Sunday, 18 February 2018

बॉलीवुड न्यूज़ १८ फरवरी

जे.पी. दत्ता ​की पलटन ​में ईशा गुप्ता
बादशाओ, कमांडो २ और चक्रव्यूह सहित अपने करियर में प्रमुख एक्शन फिल्मों का हिस्सा बनने के बाद, ​ईशा गुप्ता एक और एक्शन फ़्लिक, पलटन में दिखने ​वाली हैं। फिल्म निर्माता​-निर्देशक जे पी  दत्ता ​की ​महत्वाकांक्षी फिल्म 'पलटन' ​में सोनू सूद, अर्जुन रामपाल, हर्षवर्धन राणे, लव सिन्हा, सिध्दांत कपूर, गुरुमीत चौधरी और जैकी श्रॉफ​ ​नजर आने वाले है। अगर सूत्रों की माने तो​ निर्माताओं ने ​ईशा को अपनी महत्वाकांक्षी परियोजना का हिस्सा ​बनाया है। वह ​अर्जुन रामपाल ​के अपोजिट होंगी। ईशा फिल्म में अर्जुन रामपाल के साथ रोमांटिक जोड़ी बनायेंगी। उनका यह किरदार महत्वपूर्ण पात्रों में से एक है। ​ईशा जल्द ही ​फिल्म के ​अगले शेडूल ​के लिए चंडीगढ़ ​जाएगी और ​फिल्म के दूसरे कलाकारों और ​क्रू में शामिल ​होंगी । ​ईशा गुप्ता कह​ती ​हैं, "​बहुत से लोगों ​को मैं ​६० दशक में दिखने वाली अभिनेत्री जैसे लगती हूँ । ​जेपी सर को देशप्रेम और देश के लिए जूनून के लिए जाना जाता है। उनकी फिल्मे देशभक्ति से भरी होती है। मैं उनकी फिल्म का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रही हूँ ।​ ​ईशा ने ​आगे खुलासा किया, "मैंने अर्जुन के साथ चक्रव्यूह किया था, ​तभी से हमारा अच्छा तालमेल ​रहा है​​​ और अब मैं पलटन में अर्जुन की पत्नी की भूमिका निभा रहा हूं। मैं  जल्द ही टीम में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं।" जेपी ​फिल्म ​ द्वारा निर्मित और ज़ी स्टूडियो द्वारा प्रस्तुत, पलटन ​२०१८ की गर्मियों ​में ​प्रर्दशन के लिए तैयार होगी।
पहले 'काला' फिर रिलीज़ होगी २.०
पिछले दिनों, यह अफवाह गर्म थी कि वीएफएक्स का काम अधूरा रहने के कारण रजनीकांत की विज्ञान फंतासी फिल्म २.० अपनी निर्धारित तारीख़ को रिलीज़ नहीं हो पायेगी। यह भी बताया गया था कि रजनीकांत की इस साल दो फ़िल्में बन कर तैयार हैं।  दूसरी फिल्म अंडरवर्ल्ड पर काला  थी।  इस फिल्म में रजनीकांत एक डॉन की भूमिका कर रहे हैं। काला, रिलीज़ के लिए लगभग तैयार थी। उस समय यह भी बताया गया था कि काला को अप्रैल में रिलीज़ किया जा सकता है।  वीएफएक्स के काम के लिए २.० की रिलीज़ टालने के बाद पिछले दिनों काला के अप्रैल में रिलीज़ किये जाने का ऐलान कर दिया गया है।  अब यह फिल्म २६ अप्रैल को रिलीज़ होगी। काला की रिलीज़ की कोई भी तारीख़ पहले नहीं बताई गई थी। अब २.० ठीक ठीक किस तारीख़ को रिलीज़ होगी, बताया नहीं गया है।  काला का निर्देशन पा रंजीत ने किया है।  पा रंजीत इससे पहले रजनीकांत की डॉन भूमिका वाली फिल्म क़बाली  का निर्देशन कर चुके हैं।  कबाली को बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया सफलता मिली थी।  काला का निर्माण, रजनीकांत के दामाद धनुष की कंपनी वंडरबार कर रही है।
सलमान खान और जैक्विलिन का डांस
खबर गर्मागर्म है कि सलमान खान और जैक्विलिन फर्नॅंडेज़ आजकल बैंकाक में पटाया बीच पर गर्मागर्म रोमांस कर रहे हैं। लेकिन, उनका यह रोमांस रील के लिए है।  आजकल, बैंकाक में रेमो डिसूज़ा की रेस फ्रैंचाइज़ी की तीसरी फिल्म रेस ३ की शूटिंग चल रही है। इस दौरान इन दोनों पर यह गीत फिल्माया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि यह गीत उतना ही हॉट होगा, जितना इस जोड़ी के जुम्मे की रात और हैंगओवर गीत थे। इस गीत पर कितनी मेहनत लगाईं जा रही है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फिल्म के निर्देशक और कोरियोग्राफर रेमो डिसूज़ा इस डांस नंबर की कोरियोग्राफी कोई बीस दिनों से कर रहे थे। बताते हैं कि इस गीत में काफी एक्शन भी होंगे। इस गीत का हिस्सा डेज़ी शाह भी हैं।  बताते हैं कि उनके पाँव में फ्रैक्चर है। लेकिन, रेमो इस गीत में डेज़ी को शामिल करेंगे।  डेज़ी का हिस्सा इस तरह से फिल्माया जायेगा कि उनका चोटिल पैर नज़र नहीं आये। इस गीत के सन्दर्भ में एक दिलचस्प बात यह है कि इस नंबर के लिए दो गीत चुने गए हैं। शूटिंग किस गीत पर हुई, इसका पता बाद में चलेगा।  रेस ३ में बॉबी देओल, डेज़ी शाह, साकिब सलीम और अनिल कपूर भी अभिनय कर रहे हैं।  यह फिल्म इस साल ईद वीकेंड पर रिलीज़ होनी है। 
हृथिक रोशन के ऑन स्क्रीन भाई नंदिश संधू
बॉलीवुड के ग्रीक गॉड हृथिक रोशन ने फिल्म सुपर ३० में आनंद कुमार की अपनी भूमिका को शूट करना शुरू कर दिया है। पिछले  दिनो, हृथिक रोशन का आनंद कुमार लुक  सोशल मीडिया पर  छाया हुआ था।  अब खबर है कि मैथमैटिशन आनंद कुमार के भाई प्रणव कुमार की भूमिका के लिए अभिनेता की तलाश ज़ोरों पर है। आनंद  कुमार के जीवन में उनके भाई प्रणव कुमार की अहम् भूमिका है।  प्रणव  चाहते हैं कि हृथिक  रोशन के आनंद कुमार के सामने उनके प्रणव कुमार को कोई जाना पहचाना चेहरा करे।  प्रणव ने टाइगर श्रॉफ या सिद्धार्थ मल्होत्रा को लिए जाने को कहा था।  लेकिन, कई कारणों से ऐसा संभव नहीं हो रहा था।  टाइगर श्रॉफ को प्रणव कुमार के रोल में इसलिए नहीं लिया जा सकता था कि टाइगर, सिद्धार्थ मल्होत्रा की अनाम एक्शन फिल्म में हृथिक रोशन के जोड़ीदार हैं।  सिद्धार्थ मल्होत्रा की यह एक्शन फिल्म अक्टूबर २०१९ में रिलीज़ होगी।  जबकि सुपर ३० उससे पहले जनवरी में  रिलीज़ हो जाएगी।  जबकि, कहानी की डिमांड के अनुसार सिद्धार्थ मल्होत्रा को बिलकुल फ्रेश जोड़ी की तलाश है।  सुपर ३० रिलीज़ हो जाने पर यह फ्रेशनेस ख़त्म हो जाती।  प्रणव की भूमिका के लिए सिद्धार्थ इसलिए नहीं मिल सके कि उन्हें ऐयारी की रिलीज़ के बाद विक्रम बत्रा की बायोपिक करनी है।  इसके लिए उन्हें लम्बे समय तक फिल्म से जुड़ना होगा।  इसलिए सिद्धार्थ को  को भी सुपर ३० में नहीं लिया जा सका।  अब खबर है कि टीवी एक्टर नंदिश संधू इस भूमिका के लिए चुन लिए गए हैं।  टेलीविज़न दर्शक नंदिश संधू को उतरन में देख चुके हैं।  उनका चेहरा काफी मासूम और ईमानदार है।  आनंद कुमार को भी नंदिश इन्ही खासियतों की वजह से  पसंद आये।   उम्र के लिहाज़ से भी नंदिश हृथिक रोशन से छोटे लगते हैं।  इस प्रकार से, अब सुपर ३० में टीवी के दो एक्टर हृथिक रोशन के साथ अहम किरदार करते नज़र आएंगे।  नंदिश से पहले, टीवी एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर को हृथिक रोशन की बीवी के किरदार में लिया गया था।
सत्ताईस साल बाद अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर
पिछले दिनों, १०२-नॉट आउट ट्रेलर जारी हुआ। बासठ सेकंड के इस ट्रेलर में अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर  के किरदार  छाये हुए हैं। इस फिल्म कहानी भी इन्हीं दोनों चरित्रों की है।  बाप और बेटा की हास्य से भरपूर कहानी।  बाप १०२ साल का है, बेटा उससे २७ साल छोटा ७५ साल का।  यह फिल्म एक गुजराती नाटक पर है।  बाप चाहता है कि वह सबसे ज़्यादा उम्र के व्यक्ति का रिकॉर्ड बनाये, जो फिल्म में एक चीनी व्यक्ति के पास है। उमेश  शुक्ल की इस फिल्म में १०२ साल के पिता की भूमिका में अमिताभ बच्चन हैं।  उनके ७५ साल के बेटे की भूमिका ऋषि कपूर कर रहे हैं।  रियल लाइफ में अमिताभ बच्चन  ७५ साल के है और ऋषि कपूर उनसे १० साल छोटे ६५  साल के।  जिस साल, ऋषि कपूर की टीनएज रोमांस वाली फिल्म बॉबी रिलीज़ हुई थी, उसी साल अमिताभ बच्चन की एंग्रीयंगमैन  किरदार वाली एक्शन फिल्म भी रिलीज़ हुई थी।  अमिताभ बच्चन सुपरस्टारडम की सीढ़ियां चढने लगे। ऋषि कपूर हिंदी फिल्मों के लवर बॉय बन गए।  उस साल का फ़िल्मफेयर पुरस्कार बॉबी के ऋषि कपूर को मिला था।  ऋषि कपूर ने इस  पुरस्कार के लिए अमिताभ बच्चन को पीछे छोड़ दिया था।  बाद में अपनी आत्मकथा मे ऋषि कपूर ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह पुरस्कार फिल्मफेयर के जजों को घूस देकर खरीदा था।  यानि अमिताभ बच्चन से छीन लिया था।  यह बात अमिताभ बच्चन को भी मालूम थी।  इसके बावजूद, तीन साल बाद यानि १९७६ में दोनों यश चोपड़ा की फिल्म कभी कभी में एक साथ नज़र आये।  इस फिल्म की ज़बरदस्त सफलता के बाद ऋषि कपूर और अमिताभ बच्चन ने अमर अकबर अन्थोनी, नसीब, कुली, दोस्ती दुश्मनी और  अजूबा  जैसी फ़िल्में की।  ज़्यादातर फिल्मों में दोनों भाइयों की भूमिका में थे।  अजूबा ( १९९१) इस जोड़ी की एक साथ आखिरी फिल्म थी।  इस लिहाज़ से यह जोड़ी पूरे २७ साल बाद साथ आ रही है।  अब इसे इत्तफ़ाक़ ही कहा जायेगा कि रील लाइफ की उम्र  में भी २७ साल का ही फासला है। 
श्वेता तिवारी की बिटिया की 'क्विकी'
इस चित्र को देख कर आपको किसी की याद आई ! जी हाँ, कसौटी ज़िन्दगी की की प्रेरणा बासु याद आ रही होंगी ! ऐसा होना स्वाभाविक भी है। यह श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी है। १७ साल की पलक अब जवान हो गई हैं। वह माँ की तरह खूबसूरत है। उनकी माँ श्वेता टीवी की बड़ी एक्ट्रेस थी। हालाँकि, फिल्मों में वह खास सफल नहीं हो सकी। लेकिन, बेटी की आँखों में एक्ट्रेस बनने के सपने भी साथ जवान होने लगे हैं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट उनके चित्र, पलक की खुली आँखों से देखे जा रहे सपनों की गवाही दे रहे हैं। वह अपनी माँ की तरह खूबसूरत और सेक्सी है। शायद, फिल्म वालों की नज़र भी उन पर है। पिछले साल से यह खबर थी कि पलक को फिल्म क्विकी के लिए साइन कर लिया गया है। इस फिल्म में उनके नायक तारे ज़मीन पर के दर्शील सफारी होंगे। इसके बाद कुछ ख़ास सूचना नहीं मिली थी। फिलहाल भी इस फिल्म का और विवरण बताया नहीं गया है। लेकिन, क्विकी की नायिका पालक तिवारी के होने की पुष्टि ज़रूर हो जाती है।
वेलकम टू न्यू यॉर्क के लिए सोनाक्षी का गुज्जू लुक
अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा किसी भी लुक में फिट बैठने के लिए जानी जाती हैं, चाहे वो अति आधुनिक लुक हो या पारंपरिक लुक हो। उन्होंने अपनी पहली फिल्म 'दबंग' में देसी गांव की लडकी लुक के साथ करियर शुरू किया था और तब से उन्हें उनकी फिल्मों में विभिन्न अवतारों में देखा गया है। जब से वेलकम टू न्यू यॉर्क का पोस्टर लांच हुआ है, यह इंटरनेट पर तूफान पैदा कर रहा है। इस फिल्म में सोनाक्षी एक गुजराती फैशन डिजाइनर जीनल पटेल का रोल निभा रही है । यह लुक बहुत अलग है और सोनाक्षी इसे बेहतर तरीके से निभा रही है। जीनल लुक के लिए सोनाक्षी को कुर्ती-बिन्दी से सजाया गया है। सोनाक्षी के लुक को उनके कॉलेज बैचमेट एका लखानी ने तैयार किया है । सोनाक्षी सिन्हा कहती हैं, '' एका ने कैरेक्टर को बेहतर समझा और उसी के मुताबिक उसे फैशनेबल बनाया. जीनल पटेल को उसने जो लुक दिया है, उससे मैं बहुत खुश हूं । जीनल का स्टाइल ऐसा है, जिसे उसका खुद का स्टाइल कहा जा सकता है । मेरा कैरेक्टर फैशन डिजाइनर बनना चाहता है । फैशन को ले कर उसकी अपनी एक अलग सोच है । व्यक्तित्व में कुछ खास आदतें है। इसलिए, हमने उसके लुक में भी कुछ खास जोडा है।

रोडीज़ की गैंग लीडर नेहा धूपिया - पढ़ने के लिए क्लिक करें   

Saturday, 17 February 2018

रोडीज़ की गैंग लीडर नेहा धूपिया

नेहा धूपिया ने कभी अपनी गर्मागर्म फिल्मों से तहलका मचा दिया था । बॉलीवुड में अजय देवगन के साथ फिल्म क़यामत : सिटी अंडर थ्रेट से अपना फिल्म डेब्यू करने वाली नेहा धूपिया ने पहली फिल्म में बांड फिल्म डॉक्टर नो की उर्सुला एंड्रेस की नक़ल में टू पीस बिकिनी में समुद्र से निकल कर तहलका मचा दिया था।  लेकिन नेहा को जूली, शीशा, सिसकियाँ, क्या कूल हैं हम, आदि फिल्मों ने गरम हीरोइन तो बना दिया । लेकिन, बतौर नायिका करियर लम्बे समय तक गर्म नहीं रह सका । नतीजतन वह सपोर्टिंग रोल करने लगी । इस भूमिका में वह सफल हुई । सिंह इज किंग, फँस गया रे ओबामा, दे दना दन, हिंदी मीडियम और अब तुम्हारी सुलू उनकी पहचान बनाने वाले फिल्मे थी । नेहा धूपिया का एक प्रोडक्शन हाउस बिग गर्ल भी है । इस बैनर के अंतर्गत उनका चैट शो नो फ़िल्टर नेहा काफी पॉपुलर है । इस शो में बॉलीवुड की बड़ी बड़ी हस्तियाँ अपना दिल खोल कर रख जाती हैं । इस शो के दो सीजन अब तक काफी सफल हुए हैं। नेहा धूपिया एमटीवी के रियलिटी शो रोडीज़ की गैंग लीडर है। अब यह शो रोडीज एक्सट्रीम एक बार फिर शुरू होने जा रहा है । यह शो अपने रोमांच के लिए काफी चर्चित है । इस शो में १८ साल से ऊपर के युवा ही हिस्सा ले सकते हैं । इस शो की शुरुआत कल १८ फरवरी से हो रही है । 



नीरू बाजवा की पंजाबी फिल्म लौंग लाची

कनाडा की पंजाबी मूल की १८ साल की नीरू बजवा ने देवानंद की हिंदी फिल्म मैं सोलह बरस की से बॉलीवुड डेब्यू किया था। फिल्म फ्लॉप हुई। जैसा कि होता आया है फ्लॉप बॉलीवुड एक्ट्रेस रीजनल सिनेमा या टीवी सीरियलों की ओर चल  देती है। नीरू बजवा भी टीवी सीरियल और पंजाबी फिल्मों की ओर मुड़ गई। पंजाबी फिल्मों में नीरू ने खूब नाम और नामा कमाया। नतीजे के तौर पर वह २०१६ में फिल्म निर्माता भी बन गई। वह अब तक चन्नो कमली यार दी और सरगी का निर्माण कर चुकी हैं। अब उनकी तीसरी फिल्म लौंग लाची बन कर तैयार है। इस फिल्म के लेखक और निर्देशक अम्बरदीप सिंह हैं। अम्बरदीप सिंह की फिल्म लाहोरिये को बड़ी सफलता मिली थी। लौंग लाची में नीरू बजवा के नायक अम्बरदीप सिंह ही हैं। फिल्म में एमी विर्क की अहम् भूमिका है। इस फिल्म का ट्रेलर बड़ा ही हंसी मज़ाक वाला मगर पारिवारिक लगता है। यह फिल्म ९ मार्च को रिलीज़ हो रही है। 




बब्बू मान का सिंगल तेरी याद आती है

म्यूजिक इंडस्ट्री की सनसनी गायक, बब्बू मान ने भी वैलेंनटाइन वीक पर अपना नया सिंगल लॉन्च किया बकौल बब्बू मान यह लव सॉन्ग लोगों के दिलों को पिघला देगा इस गाने को खुद मान ने लिखा है और इसे डीजे शेजवुड ने डायरेक्ट किया है । इस गीत को अभिनेत्री स्मिता गोंडकर पर फिल्माया गया है गीत के बोल हैं तेरी याद आती है डीजे शेरवूड ने बताया कि हमने इस गाने के मेकिंग के वक्त ही सोच लिया था इसे वैलेंनटाइन के मौके पर रिलीज करेंगे बब्बू मान का असली नाम तेजिंदर सिंह मान है बब्बू मान को बचपन से ही संगीत का बहुत शौक था सात साल की उम्र में उन्होंने गाना शुरू कर दिया था । वह हर बात को एक संगीतकार के नज़रिये से देखते यहां तक कि रसोई घर के बर्तनों को भी वे संगीत के साज़ बनाकर उनसे भी सुरीली तान छेड़ दिया करते थे बब्बू मान उन गिने-चुने गायकों में से हैं जो अपने सभी गीतों के बोल ख़ुद लिखते हैं । बब्बू मान कहते हैं, “यह गीत एक खूबसूरत कहानी सुनाने वाला है । हम प्यार की भावना को भिन्न तरीके से बताने की कोशिश करते हैं ।“ इस गीत को वीनस वर्ल्डवाइड एंटरटेनमेंट द्वारा रिलीज़ किया गया है । 
देखिये और सुनिए इस सिंगल का वीडियो - 



आनंद कुमार पढ़ाएंगे, इमरान हाश्मी करेंगे चीट इंडिया

२०१९ के गणतंत्र दिवस (२६ जनवरी) वीकेंड पर अक्षय कुमार नहीं होंगे हालाँकि, गणतंत्र दिवस वीकेंड को सुपरडुपर हिट कलेक्शन देने वाला बनाने की शुरुआत हृथिक रोशन की फिल्म अग्निपथ (२०१२) से हुई थी इस फिल्म के बाद यह वीकेंड बॉलीवुड के बड़े एक्टर्स की फिल्मों की रिलीज़ के लिए आकर्षण का वीकेंड बन गया यहाँ ध्यान रहे कि चालू दशक की शुरू में, सलमान खान की फिल्म वीर (२०१०) को गणतंत्र दिवस वीकेंड पर बुरी असफलता मिली थी यह कहा जाए तो ज्यादा ठीक रहेगा कि सलमान खान की फ़िल्में इस वीकेंड में रिलीज़ हो कर असफल ही होती रही है जय हो (२०१४) इसका प्रमाण है इसके बावजूद इस वीकेंड में रिलीज़ रेस २ (२०१३), बेबी (२०१५), एयरलिफ्ट (२०१६), रईस और काबिल (दोनों गणतंत्र दिवस २०१७) तथा इस साल पद्मावत को ज़ोरदार शुरुआत कराने वाला वीकेंड मिला था जिन पाठकों ने यह फ़िल्में देखी हैं, वह इनके विषयों से परिचित होंगे लेकिन, अगले साल के गणतंत्र दिवस वीकेंड पर इन सब से बिलकुल अलग विषय से बिलकुल अलग, भारत की शिक्षा पर दो फ़िल्में रिलीज़ हो रही होंगी अगले साल, २५ जनवरी को हृथिक रोशन गणित के अध्यापक आनंद  कुमार बने हुए ३० छात्रों को आइआइटी में भेजने की कोशिश कर रहे होंगे वहीँ इमरान हाशमी बताएँगे कि हिंदुस्तान में कैसे शिक्षा एक समानांतर भ्रष्ट और लालची व्यवस्था बन गई है। इस फिल्म का निर्माण फैशन फोटोग्राफर अतुल कस्बेकर और निर्देशन सौमिक सेन करेंगे ज़ाहिर है कि २०१९ में शिक्षा व्यवस्था पर दो फिल्मों का टकराव देखना दिलचस्प होगा । 




हिंदी फिल्मों का खलनायक जिम सरभ बन रहे सलमान खान

जिम सरभ और सलमान खान ! जिम सरभ ने अभी  तक सलमान खान के साथ कोई फिल्म नहीं की है। लेकिन, वह परदे पर सलमान खान को करने जा रहे हैं।  राजकुमार हिरानी निर्देशित संजय दत्त बायोपिक में जिम सरभ के सलमान खान की भूमिका करने की खबर है।  मुंबई के एक अख़बार के अनुसार संजय दत्त बायोपिक में शुरूआती दौर के संजय दत्त का ज़िक्र है। बताते चलें कि संजय दत्त और सलमान खान आपस में अच्छे दोस्त थे और हैं भी। इसे दिखाने के लिए जिम सरभ को सबसे उपयुक्त चेहरा माना गया है।  जिम सरभ की शक्ल शुरूआती दौर के सलमान खान जैसी लगती है।  इसलिए, जिम सरभ बायोपिक फिल्म में संजय दत्त बने नज़र आएंगे।  यह देखना दिलचस्प होगा कि हिंदुस्तान के सबसे सफल अभिनेताओं में से एक सलमान खान के रील किरदार को हिंदी फिल्मों का एक खतरनाक खलनायक कर रहा है। जिम सरभ के हिंदी फिल्म करियर की शुरुआत नीरजा फिल्म से हुई थी।  इस रियल घटना वाली  फिल्म में जिम सरभ ने एक आतंकवादी खलील की भूमिका की थी।  इस भूमिका से जिम ने खुद की पहचान बना ली।  इस फिल्म के बाद जिम सरभ की अ डेथ इन द गंज, राब्ता और पद्मावत जैसी फ़िल्में कर चुके हैं।  ख़ास बात यह है कि इन सभी फिल्मों  में उनकी भूमिका खल चरित्र वाली थी।  पद्मावत ने वह खलनायक खिलजी के आकर्षण मलिक कफूर  बने थे। अब वह बायोपिक में सलमान खान का किरदार कर रहे हैं तो  यह एक खलनायक के नायक बनने जैसा प्रतीत होता है।  इस फिल्म में संजय दत्त का किरदार रणबीर कपूर कर रहे हैं। ख़ास बात यह है कि बायोपिक फिल्म में नीरजा वाली सोनम कपूर भी हैं।  फिल्म में सोनम टीना मुनीम का  किरदार कर रही हैं।  ध्यान रहे कि संजय दत्त की डेब्यू हिंदी फिल्म रॉकी की नायिका टीना मुनीम ही थी।  संजय दत्त  और टीना मुनीम का रोमांस काफी मशहूर हुआ था।




सोनम कपूर के पीछे दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा

अपनी सबसे प्रत्याशित फिल्म पैडमैन की रिलीज के बाद स्कोर ट्रैंड्स इंडिया के लोकप्रियता के चार्ट में बॉलीवुड की स्टाइल आइकन सोनम कपूर सबसे अग्रणी स्थान पर पहूँच गयी हैं। गौरतलब हैं कि  पिछले पांच हफ्तों से नंबर वन पर रहीं, रानी पद्मावती दीपिका पादुकोण थी।  अब सोनम कपूर उनको पीछे छोडते हुए नंबर वन बन गयीं हैं। सोनम कपूर के बाद इस लिस्ट में ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपडा दूसरे स्थान पर हैं। स्कोर ट्रेंड्स के आंकड़ों के मुताबिक, १ फरवरी से ८ फरवरी की अवधि के दौरान सोनम कपूर ४४,९७ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर थी। लेकिन अब ८ फरवरी से १५ फरवरी की अवधि के दौरान सोनम ने २३.७३ अंकों की वृध्दि दर्ज करते हुए ६८.७० अकों के साथ अव्वल स्थान हासिल किया हैं। वहीं, पिछले कुछ हफ्तों से नंबर वन स्थान पर बरकरार रहीं दीपिका इस हफ्ते ५४.४१ अंको के साथ पांचवे स्थान पर हैं। अमेरिका की मीडिया-टेक कंपनी स्कोर ट्रेंड्स इंडिया व्दारा दिए गये यह आंकड़े प्रमाणित हैं और डेटा पर काफी संशोधन किया गया हैं। स्कोर ट्रेंड्स के सह-संस्थापक अश्विनी कौल ने बताया, "हमने यह डेटा 14 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध छः सौ न्यूज स्त्रोतों से इक्ठ्ठा किया हैं। पूरे एक हफ्ते में मीडिया में उपलब्ध डेटा के अनुसार यह आंकडे सामने आते है।" "यह नंबर फेसबुक, ट्विटर, प्रिंट प्रकाशन, वायरल न्यूज, ब्रॉडकास्ट और डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे सैकड़ों स्रोतों से उठाए गए हैं और फिर कई अत्याधुनिक एल्गोरिदम इस विशाल डेटा की प्रक्रिया में सहायता करते हैं। जिससे बॉलीवुड सितारों के स्कोर और रैंकिंग तक हम पहुंच पाते हैं।" सोनम कपूर इस हफ्ते अव्वल स्थान पर आने की वजह फेसबुक, ट्विटर, वायरल समाचार, समाचार पत्रों और डिजिटल साइट्स पर पैडमैन की रिलीज के वक्त उनकी बढ़ती लोकप्रियता बतायी जा रहीं है। इस हफ्ते दूसरे स्थान पर आयीं इंटरनैशनल आइकन प्रियंका चोपडा पिछले हफ्ते चौथे स्थान पर थी। लेकिन पिछले हफ्ते ३१.३७ अंकों पर रहीं प्रियंका २९.८२ अंकों की बढत से नंबर दो स्थान पर पहूँच गयी हैं। स्कोर ट्रेंड्स के मुताबिक, ६७.१९ अंको के साथ दिख रहीं प्रियंका, उनके एक फिल्म मैगजिन में छपें बोल्ड इंटरव्यू की वजह से दूसरे स्थान पर पहूँच गयीं हैं। 

स्कोर ट्रेंड्स में डेटा और एल्गोरिदम की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताते हुए अश्विनी कौल कहतें हैं,”एटोमेटेड एल्गोरिदम से हर सेलिब्रिटी के बारे में निष्पक्ष स्कोर मिलने मे मदद होती हैं। मशीन लर्निंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों की वजह से डेटा काउंटिंग के वक्त सेलिब्रिटी के बारे में डेटा खोजना और उससे हर हफ्तें के उनके स्कोर गिनना आसान होता हैं। संक्षेपित डेटा प्रकाशित होने से पहले वह विभिन्न गुणवत्ता नियंत्रणों और मापदंड से गुजरता है।



जब ब्लैक पैंथर के बजाय परदे पर आ गई फिफ्टी शेड्स फ्रीड

ऐसा सिर्फ इंडिया में ही हो सकता है। यह सोच सोच कर लज्जित मत होइए। ऐसा कहीं भी हो सकता है।  यहाँ तक कि अमेरिका में भी हो सकता है और ऐसा हुआ भी। मार्वेल सिनेमेटिक यूनिवर्स की सुपरहीरो फिल्म ब्लैक पैंथर का थर्सडे प्रीव्यू एटलांटा के अटलांटिक स्टेशन रीगल थिएटर में शुरू होने जा रहा था। पूरा थिएटर रयान कूगलर की आल ब्लैक स्टार कास्ट फिल्म ब्लैक पैंथर के शुरू होने का इंतजार कर रहा था। लेकिन, यह क्या ? परदे पर वाकांडा के राजा के बजाय अनास्तासिया स्टील और क्रिस्चियन ग्रे की इरोटिक वेडिंग फिफ्टी शेड्स फ्रीड शुरू हो चुकी थी। पूरा हाल सन्नाटे में था। थिएटर में मौजूद दर्शकों के मोबाइल की लाइट जल चुकी थी। धडाधड विडियो खींचे जा रहे थे और सोशल साइट्स पर पोस्ट किये जा रहे थे। इस बीच दर्शकों के बीच में कुछ लोगों ने थिएटर को इस गलती की जानकारी दी। इसके बाद थिएटर ने अपने गलती में सुधार किया। मालूम पडा कि प्रोजेक्टर में पहले से पाइपलाइन की गई फिल्म फिफ्टी शेड्स फ्रीड, ब्लैक पैंथर की जगह आ गई थी। खबर है कि ब्लैक पैंथर ने थर्सडे प्रीव्यू में ही मार्वेल सिनेमेटिक यूनिवर्स की फिल्मों के कीर्तिमान भंग कर दिए थे। 
देखिये ब्लैक पैंथर का ट्रेलर--

देखिये फिफ्टी शेड्स फ्रीड का ट्रेलर --



सुशील जंगीरा की लघु फिल्म मेरी रॉकस्टार वाली जीन्स

मॉडल और झूम टीवी की एंकर सुशील जंगीरा अब लेखिक-निर्देशिका बन गई है । वह लघु फिल्म मेरी रॉकस्टार वाली जीन्स लेकर आ रही है। बीस मिनट की यह फिल्म छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह, पुणे में सर्वश्रेष्ठ स्क्रीनप्ले पुरस्कार की विजेता है। इस फिल्म का कलकत्ता अंतरराष्ट्रीय कल्ट फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ फिल्म (महिला फिल्मों की श्रेणी में) और यूके मंथली फिल्म महोत्सव और डीओएफएफ में एक आधिकारिक चयन किया गया है। इंटरनेशनल एरेना में फिल्म को रॉकिंग मेरी रॉकस्टार जींसइस अंग्रेजी नाम से जाना जाता है। इस प्रोजेक्ट में कोई बड़ा बैनर या स्टार पावर नहीं है, लेकिन सिर्फ एक महिला की कड़ी मेहनत रंग लाई है। मेरी रॉकस्टार वाली जींसबहुत ही संवेदनशील विषय से संबंधित है, भानू की एक तीक्ष्ण कहानी है, एक बहुत ही प्रतिभाशाली दस साल की बाल कलाकार ताइबा मंसुरी ने लड़की की भूमिका निभाई है, जो अपने शिक्षक दीदी के साथ साझा करती हैं । यह भूमिका स्वयं जंगीरा द्वारा निभाई गई हैं। चंद्रक़ला साटम फिल्म में भानु की मां की भूमिका में है। फिल्म का शीर्षक इतना आकर्षक और मूल है कि इसके बारे में इतनी जिज्ञासा पैदा होती है। अपनी फिल्म के बारे में जंगीरा कहती हैं, "फिल्म को रिलीज करने दे । लोगों को खुद पता चल जाएगा ।  लेकिन एक छोटी लड़की की सामान्य कहानी नहीं है, जो एक गायक या नर्तक बनने की इच्छा रखती है । हमने एक ही विषय पर पर्याप्त फिल्में देखी हैं।" इस फिल्म में जंगीरा द्वारा लिखे गए बहुत ही खूबसूरत है जंगीरा ने एक महीने के अनुसंधान कार्य के बाद पांच दिनों में आधे घंटे के भीतर ही पटकथा के साथ एक गीत लिखा है। 




अभी दुल्हन नहीं बनूंगी - कृति खरबंदा

आप गीत के किरदार में हैं ? 
फिल्म में मैं गीत का किरदार निभा रही हूँ। यह नाम मेरे दिल के काफी करीब है, क्योंकि जब मैंने 'जब वी मेट' देखी थी, तो करीना के इस नाम से मुझे प्यार हो गया था। 
इस फिल्म में क्या करीना जैसा ही रोल है  
नहीं, ये बस किरदार का नाम है। मुझे इस नाम से बहुत प्यार है।  मुझे अपने तरीके से गीत का किरदार प्ले करने का मौका मिल रहा है। 
पुलकित के साथ काम करना कैसा रहा ? 
यह वीर और गीत की कहानी है। यह फिल्म कोई मैसेज देने नहीं जा रही है। ये थिएटर तक आकर मनोरंजन लेकर वापिस घर जाने वाली फिल्म है। मुझे ऐसी कहानियां पसंद हैं। कई बार लोगों को हसाना अच्छी बात होती है।  
शादी के बारे में क्या ख़याल है
मुझे लगता है की मैं शादी की ब्रांड एम्बेस्डर बनने वाली हूँ। पिछले एक साल में सात बार दुल्हन बन चुकी हूँ। अब कोई लुक ही नहीं बचा है और आप यकीन नहीं मानोगे, हाल ही में एक बार फिर से मुझे शादी वाली स्क्रिप्ट के लिए अप्रोच किया गया है। मैंने कहा अभी दुल्हन नहीं बनूँगी।  
और कैसी फिल्में करना चाहती हैं  
मैं पहले सोचती थी कि मुझे ऐसा करना है। मेरी लाइफ में कुछ ऐसा हुआ जिसकी वजह से मैंने तय किया है कि  खुद को किसी बॉउंड्री में बाँध कर नहीं रखना चाहिए। मुझे मौका मिले तो मैं नेगेटिव किरदार भी निभाना चाहूंगी। मैं परफॉर्म करना चाहती हूँ। पीरियड फिल्में करना चाहूंगी। श्रीराम राघवन जैसे डायरेक्टर के साथ काम करना चाहूंगी। 
कोई स्क्रिप्ट जो आपने मना की हो ? 
हाँ की हैं, जिंदगी में पहली बार ऐसा हुआ है मैंने 2 फिल्मों को मना किया है। मैंने मम्मी को भी बताया। लेकिन उन्होंने मुझे सांत्वना दी।  
लोगों का कितना प्यार मिल रहा है ? 
पिछले दिनों मैं एक सुपर मार्किट गयी थी और वहाँ एक आंटी आकर मुझे बोली कि उन्हें मेरे जैसी बेटी चाहिए। मैं बेहद खुश हुयी और मैंने ट्वीट भी किया। शादी में जरूर आना फिल्म के बाद और भी ज्यादा सराहना मिल रही है। लोग मेरे किरदार आरती के स्केच भी बनाते हैं। अच्छी फीलिंग है। 
आगामी फिल्म ?
मैं यमला पगला दीवाना फिर से में काम कर रही हूँ। 


मेरे पेरेंट्स सबसे बड़े क्रिटिक्स हैं- पुलकित सम्राट– पढ़ने के लिए क्लिक करें   

मेरे पेरेंट्स सबसे बड़े क्रिटिक्स हैं- पुलकित सम्राट

फिल्म वीरे की वेडिंग का हिस्सा कैसे बने ?
यकीन मानिये इस फिल्म की आखिरी चॉइस मैं था। सबकी कास्टिंग पहले हो चुकी थी। चार दिन के भीतर मेरी कास्टिंग हो गयी। दिल्ली की फीलिंग वाली वेडिंग है, सांग्स अच्छे हैं, सबकुछ देखते हुए फिल्म साईन की। 
कृति खरबंदा के साथ काम करना कैसा रहा ?
मुझे बहुत ही अच्छा लगा। वह बहुत बढ़िया एक्ट्रेस हैं और हमारी केमेस्ट्री भी अच्छी थी। 
क्या आपको लोगों के रिएक्शन मिलते हैं ?
मेरे करीब लोग दर्शकों से भी बड़े क्रिटिक हैं। मेरे पेरेंट्स, मेरे भाई, सब बड़े क्रिटिक हैं। एक बार भी हिचकते नहीं हैं। 
फुकरे की कलेक्शन कभी आपने सोची थी इतनी होगी ?
नहीं, पूरी टीम ने कभी नहीं सोचा था कि इतने बड़े कलेक्शन आएंगे। राकेट की स्पीड से आगे बढ़ी। कुछ दिनों के बाद मैंने नंबर काउंट करना छोड़ दिया। लोग बार बार आकर फिल्म देख रहे थे। 
अगली फुकरे कब आ रही है ?
हमने मृगदीप लाम्बा (डायरेक्टर- फुकरे) को कमरे में बंद कर दिया है और कहा कि अगली कहानी लिखो। 
किसी प्रोजेक्ट से ना जुड़ पाने का दुःख है ?
नहीं, मैंने जो भी किया है, उसने मुझे आगे ही बढ़ाया है। 
सिंगल हैं ?
सिंगल ही हूँ और मुझे मेरे सिंगलहुड को एन्जॉय करने दो। देखें तो सही सिंगल लाइफ कैसी होती है!  
वीरे की वेडिंग के एक्शन के बारे में बताएं  ?
फिल्म का एक्शन अब्बास भाई ने दिया है। उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने बड़े सटीक और रीयल तरह का एक्शन रखा है। ,सड़क वाला एक्शन है। 
सलमान की फिल्मों का हिस्सा बनेंगे
मुझे यकीन है जब उन्हें लगेगा कि मैं उनकी किसी फिल्म का हिस्सा बनने लायक हूँ, तो वो जरूर मुझसे कहेंगे। 




मराठी में बनेगी जीसस

जीसस के दर्शन पर मराठी फिल्म का ऐलान किया गया है। इस फिल्म का निर्माण सुमेधा सूरज इंगले द्वारा किया जायेगा। फिल्म का टाइटल जीसस ही होगा। तेजस फिल्म प्रोडक्शन और स्टार प्रोडक्शन के बैनर के अंतर्गत बनाई जा रही मराठी फिल्म जीसस की शूटिंग मार्च में शुरू हो जायेगी। पिछले दिनों इस फिल्म के ऐलान के मौके पर फिल्म में मुख्य भूमिका करने वाले एक्टर सूरज हिवाले, शुभम उगले और सजल तायडे मौजूद थे। इस ऐलान समारोह को प्रणव चवन, भारत मोरे, विकास थोराट, अमोल थोराट, मिलिंद ताम्बे और सोनाली बोरास्ते जैसी मराठी सिनेमा की हस्तियों ने चार चाँद लगा दिए थे। फिल्म जीसस का निर्देशन निखिल कोपर्ड़े करेंगे। फिल्म का संगीत निखिल कोपर्ड़े द्वारा ही तैयार किया जा रहा है। निखिल ने हिंदी फिल्म हैप्पी न्यू ईयर और नीरजा के रदम अरेंजर के रूप में काम किया था। फिल्म की दूसरी भूमिकाओं के लिए नागेश भोसले, उदय टिकेकर, अरुण नलवाडे, गिरीश परदेशी, अनंदा कारेकर, तेजा डोकर, अशोक शिंदे, चिन्मय उद्गीरकर, विजुय पाटकर, संजय विचारे, आदि को लिया गया है।



जे पी दत्ता की फिल्म पलटन का चंडीगढ़ शूट पूरा

चंडीगढ़ में जे पी दत्ता ​की फिल्म पलटन के कास्ट और ​क्रू मेंबर्स ने फिल्म की वार्प अप पार्टी की ।​ ​अभिनेता सोनू सूद, अर्जुन रामपाल, हर्षवर्धन राणे, लव सिन्हा, सिद्धार्थ कपूर, गुरुमीत चौधरी, जैकी श्रॉफ, एशा गुप्ता, मोनिका गिल और दीपिका ककर, आदि कलाकार के साथ फिल्म टीम ने चंडीगढ़ में फिल्म का लम्बा शेड्यूल पूरा किया है। पिछले साल जुलाई में महत्वाकांक्षी​ वॉर ड्रामा फिल्म की घोषणा ​होने की बाद​ से,  जेपी दत्ता लद्दाख ​में शूटिंग पूरी कर चुके हैं । यह फिल्म १९६२ के भारत-चीन युद्ध की पृष्ठभूमि पर है । चंडीगढ़ शिड्यूल के अच्छी तरह से पूरा होने से खुश फिल्म की एक निर्माता ​निधि दत्ता ​कहती हैं, "पलटन से जुड़े सभी लोगों के लिए यह एक भावनात्मक क्षण है​ । ​राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाली फिल्म बॉर्डर बनाने के बाद मेरे पिता ने भारतीय इतिहास से एक ओर अध्याय को सामने लाने का सपना देखा था। पलटन एक श्रद्धांजलि है, उन सभी बहादुर सैनिकों के सम्मान की निशान हैं जो अपनी मातृभूमि के लिए लड़ रहे है और लड़े थे ।"


पाकिस्तान में बैन बॉलीवुड – पढ़ने के लिए क्लिक करें    

पाकिस्तान में बैन बॉलीवुड

पाकिस्तान मे पेडमैन बैन हो गई । अक्षय कुमार, सोनम कपूर और राधिका आप्टे की यह फिल्म महिलाओं के मासिक चक्र के दौरान स्वच्छता जैसी सामाजिक समस्या पर है । इस फिल्म को भारत में रिलीज़ से पहले ही काफी चर्चा मिली । लेकिन, पाकिस्तान में केवल इसी कारण से फिल्म को बैन कर दिया गया । पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड के एक सदस्य इसाक अहमद ने बयान दिया, हम अपने फिल्म वितरकों को वैसी फ़िल्में आयात करने की इजाज़त नहीं दे सकते, जो हमारी परंपरा एवं संस्कृति के खिलाफ हैं । सेंसर बोर्ड के तमाम सदस्यों की दलील थी कि हमें वर्जित विषयों पर फिल्मों की स्क्रीनिंग की इजाज़त नहीं देनी चाहिए । यह हमारी संस्कृति, समाज यहाँ तक हमारे धर्म में भी नहीं है । हालाँकि, सेंसर के इस रवैये का पाकिस्तान के लोगों में, ख़ास तौर पर महिलाओं में, भारी विरोध हुआ । एक महिला ने ट्विटर पर व्यंग्य किया, “बहुत अच्छा, क्योंकि यहाँ की महिलाओं को पीरियड्स नहीं होते हैं न ! कितने बेवकूफ लोग सेंसर में बैठे हैं ।“
भाषा, धर्म और संस्कृति की दुहाई
पाकिस्तानी चाहे कितना विरोध करें, पैडमैन अब पाकिस्तान के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने नहीं जा रही । पाकिस्तान सेंसर बोर्ड के कुछ सख्त नियम कानून हैं । इसके सदस्यों को उन्ही के अनुसार फ़िल्में सेंसर करनी होती है । इसी लिए पाकिस्तान के सेंसर बोर्ड को पाकिस्तान को डर्टी पिक्चर की भाषा गन्दी लगती है । फिल्म में विद्या बालन ने अपने उभारों का भी प्रदर्शन किया था ।  बकौल पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड पाकिस्तानी दर्शकों के लिहाज़ से यह बोल्ड फिल्म है।   बाद में डर्टी पिक्चर काफी कट के बाद '' सर्टिफिकेट के साथ रिलीज़ की गई । पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड धार्मिक चिन्हों के प्रति काफी सचेत है। अक्षय कुमार  की फिल्म 'खिलाडी ७८६' को पवित्र अंक जुडा होने के  बैन किया गया । बाद में यह फिल्म बिना ७८६ के रिलीज़ हुई । आनंद एल राज की सोनम कपूर और धनुष अभिनीत फिल्म 'रांझणा' को पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड ने इस बिना पर प्रदर्शन के अयोग्य माना की फिल्म में मुस्लिम ज़ोया हिंदी कुंदन के प्यार में मुब्तिला होती है। लेकिन, यह सेंसर मुसलमान लडके से प्रेम करने वाली हिन्दू लड़की वाली फिल्म 'पीके' को बेझिझक रिलीज़ होने देता है।
पाकिस्तान के दर्शक
पाकिस्तान आतंकवाद को लेकर उतना चिंतित नहीं, जितना बॉलीवुड द्वारा बनाई जा रही अपनी इमेज को लेकर है।  फैंटम को  निराशाजनक कूड़ा बताने वाला पाकिस्तान बजरंगी भाईजान, पीके और हैदर को हाथों हाथ लेता हैं, क्योंकि बजरंगी भाईजान पाकिस्तानियों की प्रति नरम है, यहाँ तक कि आर्मी को भी दोस्ताना दिखाया गया है।  पीके हिन्दू धर्म गुरुओं को गरियाते हुए पाकिस्तानियों को 'बेईमान नहीं होते' साबित करती है और हैदर कश्मीर में उग्रवाद के लिए भारतीय सेना को जिम्मेदार बताती है।  लेकिन, वह बजरंगी भाईजान वाले निर्देशक कबीर खान की फिल्म फैंटम को अस्वीकार करने की तयारी कर रहा  है क्योंकि यह फिल्म उनके यहाँ पल रहे आतंकवादी हाफिज सईद को इंगित करती है। पाकिस्तान को रास नहीं आता कि भारतीय फ़िल्में उसे आतंकवादियों की पनाहगाह बताये। यही कारण है कि अक्षय कुमार की आतंकवाद पर फिल्म 'बेबी' बैन कर दी जाती है, क्योंकि यह फिल्म भी पाकिस्तानी एक्टर रशीद नाज़ के चेहरे में मौलाना हफ़ीज़ सईद का चेहरा छिपा दिखाती थी । 'बेबी' साफ़ साफ़ पाकिस्तान को हफ़ीज़ सईद की पनाहगाह बताती थी। पाकिस्तान को भारत की उन फिल्मों से डर लगता है, जिनमे बम विस्फोट, दाढ़ी वाले आतंकवादी और आतंकवाद का कोण हो।  अगर कही फिल्म में ढका-छुपा कर भी पाकिस्तान का हाथ बताया गया है तो समझिए कि फिल्म पाकिस्तान में बैन हो गई।  रितेश देशमुख की करण अंशुमान निर्देशित कॉमेडी फिल्म 'बंगीस्तन' पाकिस्तान में इसी कारण से रोक दी गई । 
पाकिस्तान की सेना और शासक
पाकिस्तान को केवल इस लिए रंज नहीं कि  हिंदी फिल्मों में दाढ़ी वाले आतंकी, बम विस्फोट और आतंकवाद के तार पाकिस्तान से जुड़े दिखाए जाते हैं।  उसे आईएसआई से भी गुरेज़ है।  पाकिस्तान आईएसआई के कारनामों से रंज  नहीं करता, उसे रंज होता है हिंदी फिल्मों का आईएसआई को ग्लोबल टेररिज्म के लिए ज़िम्मेदार दिखाना।  इसीलिए ऎसी सभी हिंदी फ़िल्में पाकिस्तान में बैन हो जाती हैं, जिनमे आईएसआई के तार आतंकवाद से जुड़े हों।  अब चाहे वह फिल्म सलमान खान और कबीर खान की एक था टाइगर रही हो या सैफ अली खान की एजेंट विनोद। बेबी तो खैर अक्षय कुमार की फिल्म थी।  कुर्बान में मुसलमानों को आतंकवादी दिखाया गया था, जबकि एक था टाइगर की कैटरीना कैफ आईएसआई एजेंट बताई गई थी। तेरे बिन लादेन में तो पाकिस्तानी अधिकारीयों को बुरी छवि में दिखाया गया था। यशराज बैनर ने पाकिस्तान में फिल्म रिलीज़ होने की मंशा से टाइगर जिंदा है में आईएसआई को आतंकवाद से लड़ने वाला बताने की कोशिश की थी । इसके बावजूद पाकिस्तानी हुक्मरानों को एक आइएसआई एजेंट को रॉ एजेंट से हाथ मिलाना रास नहीं आया । फिल्म पाकिस्तान में रिलीज़ नहीं हो सकी ।
पाकिस्तानियों के पूर्वाग्रह
हिंदी फिल्मों पर बैन लगाने के मामले में पाकिस्तान काफी पूर्वाग्रही लग सकता है।  पाकिस्तान में बजरंगी भाईजान बेशक रिलीज़ हुई थी । इसके बावजूद कि फिल्म का जहाँ पाकिस्तानी दर्शक बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे, वहीँ फिल्म इंडस्ट्री के लोग अपनी फिल्मों को स्क्रीन न मिलने या कम हो जाने के भय से विरोध कर रहे थे। परन्तु, सलमान खान को ईद पर देखने के पाकिस्तानियों के उत्साह को देख कर पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड ने फिल्म को कुछ कट के साथ रिलीज़ कर दिया। काटे गए तमाम दृश्य और डायलाग में सलमान खान का बोला गया यह डायलाग भी था कि कश्मीर का एक हिस्सा हमारे (भारत के) पास भी है । कश्मीर का ज़िक्र होने के कारण जॉली एलएलबी २ भी पाकिस्तान में रिलीज़ नहीं हो पाई थी । फरहान अख्तर की फिल्म भाग मिल्खा भाग पाकिस्तान में फरहान अख्तर के मिल्खा किरदार के द्वारा बोले गए इस संवाद के कारण बैन हो गई कि मैं पाकिस्तान नहीं जाऊंगा । यह मुझसे नहीं होगा । क्योंकि पाकिस्तान को लगता था कि मिल्खा सिंह विभाजन के दौरान हिन्दुओं के कत्लेआम के लिए मुसलामानों को दोषी मानता है ।
हिन्दुस्तानी फिल्मों के खिलाफ निर्माता और वितरक
पाकिस्तान में शाहरुख खान की फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' को ईद के दौरान रिलीज़ होने से रोकने के लिए सर्टिफिकेट नहीं दिया गया था।  कारण यह था कि  ८ अगस्त ईद के दिन पाकिस्तान की चार फ़िल्में जोश, इश्क़ खुदा, वॉर और मेरा नाम अफरीदी रिलीज़ होनी थी।  इसलिए पाकिस्तानी फिल्म इंडस्ट्री के हितों की रक्षा के लिए चेन्नई एक्सप्रेस को सर्टिफाई नहीं किया गया।  बाद में यह फिल्म पाकिस्तान में रिलीज़ हुई। पाकिस्तान के प्रदर्शक हिंदी फिल्मों को पाकिस्तान में रिलीज़ किये जाने के पक्षधर हैं । क्योंकि, हिंदी फिल्मों के कारण सिनेमाघर मालिकों की अच्छी कमाई हो जाती है । जबकि, पाकी फिल्म निर्माताओं को हिंदी फिल्मों से खतरा महसूस होता है । इसीलिए, पाकिस्तान में हिंदी फिल्मों के साथ लव/हेट का रिश्ता ऐसे ही चलता रहेगा ।  
जैसे जैसे बॉलीवुड प्रोग्रेसिव होता जाएगा, इसके लिए पाकिस्तान के स्क्रीन कम होते चले जायेंगे । पाकिस्तान को बॉलीवुड का प्रोग्रेसिव अंदाज़ रास नहीं आने वाला । जाने माने पाकिस्तानी फिल्म निर्माता सैयद नूर का मानना है कि विदेशों (हिंदुस्तान) से आयात की जाने वाली फिल्मों के बारे में स्थानीय फिल्म वितरकों और एग्जीबीटर्स से बात करने की जरूरत है । वह कहते हैं, “सिर्फ पैडमैन ही नहीं, बल्कि मुझे लगता है कि पद्मावत भी पाकिस्तान में रिलीज नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि यह मुसलमानों को बहुत नकारात्मक रूप से चित्रित करती है ।“ यानि बॉलीवुड का अभी काफी विरोध होना है ।