के रूप  में परिचय कराया गया है। 





पहली कड़ी से ही स्मृति ईरानी प्रभावित करती है।  किन्तु,  उनका चेहरा उतना आकर्षक नहीं लगता।  इस  दृष्टि से अमर उपाध्याय बेहतर लगे है।  शेष अन्य चेहरे भी अपनी भूमिकाओं में फबे है।  




अभी, क्योंकि सास भी कभी बहू थी २ का प्रारम्भ हुआ है। प्रारंभिक कड़िया दर्शकों को  पसंद आ रही है। किन्तु, शो की निर्माता एकता कपूर की मानसिकता शंका पैदा करती है।  कहीं,वहअपने पूर्व के शोज की तरह दर्शकों को घर तोड़ने वाले चरित्रों और अवैध सम्बन्धो में तो नहीं उलझाती है! देखे भविष्य में क्या होता है ! फिलहाल तो १० में १० अंक तो बनते ही हैं। 

@JioHotstar के बाद २६ अगस्त से @NetflixIndia पर #Abigail !



अबिलगेल, अमेरिका की वैम्पायर हॉरर कॉमेडी फिल्म है। यह फिल्म १९ अप्रैल २०२४ को प्रदर्शित हुई थी।  फिल्म ने अपने २८ करोड़ के बजट के विरुद्ध ४३ करोड़ का ग्रॉस किया था।  इस फिल्म की १०९ मिनट की है।  यह फिल्म १९३६ में प्रदर्शित यूनिवर्सल क्लासिक मॉन्स्टर फिल्म ड्रैकुलाज डॉटर पर आधारित है।





फिल्म का कथानक के अनुसार कुछ अपराधी एक शक्तिशाली अंडरवर्ल्ड के सरगना की बैलेरिना बेटी का अपहरण कर लेते है। वह फिरौती के लिए उसे एक सुनसान हवेली में ले जाते है।  उस लड़की के साथ  रहते हुए, उन्हें एहसास नहीं होता कि वह कोई साधारण लड़की नहीं, बल्कि वैम्पायर है। 





फिल्म का निर्देशन मैट बेट्टीनेली-ओलपिन और टायलर गिललेट द्वारा स्टीफन शील्ड्स और गाय बुसिक द्वारा लिखित पटकथा पर किया है।  इस फिल्म में  ड्रैकुला की बेटी की भूमिका अलीशा वियर ने की है। अन्य सह भूमिकाओं में मेलिसा बैरेरा, डैन स्टीवंस, कैथरीन न्यूटन, विल कैटलेट, केविन डूरंड, एंगस क्लाउड और जियानकार्लो एस्पोसिटो के नाम उल्लेखनीय हैं।





समीक्षकों द्वारा प्रशंसित फिल्म अबिलगेल, ओटीटी प्लेटफार्म नेटफ्लिक्स इंडिया पर २६ अगस्त  २०२६ से स्ट्रीम होने जा रही है। फिलहाल यह फिल्म हिंदी में जिओ हॉटस्टार पर  स्ट्रीम हो रही है। 

Tuesday, 22 July 2025

@JioHotStar पर #Sarzameen

 


इस शुक्रवार २५ जुलाई को जिओ हॉटस्टार पर देशभक्ति वाली थ्रिलर फिल्म सरज़मीन स्ट्रीम होने जा  रही है। यह फिल्म छविगृहों पर रिलीज़ किये जाने के स्थान पर ओटीटी प्लेटफार्म से स्ट्रीम हो रही है। 






इस फिल्म का कथानक एक ऐसे सैनिक का है, जो किसी भी मूल्य पर कश्मीर को आतंकवाद से मुक्त करना चाहता है।  अब यह बात दूसरी है कि इसके लिए उसे अपने बेटे का बलिदान तक देना पड़ सकता है।





इस फिल्म में, सैनिक की भूमिका पृथ्वीराज सुकुमारन कर रहे है।  उनकी मुस्लिम पत्नी की भूमिका काजोल कर रही है। इन दोनों के बेटे, सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान बने है।





यहाँ कुछ रोचक तथ्य! पृथ्वीराज सुकुमारन पहली बार काजोल के साथ अभिनय कर रहे है।  यद्यपि, उन्होंने काजोल की कजिन रानी मुख़र्जी के साथ फिल्म अइया से बॉलीवुड फिल्म डेब्यू किया था।  काजोल के बेटे बने इब्राहिम अली खान के पिता कभी काजोल का रोमांस बन कर फिल्म बेखुदी (१९९१) कर रहे थे। किन्तु, सैफ को गैरजिम्मेदार बता कर फिल्म से निकाल दिया गया और उनकी जगह कमल सडाना  आ गए। 





यह फिल्म छविगृहों में क्यों नहीं प्रदर्शित हो रही ? यह प्रश्न इसलिए भी पूछा जाना चाहिए, क्योंकि फिल्म धर्मा प्रोडक्शंस और जिओ स्टूडियोज  के बैनर तले करण जोहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता द्वारा निर्मित किया गया है। फिल्म से जिओ हॉटस्टार और सारेगामा का नाम भी जुड़ा हुआ है। तो फिर यह फिल्म छविगृहों में क्यों नहीं प्रदर्शित की गई ? क्या इस फिल्म की कहानी विवादस्पद घटनाक्रमों वाली है? 

कमजोर लेखन का शिकार #PathuThala !



तमिल पथु तला, जिओ हॉट स्टार पर हिंदी में स्ट्रीम हो रही है।  इस क्राइम एक्शन ड्रामा फिल्म में सीलाम्बरासन, गौतम कार्तिक, प्रिया भवानी शंकर, गौतम वासुदेव मेनन, आदि बड़े सितारे प्रमुख भूमिकाएं कर रहे है। फिल्म के  निर्देशक ओबली  एन कृष्णा है। उन्होंने ही फिल्म लिखी भी है। उन्होंने ही फिल्म में मुख्यमंत्री वज़ही करुणाकरण की भूमिका भी की है। यद्यपि, यह फिल्म कन्नड़ फिल्म मुफ़्ती की रीमेक फिल्म है।





इन सितारों को पहचानने वाले दर्शकों के फिल्म पथु तला को जिओ हॉटस्टार पर देखना बनता है।  फिल्म में, सीलाम्बरासन ने अपराधियों का गिरोह चलाने वाले एजीआर की भूमिका की है। उसका राजनीति में  दखल रहता है। अंडरकवर कॉप शक्तिवेल की भूमिका गौतम कार्तिक ने की है। गौतम वासुदेव मेनन ने उपमुख्यमंत्री नांजिलार गुणशेखरन की भूमिका की है। प्रिया भवानी शंकर तहसीलदार लीला थॉम्पसन बनी है।





फिल्म की कहानी मिटटी की तस्करी और अपराधी गिरोह चलाने वाले एजीआर की है, जिसे पकड़ने के लिए आईपीएस शक्तिवेल को अंडरकवर भेजा जाता है। एजीआर के निकट पहुंच कर, उसे मालूम पड़ता है कि एजीआर वास्तव में परोपकारी है और वह बुरे लोगों को ही मारता है।  अर्थात सारे अपराध माफ़! 






फिल्म को ओबली  एन कृष्णा ने एस ए रामकृष्णन और नर्तन के साथ ओबली ने ही लिखा  किन्तु, यह तीनों कहानी को सम्हाल नहीं पाए है। फिल्म में अविश्वसनीय से रहस्य खोले गए है।  सीलाम्बरासन का चरित्र शैतान है या साधु ! शक्तिवेल अंडर कॉप एजेंट है या अपराधी ! लिखते समय इन सब की घालमेल कर दी गई है।  शैतान को साधु बता दिया गया है। अंडर कप एजेंट को उसका सहयोगी पहचानता है, किन्तु, एजेंट उसे नहीं पहचानता।  इतनी खूनखराबे वाली राजनीति किस राज्य की है, यह समझ से बाहर है।  पुलिस बिलकुल लाचार दिखाई गई है।





फिल्म पथु तला में सीलाम्बरासन ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से की है। किन्तु, इस गंभीर भूमिका को नाचते गाते दिखाना बॉक्स ऑफिस को ध्यान में रख कर किया गया है। फिर भी दोनों ही रूप में सीलाम्बरासन फबे है।





गौतम कार्तिक की शक्तिवेल उर्फ़ गुना की भूमिका अच्छी तरह से नहीं लिखी गई है।  उन पर सीलाम्बरासन भारी पड़ते है। गौतम वासुदेव मेनन अपनी उपमुख्यमंत्री की नकारात्मक भूमिका में कुछ नए तेवर नहीं दिखा पाए है। वह कभी भारी, कभी असहाय जैसे दिखाई देते हैं।  प्रिया भवानी शंकर अपनी भूमिका में जमी नहीं।





अपराध की पृष्ठभूमि पर बनी तमिल फिल्मकारों की त्रासदी है कि वह अपने खलनायक को नायक बनाने के लिए रॉबिनहुड टाइप का बना देते है। चाहे फिल्म ठग लाइफ हो या पथु तला  ! जबकि, खलनायक को बुरा दिखा कर भी बॉक्स ऑफिस पर सफल बनाया  जा सकता था। यही  कारण है कि ३५ करोड़ के बजट में बनी फिल्म पथु तला  बॉक्स ऑफिस पर ५५ करोड़ का ग्रॉस ही कर पाती है ।