Tuesday, 21 October 2025

हिट 'सौतन' की फ्लॉप बेटी और बंद सौतन

 


निर्माता, निर्देशक और गीतकार सावन कुमार टाक ने, निर्माता के रूप में संजीव कुमार, बलराज साहनी, इन्द्राणी मुख़र्जी, हरींद्र नाथ चट्टोपाध्याय, जगदीप और असित सेन के साथ बाल कलाकार बबलू पर केंद्रित फिल्म नौनिहाल का निर्माण कर अपनी फिल्म यात्रा प्रारम्भ की थी। उन्होंने अपनी निर्माता में रूप में दूसरी और निर्देशक के रूप में पहली फिल्म गोमती के किनारे में मीना कुमारी को निर्देशित किया था। इस फिल्म में, रहमान, आई एस जोहर, आगा, आदि बड़े सितारे थे। 





नूतन, राजेंद्र कुमार, रेखा, विनोद मेहरा और सुरेश ओबेरॉय के साथ साजन की सहेली और नूतन, राजेंद्र कुमार, विनोद मेहरा, पद्मिनी कोल्हापुरे के साथ साजन बिना सुहागन जैसी सफल फ़िल्में बनाने के बाद, सावन कुमार ने तब के सुपरस्टार राजेश खन्ना, सेक्सी टीना मुनीम (अब अम्बानी) और पद्मिनी कोल्हापुरे के साथ तीन फ़िल्में बनाने का निर्णय लिया। 




सावन कुमार इस लोकप्रिय तिकड़ी के साथ सौतन त्रयी बनाना चाहते थे।  उन्होंने अपनी पहली फिल्म का शीर्षक सौतन रखा था। इन्ही कलाकारों के साथ दूसरी फिल्म सौतन की बेटी और तीसरी फिल्म का शीर्षक सौतन की सौतन रखा गया था।  





सौतन पहली ऎसी फिल्म थी, जिसमे राजेश खन्ना, टीना मुनीम और पद्मिनी कोल्हापुरे की तिकड़ी एक साथ थी। इस फिल्म के लेखक कमलेश्वर और विजय कौल थे। अन्य भूमिकों में प्रेम चोपड़ा, शशिकला, श्रीराम लागू, प्राण और विजय अरोड़ा थे।  फिल्म का संगीत उनकी पत्नी उषा खन्ना ने दिया था। फिल्म का संपादन डेविड धवन ने किया था।  सौतन पहली फिल्म थी, जिसकी शूटिंग मॉरिशस में हुई थी।  सावन कुमार ने मॉरिशस की सुन्दर दृश्यावली को कैमरा बंद किया था। कदाचित, यही उन पर भारी पड़ा।  





राजेश खन्ना एक दिलफेंक अभिनेता थे। उन्हें फ़्लर्ट करना अच्छा लगता था। यद्यपि, टीना मुनीम उस समय तक बड़ी अभिनेत्री बन चुकी थी। देवानंद की फिल्म देस परदेस से अपने फिल्म जीवन का सफल प्रारम्भ करने वाली टीना मुनीम ने बातों बातों में, कर्ज, लूटमार, मनपसंद, आदि आधा दर्जन से अधिक सुपरहिट फिल्म दे दी थी। इसके बाद भी, टीना मुनीम ने हिट फिफ्टी फिफ्टी के अपने नायक को, डिंपल कपाड़िया से विवाहित होने के बाद भी आगे बढ़ने से नहीं रोका।





मॉरिशस से इन दोनों के गर्मागर्म रोमांस के किस्से बॉम्बे से प्रकाशित होने वाली पत्रिकाओं में खूब छपे।  सौतन की शूटिंग के दौरान, बताते हैं कि डिंपल भी मॉरिशस में ही थे। उन्होंने राजेश खन्ना और टीना मुनीम के रोमांस को निकट से देखा था। यह देखने के बाद डिंपल कभी भी राजेश खन्ना के पास वापस नहीं लौटी।  इस फिल्म में, टीना मुनीम और राजेश खन्ना  खन्ना के विवाह का दृश्य था। सावन कुमार ने इसे बॉम्बे की पत्रिकाओं में छपवा दिया।  इससे इन दोनों के  विवाह कर लेने की अफवाहें फैली। परिणामस्वरूप, सौतन के बड़ी हिट फिल्म साबित हुई।





राजेश खन्ना की, सौतन के अतिरिक्त रामावतार और अगर तुम न होते जैसी फिल्मे भी सुपरहिट हुई थी।  उधर टीना मुनीम की भी अमिताभ बच्चन, ज़ीनत अमान और रणधीर कपूर के साथ फिल्म पुकार और सुपरहिट कर्ज के नायक ऋषि कपूर के साथ फिल्म बड़े दिल वाला प्रदर्शित हुई थी।  अर्थात, जितना  राजेश खन्ना सफल हुए थे, उतनी ही टीना मुनीम भी सफल हुई थी।  स्पष्ट रूप से, डिम्पल के करियर के ऊंचान पर उनसे विवाह कर फ़िल्में छुड़वा देने वाले  राजेश खन्ना को टीना की सफलता कैसे सहन होती !





सावन कुमार ने, सौतन की सीक्वल फिल्म सौतन की बेटी से पद्मिनी कोल्हापुरे को हटा दिया था। किन्तु, फिल्म में राजेश खन्ना और टीना मुनीम की जोड़ी जयाप्रदा के साथ थी। किन्तु, इस फिल्म की शूटिंग के दौरान राजेश खन्ना और टीना मुनीम में अलगाव पैदा हो गया। इससे सावन कुमार को फिल्म की शूटिंग रोकनी पड़ी। बाद में यह फिल्म १९८९ में जीतेन्द्र, रेखा और जयाप्रदा के साथ प्रारम्भ हुई।  यह उस समय की हिट तिकड़ी थी। 





किन्तु,  कदाचित, जो बात राजेश खन्ना, टीना मुनीम और पद्मिनी कोल्हापुरे की  सौतन तिकड़ी में थी, वह बात दर्शकों को जीतेन्द्र, रेखा और जयाप्रदा की हिट तिकड़ी में भी दिखाई नहीं दी। इसके अतिरिक्त, सावन कुमार सौतन की बेटी को सौतन से आगे की कहानी बनाना चाहते थे। किंत,कास्ट में  बदलाव के बाद, उन्होंने कहानी में भी बदलाव किया।  इसका परिणाम यह हुआ कि सौतन की बेटी को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। 





तथापि, सावन कुमार टाक ने, सौतन त्रयी की तीसरी फिल्म सौतन की सौतन के निर्माण का असफल प्रयास दो बार किया। इसके बाद, सावन कुमार ने तीसरी फिल्म बनाने का विचार त्याग दिया। 

No comments: