Tuesday 12 January 2016

कैंसर से जीतने वाली दो बॉलीवुड अभिनेत्रियाँ

बॉलीवुड फिल्मों की दो जानी पहचानी अभिनेत्रियां अपनी गंभीर बीमारी से मुक्त हो कर फिर से  फिल्मों में वापसी कर रही हैं।  यह दो अभिनेत्रियां हैं नेपाली ब्यूटी मनीषा कोइराला और इंडो कैनेडियन ब्यूटी लीज़ा रे।  नेपाली फिल्म करने के बाद मनीषा कोइराला ने सुभाष घई के निर्देशन में हिंदी फिल्म ' सौदागर' से डेब्यू किया।  फिल्म सुपर हिट हुई।  भेड़ चाल के तहत मनीषा कोइराला के आगे फिल्मों का ढेर लग गया।  यह सभी फ़िल्में मनीषा कोइराला की फिल्म सौदागर से बनी इलू इलू इमेज भुनाने के लिए बनी थी। नतीजे के तौर पर मनीषा कोइराला ने  फर्स्ट लव लेटर, यलगार,  इंसानियत के देवता, अनमोल, धनवान, यू ही  कभी, मिलन, १९४२: अ लव स्टोरी, संगदिल सनम, आदि असफल फिल्मों के ढेर लगा दिए।  इतनी ज़्यादा असफलता के बाद मनीषा कोइराला ने वापसी की।  यह उनकी ज़बरदस्त वापसी थी। क्रिमिनल और बॉम्बे  फिल्मों ने उन्हें फिर स्थापित कर दिया।  अकेले हम अकेले तुम से उनके अभिनयशील पक्ष को उजागर किया।  अग्निसाक्षी के बाद उन्हें टॉप की अभिनेत्रियों में शुमार किया जाने लगा। मनीषा का करियर उतार चढ़ाव वाला रहा।  वह एक ओर  हिट फ़िल्में  देती, दूसरी ओर  फ्लॉप फिल्मों का ज़खीरा खड़ा कर देती।  वह अपने करियर के प्रति उदासीन सी लगने लगी।   उनकी बददिमागी के किस्से सुर्खियां पाने लगे।  इसी दौरान उन्होंने पैसा वसूल का निर्माण किया।  फिल्म फ्लॉप हुई।  २०१० में उन्होंने एक नेपाली व्यापारी से विवाह कर लिया।  लेकिन, यह  शादी ज़्यादा नहीं टिक सकी।  रामगोपाल वर्मा की फिल्म 'भूत रिटर्न' के बाद उन्हें ओवरी के कैंसर का पता चला।  वह फिल्मों से दूर हो गई।  मनीषा कोइराला से केवल दो साल छोटी लीज़ा रे ने मनीषा के हिंदी फिल्म डेब्यू के दस साल बाद हिंदी फिल्म 'कसूर' (२००१)  से डेब्यू किया।  आफताब शिवदासानी के साथ यह थ्रिलर फिल्म हिट हुई।   लेकिन, लीज़ा को इस फिल्म से काफी पहले करण कपूर के साथ बॉम्बे डाईंग के विज्ञापन की मॉडल के  बतौर पहचाना जाने लगा था।  उन्होंने अपने विज्ञापनों से धूम मचा दी थी। ग्लैड रग्स के कवर पर बेवॉच स्विमसूट में वह गज़ब ढा रही थी।  वह वुमन ऑफ़ मिलेनियम चुनी गई। नुसरत फ़तेह अली खान के विडियो एल्बम आफरीन आफरीन (१९९६) और दलेर मेहंदी के विडियो हर तरफ तेरा जलवा (१९९९) से उनकी सेक्स अपील का डंका बज गया।  इसके बाद विक्रम भट्ट के निर्देशन में कसूर रिलीज़ हुई।  इस फिल्म की खासियत यह थी कि फिल्म में लीज़ा रे के संवाद अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने डब किये थे। चूंकि,  फिल्म में दिव्या दत्ता भी अभिनय कर रही  थी, इसलिए दिव्या के संवाद वॉयसओवर आर्टिस्ट से डब कराये गए।  २००९ में लीज़ा रे को वाइट ब्लड सेल्स के कैंसर का मरीज़ पाया गया।  
यह दोनों अभिनेत्रियां इंसान के घातक बीमारी से लड़ कर जीतने का उदाहरण हैं। इन दोनों अभिनेत्रियों ने अपनी बीमारी से हार नहीं मानी।  वह लम्बे समय तक मर्मान्तक कष्ट झेलते हुए भी लड़ती रही और अंततः अपनी बीमारी से जीत पा सकी ।  अब मनीषा कोइराला तमिल-कन्नड़ फिल्म से अपनी वापसी कर रही है. इस फिल्म के लिए उन्होंने राजकुमार संतोषी की फिल्म को होल्ड में रखा था।  लिसा रे शीघ्र रिलीज़ होने जा रही फिल्म इश्क फॉरएवर से वापसी कर रही हैं।  इस फिल्म में वह एक सीक्रेट एजेंट के किरदार में हैं।  इन फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर चाहे जो हश्र हो, लेकिन इन दोनों खूबसूरत अभिनेत्रियों की वापसी का स्वागत तो किया ही जाना चाहिए ! 


Monday 11 January 2016

अनुष्का शर्मा के अभिनय का खान सफरनामा

बंगलोर में पली बढ़ी अनुष्का शर्मा को २००८ में यशराज फिल्म्स की फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' में शाहरुख़ खान के साथ शुरुआत करने का मौका मिला। अनुष्का शर्मा ने २०१४ में जब आमिर खान के साथ फिल्म 'पीके' की, तब तक यह शाहरुख़ खान के साथ दो फिल्मों (दूसरी जब तक है जान (२०१२) में काम कर चुकी थी। अब वह २०१६ में तीसरे खान सलमान खान के साथ फिल्म 'सुल्तान' में नज़र आएंगी। हालाँकि, इमरान खान को इस खान ब्रिगेड में शामिल नहीं किया जाता, लेकिन वह इमरान खान के साथ फिल्म 'मटरू की बिजली का मंडोला' करके चार खान अभिनेताओं की नायिका बन गई हैं। दिलचस्प तथ्य यह है कि अनुष्का शर्मा के साथ खान अभिनेताओं की चार फिल्मों में तीन यशराज बैनर से हैं। यशराज बैनर के परंपरागत तीन फिल्मों के अनुबंध के बावजूद इस बैनर की पांच फ़िल्में 'बदमाश कंपनी', 'बैंड बाजा बरात', 'लेडीज वर्सेज रिक्की बहल' और 'जब तक है जान' की। अनुष्का शर्मा रणवीर सिंह के साथ तीन फ़िल्में 'बैंड बाजा बारात', 'लेडीज वर्सेज रिक्की बहल' और 'दिल धड़कने दो' में अभिनय कर चुकी हैं। अनुष्का शर्मा ऎसी अभिनेत्री हैं, जिन्होंने बेटा और बाप दोनों के साथ फ़िल्में की। अनुष्का शर्मा ने शाहिद कपूर के साथ 'बदमाश कंपनी' की तो शाहिद के पिता पंकज कपूर के साथ फिल्म 'मटरू की बिजली का मंडोला' की। उन्होंने फिल्म 'बदमाश कंपनी' के निर्देशक परमीत सेठी के साथ 'दिल धड़कने दो' में अभिनय किया। वह 'पटियाला हाउस' में अक्षय कुमार और 'बॉम्बे वेलवेट' में रणबीर कपूर की नायिका बनी । जिस रणवीर सिंह के साथ अनुष्का शर्मा रोमांस चला था, उसने ब्रेकअप के बाद दीपिका पादुकोण के साथ ऐतिहासिक 'बाजीराव मस्तानी' जैसी हिट फिल्म दी, जबकि जिस रणबीर कपूर का दीपिका के साथ ब्रेकअप हुआ था, उसने अनुष्का शर्मा के साथ 'बॉम्बे वेलवेट' जैसी ऐतिहासिक असफलता वाली फिल्म की । बॉलीवुड के लगभग सभी बड़े अभिनेताओं के साथ फ़िल्में कर चुकी अनुष्का शर्मा ने जब बतौर निर्माता फिल्म 'एनएच १०' बनाई, खुद के साथ एक छोटा अभिनेता नील बूपलम को लिया। रणबीर कपूर के साथ उनकी दूसरी फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' इस दिवाली रिलीज़ होगी।


Saturday 9 January 2016

क्या पुलिस फ़ोर्स में महिलाओं को दिखा पाती है 'जय गंगाजल' !

अभी फिल्म निर्माता निर्देशक प्रकाश झा को गुडगाँव में सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स अकादमी में 'सातवी नेशनल कांफ्रेंस ऑफ़ वीमेन इन पोलिस' के उद्घाटन पर 'वीमेन इन पुलिस, डिफरेंट पर्सपेक्टिव एंड न्यू रोल्स' पर विचार व्यक्त करने  के लिए बुलाया गया।  उन्हें यह निमंत्रण इसलिए मिला कि वह एक महिला पुलिस अफसर पर फिल्म 'जय गंगाजल' के  निर्देशक हैं।  इसके अलावा तो उनकी कोई  दूसरी खासियत नज़र नहीं आती । उन्होंने इस समारोह में अपनी प्रियंका चोपड़ा निर्देशित फिल्म 'जय गंगाजल' का ट्रेलर  भी दिखाया।  बताते हैं कि मौजूद महिला कॉप ने इस ट्रेलर को पसंद किया।  सवाल  जवाब में उन्होंने कहा. "मेरी फिल्म का मुख्य किरदार आभा माथुर एक सख्त  और ईमानदार पुलिस अधिकारी है।  इसके साथ ही उसमे स्त्रियोचित गुण और करुणा भी है। उसके लिए मुश्किल तब होती  है, जब उसका सिस्टम से टकराव शुरू होता है।" महिला पुलिस के किरदार पर बहुत सी फ़िल्में बनी हैं। २०१४ में रानी मुख़र्जी की कॉप भूमिका वाली फिल्म 'मर्दानी' रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म में प्रदीप सरकार ने महिला कॉप शिवानी शिवाजी रॉय का अच्छा चित्रण किया था।  लेकिन, यह फिल्म भी व्यक्तिगत हिंसा का शिकार हुई थी।  जहाँ तक महिला कॉप पर  प्रकाश झा की फिल्म का सवाल है, उस पर कुछ कहना ठीक नहीं।   लेकिन, प्रकाश झा ने अपनी पिछली कुछ फिल्मों 'आरक्षण' और 'सत्याग्रह' में जिस प्रकार से देश की आरक्षण व्यवस्था पर सवालों और भ्रष्टाचार से लड़ाई का कचरा किया है, उससे ऐसा लगता नहीं कि वह 'जय गंगाजल' में भी आरक्षण की तरह आरक्षण पर बहस छेड़ते छेड़ते ठेठ मुम्बईया स्टाइल में शिक्षा व्यवस्था की बात करने और आरक्षण के सेंसटिव  मुद्दे से बच निकलने जैसा प्रयास नहीं करेंगे।  इसलिए, उम्मीद यही लगाईं जानी चाहिए कि प्रकाश  झा ने फिल्म 'जय गंगाजल' को भी किसी गंभीर मुद्दे के बजाय पुलिस राजनेता गठजोड़ के खिलाफ आभा माथुर की हिंसक लड़ाई बना दी होगी ।  यहाँ प्रकाश झा की बात ही, "हमारी फिल्मों में पुलिस फ़ोर्स में महिलाओं की स्ट्रांग इमेज को दिखाने की ज़रुरत है।" क्या प्रकाश झा 'जय गंगाजल' में इसे दिखा पाये होंगे ! 




हॉलीवुड की सेक्स बॉम्ब नताली डॉर्मर

'द फॉरेस्ट'  इस साल की पहली हॉलीवुड फिल्म होगी।  इस हॉरर फिल्म की कहानी सारा प्राइस की है, जो जापान में माउंट फूजी की तलहटी पर स्थित अओकीगहरा के जंगल में अपनी जुडवा बहन जेस को ढूढने जाती है।  इस जंगल को द सुसाइड जंगल कहा जाता है।  इस जंगल में आत्माओं का निवास है।  सारा के  जंगल में खोजबीन करने से वहां निवास करने वाली आत्माएं नाराज़ हो उठती हैं।  इस फिल्म का निर्देशन जैसन ज़दा ने  किया है।  'द फॉरेस्ट' ज़दा  की पहली फिल्म है।  इस फिल्म में सारा और जेस की दोहरी भूमिका इंग्लिश अभिनेत्री नताली डॉर्मर कर रही हैं।  चौंतीस साल की नताली टीवी और फिल्मों में सामान रूप से व्यस्त रहती हैं।  उनकी इमेज एक सेक्सी अभिनेत्री की है।  २००५ में टीवी सीरीज 'डिस्टेंट शोर्स' और फिल्म 'कैसानोवा' से डेब्यू करने वाली नताली ने अपनी पहली फिल्म में विक्टोरिया की भूमिका से खुद के लिए सेक्सी टैग हासिल किया था।  इसके बाद अपनी हर फिल्म और सीरीज के साथ वह इस टैग को दुरुस्त करती चली गई।  मशहूर हंगर गेम्स सीरीज की फिल्म 'द हंगर गेम्स : मॉकिंग्जय पार्ट १' और 'द हंगर गेम्स : मॉकिंग्जय पार्ट २' में क्रेशिया के निगेटिव किरदार में उनकी प्रशंसा हुई।  वीडियो गेम 'गेम ऑफ़ थ्रोन्स : अ टेलटेल गेम्स  में गेम करैक्टर मार्गारी टीरेल को आवाज़ देने वाली नताली डॉर्मर ने टीवी सीरीज  गेम ऑफ़ थ्रोन्स में इसी करैक्टर को पांचवे सीजन में किया था और अब छठें सीजन में भी इसे करने जा रही हैं।  इस किरदार में भी वह सेक्सी  अंदाज़ में नज़र आती हैं।  वह २०११ की फिल्म 'कैप्टेन अमेरिका: द फर्स्ट एवेंजर' में प्राइवेट लोरेन के किरदार में थी।  इस रोल में भी वह कैप्टेन अमेरिका में कामुकता जगाने का प्रयास कर रही थी।  द फारेस्ट में वह दोहरी भूमिका में हैं।  इस भूमिका में भी वह दर्शकों को अपने भय से डराएंगी ही, अपने नग्न दृश्यों से उन्हें उत्तेजित करने का प्रयास भी करेंगी।

अब इंडियन अदनान सामी

आखिरकार, भारत सरकार ने पाकिस्तानी गायक अदनान सामी को भारत का नागरिक घोषित कर ही दिया। वह २००१ से भारत में अपनी जर्मन पत्नी के साथ रह रहे थे।  उन्हें इंडियन सिटीजनशिप एक्ट १९९५ के सेक्शन ६ के तहत नागरिकता दी गई। अब वह भारत के अदनान सामी हो गए हैं।  वह हिंदुस्तान आये थे आम पाकिस्तानी आर्टिस्ट की तरह पाकिस्तान से कहीं ज़्यादा हिंदी उर्दू जानने वाले आबादी के लिए गीत गाने और अपनी झोली भरने।  इसमे उन्हें सफलता भी मिली।  उनके गाये गीतों के एल्बम निकले।  उन्होंने फ़िल्में भी की।  लेकिन, अदनान सामी से पहले और उनके बाद पाकिस्तान से काफी कलाकार आये थे और आये हैं और आते रहेंगे।  क्या यह लोग भी भारत की नागरिकता को बेकरार होते हैं ? पाकिस्तान के अलावा दूसरे देशों से भी आर्टिस्ट्स की आमद होती है।  क्या इन्हे भी भारतीय नागरिकता की ज़रुरत होती है ? आइये, पहले जानते हैं कौन हैं वह विदेशिया हस्तियां जो बॉलीवुड में अपनी किस्मत आज़मा रही हैं -
सरहद पार से
पाकिस्तान से भारी तादाद में आर्टिस्ट्स बॉलीवुड में नाम और नामा कमाने के लिए आते रहते हैं।  पाकिस्तान के ३६ देशों से ऐसे सम्बन्ध हैं, जहाँ उसके नागरिक बिना वीसा के जा सकते हैं। इन ३६ देशों में भारत का नाम शामिल नहीं है।  इसलिए पाकिस्तानियों को भारत आने के लिए वीसा लेना पड़ता है।  पाकिस्तानियों के लिए भारतीय दूतावास के ख़ास निर्देश हैं कि अगर वह भारत में जा कर कमाई करना चाहते हैं तो विजिटर वीसा के लिए आवेदन न करें।  उन्हें एम्प्लॉयमेंट वीसा के लिए आवेदन करना होगा। इस वीसा को काफी जांच पड़ताल के बाद जारी किया जाता है। इसके बावजूद पाकिस्तानी एक्टरों और गायकों-संगीतकारों की भरमार है।
आतिफ असलम- आतिफ २००५ से हिंदी फिल्मों में सक्रिय हैं।  लेकिन, वह परदे के पीछे से एक्टरों के लिए गाते ही सुने जा सकते हैं।  आतिफ असलम को २०१३ में भारत में सबसे लोकप्रिय गायक बताया गया था।  उनके पीछे अरिजित सिंह, मोहित चौहान और ए आर रहमान जैसे गायक और संगीतकार हैं।  वह स्क्रीन पर खुद के गीत गाते हुए नज़र ज़रूर आये हैं।  लेकिन, कोई बड़ी भूमिका नहीं कर सके हैं।
अली ज़फर - यह बॉलीवुड में २०१० से सक्रिय हैं।  उनकी डेब्यू फिल्म 'तेरे बिन लादेन' हिट हुई थी।  उनके खाते में लंदन पेरिस न्यू यॉर्क, चश्मे बद्दूर और टोटल सियापा जैसी फ़िल्में दर्ज़ हैं।  उनकी आगामी फिल्म यामी गौतम के साथ अमन की आशा है।
वीना मालिक-  वीना मलिक अपनी फिल्मों से ज़्यादा अपने विवादों के कारण भारत में जानी गई।  वह बॉलीवुड में २०१२ से सक्रिय है।  वीना का बॉलीवुड डेब्यू फिल्म 'दाल में कुछ काला' से हुआ था।  वह 'ज़िन्दगी फिफ्टी फिफ्टी' और 'मुंबई १२५ किमी' के अलावा डर्टी पिक्चर के कन्नड़ संस्करण में भी अभिनय कर चुकी है।
साशा आगा- १९८२ में रिलीज़ बीआर चोपड़ा की फिल्म 'निकाह' की नायिका सलमा आगा की बेटी साशा आगा ने २०१३ में रिलीज़ फिल्म 'औरंगज़ेब' में अर्जुन कपूर की नायिका का रूप में डेब्यू किया था।  उनकी दूसरी फिल्म 'देसी कट्टे' २०१४ में रिलीज़ हुई थी।
पाकिस्तान के अलावा भी
पाकिस्तान के अलावा अन्य देशों से भी तमाम एक्टर बॉलीवुड फिल्मों में काम करने के लिए बेताब नज़र आते हैं।  इनमे कुछ को अच्छी सफलता मिलती है और कुछ को कुछ ख़ास नहीं।  काफी ऐसे हैं, जिन्हे बैरंग वापस लौटना पड़ता है।
कटरीना कैफ - कैटरीना कैफ का नाम बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में गिना जाता है। वह ब्रिटिश पासपोर्ट धारक हांगकांग की एक्ट्रेस हैं।  वह बॉलीवुड की सबसे ज़्यादा मेहनताना पाने वाली अभिनेत्रियों में शुमार की जाती हैं।  वह पिछले एक दशक से ज़्यादा समय से एम्प्लॉयमेंट वीसा पर फ़िल्में कर रही हैं। वह भारत में रुकने के लिए अपने वीसा की मियाद बढ़वा लेती हैं।
नर्गिस फाखरी-  इम्तियाज़ अली की फिल्म 'रॉकस्टार' की नायिका नर्गिस फाखरी २०११ से बॉलीवुड में सक्रिय हैं।  उनके पास अमेरिकन वीसा है।  वह चेक माँ और पाकिस्तानी पिता की संतान हैं।  वह पांच साल के एम्प्लॉयमेंट वीसा पर काम कर रही हैं।
जैकलिन फर्नॅंडेज़- वह श्रीलंका से मिस यूनिवर्स की प्रतिभागी हैं।  इस प्रतियोगिता के बाद जैकलिन ने बॉलीवुड का रुख किया।  सुजॉय घोष की फिल्म 'अलादीन' (२००९) से उनका बॉलीवुड डेब्यू हुआ।  यह वर्क परमिट पर फिल्मों में काम कर रही हैं।
कुछ ख़ास हैं यह
कुछ ऎसी बॉलीवुड हस्तियां हैं जो अपने इंडियन ओरिजिन के कारण वह भारत में आ-जा सकती हैं।  लेकिन, इन्हे रोजगार सम्बन्धी सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं।  इनमे अमरीकन पासपोर्ट धारक एक भारतीय के बेटे इमरान खान, पंजाबी ओरिजिन की पोर्न स्टार सनी लियॉन, मेलबोर्न ऑस्ट्रेलिया की पल्लवी शारदा तथा पंजाबी पिता और जर्मन माँ की संतान एवलीन शर्मा के नाम उल्लेखनीय हैं।
मशक्कत करनी पड़ती है बहुत
बॉलीवुड में काम करने वाले कलाकारों को मुंबई में रुकने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ती है।  काफी औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती है और डाक्यूमेंट्स देने पड़ते हैं।  इससे इन कलाकारों को खासी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।  इमरान अब्बास नक़वी फिल्म 'क्रीचर ३डी' में बिपाशा बासु के नायक थे।  लेकिन, वह अपनी फिल्म के रिलीज़ से पहले के प्रमोशन में शामिल नहीं हो सके।  क्योंकि, उनका वीजा तीन बार रिजेक्ट किया का चुका था।  बाद में वह फिल्म के टीवी प्रमोशन में शामिल हुए।  इसी प्रकार से वह लखनऊ में अपनी फिल्म 'जानिसार' के प्रमोशन पर नहीं जा सके, क्योंकि, उनके वीजा की मियाद ख़त्म हो गई थी।  इसीलिए उन्हें वीसा की अवधि  ख़त्म होने के बाद भारत से भी जाना पड़ा। इसी प्रकार से राजा नटवरलाल में इमरान हाश्मी की पाकिस्तानी नायिका हुमैमा मलिक को भी फिल्म की मुंबई में शूटिंग शुरू करने में ही काफी पापड़ बेलने पड़े।  जब वर्क वीसा मिला तो भी उसकी मियाद बीच में ख़त्म हो गई।  इससे फिल्म की शूटिंग फिर रुख गई।  बाद में प्रॉपर वीसा मिल जाने के बाद यह राजा नटवरलाल की शूटिंग पूरी कर सकी।  शाहरुख़ खान की फिल्म रईस की नायिका माहिरा खान को अपने टीवी सीरियल की लॉन्चिंग के लिए वीसा मिलने में भारी कठिनाई हुई।  कोई आठ साल पहले स्वर्गीय जग मूंधड़ा की फिल्म 'शूट ऑन साइट' के पाकिस्तानी एक्टर मिकाल ज़ुल्फ़िकार फिल्म के प्रीमियर के लिए मुंबई नहीं आ सके, क्योंकि, मुंबई टेरर अटैक के बाद उनकी वीसा एप्लीकेशन रिजेक्ट कर दी गई थी।  उसी दौरान पाकिस्तान के दो कॉमेडियन नदीम और एहसान को देश छोड़ कर जाने के लिए कहा गया था।  २०१२ में सैफ अली खान की फिल्म कॉकटेल में 'तुम्ही हो बंधू' और 'दारु देसी' जैसे हिट गीत गाने वाले चार पाकिस्तानी गायक आरिफ लोहार, जावेद बशीर, इमरान अज़ीज़ मियां और  साहिर अली बग्गा वीसा प्रॉब्लम के कारण म्यूजिक लांच के मौके पर नहीं पहुँच सके।  २६/११ के आतंकी हमले के बाद राहत फ़तेह अली खान को भी अपने गीत ऑन लाइन या विदेश के किसी स्टूडियो में रिकॉर्ड करवा कर कंपोजर को भेजने पड़े थे।
कठिनाइयों के बावजूद हिंदुस्तान को 'नो'
बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में बहुत से विदेशी काम करते हैं।  वह वर्क वीसा या एम्प्लॉयमेंट वीसा पर वर्षों से काम कर रहे हैं।  लेकिन, अगर मुंबई के कलेक्टर ऑफिस की खबरों पर भरोसा किया जाए तो इनमे से किसी ने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन नहीं किया है।  दूसरे देशों की, भारत में रह रही हस्तियों में यूनाइटेड किंगडम की कैटरीना कैफ, अमेरिका की दीप्ति नवल, यूनाइटेड किंगडम की ही सलमा आगा और कज़ाक नागरिक याना गुप्ता के नाम ख़ास हैं।  ऐसे सभी कलाकार टूरिस्ट वीसा पर हिंदुस्तान में आते हैं।  फिर एम्प्लॉयमेंट वीसा पर बरसों काम करते हैं।  यह बार बार एम्प्लॉयमेंट वीसा का नवीनीकरण कराना पसंद करते हैं, लेकिन इन्हे भारत की नागरिकता लेना स्वीकार नहीं।  यही कारण है कि कभी एम्प्लॉयमेंट वीसा न मिल पाने के कारण निगार जेड खान जैसी आइटम गर्ल को मुंबई से नार्वे के जहाज पर जबरन बैठा दिया जाता है।
क्यों नहीं नागरिकता लेती हैं कैटरीना कैफ
कैटरीना कैफ का असल नाम कैटरीना टरकोट है।  वह ब्रिटिश नागरिक हैं।  जब वह बॉलीवुड में नहीं सफल हुई थी, तब वह बड़े साधारण स्तर पर थी।  उनकी कोई पहचान नहीं थी।  बॉलीवुड में सफल होने के बाद अब वह ब्रिटेन में भी सेलिब्रिटी बन गई है।  वह क्यों एक विकसित देश को छोड़ कर विकासशील देश की नागरिकता लेना चाहेगी।  रणबीर कपूर के साथ शादी के बाद भी वह भारत की नागरिकता लेना चाहेंगी, इसमे कतई शक की गुंजाईश है।
इमरान खान भी भारतीय नागरिक नहीं
इमरान खान  पिछले छह सालों से हिंदी फिल्मों में काम कर रहे हैं।  लेकिन, आपको जान कर आश्चर्य होगा कि वह भारतीय नागरिक नहीं है।  उन्हें पिछले साल के महाराष्ट्र चुनाव में वोट डालने का मौका नहीं मिला।  वह एक अमेरिकी नागरिक हिन्दू अनिल पाल के बेटे हैं।  उनकी माँ आमिर खान की बहन हैं और मुसलमान हैं। उनका असल नाम इमरान पाल है।  हिंदी फिल्मों में काम पाने की फिराक में उन्होंने अपना नाम इमरान खान कर लिया।  अब यह बात दीगर है कि सरनेम खान होने के कारण उन्हें अमेरिका में अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ता है।  लेकिन, भारतीय फिल्मों की खातिर खान होना ज़रूरी है। भारतीय नागरिकता पाने के लिए इमरान ने एक हिन्दू और भारतीय लड़की अवंतिका मालिक से शादी भी कर रखी है।


अल्पना कांडपाल

'द रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज' में एशियाई

अब यह तय हो गया है कि हॉलीवुड अभिनेता विन डीजल की ट्रिपल एक्स सीरीज में वापसी फिल्म 'द रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज' में  विन डीजल की नायिका बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ही होंगी।  वह अपराधी से अमेरिकन ख़ुफ़िया एजेंट बने केज के कंधे से कन्धा मिला कर उसके मिशन में मदद करेंगी।  इस दौरान उनके और विन डीजल के बीच कुछ गहरे रोमांटिक सीन भी हो सकते हैं। शायद 'क्वांटिको' में प्रियंका चोपड़ा के दृश्यों से भी ज़्यादा गरमार्ग।  डी जे करुसो निर्देशित इस फिल्म की कहानी मरने के लिए छोड़ दिए गए जेंडर केज की वापसी से होगी।  वह गुप्त रूप से एनएसए में लौट आया है। इस बार, ऑगस्टस गिब्बॉन्स उसे पहले से ज़्यादा कठिन और खतरनाक मिशन पर भेजता है।  ट्रिपल एक्स सीरीज की इस तीसरी फिल्म को सफल बनाने के ख्याल से फिल्म में एशियाई एक्टर्स की भरमार की गई है।  भारत की दीपिका पादुकोण से पहले थाईलैंड के अभिनेता टोनी जा को फिल्म मे शामिल किया गया है।  टोनी जा, विन डीजल की सबसे याद सफल फिल्म 'फ्यूरियस ७' में अभिनय कर चुके हैं।  टोनी का हास्य अभिनय करने का दिलचस्प अंदाज़ है, जो काफी देसी लगता है।  चीन के सुपर स्टार जेट ली को भी शामिल किया गया है।  वैसे जेट ली और टोनी जा के किरदार अभी तय नहीं हुए हैं।  जहाँ तक ट्रिपल एक्स के मुख्य किरदार ऑगस्टस गिब्बॉन्स के किरदार की बात है, उसे अभिनेता सैमुएल एल जैक्सन ही करेंगे। इस प्रकार से सैमुएल तीसरी ट्रिपल एक्स फिल्म में भी यही किरदार कर रहे होंगे। अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियंस (यूएफसी) के फेदरवेट के विजेता कोनोर मैकग्रेगर को कास्ट में शामिल कर लिया गया है।

खुद स्टंट करने वाली हंटरवाली मैरी इवांस नाडिया

कोई ढाई साल पहले ऑस्ट्रेलिया में ओज़ फेस्ट में मैरी एन इवांस की फिल्मों पर एक सेगमेंट रखा गया था।  यह इस लिहाज़ से ख़ास था कि ऑस्ट्रेलिया की यह श्रद्धांजलि उस अभिनेत्री को थी, जिसने शुरुआती  हिंदुस्तानी सिनेमा की मज़बूत नींव रखने में मदद की।  मैरी एन इवांस को तीस और चालीस के दशक में हंटरवाली के उपनाम से जाना जाता था।  वह हिंदुस्तान की पहली स्टंट क्वीन ही नहीं, किंग भी थी। वह हॉलीवुड के ज़ोरो का भारतीय जवाब थी, क्योंकि वह ज़ोरो की तरह नकाब के साथ काली पोशाक में घोड़े पर सवार तलवार भांजती थी फिल्मों में नज़र आती थी।  उस  समय जैसे स्टंट मैरी इवांस ने किये, वैसे स्टंट कोई एक्टर करने में घबड़ाता था।  फीयरलेस  नाडिया के नाम से भी मशहूर मैरी इवांस का एक हाथ से चाबुक लहराते हुए घोड़े दौड़ाना दर्शकों में ख़ुशी मिश्रित रोमांच भर देता था।  वह बढ़िया तलवारबाज़ भी थी और बन्दूकबाज़ भी।  मौका लगते ही वह सामने वाले से पंजा युद्ध भी कर लेती थी।  दिलचस्प बात यह थी कि वह बढ़िया बैले डांसर भी थी। वह भागती हुई एक कार से दूसरी कार में कूद जाती थी।  एक समय में बीस बीस लोगों के साथ वह मारामारी करती थी। मिस फ्रंटियर मेल में वह भागती ट्रैन पर दौड़ रही थी।  उस समय का दर्शक जानता था कि मैरी इवांस उर्फ़ फीयरलेस नाडिया उर्फ़ हंटरवाली उनमे से एक नहीं थी।  वह यूरोपियन थी।  इसके बावजूद वह लाखों हिन्दुस्तनियोें की नायिका थी, क्योंकि उनकी फ़िल्में सन्देश देती थी।  स्त्री समानता की वकालत करती थी। जेबीएच वाडिया और होमी वाडिया ने मैरी इवांस के लेकर ढेरों स्टंट फ़िल्में बनाई।  उन्होंने कोई पचास फ़िल्में की। इंग्लिश पिता और ग्रीक माँ की संतान थी मैरी इवांस।  उनका जन्म पर्थ ऑस्ट्रेलिया में ८ जनवरी २००९ को हुआ था।  वह पांच साल की उम्र में अपने पिता के साथ बॉम्बे आ गयी।  उन्होंने घुड़सवारी सीखी और बैले डांसिंग भी।  उन्होंने जार्को सर्कस की सदस्य के बतौर भारत का दौरा किया।  एक ज्योतिष के कहने पर मैरी इवांस ने अपना नाम बदल कर नाडिया कर लिया ।  इसके साथ ही उनका भाग्य चमक उठा।  उन्होंने वाडिया मूवीटोन के संस्थापक जेबीएच वाडिया ने दो फिल्मों देश दीपक और नूर-ए- यमन में छोटी भूमिकाएं थी।  उनका भाग्य चमक उठा जेबीएच वाडिया के बेटे होमी वाडिया की फिल्म द प्रिंसेस एंड द हंटर से।  इस फिल्म से वह हंटरवाली के रूप में मशहूर कर दिया।  इस फिल्म में नाडिया ने एक राजकुमारी का किरदार किया था, जो मज़लूमों की हिफाज़त के लिए राजमहल छोड़ कर दुष्टों का नाश करने निकल पड़ती है।  हंटरवाली फिल्म से नाड़िया हंटरवाली के बतौर मशहूर हो गई। होमी वाडिया की सीक्वल फिल्म 'डॉटर फ़ो हंटरवाली' ने मैरी इवांस को ज़्यादा शोहरत दी।  उनकी टाइग्रेस, स्टंट क्वीन, मिस फ्रंटियर मेल, डायमंड क्वीन, जंगल प्रिंसेस, बगदाद का जादू, खिलाड़ी और लेडी रोबिनहूड जैसी फिल्मों को ज़बरदस्त सफलता हासिल हुई।  खिलाडी फिल्म में वह जेम्स बांड का स्पूफ किरदार एक्स १ कर रही थी।  उनकी इकलौती सोशल फिल्म मौज बुरी तरह से असफल हुई।  उनकी जॉन कवास के साथ एक्शन जोड़ी हिट हुआ करती थी।  इन दोनों ने करीब ३५ फिल्मों में साथ अभिनय किया।  १९६१ में वह फिल्मों से विदा हो गई।  क्योंकि, अच्छी हिंदी उर्दू न बोल पाना उनके करियर के आड़े आया। उस समय तक सोशल फिल्मों का दौर आ गया था।  ज़ुबान में महारत रखने वाली काफी नई अभिनेत्रियां आ गई थी। उन्होंने अपने को हंटरवाली बनाने वाले फिल्मकार होमी वाडिया से विवाह कर लिया।  उनकी आखिरी हिंदी फिल्म एक नन्हीं मुन्नी लड़की थी १९७० में रिलीज़ हुई।  ९ जनवरी १९९६ को भारतीय सिनेमा की फीयरलेस नाड़िया, हंटरवाली, द लेडी हंटरवाली मैरी एन इवांस का मुंबई के एक हॉस्पिटल में निधन हो गया।  विशाल भरद्वाज की आगामी फिल्म 'रंगून' में अभिनेत्री कंगना रनौत के लेडी हंटरवाली की पोशाक पहने स्टंट करती नज़र आएंगी।