निर्माता- निर्देशक करण जोहर ने, मार्च २०१३ में फिल्म शुद्धि की घोषणा की थी। उनकी इच्छा, २६ जनवरी २०१२ को प्रदर्शित सुपरहिट फिल्म अग्निपथ की सफलता का लाभ उठाना था। वह इस फिल्म को दिवाली २०१३ में प्रदर्शित करना चाहते थे। शुद्धि, उनकी दिवाली में प्रदर्शित होने वाली, कुछ कुछ होता है के बाद दूसरी फिल्म होती।
अग्निपथ की सफलता को ध्यान में रख कर, उन्होंने शुद्धि में अग्निपथ के नायक हृथिक रोशन को लेने का विचार किया था। स्पष्ट रूप से फिल्म के निर्देशक अग्निपथ के करण मल्होत्रा ही होते। किन्तु, फिल्म में हृथिक रोशन की नायिका के रूप में प्रियंका चोपड़ा को नहीं बल्कि करीना कपूर को लिया गया था। प्रियंका चोपड़ा के साथ करण जोहर के सम्बन्ध शाहरुख़ खान के साथ प्रियंका चोपड़ा के कथित रोमांस को लेकर खराब हो गए थे। करण जोहर, शाहरुख़ खान और उनकी पत्नी गौरी खान के भी अच्छे मित्र है। वह नहीं चाहते थे कि गौरी खान का घर टूटे।
इस विवाद और शुद्धि को लेकर कोई विशेष प्रगति न होने के कारण हृथिक रोशन ने शुद्धि को छोड़ दिया। इसके बाद, फिल्म शुद्धि में किसी खान अभिनेता अर्थात शाहरुख़ खान या सलमान खान को लिए जाने की चर्चा हुई। यह चर्चा, सलमान खान के नाम पर आ कर रुकी। ऐसा प्रतीत होता था कि करण जोहर को अपना नायक मिल गया था। अब यह बात दूसरी है कि शुद्धि की चर्चा पुनः रुक गई।
मई २०१५ में, करण जौहर ने यह घोषणा की कि उनकी २०१२ की हिट फिल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर की जोड़ी वरुण धवन और आलिया भट्ट शुद्धि प्रोजेक्ट का भाग होंगे। यद्यपि, उस समय भी वरुण धवन ने यह स्पष्ट किया था कि शुद्धि शीघ्र निर्मित होने नहीं जा रही। उस समय फिल्म को रोक दिए जाने के समाचार भी आये। किन्तु,तब फिल्म के निर्देशक चुने गए करण मल्होत्रा ने ट्विटर पर बताया कि शुद्धि को रोका नहीं गया है। फिल्म सही समय पर बन कर प्रदर्शित होगी।
करण मल्होत्रा के निर्देशन में बनाई जाने वाली फिल्म शुद्धि के भाग्य में उतार चढ़ाव ही लिखे थे। शुद्धि परियोजना से, ऋतिक रोशन और करीना कपूर जुड़े। फिर संजय दत्त भी जुड़े। किन्तु, शीघ्र ही इन अभिनेताओं ने फिल्म भिन्न भिन्न कारणों से छोड़ दी। तब सलमान खान इस प्रोजेक्ट से कुछ समय के लिए जुड़े और शीघ्र ही अलग भी हो गए। इस बीच, शुद्धि के करण मल्होत्रा के स्थान पर करण जोहर के निर्देशित करने का समाचार भी आया।
अंततः, सलमान खान के शुद्धि से निकल जाने के बाद, करण जोहर ने शुध्दि को नए नाम और नए निर्देशक के साथ बनाए जाने की घोषणा की। अब शुद्धि को, वरुण धवन और आलिया भट्ट के साथ, नए शीर्षक रणभूमि के साथ बनाया जाना था। फिल्म का निर्देशन दुल्हनिया निर्देशक शशांक खेतान करने वाले थे। लगा कि अब 'शुद्धि' 'रणभूमि' बन कर बॉक्स ऑफिस के मैदान में उतरेगी। किन्तु, अब कुछ अफवाहों के बाद रणभूमि भी खेत रही।
शुद्धि चाहे रणभूमि बन गई हो। किन्तु, उसके योद्धा कभी भी तय नहीं हो पाए। फिल्म समाचारों में प्रमुख स्थान पाती और अगले दिन ही बासी पड़ जाती। २०२३ में इस बंद कर दिए गए प्रोजेक्ट को लेकर यह समाचार आया कि रणभूमि नहीं, शुद्धि बनाई जाएगी। किन्तु, नायक कोई हृथिक रोशन, सलमान खान या वरुण धवन नहीं होंगे। बल्कि, उरी अभिनेता विक्की कौशल होंगे।
आपको कोई नई खबर !

No comments:
Post a Comment