Saturday 22 August 2015

अब पत्रकार बनेगी ज़ोया अख्तर की नूरी

ज़ोया अख्तर की इसी साल रिलीज़ फिल्म 'दिल धड़कने दो' में नूरी का नाज़ुक किरदार करने वाली अभिनेत्री रिद्धिमा सूद अब एक पत्रकार की रफ़ टफ भूमिका में नज़र आएंगी।  दिल धड़कने दो रिद्धिमा की डेब्यू फिल्म थी।  इस लिहाज़ से दिल धड़कने दो का बॉक्स ऑफिस पर निराशाजनक प्रदर्शन करना किसी भी न्यूकमर के लिए दुःख की बात होगी।  लेकिन, रिद्धिमा अपनी पहली फिल्म की असफलता से निराश नहीं।  उन्होंने फिर से कमर कस ली है। मधुरिता आनंद की फिल्म 'कजरिया' भ्रूण हत्या के कथानक पर फिल्म है।  फिल्म में वह भ्रूण हत्या के एक मामले को सुलझाते हुए नज़र आएंगी।  आम तौर पर नवोदित अभिनेत्रियां हल्का फुल्का कॉमेडी फिल्मों के किरदार करना चाहती है।  लेकिन, किसी गंभीर किस्म की फिल्म में ग्लैमरविहीन रोल करना रिद्धिमा सूद जैसी किसी अभिनेत्री के बूते की ही बात है।  उम्मीद की जा सकती है कि रिद्धिमा 'कजरिया' में अपनी छिपी अभिनय प्रतिभा को दर्शकों के सामने ला पाएंगी।
Displaying AdobePhotoshopExpress_2015_08_17_13_09_13.jpg

Thursday 20 August 2015

क्या अभिषेक बच्चन के लिए होगा 'आल इज़ वेल' !

अभिषेक बच्चन के लिए 'आल इज़ वेल' क्यों ज़रूरी है।  बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में १५ साल बिताने के बाद भी, अभिषेक बच्चन लड़खड़ाते देखे जा सकते हैं।  कहने को वह अपनी पिछली हिट फिल्मों 'हैप्पी न्यू ईयर', 'धूम ३' और 'बोल बच्चन' जैसी हिट फिल्मों के नाम गिना सकते हैं।  लेकिन, इन सभी फिल्मों में, 'हैप्पी न्यू ईयर' और 'बोल बच्चन' में दोहरी भूमिका करने के बावजूद' इनके नायकों शाहरुख़ खान, आमिर खान और अजय देवगन का महत्त्व था।  अगर. अभिषेक बच्चन अपनी किसी हिट सोलो फिल्म की बात करेंगे तो 'बंटी और बबली' और 'गुरु' का ही उल्लेख कर सकते हैं।  यह दोनों फ़िल्में क्रमशः २००५ और २००७ में रिलीज़ हुई थी।  इसका मतलब यह हुआ कि वह ८ साल से सोलो हिट के लिए तरस रहे हैं।  इस लिहाज़ से 'आल इज़ वेल' खास है।  इस फिल्म के निर्देशक उमेश शुक्ल हैं, जो सुपर हिट फिल्म ओह माय गॉड' के निर्देशक के बतौर पहचाने जाते हैं।  'आल इज़ वेल' कॉमेडी फिल्म है।  इस कॉमेडी में अभिषेक बच्चन का साथ असिन, ऋषि कपूर और सुप्रिया पाठक कपूर दे रही हैं।  ऋषि और सुप्रिया करैक्टर एक्टर हैं।  असिन को कोई फर्क नहीं पड़ेगा, यदि फिल्म हिट हो या फ्लॉप।  क्योंकि, वह शादी करने जा रही हैं।  इस लिहाज़ से 'आल इज़ वेल' का बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया प्रदर्शन केवल अभिषेक बच्चन के लिए ही महत्वपूर्ण है।  क्या अभिषेक बच्चन के लिए 'आल इज़ वेल' साबित होगी!

अब शाहरुख़ खान लड़ाएंगे आलिया भट्ट के साथ रोमांस !

इसे कास्टिंग कू कहा जायेगा।  गौरी शिंदे ने अपनी अगली फिल्म में अलिया भट्ट से रोमांस रोमांस करने के लिए बॉलीवुड की रोमांस फिल्मों के बादशाह शाहरुख़ खान को लिया है।  करण जौहर की को-प्रोडूस यह फिल्म बड़ी उम्र के आदमी के कम उम्र हसीना से रोमांस की कहानी है।  कल इस फिल्म के बारे में करण जौहर ने ट्वीट किया था।  बेमेल जोड़े की यह रोमांस फिल्म गौरी शिंदे के पति आर बाल्की की फिल्म 'चीनी कम' की याद दिलाती है, जिसमे अमिताभ बच्चन अपने से कम उम्र लड़की तब्बू से रोमांस करते हैं और शादी करना चाहते हैं।  इससे पहले अमिताभ बच्चन राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'निःशब्द' में अपने से कम उम्र की लड़की जिया खान के रोमांस में पड़ चुके थे।  बेमेल रोमांस की दृष्टि से १९७७ में रिलीज़ रमेश तलवार की फिल्म 'दूसरा आदमी' की याद आ जाती है, जिसमे राखी गुलजार कम उम्र ऋषि कपूर से प्रेम करने लगती हैं।  नायिकाओं का कुछ ऐसा ही रोमांस फरहान अख्तर की फिल्म 'दिल चाहता है' में डिम्पल कपाड़िया और अक्षय खन्ना की बीच दिखाया गया था।  गौरी शिंदे की फिल्म इन्ही फिल्मों का पुरुष संस्करण लगती है।

Wednesday 19 August 2015

अंकिता श्रीवास्तव कैसे बनी चांदनी !

अंकिता श्रीवास्तव लखनऊ से हैं।  माँ चाहती थी कि बेटी फिल्म अभिनेत्री बने।  सो आ गई मुंबई।  कुछ एड फ़िल्में की।  संघर्ष जारी रखा।  फिर मिल गई वेलकम बैक।  २००७ में रिलीज़ अनीस बज़्मी द्वारा ही निर्देशित, मगर अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ की रोमांटिक जोड़ी वाली फिल्म 'वेलकम' की इस रीमेक फिल्म में अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ की रोमांटिक जोड़ी नहीं है।  अनिल कपूर और नाना पाटेकर की भाई जोड़ी है। इन दोनों भाइयों पर डोरे डालने वाली मल्लिका शेरावत भी नहीं हैं।  मल्लिका शेरावत ने इशिका का रोल किया था।  अब इशिका का चरित्र निकाल दिया गया है।  इशिका की जगह चांदनी ने ले ली है।  इसी चांदनी किरदार को अंकिता श्रीवास्तव निबाह रही हैं।  लेकिन, अंकिता के चांदनी बनने की कहानी दिलचस्प हैं।  अंकिता श्रीवास्तव श्रीदेवी की फैन हैं।  वह श्रीदेवी बनना चाहती थी। उन्हें श्रीदेवी की फिल्म चांदनी और उसका किरदार चांदनी बेहद पसंद था।  वह वक़्त बेवक़्त चांदनी के किरदार में घुसी रहती थी।  'वेलकम बैक' के ऑडिशन में अंकिता श्रीवास्तव ने निर्देशक अनीस बज़्मी और निर्माता फ़िरोज़ नाडियाडवाला के सामने भी इसी चांदनी को पेश कर दिया।  दोनों को अंकिता का यह परफॉरमेंस पसंद आया।  उन्हें यह परफॉरमेंस कितना पसंद आया होगा, इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों ने अंकिता के फिल्म के किरदार नज़फगढ़ की राजकुमारी को ही चांदनी नाम दे दिया। अनीज बज्मी कहते है " हमने अंकिता की चांदनी के रूप में एक्टिंग देखी।  बहुत अच्छी लगी।  फ़िरोज़ भाई को वह असल चांदनी लगी तो हम दोनों ने उनके किरदार को भी चांदनी नाम दे दिया।"

सोनू वालिया बनी फिल्म निर्माता

पूर्व मिस इंडिया सोनू वालिया का बॉलीवुड में करियर लम्बा नहीं चल सका।  हालाँकि, सोनू वालिया ने शर्त, खून भरी मांग, आकर्षण, तूफ़ान, क्लर्क, नम्बरी आदमी, खेल, आदि बड़ी फ़िल्में की।  उन्हें फिल्म खून भरी मांग के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला।  लेकिन, वह अपनी पहली फिल्म 'आकर्षण' के हीरो अकबर खान के आकर्षण में कुछ इतना बांध गई कि अपना करियर ही गँवा बैठी।  उन्होंने टीवी सीरियल बेताल पचीसी भी किया।  वर्तमान में वह एक अमेरिकी फिल्म प्रोडूसर प्रताप सिंह की पत्नी हैं।  बॉलीवुड छोड़ने के दो दशक बाद, सोनू वालिया एक बार फिर चर्चा में हैं।  वह अब फिल्म प्रोडूसर बन गई हैं।  उन्होंने विनीत शर्मा के साथ एक म्यूजिकल फिल्म जोगिया का निर्माण किया है। इस फिल्म को सान फ्रांसिस्को में फेस्टिवल ऑफ़ ग्लोब में रोहित बक्शी को श्रेष्ठ अभिनेता के अलावा श्रेष्ठ संगीतमय फिल्म का पुरस्कार भी मिला है।  इस फिल्म में सीरियल कहीं तो होगा के रोहित बक्शी नायक हैं।  उनकी नायिका कीर्ति कुल्हारी और सुज़न्ने मुख़र्जी हैं।  अपनी फिल्म के बारे में सोनू वालिया बताती हैं, "संगीत हमारी फिल्मों का आधार है। 'जोगिया' एक गहरी प्रेम कहानी है।  लड़का छोटे शहर का है।  वह संगीत जगत में कुछ बड़ा करना चाहता है।"  इस म्यूजिकल फिल्म का संगीत विनीत शर्मा ने ही तैयार किया है। जोगिया की प्रोडूसर सोनू वालिया को उनके प्रशंसक आज भी याद करते हैं।  क्या उनका एक्टिंग में लौटने का कोई इरादा नहीं है ? कहती हैं सोनू वालिया, "बिलकुल ! मैं एक्टिंग करना चाहूंगी।  बशर्ते रोल मुझे एक्साइट करे।"      

Sunday 16 August 2015

बॉक्स ऑफिस को रास आ गए स्ट्रीट फाइटर 'ब्रदर्स'

'ब्रदर्स' दर्शकों के दिलों पर छा गई है। पहले दिन फिल्म ने ४००० स्क्रीन में प्रदर्शित होकर बॉक्स ऑफिस पर १४.५५ करोड़ का  बिज़नेस किया था।  बजरंगी भाईजान के बाद ब्रदर्स की शुरुआत दूसरी सबसे बड़ी थी। हालांकि, फिल्म को मिक्स रिव्यु मिले।  कुछ ने सराहा, कुछ ने कड़ी आलोचना की।  लेकिन, दर्शकों को मार्शल आर्ट्स मिक्स स्ट्रीट फाइटिंग की दो भाइयों की कहानी रास आ गई।  फिल्म को शायद माउथ पब्लिसिटी ज़बरदस्त मिली थी।  फिल्म ने दूसरे दिन, यानि शनिवार को ५० परसेंट की ग्रोथ दिखाई।  इतनी शानदार ग्रोथ बहुत कम फिल्मों को मिल पाती है।  वह भी तब, जब काफी समीक्षक फिल्म को खून खराबे से भरी, परिवार के लिए फिल्म नहीं बता रहे थे।  फिल्म ने शनिवार को २२.१५ करोड़ का बिज़नेस किया।  दिलचस्प तथ्य यह है कि फिल्म को कई सर्किट में शतप्रतिशत उछाल मिला।  आम तौर पर, अक्षय कुमार की फिल्म को कुछ सेंटरों में थोड़ा भांपा जाता है।  यहाँ एक्शन ख़ास रास नहीं आता।  बहरहाल, अब यह उम्मीद की जा रही है कि 'ब्रदर्स' का वीकेंड बजरंगी भाईजान के बाद सबसे बड़ा होगा।  रविवार को 'ब्रदर्स' का कलेक्शन शनिवार से ज़्यादा नहीं हुआ, तो भी यह फिल्म ५७ करोड़ से ऊपर कमा लेगी।  ऐसी दशा में सोमवार के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के मज़बूत बने रहने की उम्मीद  की जा सकती है। तब कोई शक नहीं अगर ब्रदर्स का कोल्लेक्टिन ८० करोड़ तक पहुँच जाए।  अब होगा क्या ? यह पहला हफ्ता ख़त्म होने पर बिलकुल साफ़ हो जायेगा।  लेकिन, इतना तय है कि 'ब्रदर्स' अक्षय कुमार और सिद्धार्थ मल्होत्रा के लिए सबसे बड़ा वीकेंड करने वाली फिल्म बन जाएगी।  

दूसरे विश्व युद्ध पर तीन चीनी कार्टून फ़िल्में

चीन के टेलीविज़न पर दूसरा महायुद्ध छाने जा रहा है।  चीन के मीडिया वाचडॉग ने यह घोषणा की है कि सोमवार से दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान चीन पर जापानियों के आक्रमण के विरुद्ध चीन के लोगों के विरोध को दिखाने वाली तीन कार्टून फ़िल्में प्रसारित की जाएंगी।  इन कार्टून फीचर का निर्माण प्रेस, पब्लिकेशन, रेडियो, फ़िल्म एवं टेलीविज़न प्रशासन द्वारा किया गया है।  चीन इस साल द्वितीय विश्व युद्ध ७० वी जयन्ती जोर शोर से मनाने जा रहा है।  इन कार्टून फिल्मों के निर्माताओं के अनुसार अप्रैल में चीन में आठ से दस साल के १००५  छात्रों के बीच एक सर्वे किया गया  था।  इसमे मालूम पड़ा कि ५५ प्रतिशत छात्र द्वितीय विश्व युद्ध में चीन के लोगों के योग दान के बारे में कुछ नहीं जानते।  ८८ छात्र तो ऐसे थे, जिन्हे अपने देश के किसी स्वतंत्रता सेनानियों का नाम तक नहीं मालूम था।  इन तीनों कार्टून फीचर फिल्मों में छात्रों को इन तथ्यों से अवगत कराया जायेगा।  ऎसी एक द्वितीय विश्व युद्ध की कहानी 'टनल वारफेयर' में दिखाया गया है कि चीनी लोगों द्वारा दूसरे विश्व युद्ध के दौरान जापानी आक्रमण के बाद सुरंगों में घुस कर बचने और दुश्मनों का नाश करने में इन सुरंगो का किस प्रकार उपयोग किया गया था।  सरकार का उद्देश्य इन कार्टून फिल्मों से युवाओं को चीन के इतिहास को समझाना है ताकि उनका चारित्रिक विकास हो और वह ऐतिहासिक तथ्यों की तोड़ मरोड़ से प्रभावित  न हों।



Saturday 15 August 2015

देश भक्ति की सदाबहार फ़िल्में

बॉलीवुड को देश भक्ति की फ़िल्में रास आती हैं।  बॉलीवुड ने गांधी से लेकर भगत सिंह तक स्वतंत्रता सेनानी किरदारों पर फ़िल्में बनाई हैं।  १९६२ के भारत चीन युद्ध पर भी फ़िल्में बनी तो कारगिल युद्ध को भी परदे पर उतारा गया।  देश में व्याप्त भ्रष्टाचार भी कहानी बना।  देशवासियों को सन्देश देने वाली देशभक्ति फ़िल्में भी कम नहीं।  यह फ़िल्में आज भी सदा बहार हैं।  इन्हे कालजयी फ़िल्में कहा जा सकता है।  आइये जानते हैं, ऎसी कुछ फिल्मों के बारे में -
शहीद-
निर्देशक एस राम शर्मा की फिल्म शहीद (१९६५) स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के जीवन, ख़ास तौर पर  भगत सिंह के जीवन पर फिल्म थी।  इस फिल्म में मनोज कुमार, प्रेम चोपड़ा और अनंत मराठे ने क्रमशः भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की भूमिका की थी।  इस फिल्म को १३ वे राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में श्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार प्राप्त हुआ था।  इससे पहले देश स्वतंत्रता के एक साल बाद, १९४८ में रमेश सैगल की फिल्म 'शहीद' रिलीज़ हुई थी, जो स्वतंत्र सेनानियों पर केंद्रित थी।  इस फिल्म में दिलीप कुमार ने शहीद की भूमिका की थी।  २००२ में रिलीज़ राजकुमार संतोषी की फिल्म 'लीजेंड ऑफ़ भगत सिंह' भी इसी विषय पर बानी फिल्म थी।  इस फिल्म में अजय देवगन, सुशांत सिंह और डी संतोष ने क्रमशः भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का किरदार किया था।  फिल्म ने श्रेष्ट फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार पाया।
बॉर्डर-
डायरेक्टर जे पी दत्ता की १९७१ में  पाकिस्तान के साथ लोंगेवाल में लड़े गए युद्ध की पृष्ठभूमि पर फिल्म 'बॉर्डर' को इसके जोशीले कथानक और ईमानदार प्रस्तुति के कारण बेहद सफलता मिली थी।  फिल्म में सनी देओल, अक्षय खन्ना, सुनील शेट्टी और जैकी श्रॉफ की मुख्य भूमिका थी।  ख़ास तौर पर अक्षय खन्ना के अभिनय  को सराहा गया था। यह भारत की श्रेष्ठ युद्ध फिल्म मानी जाती है।  इस फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में नर्गिस दत्त अवार्ड के अलावा श्रेष्ठ गीत और श्रेष्ठ गायक की श्रेणी में पुरस्कृत किया गया था।  जे पी दत्ता ने १९९९ के कारगिल युद्ध पर 'एलओसी कारगिल' फिल्म का निर्माण किया था।  इस फिल्म को सीमित सफलता ही मिली। लेकिन, सबसे ज़्यादा प्रभावशाली युद्ध फिल्म थी चेतन आनंद की १९६५ के भारत और चीन युद्ध पर फिल्म 'हकीकत' । इस फिल्म के देशभक्ति से भरे गीत आज भी स्वतंत्रता दिवस पर बजाये जाते हैं।  इस फिल्म को नेशनल फिल्म पुरस्कार भी मिला था।
गांधी-
मोहनदास  करमचंद  गांधी की महात्मा बनाने की यात्रा को उकेरने वाली इस फिल्म की पूरी दुनिया में सराहना हुई।  ब्रिटिश निर्माता निर्देशक सर रिचर्ड एटनबरो द्वारा  नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कारपोरेशन के सहयोग से बनाई गई इस फिल्म को श्रेष्ठ फिल्म और श्रेष्ठ निर्देशक सहित आठ ऑस्कर पुरस्कार मिले थे।  महात्मा गांधी की भूमिका के लिए बेन किंग्सले को इकलौता ऑस्कर अवार्ड मिला।
चटगांव-
१९३० के ब्रितानी साम्राज्य वाले चटगांव में हुए विद्रोह पर निर्देशक बेदब्रत पाइन की इस फिल्म को अच्छी रिलीज़ नहीं मिल पाने के कारण ज़्यादा दर्शकों  द्वारा नहीं देखा जा सका।  मनोज बाजपेई और जयदीप अहलावत की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म आशुतोष गोवारिकर की चटगांव विद्रोह पर अभिषेक बच्चन और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'खेले हम जी जान से' टकराव के कारण विवादों का शिकार हो गई।  बेदब्रत ने अमिताभ बच्चन पर अपनी फिल्म को नुक्सान पहुंचाने का आरोप भी लगाया था।
मंगल पाण्डेय: द राइजिंग-
केतन मेहता की यह फिल्म भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम के नायक मंगल पाण्डेय पर आधारित थी।  आमिर खान ने मंगल पाण्डेय की भूमिका की थी।  लेकिन, केतन मेहता आमिर खान, रानी मुख़र्जी और अमीषा पटेल जैसी बड़ी स्टारकास्ट के बावजूद प्रभावशाली फिल्म नहीं बना सके।  यह फिल्म फ्लॉप साबित हुई।
सरदार- लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल पर केतन मेहता ने 'सरदार' फिल्म का निर्माण किया था। इस फिल्म में परेश रावल ने पटेल की भूमिका की थी।
मनोज कुमार-
अभिनेता, फिल्म निर्माता और निर्देशक मनोज कुमार को उनकी देशभक्ति की फिल्मों के कारण भारत कुमार भी कहा जाता है। उन्हें यह संज्ञा उनके द्वारा निर्देशित फिल्म उपकार के चरित्र भारत से मिली।  यह फिल्म १९६५ का युद्ध के अलावा किसानों की बात करती थी, गाँव को महिमा मंडित करती थी।  उस समय के सुधारों वाले नारे जय जवान जय किसान को  प्रचारित करती थी। इसके बाद मनोज कुमार ने पाश्चात्य सभ्यता पर भारतीय सभ्यता को श्रेष्ठ बताने वाली फिल्म 'पूरब और पश्चिम', ध्वनि और वातावरण प्रदूषण और पानी की समस्या पर फिल्म 'शोर', महंगाई और जमाखोरी जैसी ज्वलंत समस्या पर 'रोटी कपड़ा और मकान' और १९वी शताब्दी के स्वतंत्रता सेनानियों पर फिल्म 'क्रांति' बनाई।  इन सभी देशभक्ति पूर्ण फिल्मों को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

कुछ अन्य देशभक्ति फ़िल्में- उपरोक्त फिल्मों के अलावा कुछ अन्य फ़िल्में भी हैं, जो अपने कथ्य के कारण देशभक्ति फ़िल्में मानी जाती हैं।  इनमे आमिर खान  की फिल्म 'रंग दे बसंती', अनिल कपूर और मनीषा कोइराला की १९४२: अ लव स्टोरी, आमिर खान की ही फिल्म लगान, सनी देओल की फिल्म 'ग़दर एक प्रेम कथा', 'इंडियन' और 'माँ तुझे सलाम',  शाहरुख़ खान की फिल्म स्वदेश, चक दे इंडिया और फिर भी दिल है हिंदुस्तानी,  ह्रितिक रोशन की फिल्म लक्ष्य आदि भी देशभक्ति फिल्मों में शुमार की जा सकती हैं।

राजेंद्र कांडपाल



Friday 14 August 2015

इन 'ब्रदर्स' के बीच प्यार और नफरत का रिश्ता है !

निर्माता करण जौहर की करण मल्होत्रा निर्देशित फिल्म 'ब्रदर्स' २०११ में रिलीज़ हॉलीवुड की फिल्म 'वारियर' का हिंदी रीमेक है।  फिल्म को हिंदी में एकता पाठक मल्होत्रा ने ढाला है।  सिद्धार्थ और गरिमा ने संवाद लिखे हैं। पूरी फिल्म 'वारियर' के साँचे में ढली है।  'ब्रदर्स'  अच्छी  फिल्म  देखने वालों के लिए हैं।  क्रांतिकारी और बिलकुल अलग समीक्षा लिखने के शौक़ीन समीक्षक इस फिल्म को नकारेंगे।  लेकिन, इस फिल्म मे जहाँ एक्शन है, वहीँ ज़बरदस्त इमोशन है।  रिंग पर जहाँ निर्मम हिंसा हैं (स्ट्रीट फइटरों के रिंग में ककड़िया तो चटकेंगी नहीं), वहीँ उसी समय भावनाए और संवेदनाएं भी हैं। करण जौहर, करण मल्होत्रा और उनकी टीम ने एक बेहद संतुलित फिल्म तैयार की है। बर्बाद परिवार खील खील होकर बिखरते हैं, लेकिन मिलते भी है ऐसे ही किन्ही नाज़ुक क्षणों में। अक्षय कुमार ने कमाल का अभिनय किया है। उनसे इतने उम्दा अभिनय की उम्मीद नहीं की जाती थी। सिद्धार्थ मल्होत्रा थोडा कमज़ोर लगे।  जैक्विलिन फ़र्नान्डिस ने अपनी अभिनय प्रतिभा दिखाई है।  जैकी श्रॉफ अपनी भूमिका में फबे हैं। शेफाली शाह की भूमिका छोटी मगर मज़बूत है। करीना कपूर ने आइटम मेरा नाम मैरी है में कामुकता का प्रदर्शन किया है।  वह करण मल्होत्रा की फिल्म 'अग्निपथ' में अपनी होने वाली भाभी के डांस 'चिकनी चमेली' से होड़ लेती लगी। करण जौहर ने रिंग के दृश्य परफेक्ट बनवाए हैं। ऐसा लगता है जैसे दर्शक रियल रिंग देख रहे हैं। हेमंत चतुर्वेदी की फोटोग्राफी जानदार है।  स्टेडियम को बखूबी उभरा गया है। अजय- अतुल का संगीत ठीक ठाक है। फिल्म के मूड को उभरता है। अकिव अली की एडिटिंग धारदार है। फिल्म १५६ मिनट लम्बी है।  इस फिल्म से हॉलीवुड के एक और स्टूडियो लायंस गेट का बॉलीवुड से को- प्रोडक्शन शुरू हो रहा है।
फिल्म को सुपर हिट होने से कोई नहीं रोक सकता।

शोले के चालीस साल !

चालीस साल पहले, १५ अगस्त १९७५ को अमिताभ बच्चन, धर्मेन्द्र, हेमा मालिनी, जया बच्चन, अमजद खान और संजीव कुमार की एक्शन फिल्म ‘शोले’ रिलीज़ हुई थी।  रमेश सिप्पी निर्देशित शोले को रिलीज़ के पहले दिन ही समीक्षकों द्वारा नकार दिया गया था।  फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत भी ख़ास नहीं रही थी।  लेकिन, फिल्म के हैरत अंगेज़ एक्शन, ड्रामा और कॉमेडी ने  दर्शकों को आकर्षित  करना शुरू कर दिया।  फिल्म ने रफ़्तार पकड़नी शुरू कर दी।  फिल्म आल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई।  इस  फिल्म ने ६० थिएटर्स में लगातार पचास हफ्ते चलने का कीर्तिमान बनाया।  यह पहली ऎसी फिल्म बनी, जिसने १०० सिनेमाघरों में रजत जयन्ती मनाई।  ऐसी कल्ट फिल्म के चालीस साल होने पर यूनिवर्सल म्यूजिक ने इस फिल्म का स्पेशल एनिवर्सरी कलेक्शन निकाला है।  इस कलेक्शन में शोले के दिलचस्प हंसाने वाले कॉमिक संवाद और संगीत शामिल हैं।  शोले के साउंडट्रैक को उस समय बहुत सूना गया था। इस फिल्म के राहुल देव बर्मन द्वारा तैयार धुनों पर किशोर कुमार, मन्ना डे, लता मंगेशकर और आरडी बर्मन के गाये ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे, जब तक है जान, कोई हसीना जब रूठ जाती है और मेहबूबा मेहबूबा गीत बेहद लोकप्रिय हुए थे।   “शोले: द ४० एनिवर्सरी कलेक्शन” में फिल्म के डायलॉग्स और गीतों का दो घंटे का कलेक्शन ख़ास है।  इस कलेक्शन को वर्ल्डवाइड डिजिटल रिलीज़ किया गया है।  

इंडियन आइडल जूनियर के सेट पर स्वतंत्रता दिवस (फोटोज)

Displaying DSC_0809 (1280x854).jpgDisplaying DSC_0805 (1280x854).jpgDisplaying DSC_0804 (1280x854).jpg

वेलकम बैक की शूटिंग के दौरान जॉन के सर पर लगी चोट.

अभिनेता जॉन अब्राहम अपनी आगामी फिल्म वेलकम बैक को लेकर काफी उत्साहित हैं , जहा एक तरफ जॉन ने कहा था की लोगो को हसाना सबसे  कठिन काम है तो वही दूसरी तरफ उनके लिए   वेलकम बैक की शूटिंग का सफर इतना भी आसान नहीं था.
जॉन फिल्म में एक एक्शन सीक्वेंस शूट  कर रहे थे की उनके सर पर चोट लग गयी, दरअसल बात यह  है की  स्क्रिप्ट के अनुसार आर्टिस्ट को जॉन के कंधे पर वार करना था लेकिन  कंधे पर मरने की बजाय उनके सर पर ज़ोर से प्रहार कर दिया,हलाकि कोई बड़ी चोट नहीं लगी थी पर जॉन के  सर में काफी दर्द होने के कारण  डॉक्टर को सेट  पर  बुलाना पड़ा . 
सूत्रों का कहना है की "शूट खत्म करने के बाद जॉन अपने पर्सनल डॉक्टर के पास जाँच करवाने  पहुंचे की उनके सर पर कोई अंधूरिनि घाव तो नहीं लगा है,  फिल्म के डायरेक्टर अनीस बज़्मी ने भी इस खबर की पुष्टि की 

चापेकर ब्रदर्स के बाल गंगाधर तिलक गोविन्द नामदेव

शीघ्र प्रदर्शित होने जा रही फिल्म चापेकर ब्रदर्स में हिंदी फिल्मों के मशहूर विलेन गोविन्द नामदेव महान स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक की भूमिका कर रहे हैं।  इस भूमिका को पहले अभिनेता ओम पूरी करने वाले थे।  लेकिन, ओम पूरी अपनी पूर्व फिल्मों में इतना व्यस्त थे कि बाल गंगाधर तिलक के लिए समय नहीं निकाल सके।  इस पर ओम पूरी की जगह गोविन्द नामदेव को लेने का निर्णय लिया गया।  अनायास मिली  इस महत्वपूर्ण भूमिका से गोविन्द नामदेव बेहद उत्साहित हैं।  हालाँकि, यह गोविन्द नामदेव का स्पेशल अपीयरेंस होगा, लेकिन गोविन्द नामदेव कहते हैं, “फिल्म की टीम ने चापेकर भाइयों पर पूरी तयारी और रिसर्च कर रखी है।  मैं टीम के समर्पण से बेहद प्रभावित हुआ हूँ।  मैं महान सेनानी बाल गंगाधर तिलक की भूमिका के प्रति आश्वस्त हूँ।” इस फिल्म चापेकर बंधुओ की भूमिका अभिजीत भगत, संझिट धुन और मनोज भट्ट ने की है।  इस साल के आखिर में रिलीज़ होने जा रही चपका ब्रदर्स का निर्देशन देवेंदर पाण्डेय ने किया है।  

जैकी श्रॉफ की मराठी फिल्म

इस शुक्रवार जैकी श्रॉफ करण मल्होत्रा की हिंदी फिल्म ‘ब्रदर्स’ से धूम मचा रहे हैं।  अगले सप्ताह जैकी दादा की एक मराठी फिल्म ‘३.५६ किल्लारी’ रिलीज़ होगी।  इस फिल्म में जैकी श्रॉफ मराठी फिल्मों की बोल्ड एंड ब्यूटीफुल अभिनेत्री सई ताम्हणकर के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगे।  निर्माता गिरीश साठे की इस फिल्म का निर्देशन दीपक भागवत और विजय मिश्रा ने किया है।  यह फिल्म लातूर के किल्लारी गाँव में आये भूकम्प की पृष्ठभूमि पर है।  इस भूकम्प में कई लोगों की जाने गई थी।  यह कहानी ऎसी लड़की की है, जो भूकम्प में मारी गई थी।  उसका नज़दीक के ही एक गाँव में पुनर्जन्म होता है।  चौदह साल की यह लड़की साइ और जैकी के साथ अपनी पूर्व जन्म की पहचान पता लगाने निकल पड़ती है।  इस भूमिका को गौरी इंगवले ने किया है।  यह फिल्म २१  अगस्त को रिलीज़ होनी है।

चालीस कमेडिअन्स के साथ नवीन प्रभाकर का नेशनल एंथम

मशहूर स्टैंड अप कॉमेडियन नवीन प्रभाकर हमेशा कुछ अलग सा करते रहते हैं।  उन्होंने स्टैंड अप कॉमेडी शो में पहचान कौन के जुमले से अपनी पहचान बनाई।  नविन ने बॉम्बे टू गोवा, भावनाओं को समझो, नो प्रॉब्लम, तेरे नाल लव हो गया, आदि हिंदी फिल्मों में भिन्न भूमिकाएं की।  अब वह एक बार फिर एक नए कांसेप्ट के साथ दर्शकों के सामने हैं।  नवीन प्रभाकर ने भारतीय स्वतंत्रता की ६८ वी वर्षगांठ पर राष्ट्र गान को अनोखे अंदाज़ में  पेश किया है।  इस एंथम में राजू श्रीवास्तव, जोहनी लीवर, सुनील पाल, सुदेश लाहिरी, सुगंधा मिश्रा, भारती सिंह सहित चालीस कमेडिअन्स  ने हिस्सा लिया है।  यह एंथम स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या से चैनल्स और सिनेमाघरों में दिखाया जाने लगा है।  

Thursday 13 August 2015

दयाबेन ने कहा- ''भारत माता तुझे सलाम''

१५ अगस्त यानी की स्वतंत्रता दिवस हर एक भारतीय के लिए बहुत ख़ास होता है।  क्योकि आज के दिन हमें आज़ादी मिली थी । सीरियल तारक मेहता का उल्टा चश्मा के दयाबेन और जेठालाल १५ अगस्त यानी की स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर भारत माता और हमारे भारतीय सेनावो को सलाम करते है , जो अपनी जान पर खेलते हुए हमारी रक्षा करते है । उनका मानना है की देश तो आज़ाद हो गया है पर असल मायने में अभी  आज़ाद नही हुए है । जिस दिन भ्रष्टाचार, गन्दगी, आतंकवाद, भूणहत्या  जैसी तमाम बुराइयां ख़त्म  होंगी , तभी हमें सही माएने में आज़दी मिलेगी । इस मौके  पर जेठालाल यानि दिलीप जोशी का कहना है कि "देश प्रेम की भावना हमेशा हमारे में दिल जगी रहनी चाहिए। नई पीढ़ी को हमे इतिहास के बारे में बताना चाहिए । मेरा मानना है की २६ जनवरी और १५ अगस्त हमे हर रोज़ मनाना चाहिए क्योकि बहुत मुश्किलो और बलिदानो से हमे आज़ादी मिली है ।" १५ अगस्त के बारे में दयाबेन यानि की दिशा वाकानी कहती है "मै पूरे दिल से उन सभी सिपाहियों को सलाम करती हु जो जान पर खेलकर देश की सुरक्षा करते है । सरहद पर पूरी रात जागते है कि हम सब चैन की नींद सो सके  । भारत माता तुझे सलाम और तेरे ऐसे सपूतो को भी सलाम । "

बप्पी लाहिरी के १०१ हिट गीत

शेमारू एंटरटेनमेंट की हिट १०१ सीरीज की पांचवी कड़ी में इस बार बप्पी लाहिरी आ रहे हैं।  तीन डीवीडी पैक में डिस्को किंग बप्पी लाहिरी के १०१ हिट गीत शामिल किये गए हैं।  बप्पी लाहिरी के अस्सी के दशक के पैर थिरकाने वाले गीतों को इस डीवीडी सेट में देख कर दर्शक अतीत में खो जायेंगे।  कभी बप्पी लाहिरी ने डिस्को डांस के माहिर मिथुन चक्रवर्ती के साथ मिल कर डिस्को डांसर, कसम पैदा करने वाले की और डांस डांस जैसी डिस्को डांस से भरी फिल्मों का  संगीत दिया था। इन तीनों फिल्मों के तमाम गीत आज भी सदाबहार हैं।  इस डीवीडी सेट में इन तीनों फिल्मों के डिस्को गीत शामिल हैं।  दक्षिण की तमाम फिल्मों के संगीतकार बप्पीदा ही हुआ करते थे।  उन्होंने दक्षिण के निर्माताओं की तोहफा, मक़सद, वक़्त की आवाज़, कानूनी, दिलवाला, नया कदम, आदि फिल्मों के लिए यादगार संगीत दिया था। उन्होंने नयी पीढ़ी के लिए लव लव लव, लवर बॉय, घायल और गीत जैसी फिल्मों में संगीत तैयार किया था।  बप्पी लाहिरी ने १९ साल की कम  उम्र में संगीत रचना करनी शुरू कर दी थी।  उनकी पहली हिंदी फिल्म नन्हा शिकारी थी।   उनके द्वारा उसी दौरान तैयार ज़ख़्मी, फिर जनम लेंगे  हम और अपने पराये जैसी फिल्मों का संगीत भी पॉपुलर हुआ था।  इस सेट के १०१ एक गीतों में इन फिल्मों के गीत भी शामिल हैं।



इंडियन ऑडियंस के लिए 'लूथर'

भारतीय टेलीविज़न के दर्शकों के लिए एफएक्स चैनल कई मिनी सीरीज लेकर आ रहा है।  इस कड़ी में १७ अगस्त से एक साइकोलॉजिकल क्राइम सीरीज लूथर प्रसारित होने जा रही है।  भारतीय दर्शकों को इस कड़ी में अपराध के खतरनाक मोड़ और रहस्य के आकर्षक घुमाव  नज़र आएंगे।  इस सीरीज की हर कड़ी  की कहानी दर्शकों को जकड़ने और रोमांचित करने  वाली है।  इस सीरीज में जॉन लूथर की मुख्य भूमिका एचबीओ की सीरीज 'द वायर' में ड्रग माफिया का किरदार करने वाले इदरीस एल्बा कर रहे हैं। लूथर एक ऐसा जीनियस डिटेक्टिव है, जो अपराधियों को क्रूर हत्यारे की मार भी सकता है और इमोशनल भी है।  इस सीरीज में लूथर एक के बाद एक पेचीदे मामलों को सुलझाएगा।  लूथर को अपराधियों का शिकार भी करना है और खुद को शिकारी बनाने से रोकना भी है।  डिटेक्टिव जॉन लूथर की भूमिका के लिए इदरीस एल्बा गोल्डन ग्लोब में बेस्ट एक्टर का अवार्ड जीत  चुके है। इदरीस एल्बा टेलीविज़न सीरीज के अलावा थॉर और मंडेला: लॉन्ग वाक टू फ्रीडम में अभिनय कर चुके हैं।  

'द लास्ट विच हंटर' के कॉल्डर विन डीजल

कॉल्डर, वह जांबाज़ योद्धा, जिसने चुड़ैलों की रानी के संसार पर हमला बोल दिया था।  ताकि, दुनिया को बचाया जा सके।  कॉल्डर चुड़ैलों की  रानी को तो पछाड़ देता है, लेकिन इसके दुष्प्रभाव से उसे अमरता का अभिशाप मिलता है।  अब वह जीवन के पार अपनी पत्नी और बेटी से नहीं मिल सकता। इस जटिल भूमिका को परदे पर विन डीजल कर रहे हैं।  विन डीजल को इस प्रकार की फिल्मों में महारत हासिल है।  द लास्ट विच हंटर में विन डीजल के कॉल्डर को न्यूयॉर्क सिटी को पुनः जीवित हो उठी चुड़ैल के फैलाये जा रहे प्लेग से बचाना है।  कॉल्डर को इसे रोकने  के लिए चुड़ैल के काल्पनिक संसार में लौटना है।  उसके इस मिशन में उसके साथ एलिजाह वुड, रोज लेस्ली और माइकल कैन साथ हैं। विन डीजल की एक्शन और फंतासी फिल्मों के शौक़ीन दर्शको के लिए यह फिल्म तोहफा है।  इस फिल्म में जलती तलवार का एक्शन और लपलपाती तलवार वाली गोथिक फंतासी के मिश्रण के साथ रोमांस भी है।  इस फिल्म का निर्देशन ब्रेट आइजनर कर रहे हैं।  'द लास्ट विच हंटर' २३ अक्टूबर को रिलीज़ हो रही है।

वेलकम बैक की स्टारकास्ट ने की बिना रिहर्सल किया गाने की शूट

किसी भी मल्टीस्टारर फिल्म में एक्टर्स को एक साथ लाना उनसे डेट निकलवाना और उन्हें एक साथ डायरेक्ट करना बहुत ही मुश्किल काम है, लेकिन डायरेक्टर अनीज़ बज़्मी यह हुनर बखूबी है , अनीज़ अपनी आगामी फिल्म वेलकम बैक है जिसमे नज़र आएंगे नाना पाटेकर, जॉन अब्राहम, अनिल कपुर, नसीरुद्दीन शाह नज़र आएंगे। अनीज़ फिल्म के लिए एक सोंग शूट करना चाहते पर सारे स्टार को एक साथ इकठ्ठा करना   इतना भी आसान नहीं था उनके लिए, पर जैसे तैसे कर के  उन्होंने सारे आर्टिस्ट से सोंग शूट के लिए डेट ले ही ली , और  बिना किसी रिहर्सल सभी ने इस गाने को शूट किया। 
अनीज़ ने जब इन सितारों को गाने के लिए संपर्क करना चाहा तब  ये सितारे अपने दूसरे कमिटमेंट में बिज़ी थे, अनीज़ इन सितारों के डेट्स एक साथ नही मिल पा रहे थे, इसीलिए उन्होंने ने इस सितारों से अनुरोध किया की इस गाने के लिए समय दे और बिना रिहर्सल शूट करे. 
अनीज़ बज़्मी का कहना है की "मेरे लिए बहुत ही मुश्किल था इन सितारों से सामान डेट मिल पाना, पर जैसे ही मुझे एक सामान डेट दी मैंने उनसे अनुरोध किया की बिना रिहर्सल ही इस गाने की शूट करे, ये सितारे न ही सिर्फ अच्छे डांसर्स है बल्कि ये लोग स्क्रीन पर भी बहुत अच्छे लग रहे है।