Sunday 4 July 2021

बॉलीवुड के कितने रावण राम और सीता !



पिछले दिनों, अभिनेत्री करीना कपूर खान, सोशल मीडिया पर बुरी तरह से ट्रोल हो रही थी। उस समय यह खबर सुर्ख हो रही थी कि करीना, अलौकिक देसाई की फिल्म सीता द रिइनकार्नेशन में सीता की भूमिका कर रही है। पर यह उनके ट्रोल होने का कारण नहीं था। वह ट्रोल हुई थी इसके साथ जुडी उस खबर पर कि आम तौर पर ७ से ८ करोड़ लेने वाली करीना कपूर ने, सीता द सीता द रिइनकार्नेशन  के लिए १२ करोड़ का पारिश्रमिक माँगा था। इस पर, सोशल मीडिया हरकत में आ गया कि वह सीता जैसी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए भी अपनी फीस बढ़ा रही थी।


विवादों में घिरे सैफ भी- कुछ ऐसा ही, उनके पति सैफ अली खान के साथ भी हुआ था। उन्हें तानाजी द अनसंग वारियर के निर्देशक ओम राउत की फिल्म आदिपुरुष में रावण की भूमिका के लिए लिया गया था। बड़ा विवाद यह नहीं था कि सैफ अली खान को रावण की भूमिका के लिए क्यों लिया गया। बल्कि, सैफ का वह बयान था, जिसमे उन्होने फिल्म में रावण को सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण से दिखाए जाने का दावा किया था।  इसके साथ सैफ अली खान बुरी तरह से ट्रोल होने लगे। बाद में सैफ को अपने  इस बयान पर सफाई देनी पड़ी।


भावनाओं से जुड़े चरित्र - करीना कपूर खान और सैफ अली खान को सीता और रावण की भूमिका करने पर विवादों में खींचा जाना सही था या नहीं, यह एक अलग विषय है। क्योंकि, किसी चरित्र के लिए किसी ख़ास एक्टर को लेने का निर्णय उस फिल्म के निर्माता - निर्देशक का होता है। पर इसमे कोई शक नहीं धार्मिक चरित्र आम दर्शकों, ख़ास तौर पर हिन्दुओं के अधिक निकट और भावनाओं को छूने वाले होते है। इसी कारण से इन चरित्रों को करने वाले कलाकारों को फिल्म की घोषणा के साथ ही सुर्खियाँ मिलने लगती है।


करियर ख़त्म था करीना का ! - करीना कपूर को ही लीजिये। दूसरे बच्चे के जन्म के बाद, करीना कपूर का बाज़ार बिलकुल ख़त्म होता लग रहा था। उनकी इकलौती फिल्म लाल सिंह चड्डा का उल्लेख भी, फिल्म के चड्डा आमिर खान के कारण हो रहा था। दूसरी किसी फिल्म के लिए उनके नाम का ज़िक्र अगर होता भी तो फिल्म उठ नहीं पाती, बल्कि उठ जाती थी। लेकिन, अलौकिक देसाई की फिल्म सीता ने करीना कपूर को नया जीवन दे दिया था। पर फिल्म के लिए १२ करोड़ मांग कर वह खुद अपने जाल में फंस गई। हालाँकि, फिल्म के लेखक विजयेन्द्र प्रसाद और अलौकिक देसाई को करीना में ही सीता दिखाई दे रही है। लेकिन, अगर विरोध बढ़ा तो उनकी जगह अलिया भट्ट दिखाई दे सकती है।


सेलुलॉइड की सिताएं ! - कोई शक नहीं कि धार्मिक चरित्रों की अपार महिमा है। सीता के नाम के साथ जुड़ते ही, करीना कपूर के ख़त्म हुए करियर ने एक बार फिर अंगडाई लेनी शुरू कर दी है। अभिनेत्री कृति सेनन अभी तक कार्तिक आर्यन और राजकुमार राव की नायिका तक ही सीमित थी। लेकिन, ओम राउत की फिल्म आदिपुरुष पाते ही, वह एक झटके में अखिल भारतीय आकर्षण वाले अभिनेता प्रभास की नायिका बन जाती हैं। यह कृति की एक बड़ी छलांग है। अभी यह तो नहीं कहा जा सकता है कि नितीश तिवारी की फिल्म रामायण में सीता की भूमिका दीपिका पादुकोण करेंगी।  लेकिन, इतना तय है कि करियर के ढलान पर सीता की भूमिका दीपिका को बड़ा सहारा दे सकती है। क्योंकि, यह फिल्म तीन हिस्सों में बनाए जाने की खबर है।


प्रभास और महेश बाबू के राम ! - रामायण के चरित्र, खास तौर पर राम, रावण और सीता सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। इन धार्मिक चरित्रों को निभाने वाले कलाकार आसानी से दर्शकों की दृष्टि में आ जाते हैं और उन्हें अच्छी खासी लोकप्रियता मिल जाती है। यही कारण है कि बॉलीवुड और टॉलीवूड के बड़े कलाकर भी इन भूमिकाओं को करने के लिए उत्सुक है। अखिल भारतीय आकर्षण वाले तेलुगु फिल्म सुपरस्टार प्रभास ने, राम के चरित्र पर फिल्म आदिपुरुष को तत्काल स्वीकार कर लिया। नितीश तिवारी की तीन भागों में बनाई जा रही फिल्म रामायण में राम की भूमिका एक अन्य तेलुगु सितारे महेश बाबू के करने की खबर हैं। अभी अलौकिक देसाई की फिल्म सीता द रिइनकार्नेशन में राम की भूमिका के लिए किसी अभिनेता का नाम तय नहीं हुआ है।


तीन बड़े रावण - राम चरित्र पर फिल्मों में ख़ास होता जा रहा है रावण का चरित्र। इस चरित्र के लिए बॉलीवुड के कई बड़े सितारे पंक्तिबद्ध नज़र आते है। ओम राउत की फिल्म आदिपुरुष में प्रभास के राम और कृति सेनन की सीता के खिलाफ रावण की हुंकार सैफ अली खान भरेंगे ही। अलौकिक देसाई की फिल्म सीता द रिइनकार्नेशन में रावण की भूमिका के लिए रणवीर सिंह से संपर्क किये जाने की खबर है। लेकिन, सबसे दिलचस्प होता जा रहा है नितीश तिवारी का रावण। उनकी रामायण त्रयी में रावण की भूमिका में हृथिक रोशन को लिया जाना सुनिश्चित माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि फिल्म से अवतार के आर्टिस्टों को जोड़ा गया है।


बॉलीवुड सितारों का बड़बोलापन - इसमे कोई शक नहीं कि धार्मिक चरित्र करने वाले बॉलीवुड सितारे विवादों में घिर जा रहे हैं। उनका बडबोलापन इसका बड़ा कारण है। उस समय आम लोगों के दिमाग में इन सितारों का धर्म और कर्म दोनों सामने आ जाते है। इस मामले में दक्षिण के सितारे हमेशा विवादों से दूर रहते आये हैं। इसीलिए वह रामायण के राम और सीता बनने के बावजूद विवादों में नहीं घिरते। यही कारण है कि अपनी महाभारत के संस्करण में कृष्ण की भूमिका के लिए उत्सुक आमिर खान को फिल्म को डिब्बा बंद करने के लिए मज़बूर होना पड़ता है। 

No comments:

Post a Comment