Sunday, 3 January 2021

कुछ बॉलीवुड की ३ जनवरी २०२१



तीन दशक पहले की याद: रजनीकांत को माम्मूटी का सन्देश !- पिछले दिनों, फिल्म अभिनेता रजनीकांत रक्तचाप में तीव्र उतार चढाव के कारण हॉस्पिटल में भर्ती किये गए थे। उनके स्वास्थ्य के प्रति चिंतित उनके प्रशंसको और साथ फ़िल्में कर चुके कलाकारों के शुभकामना सन्देश सोशल मीडिया पर तैरने लगे। लेकिन, सबसे ज्यादा मर्मस्पर्शी साबित हो रहा था मलयालम फिल्म सुपरस्टार माम्मूटी का ट्विटर सन्देश। माम्मूटी ने ट्वीट किया- गेट वेल सून सूर्या..अनपुदन देवा। रजनीकांत के लिए माम्मूटी का यह सन्देश मर्मस्पर्शी क्यों हैं? इसे जानने के लिए ३० साल पीछे जाना होगा। ५ नवम्बर १९९१ को निर्देशक मणिरत्नम की क्राइम ड्रामा फिल्म दलपति प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म में रजनीकांत ने झुग्गी में पले अनाथ बच्चे सूर्या तथा माम्मूटी ने शहर के डॉन देवराज उर्फ़ देवा की भूमिका की थी। यह फिल्म इन दोनों की ज़बरदस्त दोस्ती की दास्तान थी।  फिल्म बड़ी हिट हुई। इसके बावजूद यह दोनों फिर कभी स्क्रीन पर साथ नहीं आ सके। रजनीकांत के स्वस्थ्य की कामना करते समय माम्मूटी ने अपने और रजनीकांत के प्रशंसकों के दिलों में दलपति के दो गहरे मित्रों की याद ताज़ा कर दी थी।

सैफ के विक्रम के गैंगस्टर वेधा हृथिक रोशन - सबसे पहले शाहरुख़ खान, तमिल फिल्म विक्रम वेधा का हिंदी रीमेक बनाना चाहते थे । इस फिल्म के निर्माता नीरज पाण्डेय ने फिल्म में पुलिस अधिकारी विक्रम की भूमिका के लिए सैफ अली खान का चुनाव किया था। गैंगस्टर वेधा की भूमिका के लिए शाहरुख़ खान को चुना गया था। मूल फिल्म में यह भूमिकाये क्रमशः आर माधवन और विजय सेतुपथी ने की थी। लेकिन, शाहरुख़ खान की दो शर्तों कि माधवन ही विक्रम बने तभी वह वेधा की भूमिका करेंगे। दूसरी शर्त यह थी कि हिंदी रीमेक फिल्म का निर्देशन मूल निर्देशक जोड़ी पुष्कर और गायत्री के बजाय खुद नीरज पाण्डेय करे। बात यही ख़त्म हो गई। फिर शाहरुख़ खान की जगह आमिर खान आ गए। अगर यह जोड़ी कारगर हो जाती तो आमिर सैफ की जोडी दिल चाहता है (२००१) के बाद फिर बनती। पर आमिर खान ने सैफ अली खान के साथ फिल्म करने से इनकार कर दिया। अब ताज़ा खबर है कि विक्रम वेधा के हिंदी रीमेक में वेधा की भूमिका करने के लिए हृथिक रोशन राजी हो गए हैं। फिल्म का निर्देशन नीरज पाण्डेय नहीं, बल्कि मूल फिल्म की निर्देशक जोड़ी पुष्कर और गायत्री ही हिंदी संस्करण निर्देशित करेंगे। अगर सब ठीक रहा तो फिल्म की शूटिग अगले साल के मध्य से शुरू हो जायेगी।



शाहरुख़ खान की पठान का पहला शिड्यूल पूरा ! - यशराज फिल्म्स की फिल्म पठान का पहला शिड्यूल पूरा हो गया है। मुंबई में हुए इस शिड्यूल में शाहरुख़ खान और दीपिका पादुकोण ने हिस्सा लिया। इस शिड्यूल में दीपिका पादुकोण का काम सिर्फ ५ दिनों का था। शाहरुख़ खान ने २० दिनों तक शूटिंग की । अभी फिल्म मेंफिल्म के विलेन यानि जॉन अब्राहम की एंट्री नहीं हुई है। वह अगले महीनेविदेशी शिड्यूल में अपना काम पूरा करेंगे। यशराज फिल्म्स के कैंप मेंजॉन अब्राहम की ११ साल बाद वापसी हो रही है। इस कैंप के लिए जॉन अब्राहम ने धूमकाबुल एक्सप्रेस और न्यूयॉर्क जैसी चर्चित फ़िल्में की हैं। पठान का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। सिद्धार्थ आनंद ने यशराज फिल्म्स के लिए सबसे बड़ी हिट फिल्म वॉर (२०१९) निर्देशित की है।

जनवरी में रिलीज़ होगी विजय की विजय द मास्टर- दक्षिण की तेलुगु, तमिल और कन्नड़ फिल्मों के हिंदी भाषा में डब हो कर, पूरे देश में एक साथ रिलीज़ होने का सिलसिला जोर पकड़ता जा रहा है। इसका नवीनतम उदाहरण एक्टर दलपति विजय की तमिल फिल्म मास्टर है। इस फिल्म का तमिल संस्करण सेंसर हो चुका है। इस फिल्म को सेंसर ने युए प्रमाणपत्र के साथ पारित किया है। फिल्म को हिंदी में डब किया जा चुका है। इसे अगले हफ्ते सेंसर के लिए भेजा जाएगा। हिंदी में मास्टर को विजय द मास्टर टाइटल के साथ रिलीज़ किया जाएगा।  विजय और विजय सेतुपति की प्रमुख भूमिका वाली यह फिल्म १३ जनवरी २०२१ को पूरे भारत में एक साथ रिलीज़ होगी। विजय की यह पहली फिल्म होगी, जो एक साथ पूरे भारत में रिलीज़ की जा रही हैं। हालाँकि, विजय की बहुत सी फ़िल्में हिंदी में डब की गई है। पर इनमे से ज्यादातर को टीवी पर टेलीकास्ट किया गया है।

नीतू सिंह ने पूरी की जुग जुग जियो- १९७० और १९८० के दशक की हिट-सुपरहिट फिल्मों की नायिका नीतू सिंह ने, ऋषि कपूर से शादी के बाद, फिल्मों को धीरे धीरे कर अलविदा कह दी थी। लव आजकल, दो दूनी चार और बेशरम जैसी फिल्मों में ऋषि कपूर के साथ नज़र आई। ऋषि कपूर की मृत्यु के बाद, नीतू सिंह ने वापसी की ऋषि कपूर के परम मित्र अनिल कपूर के साथ फिल्म जुग जुग जियो से। वह इस फिल्म में अनिल कपूर की अलग हो चुकी पत्नी की भूमिका कर रही हैं। पिछले दिनों, उन्हें जुग जुग जियो की शूटिंग के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। अब कोरोना से छुटकारा पाने के बाद, नीतू सिंह ने वापसी कर ली है। उन्होंने, अब चंडीगढ़ में फिल्म में अपने हिस्से की शूटिंग भी पूरी कर ली है।  

बॉलीवुड २०२१ : सिनेमाघरों के साथ ओटीटी पर भी रिलीज़ होंगी फ़िल्में ?



ऐसा लगता  कि २०२१ के बॉलीवुड पर कोरोना महामारी का प्रभाव नज़र आता  रहेगा। सिनेमाघरों को लम्बे समय तक क्षमता के ५० प्रतिशत तक ही खुलना है । बॉलीवुड के बड़े अभिनेता ऐसे माहौल में अपनी फ़िल्में रिलीज़ करने में घबरा रहे हैं । ऐसे में, हिंदी बेल्ट के बॉक्स ऑफिस पर भी दक्षिण की फिल्मों और सुपरसितारों का दबदबा कायम रहेगा । कोरोना महामारी के बाद मिली छूट में सिनेमाघर खुलने पर दक्षिण के अल्लू अर्जुन, रामचरण, जूनियर एनटीआर, आदि की फ़िल्में रिलीज़ हुई । इन्हें बॉलीवुड की फिल्मों के मुकाबले ज्यादा दर्शक मिले भी । कुछ यही सिलसिला २०२१ में भी बने रहने की संभावना है ।

दक्षिण के सितारों का दबदबा - जब तक यह लेख प्रकाशित होगा तमिल/तेलुगु और हिंदी फिल्मों के निर्देशक रामगोपाल वर्मा की साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म १२क्लॉक रिलीज़ होगी । इस दिन बॉलीवुड की अर्जुन रामपाल और मानव कौल अभिनीत ड्रामा फिल्म नेल पॉलिश और सीमा पाहवा की पहली निर्देशित फिल्म रामप्रसाद की तेरहवी प्रदर्शित होंगी । पर किसी खान या कुमार की फिल्म के लिए उन्हें फरवरी के मध्य तक प्रतीक्षा करनी होगी । रिलीज़ होने वाली बॉलीवुड के बड़े सितारों वाली पहली फिल्म अक्षय कुमार की अतरंगी रे होगी । पर आनंद एल राय निर्देशित इस फिल्म में उनकी भूमिका मेहमान की है। फिल्म के नायक तमिल फिल्मों के सुपरस्टार धनुष हैं । अक्षय कुमार के नायक वाली पहली फिल्म बेल बॉटम २ अप्रैल को ही प्रदर्शित होगी । परन्तु, यहाँ भी दबदबा दक्षिण के अभिनेताओं का ही होगा । तमिल सुपरस्टार विजय की एक्शन फिल्म विजय द मास्टर १३ जनवरी को रिलीज़ हो जायेगी । यह फिल्म भारी भरकम बजट से बनी फिल्म है । बाहुबली फिल्मों के भल्लाल देवा राणा डग्गुबती की फिल्म हाथी मेरे साथी १५ जनवरी को प्रदर्शित हो सकती है ।

किसकी कितनी फ़िल्में - बेल बॉटम के बाद, बॉलीवुड के बड़े सितारों की फ़िल्में प्रदर्शित होने का सिलसिला थोड़ा तेज़ हो सकता है । परन्तु, कब किस एक्टर की फिल्म प्रदर्शित हो सकती है, बता सकना ज़रा मुश्किल है । लेकिन, इतना तय है कि इस साल सभी खानों और कुमारों, देवगनो की फ़िल्में रिलीज़ होंगी । शाहरुख़ खान की कम से कम एक फिल्म पठान २०२१ में प्रदर्शित होगी । सलमान खान की कब से रिलीज़ होने की बात जोह रही फिल्म राधे योर मोस्ट वांटेड भाई ईद वीकेंड पर रिलीज़ होगी । सलमान खान कुछ फिल्मों में मेहमान भूमिका में भी नज़र आ सकते है । आमिर खान की करीना कपूर के साथ फिल्म लाल सिंह चड्डा, अक्षय कुमार की बेल बॉटम के अलावा पृथ्वीराज, सूर्यवंशी और बच्चन पाण्डेय भी २०२१ में रिलीज़ होनी हैं । वरुण धवन की कम से कम एक फिल्म जुग जुग जियो, टाइगर श्रॉफ की दो फ़िल्में हीरोपंथी २ और गणपत, अजय देवगन की भी दो फ़िल्में मैदान और आर आर आर, रणवीर सिंह की ८३ और जयेश भाई ज़ोरदार, रणबीर कपूर की ब्रह्मास्त्र, शाहिद कपूर की जर्सी का २०२१ में दर्शकों को इंतज़ार है।

इन फिल्मों का इंतज़ार - कुछ बड़े सितारों और बड़े बजट की ऐसी फ़िल्में थी, जिनका दर्शकों को २०२० में ही इंतजार था। लेकिन, महामारी के कारण यह फ़िल्में २०२० में प्रदर्शित नहीं हो सकी । अब दर्शकों को इनका २०२१ में बेसब्री से इंतज़ार हैं । इन फिल्मों में रणबीर कपूर की फिल्म ब्रह्मास्त्र, शाहरुख़ खान की फिल्म पठान, आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्डा, अक्षय कुमार की फिल्म पृथ्वीराज और सूर्यवंशी शाहिद कपूर की फिल्म जर्सी, आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्डा, रणवीर सिंह की ८३ और जयेशभाई जोरदार तथा सलमान खान की फिल्म राधे योर मोस्ट वांटेड भाई विशेष उल्लेखनीय है । लेकिन, इन सब पर भारी पड़ेगी एसएस राजामौली की जूनियर एनटीआर और रामचरण की पीरियड फिल्म आरआरआर । यह फिल्म २०२१ की पहली तिमाही में प्रदर्शित हो सकती है । दक्षिण के कुछ दूसरे अभिनेताओं की फिल्मों की भी हिंदी बेल्ट के दर्शकों को प्रतीक्षा है । इनमे अल्लू अर्जुन की पुष्प, यश की फिल्म केजीएफ़ चैप्टर २, प्रभास की फिल्म राधे श्याम, आदि के नाम उल्लेखनीय हैं ।

ओटीटी पर फ़िल्में - कोरोना के दौर में छोटी बड़ी फिल्मों के रिलीज़ होने का एक नया माध्यम ओटीटीपी बड़ी तेज़ी से उभरा है । अमिताभ बच्चन की फिल्म गुलाबो सिताबो से शुरू यह सिलसिला वाया लक्ष्मी (बोम्ब) कुली नंबर १ तक जारी है । इस बीच शकुंतला देवी, गुंजन सक्सेना द कारगिल गर्ल, सड़क २, दिल बेचारा, लूडो और खाली पीली जैसी फ़िल्में भी ओटीटी से स्ट्रीम होने लगी । एक समय राधे योर मोस्ट वांटेड भाई, सूर्यवंशी और मैदान के भी ओटीटी पर रिलीज़ होने की खबरें लगभग पुख्ता मान ली गई थी । कोई शक नहीं अगर, २०२० से रुकी फिल्मों के साथ लगातार बन रही फिल्मों के कारण पैदा रिलीज़ डेट की समस्या कुछ दूसरी बड़ी फिल्मों को ओटीटी पर पहुंचा दे ।


Friday, 1 January 2021

रवि तेजा (Ravi Teja) की एक्शन थ्रिलर क्रैक


तेलुगु फिल्म अभिनेता रवि तेजा की एक्शन थ्रिलर फिल्म क्रैक का ट्रेलर नए साल के मौके पर रिलीज़ किया गया. यह फिल्म एक ईमानदार पुलिस अधिकारी के अकेले ही बुरे लोगों से लोहा लेने की लगती है. गोपीचंद मलिनेनी निर्देशित इस फिल्म के एक्शन कमाल के लगते हैं. पूरी फिल्म रवि तेजा के सीनियर इंस्पेक्टर वीरा शंकर के इर्दगिर्द घूमती है. इस फिल्म में श्रुति हासन और वरलक्ष्मी शरदकुमार के अलावा कृष्णा मुरली पोसानी, सुधाकर कोमकुली, आदि की भूमिकाये भी हैं. यह फिल्म कोरोना महामारी के बाद कई बार रुक रुक कर शूट हुई है. फिल्म को ८ मई २०२० को रिलीज़ किया जाना था. लेकिन, अब यह १४ जनवरी २०२१ को रिलीज़ होने जा रही है.

रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की फिल्म एनिमल की घोषणा


टी सीरीज ने २०२१ का प्रारम्भ बड़े स्टाइलिस्ट तरीके से किया। आज सुबह सुबह निर्माता भूषण कुमार और मुराद खेतानी की शीघ्र फ़्लोर पर जाने वाली फिल्म एनिमल की घोषणा एक वीडियो जारी कर की गयी। कबीर सिंह वाले संदीप वंगा रेड्डी के निर्देशन मे फिल्म एनिमल मे रणबीर कपूर, अनिल कपूर, बॉबी देओल और परिणीति चोपड़ा मुख्य भूमिका मे है। वीडियो मे सुनाई दे रही रणबीर कपूर की आवाज से यह फिल्म पिता पुत्र के सम्बन्धों को नयी दृष्टि से देखने वाली फिल्म लगती है। फिल्म की शूटिंग मई २०२१ से शुरू हो जायेगी।

Thursday, 31 December 2020

जब गाल गडोट (Gal Gadot) ने बताया बिलकिस बानो को महिला अधिकारों की पैरोकार!


गधे या गधियाँ, बॉलीवुड में ही नहीं पाई जाती. सोनम कपूर, स्वर भास्कर, दीपिका पादुकोण जैसी एक्टिविस्ट अभिनेत्रियों की जुड़वा बहने हॉलीवुड में भी हैं. इसरायली फिल्म अभिनेत्री गाल गडोट ऎसी ही एक अभिनेत्री है. गडोट की लेडी सुपर हीरो फिल्म वंडर वुमन १९८४ दुनिया के बॉक्स ऑफिस पर कोरोना के भय के बावजूद अच्छा कारोबार कर रही है. आज गाल गडोट ने अपने इन्स्टाग्राम अकाउंट में शाइ हीन बाग़ में, पाकिस्तान, बंगलादेश और अफगानिस्तान की प्रताड़ित अल्पसंख्यक महिलाओं को भारतीय नागरिकता देने के खिलाफ प्रदर्शन कर रही बिलकिस बानो की तस्वीर पोस्ट करते हुए, उसे अपनी प्रेरणा बताया. लेकिन, वह फिसल गई वहां, जब उन्होंने बिलकिस को महिला समानता की पैरोकार बता दिया. इस पोस्ट के साथ ही गाल गडोट को ट्रोल किया जाने लगा. उन्हें बताया गया कि वह महिला अधिकारों की पैरोकार नहीं, अल्पसंख्यक महिलाओं के खिलाफ धरना देने वाली महिला हैं.  

ज़ी टीवी के सितारों ने कहा हैप्पी न्यू ईयर

 

अपना टाइम भी आएगा में रानी का रोल निभा रहीं मेघा रे ने कहा, "2020 मेरे लिए मिलाजुला साल रहा। जहां इस महामारी ने बहुत-से लोगों को प्रभावित किया, वहीं इस साल मेरा पहला शो भी आया। दूसरों के संघर्षों को देखते हुए मैंने यह जाना कि मेरे संघर्ष इतने ज्यादा नहीं हैं और मैं इससे पार हो जाऊंगी, और मैंने यह किया भी! इस साल इतनी मुश्किलों के बावजूद मुझे अपना टाइम भी आएगा जैसे खूबसूरत शो में यह खास रोल निभाने का मौका मिला। रानी एक बिल्कुल अलग किरदार है, जो मुझमें मौजूद एक पक्के इरादों वाली मासूम बच्ची को बाहर लाती है। जहां मेरे अपने संघर्ष हैं, वहीं इस साल मेरे साथ यह बहुत अच्छी बात हुई और अब मुझे 2021 का बेसब्री से इंतजार है। मैं नए साल के कोई संकल्प तो नहीं करती, लेकिन मैं लगातार मेहनत और अपने दर्शकों का मनोरंजन करते रहना चाहती हूं। मैं उम्मीद करती हूं कि आने वाला साल हम सभी के लिए बेहतर रहे और हम अंततः कोविड-19 से मुक्त हो सकें।"



गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा में मनी बिरला का रोल निभा रहे प्रथम कुंवर कहते हैं, "2021 से मैंने सबसे बड़ा सबक यह सीखा कि जिंदगी में खुश रहने के लिए हमें बहुत थोड़े की जरूरत होती है। हमने छोटी से छोटी चीजों में खुशियां ढूंढ़ी और अपना साल पूरा किया जबकि हम ना तो बाहर जा सकते थे ना पार्टी कर सकते थे। पूरे लॉकडाउन के बावजूद जहां कई लोगों ने नौकरियां गंवाईं, वहीं मुझे दो नए शोज़ मिले, जिनमें से एक है 'गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा'। यह इस साल की सबसे अच्छी बात है। शूटिंग का मेरा पहला दिन 2020 की मेरी सबसे खूबसूरत यादों में से एक था। नए साल की शुरुआत के साथ ही मैं अपनी सेहत पर ज्यादा ध्यान देना चाहूंगा और वो सिक्स पैक एब्स बनाना चाहूंगा, जिसकी हसरत मुझे हमेशा से रही है। उम्मीद है यह सभी के लिए एक सुरक्षित, बेहतर और समृद्ध साल साबित होगा।"



तेरी मेरी एक जिंदड़ी में जोगिंदर का रोल निभा रहे अधविक महाजन कहते हैं, "जहां ये साल बहुत-से लोगों के लिए मुश्किल भरा रहा, वहीं मेरे लिए यह काफी फलदायक साल रहा। इस दौरान मुझे अपनी पहली शॉर्ट फिल्म मिली और इसे दर्शकों, दोस्तों और परिवार की तरफ से भी बढ़िया रिस्पॉन्स मिला। मुझे अपनी सेहत और फिटनेस पर ध्यान देने के लिए कुछ वक्त भी मिला, जो मैं पिछले कुछ समय से करना चाहता था। इसके अलावा मुझे 'तेरी मेरी एक जिंदड़ी' में भी रोल मिला। मैं उम्मीद करता हूं कि 2021 में दर्शक इस शो को अपना प्यार और आशीर्वाद देंगे। मैं तिरुपति बालाजी में इस साल का समापन करूंगा और ईश्वर के आशीर्वाद से 2021 की नई शुरुआत करूंगा। मैं दुआ करता हूं कि नया साल हर उस इंसान की जिंदगी में ढेर सारे अवसर और खुशियां लेकर आए, जिन्होंने मुश्किल घड़ी का सामना किया है।"



'गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा' में गुड्डन का रोल निभा रहीं कनिका मान ने कहा, "मैं हमेशा ही बहुत-सी आशाओं और फ्रेश माइंड से नए साल की शुरुआत करती आई हूं। अपनी रूटीन लाइफ से थोड़ा अलग जाकर नया साल मनाने से बेहतर और कुछ नहीं होता, और इस बार मैं 2 दिनों के लिए अपनी एक्सटेंडेड फैमिली से मिलने अपने शहर पानीपत जा रही हूं। वैसे, मेरी मां और मेरा भाई मेरे साथ मुंबई में ही रहते हैं, लेकिन मुझे लॉकडाउन के बाद से अपने डैड से मिलने का मौका नहीं मिला और ना ही मैं अपने कज़िंस और बाकी के रिश्तेदारों से मिल पाई थी। उनके साथ मनाया गया हर त्यौहार, हर अवसर आज भी यादगार है। ऐसे में अपने परिवार के बीच रहकर अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू करने का ख्याल मुझे बहुत उत्साहित करता है। मैं इस ट्रिप के लिए बहुत उत्साहित हूं और मैं एक बार फिर उन्हीं खुशियों और मस्ती का इंतजार कर रही हूं, जो मैंने लॉकडाउन के दौरान की थी।"



'ब्रह्मराक्षस 2' में टाइटल रोल निभा रहे चेतन हंसराज ने कहा, "वैसे 2020 बहुत-से लोगों के लिए मुश्किल भरा साल रहा, लेकिन इसने मुझे सिखाया है कि किसी भी बात की शिकायत ना करें और हमारे पास जो भी है, उसके आभारी रहें। मेरा दिल हमेशा मुझसे कहता था कि आखिर यही संघर्ष तो असल में एक इंसान को बनाते हैं। मैंने अपने अंदर की नकारात्मक भावनाएं दूर रखीं और अपना समय कुछ चीजों को सीखने में लगाया। मैंने कंप्यूटर की तीन-चार भाषाएं सीखीं जैसे सी++, जावास्क्रिप्ट, पाइथन आदि, और मैंने इस दौरान डाटा साइंस में एक कोर्स भी किया। जब मैं आर्थिक रूप से मुश्किल में था और सितंबर तक मेरे पास कोई काम नहीं था, तब भी मैंने पॉजिटिव रहना सीखा। मैं मानता हूं कि यह मेरी पॉजिटिविटी ही थी, जिसकी वजह से मुझे ब्रह्मराक्षस 2 में इतना अच्छा रोल मिला। इस दौरान मैंने जो एक बात सीखी, वो यह कि अपने जज्बातों और विचारों पर नियंत्रण रखने की शक्ति खुद में ही होती है। इसी के साथ अब मुझे साल 2021 का इंतजार है।"



ज़ी टीवी के कुमकुम भाग्य में प्राची का रोल निभा रहीं मुग्धा चापेकर ने कहा, "मेरे लिए न्यू ईयर का मतलब है परिवार के साथ वक्त बिताना, अच्छा खाना खाना और कुछ बढ़िया फिल्में देखना! ये साल सभी के लिए बड़ा मुश्किल रहा और मैं उम्मीद करती हूं कि नया साल सभी की जिंदगी में खुशियां और स्वास्थ्य लेकर आएगा। मेरी ओर से सभी को हैप्पी न्यू ईयर!"



ज़ी टीवी के 'कुमकुम भाग्य' में रिया का रोल निभा रहीं पूजा बनर्जी कहती हैं, "मेरी नए साल से जुड़ीं कुछ खूबसूरत यादें हैं। मैं हर साल न्यू ईयर ईव पर चर्च जाती हूं। कैरोल गाने की परंपरा के लिए मैं चर्च की गायक मंडली का हिस्सा थी और इसमें मुझे बहुत मजा आता था। न्यू ईयर मेरे दिल के बहुत करीब रहा है। अपने कुमकुम भाग्यके को-स्टार्स के साथ नया साल सेलिब्रेट करने के अलावा मैंने नए साल की उमंग बरकरार रखने के लिए अपने घर को सजाने का भी प्लान बनाया है। इस साल मेरा ट्रैवल का कोई प्लान नहीं है, लेकिन मैंने अपने करीबी दोस्तों के लिए डिनर पार्टी होस्ट करने का प्लान जरूर बनाया है। मैं उम्मीद करती हूं कि नया साल सभी की जिंदगी में खुशियां और रोशनी लेकर आएगा। मेरी ओर से सभी को हैप्पी न्यू ईयर!

Zombie Reddy : तेलुगु भाषा में पहली जोम्बी फिल्म



बॉलीवुड में, कुछ फिल्म निर्माताओं ने कोरोना महामारी पर फ़िल्में बनाने का इरादा तो जताया, लेकिन वास्तविकता के धरातल पर कोई फिल्म नहीं उतरी. इस लिहाज़ से दक्षिण का फिल्म उद्योग काफी आगे नज़र आता है. तेलुगु फिल्म उद्योग ने बाज़ी मार ली लगती है. निर्माता राजशेखर वर्मा की प्रशांत वर्मा निर्देशित एक्शन हॉरर जोम्बी रेड्डी को मोटामोटी कोरोना वायरस का परिणाम बताते हुए निर्मित किया गया है. इस फिल्म में सज्जा तेजा, आनंदी, दक्षा नगरकर, हर्षा वर्द्धन, रघु बाबू, आदि की भूमिकाये ख़ास हैं. यह तेलुगु भाषा में बनाई जाने वाली पहली जोम्बी फिल्म है. ख़ास बात यह है कि २ जनवरी २०२१ को ज़ोंबी रेड्डी फिल्म का ट्रेलर प्रभास द्वारा जारी किया जाएगा.

राधे श्याम (Radhe Shyam) से होगा मास्टर (Master) का टकराव !


आज दक्षिण भारत के सिने प्रेमियों में गज़ब का उत्साह है. अलग अलग दो खेमो में बंटे प्रशंसक एक दुसरे दूसरे खेमे के अभिनेता की आलोचना नहीं कर रहेबल्कि अपने अभिनेता का उत्साह बढाने में बढचढ कर हिस्सा ले रहे हैं. यह दो खेमे तेलुगु और तमिल दर्शकों के हैं. भाषा की भिन्नता के बावजूद उत्साह का स्वर एक सा है. कल, यानि नए साल के पहले दिन दक्षिण की दो फिल्मों के ट्रेलर/टीज़र रिलीज़ होने जा रहे हैं. इन दोनों फिल्मों का ज़िक्र इस लिए महत्वपूर्ण है कि यह दोनों ही फ़िल्में हिंदी में भी रिलीज़ होंगी. हालाँकि इन दोनों फिल्मों की रिलीज़ की तारीखों में फासला है, पर दोनों ही फिल्मों के निर्माता दर्शकों में हैप्पी न्यू इयर के उत्साह को भुनाना चाहते हैं.



तमिल सुपरस्टार विजय की फिल्म मास्टर का टीज़र १ जनवरी को किये जाने का ऐलान पहले ही कर दिया गया था. क्योंकि, मास्टर/हिंदी में विजय द मास्टर को १३ जनवरी २०२१ को पूरे देश में रिलीज़ किया जाना है, इसलिए मास्टर के ट्रेलर को ज़ल्दी आना ही चाहिए था. लेकिन, तेलुगु फिल्मों के दर्शकों के बीच रेबेल स्टार के रूप में मशहूर, बाहुबली अभिनेता प्रभास की पुनर्जन्म के रोमांस पर फिल्म राधे-श्याम तो ३० अप्रैल २०२१ को प्रदर्शित होनी है. परन्तु इस फिल्म का ट्रेलर भी १ जनवरी २०२१ को रिलीज़ किया जाना नए साल के उत्साह का ही नतीजा है.

Wednesday, 30 December 2020

होश उड़ा देने वाली शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty)



शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) की टू पीस बिकिनी में यह मुद्रा किसी के भी होश उड़ा सकती है. ऐसा लगता नहीं कि शिल्पा शेट्टी ४५ साल की हो गई है. संतुलित देह यष्टि के कारण उन्हें अपनी फिल्मों में अच्छे डांस मिले हैं. उन्होंने यूपी बिहार लूटने जैसा सेक्सी डांस नंबर भी किया है. उन्हें ठुमका गर्ल कहा जाता है. उन्हें यह खिताब उनके द्वारा एक मिनट में ६० ठुमके लगाने के कारण मिला है. लेकिन, पिछले दिनों बिग बॉस के सेट पर यह कीर्तिमान भंग हो गया. इस कीर्तिमान को भंग किया शो के होस्ट और कई फिल्मों में शिल्पा के नायक रहे सलमान खान ने. सलमान खान ने, बिग बॉस १४ के वीकेंड का वॉर सेशन में उनका जन्मदिन मनाने पहुंची रवीना टंडन और जेक्वेलिन फर्नांडेज़ के साथ डांस करते हुए एक मिनट में ७३ ठुमके लगा कर तोड़ दिया.

मिरुक्का (Mirugga) कौन : आदमखोर शेर या इंसान ?


तमिल फिल्म मिरुक्का
, यह स्थापित करने का प्रयास है कि जानवर किसी  इंसान पर तभी  आक्रमण करता  है, जब वह या तो भूखा हो या उस पर आक्रमण किया जाए।  इस लिहाज़ से  इंसान सबसे खतरनाक है।  वह किसी भी कारण से जानवर को मार सकता है।



मिरुक्का की कहानी एक आदमखोर शेर के इर्दगिर्द घूमती है, जो यकायक शांत पड़ जाता है, किसी पर आक्रमण नहीं करता।  जब वन्य अधिकारी  उसकी खोज में जंगल के अंदर जाते हैं तो  यकायक अजीबोगरीब घटनाएं होने लगाती हैं। निर्देशक जे पर्तिबन निर्देशित फिल्म मिरुक्का में सीजीआई शेर के साथ मनुष्य की भूमिकाओं में श्रीकांत, लक्ष्मी राय, देव गिल, नायरा शाह, आदि की है।



इस फिल्म के थिएट्रिकल और डिजिटल अधिकार ज़ी तमिल और ज़ी ने प्राप्त कर लिए हैं।  यह फिल्म जनवरी में किसी तिथि में प्रदर्शित होगी।

Sunday, 27 December 2020

दलपति की याद करा गया रजनीकांत को माम्मूटी का सन्देश !



पिछले कुछ दिनों से, फिल्म अभिनेता रजनीकांत रक्तचाप में तीव्र उतार चढाव के शिकार हो कर, हॉस्पिटल में भर्ती हैं. उनके स्वास्थ्य के प्रति चिंतित उनके प्रशंसको और उनके साथ फ़िल्में कर चुके कलाकारों के शुभकामना सन्देश सोशल मीडिया पर तैर रहे हैं. लेकिन, सबसे ज्यादा मर्मस्पर्शी साबित हो रहा है, मलयालम - सुपरस्टार माम्मूटी का ट्विटर सन्देश. माम्मूटी ने ट्वीट किया-

Get Well Soon Soorya

Anpudan Deva.

रजनीकांत के लिए माम्मूटी का यह सन्देश मर्मस्पर्शी क्यों हैं? इसे जानने के लिए ३० साल पीछे जाना होगा. ५ नवम्बर १९९१ को निर्देशक मणिरत्नम की एक क्राइम ड्रामा फिल्म दलपति प्रदर्शित हुई थी. इस फिल्म में रजनीकांत ने झुग्गी में पालने वाले अनाथ बच्चे सूर्या तथा माम्मूटी ने शहर के डॉन देवराज उर्फ़ देवा की भूमिका की थी. यह फिल्म इन दोनों की ज़बरदस्त दोस्ती की दास्ताँ थी. फिल्म बड़ी हिट हुई. इन दोनों की जोड़ी को खूब पसंद किया गया. लेकिन, इसके बावजूद यह दोनों फिर कभी स्क्रीन पर साथ नहीं आ सके. २०१७ में एक मराठी फिल्म में इन्हें लिए जाने की खबर थी. लेकिन, वह भी सच्ची साबित नहीं हुई.

रजनीकांत के स्वस्थ्य की कामना करते समय माम्मूटी ने अपने और रजनीकांत के प्रशंसकों के दिलों में दलपति के दो गहरे मित्रों की याद ताज़ा कर दी थी.

राष्ट्रीय सहारा २७ दिसम्बर २०२०

 



कोरोना १९ से कांपता रहा बॉलीवुड २०२० !



अगर पूरी दुनिया में ३६७.६५ करोड़ का कारोबार करने वाली फिल्म तानाजी द अनसंग वारियर और १३७ करोड़ का ग्रॉस करने वाली बागी ३ न रिलीज़ हुई होती तो इस साल बॉलीवुड शतक क्या अर्द्ध शतक जमाने के लिए तरस रहा होता। निर्माता करण जोहर की हॉरर अन्थोलॉजी फिल्म घोस्ट स्टोरीज से शुरुआत करने वाला बॉलीवुड पूरे साल कोरोना के हॉरर से कांपता रहा। जब सिनेमाघर बंद हुए, उस समय १३ मार्च को इरफ़ान खान की कॉमेडी फिल्म अंग्रेजी मीडियम रिलीज़ हुई थी । इसे भी पहले दिन के बाद शो नहीं मिले । उधर ६ मार्च को प्रदर्शित और अच्छा प्रदर्शन कर रही टाइगर श्रॉफ की फिल्म बागी ३ भी कोरोना का शिकार हो गई । साल की पहली अधूरी तिमाही में तानाजी और बागी ३ के अलावा छपाक, शिमला मिर्ची, पंगा, स्ट्रीट डांसर ३ डी, जवानी जानेमन, मलंग, लव आजकल, भूत पार्ट १ : होंटेड शिप, शुभ मंगल ज्यादा सावधान और थप्पड़ ही कुछ ऐसी फ़िल्में थी, जो बॉक्स ऑफिस पर थोड़ा हलचल मचा पाने में कामयाब हुई । लेकिन, इनमे से कोई भी शतक नहीं जमा सकी ।

हॉलीवुड से उम्मीद ! -कोरोना महामारी के थोडा कमज़ोर पड़ने के बाद मिली छूट के बाद देश के कुछ हिस्सों में सिनेमाघर खुले । इन सिनेमाघरों मे मध्यम बजट की दिलजीत दोसांझ और मनोज बाजपेई की फिल्म सूरज पे मंगल भारी और किअरा अडवाणी की फिल्म इन्दू की जवानी रिलीज़ हुई और बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी । इन फिल्मों के तमाम शो दर्शकों के अभाव में निरस्त करने पड़े । अब २५ दिसम्बर को ऋचा चड्डा की फिल्म शकीला रिलीज़ होने जा रही है । पर प्रदर्शकों को इससे कोई उम्मीद नहीं । उम्मीद की किरण हॉलीवुड फिल्म टेनेट ने कुछ उत्साहजनक कारोबार कर जगाई थी । अब २४ दिसम्बर से रिलीज़ हो रही हॉलीवुड फिल्म वंडर वुमन १९८४ से बॉक्स ऑफिस के थोड़ा गुलजार होने की उम्मीद की जा सकती है ।

कैसे कैसे कीर्तिमान ! - बेशक, सिनेमाघरों में फिल्में रिलीज़ होने के लिहाज़ से, २०२० बॉलीवुड के लिए अच्छा न रहा हो । पर इस साल, बॉलीवुड के अभिनेता अभिनेत्रियों ने कुछ कीर्तिमान बनाए । इन्हें जानने में पाठकों की दिलचस्पी हो सकती है ।

टीवी विज्ञापन में बॉलीवुड सितारे- बॉलीवुड के सितारे फिल्मों से ज्यादा विज्ञापन फिल्मों से कमाते हैं । ज़्यादातर विज्ञापन फिल्मों में बॉलीवुड के मशहूर चेहरे उत्पादों की प्रशंसा करते नज़र आते हैं । इस लिहाज़ से, कार्यक्रम देखते टीवी दर्शकों का काफी समय बॉलीवुड की हस्तियों को देखने में निकल जाता है । दर्शक, रोज कितनी देर तक इन सितारों को टीवी पर देखता है ? इसे जानना दिलचस्प होगा । टीवी विज्ञापनों में सबसे ज्यादा अक्षय कुमार १७ घंटे प्रतिदिन दिखाई दे जाते हैं । उनके बाद रणवीर सिंह (१२ घंटे), अलिया भट्ट (१२ घंटे), दीपिका पादुकोण (११ घंटे) अमिताभ बच्चन (९ घंटे), विद्या बालन (७ घंटे), वरुण धवन (६ घंटे) और रणबीर कपूर (६ घंटे) हर दिन नज़र आते हैं ।

ट्विटर पर सबसे ज्यादा कमेंट पाने वाले टीज़र ट्रेलर- यह साल कुछ मायनों में बड़ा ख़ास रहा । सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु के बाद, बॉलीवुड को सोशल मीडिया पर लोगों की विपरीत टिप्पणियां और नापसंदगी से दो चार होना पड़ा । इस लिहाज़ से सबसे बुरी प्रतिक्रिया सड़क २ को मिली । क्योंकि, सुशांत सिंह राजपूत के प्रति खराब धारणा रखने के कारण बॉलीवुड के भट्ट सुशांत सिंह राजपूत के प्रशंसकों के निशाने पर थे । सड़क २ के ट्रेलर को पर सबसे ज्यादा दस लाख से ज्यादा टिप्पणियां मिली । इनमे ज्यादा नकारात्मक थी । सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद डिज्नी प्लस हॉट स्टार से प्रसारित होने वाली फिल्म दिल बेचारा पर ६ लाख १५ हजार कमेंट मिले । तमिल फिल्म मास्टर का ३.९३ लाख, तेलुगु फिल्म रामाराजू फॉर भीम को ४ लाख से ज्यादा, तमिल फिल्म सुरारी पोत्रू को २.८७ लाख कमेंट मिली । इन्हें मिलने वाली ज्यादा प्रतिक्रियायें सकारात्मक थी ।

इन्स्टाग्राम पर सबसे ज्यादा कमाई ! - लॉकडाउन में बंद, बॉलीवुड एक्टरों ने सोशल मीडिया पर खूब कमाई की । विज्ञापन की तरह इन्स्टाग्राम पर भी सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अक्षय कुमार ही थे । उन्हें इन्स्टाग्राम पर अपनी हर पोस्ट के लिए १.०२ करोड़, सलमान खान को ८५ लाख, रणवीर सिंह को ८१ लाख, वरुण धवन को ७४ लाख, शाहिद कपूर को ६९ लाख और शाहरुख़ खान को ५५ लाख मिले ।

बिछड़े सभी बारी बारी - इस साल बॉलीवुड में कई स्तब्ध करने वाली मौते हुई । सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या ने पूरे देश को आंदोलित कर दिया । उनके अलावा इरफ़ान खान, ऋषि कपूर, जगदीप, निशिकांत कामथ, एसपी बालासुब्रह्मन्यम, फ़राज़ खान, कनोडिया बंधू, भानु अथैया. अनिल देवगन, विशाल आनंद, अभिलाष, आशालता, एस मोहिंदर, समीर शर्मा (टीवी एक्टर), कुमकुम, रजत मुख़र्जी, सरोज खान, बासु चटर्जी, वाजिद खान, योगेश, निम्मी, टीवी एक्ट्रेस सजल शर्मा के नाम उल्लेखनीय हैं ।

कुछ बॉलीवुड की २७ दिसम्बर २०२०



आयुष्मान खुराना अब डॉक्टर जी ! - आयुष्मान खुराना ने परदे पर कई स्वांग करें हैं। स्पर्म डोनर से शुरुआत कर, समलैंगिक युवा की भूमिका तक आयुष्मान ने भिन्न भूमिकाएं की हैं। वह अब डॉक्टर बनने जा रहे हैं। डॉक्टर जी टाइटल वाली यह फिल्म आयुष्मान खुराना की फिल्मों की परंपरा में सरस हास्य फिल्म होगी ही, इसमें  सामजिक सन्देश भी होगा। यह फिल्म युवाओं के साथ साथ परिवार को भी आकर्षित करेगी। इस फिल्म का निर्देशन करने जा रही है अनुभूति कश्यप की यह पहली फिल्म है। अनुभूति के बारे में यह बता देना काफी होगा कि वह प्रसिद्द फिल्मकार अनुराग कश्यप और अभिनव दबंगकश्यप की बहन हैं। उन्होंने अनुराग को फिल्म गैंग्स ऑफ़ वासेपुर के निर्माण के दौरान मदद की थी। आयुष्मान खुराना इस समय अभिषेक कपूर की रोमांस फिल्म चंडीगढ़ करे आशिकी की शूटिंग कर रहे हैं।

रणबीर कपूर, 'डेविल' नहीं 'एनिमल' !- अर्जुन रेड्डी और शाहिद कपूर के साथ इसकी रीमेक कबीर सिंह जैसी सफल फिल्मों के निर्देशक संदीप वंगा रेड्डी ने, मौलिक हिंदी फिल्म बनाने के लिए बॉलीवुड में कदम रखा तो उन्हें नायक के रूप में रणबीर कपूर मिले। निर्माता भूषण कुमार और मुराद खेतानी की इस फिल्म का टाइटल डेविल रखा गया था। लेकिन, अब पता चला है कि इस टाइटल को बदल कर एनिमल कर दिया गया है। आखिर निर्माताओं को डेविल टाइटल को बदलने की क्या ज़रूरत पड़ गई? दरअसल, टाइटल डेविल निर्माता साजिद नाडियाडवाला के पास रजिस्टर है। साजिद के निर्देशन में पहली हिंदी फिल्म किक मे सलमान खान के किरदार देवी लाल सिंह का नाम उपनाम डेविल था। साजिद नाडियाडवाला इस टाइटल के साथ सलमान खान को लेकर एक सुपर हीरो फिल्म बनाना चाहते है। सलमान ने इसकी मंजूरी भी दे दी है। इसलिए, साजिद का भूषण कुमार को यह टाइटल देने का सवाल ही नहीं उठता था। एनिमल एक गैंगस्टर ड्रामा फिल्म है। रणबीर कपूर, इस फिल्म की शूटिंग ब्रह्मास्त्र और लव रंजन की अनाम फिल्म पूरी करने के बाद ही शुरू कर पायेंगे। रणबीर कपूर, श्रद्धा कपूर के साथ इस फिल्म की शूटिंग दिल्ली में ६ जनवरी से शुरू कर देंगे। दिल्ली में फिल्म का शिड्यूल पूरा होने के बाद फिल्म की शूटिंग गाज़ियाबाद और नॉएडा में होगी। इसके बाद विदेशी लोकेशन पर फिल्म शूट होगी।

रामप्रसाद की तेरहवी १ जनवरी २०२१ से - जिओ स्टूडियो और दृश्यम फिल्म्स की फिल्म रामप्रसाद की तेरहवी नए साल के पहले शुक्रवार यानि १ जनवरी २०२१ को प्रदर्शित की जायेगी। भार्गव परिवार के सदस्यों के चारों ओर घूमती फिल्म रामप्रसाद की तेरहवी के दौरान परिवार के सदस्यों की मरहूम रामप्रसाद के प्रति भावनाओं और क्रियाकलापों का हास्यपद चित्रण करती है। फिल्म में रामप्रसाद की भूमिका मे नसीरुद्दीन शाह नज़र आयेंगे। उनके अलावा फिल्म में सुप्रिया पाठक, कोंकोना सेन शर्मा, परमब्रत चटर्जी, विजय पाठक, विक्रांत मैसी और मनोज पाहवा की भूमिकाये भी दिलचस्प होंगी। इस फिल्म का लेखन और निर्देशन टेलीविज़न और फिल्म अभिनेत्री सीमा पाहवा ने किया है। यह उनकी निर्देशक के रूप में पहली फिल्म है। सीमा ने इस फिल्म की कहानी अपने अनुभवों के आधार पर लिखी है। यहाँ बताते चलें कि सीमा पाहवा को फिल्म चिंटू की बर्थडे में नानी की भूमिका के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार मिला है।

अंधी लड़की नयनतारा की नेत्रकण !- द हाउस नेक्स्ट डोर जैसी चर्चित हॉरर फिल्म का निर्देशन करने वाले मिलिंद राऊ इस बार थ्रिलर फिल्म नेत्रकण लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म की कहानी शहर में युवा लड़कियों की लगातार हो रही हत्या से शुरू होती है। अब वह हत्यारा एक अंधी लड़की को मारना चाहता है। वह लड़की अपनी रक्षा अपने नेत्रकण यानि तीसरी आँख से करती हैं। नेत्रकण का आशय भगवान शिव के तीसरे नेत्र से है। फिल्म में अंधी लड़की की भूमिका तमिल फिल्मों की सुपरस्टार अभिनेत्री नयनतारा ने की है। यह फिल्म अगले साल कीं सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जायेगी। नयनतारा को इस साल मुकुट्ठी अम्मां में शीर्षक भूमिका में देखा गया था। यह फिल्म १४ नवम्बर २०२० से डिज्नी हॉट स्टार प्लस पर स्ट्रीम हो रही है।

विक्की कौशल के साथ साहो सुजीत की फिल्म - प्रभास के साथ भारी भरकम बजट वाली एक्शन थ्रिलर फिल्म साहो के निर्देशक सुजित अब बॉलीवुड में प्रवेश करने जा रहे हैं। साहो का बजट ३५० करोड़ का था। हालाँकि, इस फिल्म के तेलुगु संस्करण को असफलता मिली थी। लेकिन, हिंदी साहो ने इसके निर्माताओं को १५० करोड़ का नेट वापस दिलवा दिया था। शायद इसी भारी कारोबार ने सुजित को मूल हिंदी में फिल्म बनाने के लिए प्रेरित किया है। बताते हैं कि उनकी यह फिल्म दक्षिण के एक बड़े निर्माता की होगी। फिल्म के नायक विक्की कौशल हो सकते हैं। विक्की कौशल, उरी द सर्जिकल स्ट्राइक के बाद, बॉलीवुड के भरोसेमंद अभिनेता बन कर उभरे है। हालाँकि, अभी विक्की कौशल ने सुजित की स्क्रिप्ट को हाँ नहीं की है। क्योंकि, वह इस समय चार प्रोजेक्ट में व्यस्त हैं। वह सरदार उधम सिंह के अलावा सैम मानक शॉ बायोपिक, विजय कृष्ण आचार्य के निर्देशन में यशराज फिल्म्स की अनाम फिल्म तथा आदित्य उरीधर के निर्देशन में बनने वाली फिल्म द इम्मोर्टल ऑफ़ अश्वत्थामा में व्यस्त हैं।