Tuesday, 21 October 2025

मणि रत्नम और कमल हासन की तमिल 'नायकन' की फ्लॉप हिंदी 'दयावान' !



प्रसिद्द फिल्म निर्देशक मणिरत्नम की कमल हासन के साथ क्राइम ड्रामा फिल्म नायकन (Nayagan) २१ अक्टूबर १९८७ को प्रदर्शित हुई थी।  यह फिल्म हॉलीवुड की, १९७२ में प्रदर्शित गैंगस्टर फिल्म द गॉडफादर और बॉम्बे के अंडरवर्ल्ड के सरगना वरदराज मुदालियर के चरित्र से प्रेरित फिल्म थी।  नायकन को बड़ी सफलता प्राप्त हुई। इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों ने ही नहीं पसंद किया, बल्कि समीक्षकों ने भी सराहना की। 





द गॉडफादर के लिए, अभिनेता मार्लोन ब्रांडो को ऑस्कर पुरस्कारों में श्रेष्ठ अभिनेता चुना गया था। किन्तु, पुरस्कारों को महत्त्व न देने वाले ब्रांडो, न तो ऑस्कर पुरस्कारों में गए, न ही उन्होंने इस पुरस्कार को स्वीकार ही किया।  किन्तु, ब्रांडो की फिल्म से प्रेरित नायकन को, भारत के सर्वोच्च ऑस्कर पुरस्कारों में तीन पुरस्कार मिले। इनमे से एक कमल हासन को श्रेष्ट अभिनेता का पुरस्कार भी था।  कमल हासन की फिल्म को १९८७ के ऑस्कर पुरस्कारों में भेजा गया था। किन्तु, यह फिल्म नामित नहीं हो सकी। 





नायकन ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता प्राप्त की थी। यह तमिल फिल्म २१४ दिनों तक चलती रही थी।  इस फिल्म ने तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में कई छविगृहों में रजत जयंती सफलता प्राप्त की।  टाइम पत्रिका ने इस फिल्म को अपनी आल टाइम १०० बेस्ट फिल्म में सम्मिलित किया था।





किन्तु, ३८ साल बाद, जब मणिरत्नम ने, कमल हासन के नायकन के चरित्र शक्तिवेल को लेकर फिल्म ठग लाइफ का निर्माण किया तो यह फिल्म बुरी तरह से असफल हो गई।  इस फिल्म में दिल्ली के गैंगस्टर चरित्रों का चित्रण किया गया था।  इस फिल्म में तमिल फिल्म उद्योग से सीलाम्बरासन, तृषा कृष्णा, ऐश्वर्या लक्ष्मी, अशोक सेलवन, अभिरामी और नासर जैसे सशक्त कलाकार सम्मिलित किये गए थे। फिल्म एक बड़ी खर्चीली फिल्म थी। इस पर ३०० करोड़ के आसपास व्यय किये गये थे। किन्तु, इतने अधिक बजट के बाद भी, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को आकर्षित नहीं कर सकी और मात्र २०० करोड़ का व्यवसाय ही कर सकी। 





नायकन का रीमेक भी असफल हुआ।  इस फिल्म पर हिंदी रीमेक अधिकार अभिनेता फ़िरोज़ खान ने १० लाख में क्रय कर लिए थे।  फिल्म दयावान का निर्देशन स्वयं फ़िरोज़ खान ने किया था। किन्तु, इस फिल्म के शक्तिवेलु उर्फ़ दयावान फ़िरोज़ खान नहीं, विनोद खन्ना थे।  फिल्म में फ़िरोज़ खान ने उनके मित्र की भूमिका की थी।  फिल्म में विनोद खन्ना की रोमांटिक जोड़ी माधुरी दीक्षित बना रही थी।





दयावान पर फ़िरोज़ खान ने २ करोड़ २५ लाख का व्यय किया था। फिल्म को सफल बनाने का माधुरी दीक्षित ने प्रत्येक प्रयत्न किया था। उन्होंने, फिल्म में अपनी सेक्स अपील का जमकर उपयोग किया।  उनके और विनोद खन्ना के बीच गरमगरम चुम्बन दृश्य स्मूचिंग तक जा पहुंचा था।  इस चुम्बन का पर्याप्त प्रचार भी किया गया था।  इसके पश्चात भी फिल्म ७ करोड़ का ग्रॉस ही कर सकी। 





बताते हैं कि दयावान के शक्तिवेलु स्वयं फ़िरोज़ खान ही करना चाहते थे। किन्तु, माधुरी दीक्षित के साथ अंतरंग दृश्यों में असहज अनुभव करने के कारण उन्होने अपने प्रिय मित्र विनोद खन्ना को यह भूमिका सौंप दी थी।





दयावान को, फ़िरोज़ खान की द गॉडफादर से प्रेरित दूसरी फिल्म बताया जाता है। उनकी  गॉडफादर प्रेरित पहली फिल्म धर्मात्मा थी। इस फिल्म में फ़िरोज़ खान केंद्रीय भूमिका में थे। फिल्म में उनका साथ हेमा मालिनी और रेखा के अतिरिक्त प्रेमनाथ, डैनी, रंजीत, सुधीर आदि थी। यह फिल्म बड़ी हिट हुई थी। 

No comments: