Saturday 13 March 2021

गुलजार होने के लिए बॉक्स ऑफिस को इंतज़ार है....!



आज तक के कैलेंडर पर नज़र डालें तो इस साल, सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली आखिरी फिल्म रणवीर सिंह की फिल्म सर्कस (३१ दिसम्बर २०२१) होगी। एक हफ्ता पहले, आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्डा के रिलीज़ होने के बावजूद, दर्शकों को रोहित शेट्टी के साथ रणवीर सिंह की इस हास्य प्रधान फिल्म की प्रतीक्षा है। इससे साफ़ होता है कि हिंदी फिल्म दर्शकों को बॉलीवुड के, ख़ास तौर पर अखिल भारतीय (पैन इंडिया) इमेज वाले अभिनेताओं की फिल्मों का इंतजार है। यह फ़िल्में हिंदी सहित एक से अधिक भाषाओं में प्रदर्शित होंगी। ऐसी कौन सी फ़िल्में है और कौन अभिनेता है, जिनकी फिल्मों की हिंदी फिल्म दर्शकों को प्रतीक्षा है ?


पांच अभिनेता - मोटे तौर पर पांच ऐसे एक्टर हैं, जिनकी अखिल भारतीय छवि है। इनकी फ़िल्में पूरे देश के दर्शकों द्वारा देखी जाती है। ऐसे अभिनेता दक्षिण से भी है और बॉलीवुड के तो हैं ही। अक्षय कुमार, शाहरुख खान, रणबीर कपूर, आमिर खान, अजय देवगन, रणवीर सिंह के साथ दक्षिण की प्रभास की फ़िल्में दर्शकों की हिट लिस्ट में रहती है। 


राधे श्याम प्रभास - तेलुगु फिल्म स्टार तथा बाहुबली सीरीज की दो फिल्मों और साहो ने प्रभास की अखिल भारतीय इमेज बना दी है। उनकी फिल्म साहो के हिंदी सस्न्करण को तो बॉक्स ऑफिस पर तेलुगु संस्करण से आखिक कमाई करने का मौक़ा मिला। प्रभास की चार फ़िल्में दर्शकों के राडार पर हैं। प्रभास की यह फ़िल्में भारी भरकम बजट और भिन्न कथानक वाली फ़िल्में है। प्रभास की आगामी फिल्मों में राधे श्याम, सलार और आदि पुरुष के अलावा नाग आश्विन की अगली फ़िल्म उल्लेखनीय है। यह सभी फ़िल्में हिंदी सहित भारत की दूसरी भाषाओं में भी रिलीज़ होंगी। 


सूर्यवंशी अक्षय कुमार - बॉलीवुड के व्यस्ततम सितारों में से एक अक्षय कुमार हैं। आम तौर पर उनकी हर साल चार या पांच फ़िल्में प्रदर्शित हो जाती है। आज कल भी वह फिल्मों की शूटिंग और रिलीज़ की तैयारियों में काफी व्यस्त हैं। उनकी ८-९ फ़िल्में निर्माण के भिन्न चरणों मे है। उनकी एक्शन फिल्म सूर्यवंशी के २ अप्रैल को रिलीज़ होने की खबर थी। उनकी दूसरी फिल्मों में थ्रिलर बेल बॉटम, ऐतिहासिक पृथ्वीराज, पारिवारिक रक्षा बंधन, क्राइम ड्रामा फिल्म बच्चन पाण्डेय, ड्रामा राम सेतु, आदि के नाम उल्लेखनीय हैं।

  

पठान शाहरुख़ खान ! - शाहरुख़ खान की फिल्मों का इंतजार भी दर्शकों को हैं। जीरो के बाद, शाहरुख़ खान द्वारा फ़िल्में साइन करने का इरादा जताते ही, उनके पास प्रस्तावों का ढेर लग गया था। फिलहाल वह वॉर के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की खालिस एक्शन फिल्म पठान की शूटिंग कर रहे। इस फिल्म के इसी साल रिलीज़ होने की संभावना है। पठान के अलावा शाहरुख खान के द्वारा राजू हिरानी और एटली की फ़िल्में साइन करने की खबर है। लेकिन, अभी इसकी पुष्टि होनी बाकी है।


मिसफायर रणबीर का ब्रह्मास्त्र - रणबीर कपूर की लम्बे समय से निर्माण के भिन्न चरणों में फ़िल्में अब धीरे धीरे कर पूरी होती जा रही हैं। हालांकि इनमे से एक ब्रह्मास्त्र के अगले साल प्रदर्शित होने का समाचार है। लेकिन, उनकी तीन फ़िल्में शमशेरा, एनिमल और लव रंजन की फिल्म के इस साल प्रदर्शित होने की संभावना है। रणबीर कपूर की फिल्म शमशेरा पहली एक्शन फिल्म है, जिसमे रणबीर कपूर नायक है।


मैदान और भुज में अजय - बॉलीवुड के बड़े सितारों में अजय देवगन ही इकलौते ऐसे अभिनेता है, जिनकी पिछले साल एक फिल्म तानाजी प्रदर्शित हुई थी तथा इसे बॉक्स ऑफिस पर सफलता भी मिली थी। इस साल भी अजय देवगन की फ़िल्में रिलीज़ होनी हैं। उनकी इक्का दुक्का फ़िल्में ओटीटी पर भी स्ट्रीम हो सकती है। अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में भुज द प्राइड ऑफ़ इंडिया, मैदान, थैंकगॉड और चाणक्य के अलावा तेलुगु फिल्म कैथी की रीमेक फिल्म भी है। वह एक अखिल भारतीय फिल्म आरआरआर में खास मेहमान भूमिका में हैं। 


अटैक जॉन अब्राहम -जॉन अब्राहम की कोई आधा दर्जन फ़िल्में बाकी के महीनों में प्रदर्शित हो सकती है। इनमे मुंबई सागा, सत्यमेव जयते २, अटैक, पठान और एक विलेन रिटर्न्स के नाम उल्लेखनीय हैं। पठान और एक विलेन रिटर्न्स में जॉन अब्राहम नकारात्मक भूमिका में नज़र आयेंगे। 


आमिर, रणवीर तथा अन्य - इस साल रिलीज़ होने वाली कुछ फिल्मों की दर्शक को पिछले साल से प्रतीक्षा थी। इनमे सलमान खान की फिल्म राधे योर मोस्ट वांटेड भाई, रणवीर सिंह की जयेशभाई जोरदार और ८३ तथा आमिर खान की लाल सिंह चड्डा के अलावा एसएस राजामौली की पीरियड फिल्म आरआरआर, अल्लू अर्जुन की पुष्पा, यश की केजीएफ़ चैप्टर २, टाइगर श्रॉफ की हीरोपंथी २, शाहिद कपूर की जर्सी, आदि उल्लेखनीय है। इनके अलावा कंगना रानौत की तीन फ़िल्में थलैवी, धाकड़ और तेजस की भी दर्शकों को प्रतीक्षा हैं। 


No comments:

Post a Comment