Sunday 28 March 2021

कुछ बॉलीवुड की २१ मार्च २०२१



सेलुलॉइड पर १८ मार्च से 'राम सेतु - अक्षय कुमार ने, फिल्म बच्चन पाण्डेय का निर्धारित कार्यक्रम पूरा करने के बाद, अपनी अगली फिल्म राम सेतु पर ध्यान लगा दिया हैं। निर्देशक अभिषेक शर्मा की फिल्म राम सेतु का कथानक रामायणकाल के राम सेतु पर आधारित है। फिल्म में अक्षय कुमार एक पुरातत्व विज्ञानी की भूमिका कर रहे हैं, जो राम सेतु की काल्पनिकता और वास्तविकता की पड़ताल कर रहा है। अभिषेक शर्मा को इस फिल्म का विचार २००७ में उस समय आया जब केरल से श्रीलंका तक कैनाल बनाने के दौरान राम सेतु की मौजूदगी का पता चला। यह प्रकरण सर्वोच्च न्यायलय तक पहुंचा। शर्मा को फिल्म के विषय पर काफी मदद डॉक्टर चंद्रप्रकाश द्विवेदी से मिली। जब अभिषेक शर्मा ने, अक्षय कुमार को फिल्म की स्क्रिप्ट का पहला ड्राफ्ट सुनाया, तब उन्होंने तत्काल अपनी सहमति दे दी। इस फिल्म की शूटिंग १८ मार्च से अयोध्या में महूरत शॉट के साथ शुरू हो चुकी है। फिल्म की ८० प्रतिशत शूटिंग मुंबई में ही होगी। इस फिल्म में वीएफएक्स की काफी अहम् भूमिका होगी। फिल्म में जैक्वेलिन फर्नॅंडेज़ और नुसरत भरुचा के महिला चरित्र काफी सशक्त है।

क्या रणवीर सिंह बनेंगे कर्ण ? - खबर है कि निर्माता वाशु भगनानी और उनके बेटे जैकी भगनानी महाभारत के एक वीर चरित्र कर्ण पर फिल्म सुर्यपुत्र महावीर कर्ण का निर्माण करने जा रहे हैं। हिन्दू महाकाव्य के एक पृष्ठ पर इस फिल्म पर ३०० करोड़ खर्च किये जायेंगे।  पहले यह खबर थी कि इस फिल्म को विक्रम के साथ आर एस विमल निर्देशित करने जा रहे हैं। बताते हैं कि अब कर्ण की भूमिका के लिए बाजीराव मस्तानी के अभिनेता रणवीर सिंह से संपर्क किया गया है। हालाँकि, रणवीर सिंह ने अभी फिल्म पर अपनी सहमति नहीं दी है। बॉलीवुड में हिन्दू महाकाव्यों पर फ़िल्में बनाने का सिलसिला शुरू हो चला लगता है। राम चरित्र पर प्रभास की फिल्म आदिपुरुष के अलावा सीता के चरित्र पर भी फ़िल्में बनाई जा रही हैं। रामायण को भी परदे पर उतारने की खबर है। दक्षिण के निर्माता भी रामायण और महाभारत के चरित्रों पर फ़िल्में बना रहे हैं।

आठ हफ्ते बाद प्राइम विडियो पर चेहरे ! - लगभग नौ साल बादलेखक रूमी जाफ़री निर्देशक के रूप में वापसी कर रहे हैं। गली गली में चोर है (२०१२) के बाद, रूमी लेखन के स्तर तक सीमित हो गए थे। अब, जबकि वह थ्रिलर फिल्म चेहरे से वापसी कर रहे हैं तो इससे फ्लॉप जलेबी के बाद, रिया चक्रवर्ती भी वापसी का प्रयास कर रही हैं। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और इमरान हाश्मी का पहली बार आमना सामना हो रहा है। फिल्म की कहानी दिलचस्प है, जिसमे कुछ लोग रहस्यमई कहानियां सुन और सुना रहे हैं। चेहरे को एक साल से सिनेमाघर का मुंह न देख सकी फिल्म कहा जा सकता है, क्योंकि कोरोना के कारण चेहरे पिछले साल सिनेमाघरों में रिलीज़ नहीं हो सकी थी। एक समय तो इस फिल्म के ओटीटी पर प्रसारित होने के समाचार भी थे। लेकिन, यह फिल्म ओटीटी पर आज भी रिलीज़ होगी, लेकिन, चेहरे के सिनेमाघरों में रिलीज़ के आठ हफ्ते बाद। चेहरे ९ अप्रैल २०२१ को सिनेमाघरों में आयेगी। इसके बाद, मई या जून में फिल्म को अमेज़न प्राइम विडियो पर देखा जा सकेगा।

बॉक्स ऑफिस के लिए दिलचस्प गठजोड़ !- ईद वीकेंड पर सलमान खान की फिल्म राधे योर मोस्ट वांटेड भाई की घोषणा के बाद, इसके सोलो रिलीज़ होने की संभावनाये ज्यादा थी। पर यह सम्भावनाये सत्यमेव जयते २ के कारण धूल में तो मिल गई, लेकिन सत्यमेव जयते २ को बढ़िया स्क्रीन मिले सकेंगे, इसमे शक की गुंजाईश थी। क्योंकि, राधे को ५०००+ प्रिंट में प्रदर्शित किये जाने का लक्ष्य रखा गया था। इससे, सत्यमेव जयते २ को सम्मानजनक स्क्रीन मिलने पर भी शक बन गया था। ऐसे में एए फिल्मस ने सत्यमेव जयते २ की बागडोर सम्हाली। अनिल  थडानी की इस वितरण संस्था ने सत्यमेव जयते २ के लिए थिएटर जुटाने शुरू कर दिए हैं। रवीना टंडन के पति थडानी को ही केजीएफ़ चैप्टर २ को हिंदी बेल्ट में रिलीज़ करने का दायित्व सौंपा गया है।  उन्होंने सत्यमेव जयते २ को केजीएफ़ चैप्टर २ के साथ जोड़ दिया है। अब केजीएफ़ चैप्टर २ लेने वाले प्रदर्शकों को सत्यमेव जयते २ के लिए भी परदे उपलब्ध कराने होंगे। उल्लेखनीय है कि केजीएफ चैप्टर २ में रवीना टंडन ने इंदिरा गाँधी का रील लाइफ किरदार किया है।

देव पटेल के मंकी मैन में शोभिता धुलिपला - अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म से हिंदी फिल्म अभिनेत्री शोभिता धुलिपला का फिर से नेटफ्लिक्स पर आगमन होने जा रहा है। मंकी मैन नाम की फिल्म को स्लमडॉग मिलियनेयर के देव पटेल निर्देशित करेंगे। यह उनकी निर्देशक के रूप में पहली फिल्म है। शोभिता ने मंकी मैन को सात साल पहले रमण राघव २.० के दौरान साइन किया था। पिछले साल, कोरोना महामारी के दौर में वह इस फिल्म की शूटिंग इंडोनेशिया में कर रही थी। यह फिल्म ज़ल्द ही नेटफ्लिक्स से स्ट्रीम होगी। 


No comments:

Post a Comment