Sunday 27 February 2022

रूपहले परदे पर नायिकाओं का जलवा

कोरोना महामारी के बाद, बॉलीवुड को सुरक्षित अनुभव कराने का दायित्व अलिया भट्ट पर आ गया लगता है। क्योंकि, बड़े बजट और बड़े सितारों वाली बहुप्रतीक्षित फिल्मों का प्रदर्शित होने का क्रम मार्च में ही शुरू हो पायेगा। परन्तु, २५ फरवरी को प्रदर्शित होने जा रही फिल्म गंगुबाई काठियावाड़ी नायिका प्रधान होने के बाद भी संजय लीला भंसाली के कारण विशेष बन जाती है। इस फिल्म की नायिका अलिया भट्ट ही है। अगर यह फिल्म हिट होती है तो बॉलीवुड का शुभारम्भ करने का श्रेय अलिया भट्ट को मिलेगा। अलिया भट्ट इसे अधिक शुभ बना सकेंगी एस एस राजामौली की फिल्म आर आर आर, अयान मुख़र्जी की फंतासी फिल्म ब्रह्मास्त्र और जसमीत रीन की फिल्म डार्लिंगस डार्लिंगस को हिट बना कर। यह सभी अलिया भट्ट की नायिका प्रधान फिल्म है।



धाकड़ कंगना रानौत - कंगना रानौत केवल ऑफ स्क्रीन ही धाकड़ नहीं। उन्होंने पिछले साल जे जयललिता पर फिल्म थालैवी मे जयललिता की भूमिका को साकार कर पूरे देश में धाकड़ अभिनेत्री की प्रशंसा बटोरी। इस साल वह, एक डिजिटल रियलिटी शो लॉकअप में अपना धाकड़ जेलर रूप दिखा रही है। वह नवोदित निर्देशक रेज़ी घई की एक्शन फिल्म धाकड़ में एजेंट अग्नि की भूमिका में खतरनाक एक्शन करते हुए देश को बचाने के प्रयास में लगी होंगी। फिल्म तेजस में वह फाइटर प्लेन की पायलट तेजस गिल की भूमिका में एक बार फिर वीमेन पॉवर दिखा रही होंगी। वह फिल्म टिकू वेड्स शेरू से निर्माता भी बन जायेंगी।



कंगना रानौत प्रमाण है बॉलीवुड की धाकड़ अभिनेत्री का। पर कंगना रानौत रुपहले परदे की अकेली धाकड़ अभिनेत्री नहीं हैं। बहुत सी दूसरी अभिनेत्रियाँ हैं, जो अपनी धाकड़ उपस्थिति से फिल्म से अपना नाम जोड़ रही हैं। आइये जानते हैं, ऐसी कुछ अभिनेत्रियों के बारे में।



प्रभास और रणवीर की पूजा हेगड़े - पूजा हेगड़े ऐसी पॉवर स्टार हैं, जिनकी स्टार पॉवर बॉलीवुड और टॉलीवूड दोनों में अनुभव की जाती है। इस साल पूजा चार फिल्मों में दिखाई देंगी। तमिल बीस्ट और तेलुगु आचार्य के अलावा वह एक हिंदी फिल्म सर्कस और एक बहुभाषी फिल्म राधे श्याम में दिखाई देंगी। यह सभी फ़िल्में एकाधिक भाषाओं में प्रदर्शित होंगी। विजय की बीस्ट और बाप बेटा चिरंजीवी- रामचरण की फिल्म आचार्य तमिल और तेलुगु के साथ साथ हिंदी में भी प्रदर्शित होंगी।



युवा सुपर सितारों की कृति सेनन- कृति सेनन ऐसी अभिनेत्रियों में से हैं, जो परिपक्व और स्थापित अभिनेताओं के साथ भी फिल्में कर रही है और युवा सितारों के साथ भी। उनकी इस साल प्रदर्शित होने वाली पांच फिल्मों में अक्षय कुमार के साथ बच्चन पाण्डेय, प्रभास के साथ आदिपुरुष, कार्तिक आर्यन के साथ शहजादा, वरुण धवन के साथ भेड़िया और टाइगर श्रॉफ के साथ गनपत उल्लेखनीय है।



दो नायिकाओं की जैक्वेलिन फर्नांडेज़ - श्रीलंका सुदरी जैक्वेलिन फर्नांडेज़ ऐसी अभिनेत्री है, जो बड़े सितारों की फिल्मों में काम कर रही है। पर यह सभी फ़िल्में दो नायिकाओं वाली है। अक्षय कुमार के साथ बच्चन पाण्डेय में कृति सेनन, जॉन अब्राहम के साथ अटैक में राकुल प्रीत सिंह, रणवीर सिंह के साथ कॉमेडी सर्कस में पूजा हेगड़े और अक्षय कुमार की फिल्म राम सेतु में नुसरत भरुचा उनका साथ दे रही है।



राकुल प्रीत सिंह की फ़िल्में - यारियां (२०१४) से बॉलीवुड डेब्यू करने वाली राकुल प्रीत सिंह की दूसरी हिंदी फिल्म यारियां (२०१८) रिलीज़ होने में चार साल लगे। परन्तु, राकुल की हिंदी फिल्मों में जगह बनाई अजय देवगन के साथ रोमांस कॉमेडी फिल्म दे दे प्यार दे (२०१९) ने। मरजावा ने इसे पुख्ता कर दिया। यही कारण है कि राकुल प्रीत सिंह की २०२२ में आधा दर्जन से अधिक फ़िल्में प्रदर्शित हो सकती है। अप्रैल के पहले हफ्ते में जॉन अब्राहम के साथ स्पाई फिल्म अटैक प्रदर्शित होंगी। अप्रैल में ही रनवे ३४ प्रदर्शित होगी। आने वाले सप्ताहों में राकुल प्रीत सिंह की फिल्म डॉक्टर जी, थैंक गॉड, मिशन सिन्ड्रेला और छतरीवाली भी प्रदर्शित होंगी। इन हिंदी फिल्मों के अलावा राकुल की शिवकार्तिकेयन के साथ तमिल फिल्म अयालान भी प्रदर्शित होनी है।



तारा सुतारिया की हीरोपंथी - फिल्म मरजावा में राकुल प्रीत के साथ तारा सुतारिया के अभिनय का जलवा भी देखने को मिला था।  डिजिटल प्लेटफार्म पर स्ट्रीम तड़प में अपनी सेक्स अपील का प्रदर्शन करने के बाद तारा सुतारिया फिल्म हीरोपंथी २ में टाइगर श्रॉफ के साथ रोमांस तो करेंगी ही, फिल्म में उनके एक्शन भी देखने को मिलेंगे। निर्देशक मोहित सूरी की फिल्म एक विलेन रिटर्न्स में वह दो विलेन अर्जुन कपूर और जॉन अब्राहम के साथ अनोखी कहानी में उलझी होंगी।



योद्धा दिशा पाटनी - सलमान खान के साथ दो फिल्मों भारत और राधे के बाद, दिशा पाटनी के कद में बढ़ोतरी हुई है।  लेकिन, सोशल मीडिया पर उनके कपडे कम से कमतर होते जा रहे है।  इसलिए वह केवल ग्लैमर के लिए ही जानी जाती है। यही कारण है कि उनकी फिल्म केटीना को कोई चर्चा नहीं है। पर उनके एक विलेन रिटर्न्स में जॉन अब्राहम, अर्जुन कपूर और तारा सुतारिया के साथ स्क्रीन शेयर करने की चर्चा है।  निर्माता यश जोहर की पहली एक्शन थ्रिलर फ्रैंचाइज़ी फिल्म योद्धा मे उन्हें दक्षिण की राशि खन्ना के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा की नायिका बनाया गया है।



भूल भुलैया में किअरा अडवाणी - हालाँकि, किअरा अडवाणी ने डिजिटल प्लेटफार्म पर फिल्म शेरशाह से अपनी प्रतिभा को एक बार फिर साबित किया था। फिर भी लगता है कि वह किसी बड़े अभिनेता को अकेले काबू कर पाने में सक्षम नहीं है।  तभी तो विकी कौशल के साथ फिल्म गोविंदा नाम मेरा मे भूमि पेडणेकर के साथ गोविंदा की शरारत झेलेंगी। जुग जुग जिओ में वरुण धवन के साथ उनकी जोड़ी को अनिल कपूर और नीतू सिंह की परिपक्व जोड़ी का सहारा लेना पड़ रहा है।  तेलुगु सुपरस्टार रामचरण की अनाम फिल्म में कोई अंजलि उनका साथ दे रही है। 



फिर पति के साथ दीपिका - २०२१ में, दीपिका पादुकोण का पति रणवीर सिंह के साथ बड़ा फ्लॉप शो ’८३ थी।  इस फिल्म में वह रणवीर सिंह के कपिल देव की रोमी बनी थी। इस साल दीपिका पादुकोण डिजिटल माध्यम में गहराइयाँ से अपने अभिनय की गहराइया दिखा पाने में असफल रही है। परन्तु, बड़े परदे पर वह शाहरुख़ खान के साथ फिल्म पठान मे रोमांस के साथ एक्शन भी करती दिखाई देंगी।



टाइगर की कैटरीना - हालाँकि, कैटरीना कैफ अब श्रीमती विकी कौशल बन चुकी है।  पर बॉलीवुड पर उनकी पकड़ बाकी है।  उनकी एक फिल्म फ़ोन बूथ जल्द प्रदर्शित होने वाली है। वह सलमान खान के साथ टाइगर फ्रैंचाइज़ी की तीसरी फिल्म टाइगर ३ कर रही है। उनकी महत्वपूर्ण भूमिका वाली फिल्म मेरी क्रिसमस में वह दक्षिण के प्रतिभाशाली अभिनेता विजय सेतुपति के साथ अनोखे टकराव में नज़र आएँगी।

No comments:

Post a Comment