Sunday 17 January 2021

कुछ बॉलीवुड की १७ जनवरी २०२१



जब लाल सिंह चड्डा से मिलेगा प्रेम ! - आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्डा, फिल्म के नायक के जीवन के तीन दशक की यात्रा है। यह यात्रा विभाजन के बाद से शुरू होगी। इस फिल्म में लाल सिंह चड्डा की भूमिका में आमिर खान के भिन्न रूप होंगे। इसी यात्रा में लाल सिंह चड्डा, मैंने प्यार किया के प्रेम से मुलाक़ात करेगा। फिल्म की कहानी के अनुसार ऊटी में फिल्म मैंने प्यार किया की शूटिंग हो रही है (१९८९ में मैंने प्यार किया की शूटिंग वास्तव में ऊटी में हुई थी) । लाल सिंह चड्डा में मैंने प्यार किया की शूटिंग के दौरान फ़ौजी लाल सिंह चड्डा फिल्म के सेट पर प्रेम बने सलमान खान से मिलेगा। इस सीन में आमिर खान के लाल सिंह के चेहरे पर दाढ़ी नहीं होगी। इस दृश्य को फिल्माने में सीजीआइ इफ़ेक्ट का इस्तेमाल भी किया जाएगा। फिल्म के निर्माताओं को उम्मीद है कि इस प्रकार से लाल सिंह चड्डा एक बड़ी फिल्म बन जायेगी।

रणबीर कपूर और ईशान खट्टर की तृप्ति !- तृप्ति डिमरी की पहली दो फ़िल्में पोस्टर बॉयज और लैला-मजनू, बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी। सामान्य रूप से, ऐसी फ्लॉप फिल्मों वाली अभिनेत्रियों का करियर ख़त्म हो जाता है। लेकिन, तृप्ति डिमरी को, अनुष्का शर्मा की टेलीफिल्म बुलबुल मिल गई। इस फिल्म की शीर्षक भूमिका में तृप्ति ने सभी को बेहद प्रभावित किया था। इसी का नतीजा है कि तृप्ति के के खाते में, आज दो फ़िल्में दर्ज हैं। वह, रणबीर कपूर की संदीप रेड्डी वंगा निर्देशित फिल्म एनिमल में नायिका की भूमिका कर रही हैं। फिल्म में वह रणबीर कपूर के साथ रोमांटिक दृश्य करेंगी। एनिमल मिलना तृप्ति के करियर के लिहाज़ से बहुत ख़ास इसलिए है कि इस फिल्म की दौड़ में सारा अली खान भी थी। इसके अलावा, तृप्ति को धर्मा प्रोडक्शन्स ने, ईशान खट्टर के साथ एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म के लिए साइन कर लिया है। इस फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप की बहन अनुभूति कश्यप करेंगी।

फिर भंसाली की फिल्म में ऋचा ! - ऋचा चड्डा, आठ साल बाद संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज कर सकती है। यह भंसाली की पहली वेब सीरीज होगी। पर वह इसे अभी किसी प्लेटफार्म के लिए नहीं बना रहे। वह इसका स्वतंत्र रूप से निर्माण करेंगे। सीरीज पूरी होने के बाद, वह फैसला करेंगे कि इसे किस प्लेटफार्म से स्ट्रीम कराया जाए। भंसाली की वेब सीरीज, भारतीय इतिहास का पन्ना होगी। मुख्य भूमिका में ऋचा चड्डा होगी।  उनके साथ दो पुरुष चरित्रों के लिए अभिनेताओं का चुनाव किया जा रहा है। हालाँकि, अभी ऋचा चड्डा को सीरीज के लिए अनुबंधित नहीं किया गया है। क्योंकि, अभी सब कुछ स्क्रिप्ट की स्टेज पर है। अगर, ऋचा ने यह सीरीज स्वीकार कर ली तो वह भंसाली के साथ राम-लीला के आठ साल बाद काम कर रही होंगी। शकीला की अपार असफलता के बाद, ऋचा की एक दूसरी फिल्म मैडम चीफ मिनिस्टर गणतंत्र दिवस वीकेंड पर प्रदर्शित होने जा रही है।

रूसो बंधुओं की फिल्म द ग्रे मैन में धनुष -हिंदी बेल्ट में, तमिल फिल्म एक्टर धनुष के प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है। धनुष को, रूसो बंधुओं (एंथोनी और जोए) द्वारा नेटफ्लिक्स के लिए निर्देशित अगली एक्शन थ्रिलर फिल्म द ग्रे मैन के लिए अनुबंधित किया गया है। इस बात की जानकारी खुद धनुष ने, मीडिया के लिए जारी एक पत्र में दी है। इस फिल्म में, धनुष को रयान गोसलिंग और क्रिस इवांस के साथ काम करने का मौका मिलेगा। हालाँकि, फिल्म में धनुष की भूमिका के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है। यह धनुष का दूसरा अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट है। धनुष का पहली अंतर्राष्ट्रीय फिल्म २०१८ में रिलीज़ केन स्कॉट की फिल्म द एक्स्ट्राआर्डिनरी जर्नी ऑफ़ द फ़क़ीर थी । ख़ास बात यह है कि नेटफ्लिक्स का इरादा इस फिल्म को जेम्स बांड के स्तर की फ्रैंचाइज़ी के रूप में विकसित करने का है। इसीलिए उन्होंने रूसो बंधुओं को २०० मिलियन डॉलर का बजट उपलब्ध कराना मंजूर किया। इस फ्रैंचाइज़ी की पटकथा जो रूसो, अवेंजर्स एन्डगेम के पटकथा लेखक क्रिस्टोफर मार्कस और स्टीफेन मैफी की मदद से लिख रहे हैं। फिल्म की शूटिग जनवरी से लॉस एंजेल्स में शुरू हो जाएगी।  बाद में दुनिया के कुछ दूसरे देशो में भी फिल्म की शूटिंग की जाएगी।

विक्की कौशल सुपर हीरो अश्वत्थामा - उरी द सर्जिकल स्ट्राइक को, ११ जनवरी २०२१ को दो साल हो गए। इस सुपरहिट फिल्म के तीसरे जश्न को मनाने के लिए आरएसवीपी के रोनी स्क्रूवाला ने, उरी के नायक विक्की कौशल और निर्देशक आदित्य धर के साथ दूसरी फिल्म द इम्मॉर्टल ऑफ़ अश्वत्थामा की घोषणा की। यह एक सुपर हीरो फिल्म होगी। यह सुपर हीरो महाभारत का अमर अश्वत्थामा है, जो भविष्य की दुनिया में विचरता दिखाया जाएगा। फर्स्ट लुक के रूप में फिल्म के दो पोस्टर जारी किये गए। यह पोस्टर फिल्म को चमत्कारी घटनाओं और चरित्रों से भरपूर बताते है। फिल्म के निर्माता दावा करते हैं कि यह फिल्म दृश्य प्रभाव के लिहाज से दर्शनीय होगी। फिल्म में विक्की कौशल के अलावा किसी दूसरे एक्टर के नामों की घोषणा नहीं की गई है। विक्की कौशल इस समय, शूजित सरकार की फिल्म सरदार उधम सिंह में शीर्षक भूमिका कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment