Saturday 30 January 2016

रामगोपाल वर्मा की ‘गवर्नमेंट’ में अजित डोवल

मशहूर चन्दन तस्कर वीरप्पन पर फिल्म के बाद निर्माता निर्देशक रामगोपाल वर्मा की अगली फिल्म अंडरवर्ल्ड और बॉलीवुड नेक्सस पर होगी। इस फिल्म में आज कल प्रधान मंत्री के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवल का करैक्टर भी होगा। अपनी फिल्म के बारे में ट्वीट करते हुए रामगोपाल वर्मा ने लिखा कि मेरी फिल्म का फोकस वास्तविक तथ्यों पर होगा, जिसमे बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड का नेक्सस दिखाया जायेगा। किस प्रकार से अंडरवर्ल्ड से बॉलीवुड जुड़ा है, इसका भी चित्रण होगा। इस फिल्म का नाम ‘गवर्नमेंट’ होगा। सूत्र बताते हैं कि फिल्म की कहानी कभी अच्छे दोस्त रहे दावूद इब्राहीम और छोटा राजन की दुश्मनी पर होगी। इससे ज़ाहिर है कि फिल्म का कथानक मुंबई सीरियल ब्लास्ट के बाद का होगा। आजकल छोटा राजन गिरफ्तार कर भारत लाया जा चूका है। छोटा राजन ने दावूद इब्राहीम में बॉम्बे सीरियल ब्लास्ट में लिंक होने के कारण दावूद के काफी गुर्गों को इंटेलिजेंस एजेंसी को सूचना दे कर मरवा दिया था। इसलिए इस फिल्म में छोटा शकील और अबू सालेम के अलावा छोटा राजन की पत्नी सुजाता, मोनिका बेदी और अरुण गवली के अलावा अजित डोवल, पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह और बाला साहेब ठाकरे के किरदार भी होंगे। ज़ाहिर है कि जैसे जैसे गवर्नमेंट की शूटिंग आगे बढ़ेगी इसके साथ विवादों के जुड़ने की सूची लम्बी होती चली जायेगी। लेकिन, अपनी गैंगस्टर फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले रामगोपाल वर्मा से एक बढ़िया थ्रिलर फिल्म की उम्मीद तो की ही जाती है। 
किलिंग वीरप्पन 

जब लिली जेम्स ने घायल किया सह कलाकारों को !

सेठ ग्राहम-स्मिथ का २००९ में एक उपन्यास 'प्राइड एंड प्रेज्यूडिस एंड ज़ोम्बीज'  बाजार में आया था।  यह जेन ऑस्टेन के रोमांटिक नॉवेल 'प्राइड एंड प्रेज्यूडिस' और मॉडर्न डे ज़ॉम्बीज़ कथाओं का पैरोडी था।  इस उपन्यास स्क्रीन एडॉप्शन है डायरेक्टर बर स्टेर्स की फिल्म है 'प्राइड एंड प्रेज्यूडिस एंड ज़ोम्बीज' ।  ज़ाहिर है कि यह कॉमेडी हॉरर फिल्म ज़ोम्बी-किलिंग के पागलपन और बड़ी संख्या में खून खराबे का बिग पैक साबित होने जा रही है । एक हादसा इसकी ताकीद करता है। फ़िल्म की शूटिंग के दौरान कुछ बेहद खतरनाक फाइट सीन्स को करते हुए एलिज़ाबेथ बेनट का किरदार कर रही अभिनेत्री लिली जेम्स ने अपने कुछ साथी कलाकारों को घायल कर दिया । हाल ही में अपने एक इंटरव्यू में लिली जेम्स ने शूट के दौरान हुए इस हादसे का ज़िक्र किया। लिली जेम्स ने कहा," जब मैंने फ़िल्म का टाइटल देखा तो कुछ समझ ही नही आया । फिर मैंने इस फ़िल्म की कहानी पढ़ी । स्क्रिप्ट बेहद शानदार और फनी थी ।मुझे महसूस हुआ कि पीरियड ड्रामा को जॉम्बीज की ज़रूरत थी । मेरा किरदार एक छोटी तलवार वाले निंजा का है । यह किरदार हर समय अपने पास तलवार रखता है । मुझे लगता है कि हम अपने पास हथियार इसलिए रखते हैं क्योंकि हमे यह महसूस होता है कि जॉम्बीज कभी भी प्रकट हों सकते हैं । मुझे शूट के दौरान कोई चोट नहीं आयी लेकिन मैंने ज़ॉम्बीज़ बने दूसरें लोगों को बहुत घायल किया।" रोमांस और एक्शन के डबल धमाल वाली इस फ़िल्म मे लिली जेम्स अब तक क़ी सबसे खतरनाक ज़ोंबी किलर साबित होने जा रही है । पीवीआर पिक्चर्स द्वारा यह फ़िल्म पूरे भारत में १२ फरवरी को रिलीज़ की जा रही है ।


कभी फरवरी में बॉलीवुड मनाता था इनके बर्थडे भी

बॉलीवुड चढ़ते सूरज को नमस्कार करता है।  इंडस्ट्री का यह सुर्य नमस्कार नज़र आता था, इन सेलिब्रिटीज की जन्मदिन की पार्टियों में।  जितना बड़ा एक्टर या फिल्म निर्माता- निर्देशक उतना ही बड़ा सेलिब्रेशन  और उतने ही  ज़्यादा सलामी बजाते गेस्ट।  इन बर्थडे पार्टियों से पता चलता था स्टार स्टेटस।  लेकिन,  आज जब यह सितारे गुमनामी में हैं या मृत हो चुके  हैं, तो किसी  को याद नहीं कि यह सितारे  आज की तारिख में पैदा भी हुए थे।  कुछ ऐसे स्टार भी थे, जिन्हे उनके जीवन काल में ही भुला दिया गया। अपनी शोहरत की गुमनामी में खो कर अपना जन्मदिन तो बहुत से कलाकारों ने भुला  दिया था।
कितनों को याद है कि १ फरवरी को एक्टर ए के हंगल का जन्मदिन मनाया जाता था।  अरे नहीं, हंगल को तो उनके जीवनकाल में ही बॉलीवुड ने भुला दिया गया । पचास साल की उम्र में बासु भट्टाचार्य की फिल्म तीसरी कसम से  राजकपूर और वहीदा रहमान के साथ थिएटर एक्टर अवतार कृष्ण हंगल ने बॉलीवुड डेब्यू किया था।  चार दशक लम्बे अपने फिल्म करियर में हंगल ने २५५ फ़िल्में की।  ७०, ८० और ९० के दशक की लगभग हर फिल्म में ए के हंगल मुख्य किरदारों के  पिता,चचा या दादा बने नज़र आते।  दबे कुचले बूढ़े की भूमिका के  लिए वह फिट थे।  कश्मीरी पंडित अवतार कृष्ण हंगल  को आज भी शोले के इमाम साहब के किरदार से याद किया जाता है।   लेकिन, बॉलीवुड अंत समय में उन्हें बिलकुल भूल गया  था।  उनके पास अपने इलाज़ के पैसे तक नहीं थे।
बॉलीवुड की धूमकेतु
कुछ ऎसी फिल्म अभिनेत्रियां थी, जो धूमकेतु की तरह उभरी और जल्द ही अस्त हो गई।  शमिता शेट्टी, उदिता गोस्वामी,  सोनू वालिया, जिया खान, भाग्यश्री पटवर्धन (२३) और दिव्या भारती ऎसी भी अभिनेत्रियां थी। आदित्य चोपड़ा निर्देशित फिल्म मोहब्बतें ऐसी रोमांस फिल्म  थी,  जिसकी तीन युवा रोमांटिक जोड़े  में से एक भी बहुत सफल नहीं हुआ।  इनमे २ फरवरी को जन्मी शिल्पा शेट्टी की छोटी बहन शमिता शेट्टी भी थी। शमिता शेट्टी इस फिल्म में जिम्मी  शेरगिल, उदय चोपड़ा, जुगल हंसराज, प्रीती झंगियानी और किम शर्मा के साथ रोमांटिक तिगड़ी बना रही थी।  फिल्म सुपर हिट हुई।  पर यह तिकड़ी फ्लॉप ही रही।  नौ  फरवरी को उदित गोस्वामी और१९ फरवरी को सोनू वालिया का जन्म हुआ था।  १९८५ की मिस इंडिया सोनू वालिया ने  बॉलीवुड में ज़माने के लिए हर पैंतरे अपनाये।  उन्होंने आकर्षण में अकबर खान के साथ ज़बरदस्त चुम्बन आलिंगन किया।  फिल्म फ्लॉप हुई।   लेकिन, सोनू वालिया की तूती बोलने लगी। वह खून भरी  मांग में कबीर बेदी के साथ वैम्प की  भूमिका में थी।  उन्होंने अपने समय के लगभग सभी बड़े सितारों के साथ फ़िल्में की।  पूजा भट्ट  निर्देशित फिल्म पाप में जॉन अब्राहम के साथ गर्मागर्म रोमांस सीन करके उदित गोस्वामी सुर्ख तो हो गई, लेकिन अपना करियर लम्बा नहीं कर पाई।  आजकल वह डायरेक्टर मोहित सूरी की पत्नी के किरदार में सुखी जीवन जी रही हैं।  कहा जा सकता है कि २३ फरवरी को जन्मी भाग्यश्री पटवर्द्धन ने अपने भाग्य को खुद लिखा। वह सूरज बड़जात्या की फिल्म मैंने प्यार किया में सलमान खान  की नायिका थी।  उनका करियर टॉप पर होता।   लेकिन,भाग्यश्री ने अपने बचपन के दोस्त हिमालय से शादी कर ली।  फिर वह अपने पति के साथ काम करने की शर्त पर वापस आई।   लेकिन, ऎसी सभी फ़िल्में फ्लॉप हुई।  भाग्यश्री का करियर बनने से पहले ही ख़त्म हो गया।  इसके साथ ही इन अभिनेत्रियों का बर्थडे सेलिब्रेशन इनके परिवार तक सीमित हो गया।  बॉलीवुड तो भूल ही गया उन्हें।
नहीं मना सकी बीसवां जन्मदिन
सबसे दुखांत फरवरी में जन्मी दो अभिनेत्रियों जिया खान और दिव्या भारती का करियर है।  जिया खान ने २००७ में अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म निःशब्द से अपना करियर शुरू किया था।  वह फिल्म गजिनी में आमिर खान और हाउसफुल में अक्षय कुमार के साथ थी।   लेकिन, फिल्मों में उनको सफलता नहीं मिली।  पिछले साल रिलीज़ फिल्म हीरो के हीरो सूरज पंचोली के साथ प्रेम में निराश हो कर २० फरवरी १९८८ को जन्मी जिया खान ने ०३ जून २०१३ को कथित रूप से आत्महत्या कर ली। २३ फरवरी को जन्मी दिव्या भारती ने विश्वात्मा फिल्म से अपने  करियर की शुरुआत की थी।  वह गोविंदा,  शाहरुख़ खान, ऋषि कपूर, आदि की फिल्मों की नायिका बनी । जब वह करियर के टॉप पर थी, तभी ५ अप्रैल १९९३ को अपने घर की बालकनी से गिर कर उनकी मौत हो गई।  इसके साथ ही इन एक्टर्स के ग्रैंड बर्थडे सेलिब्रेशन का सिलसिला भी  ख़त्म हो गया।
सुर और गीतों के जन्मदाता
 फरवरी में हिंदी फिल्मों को सार्थक और देश भक्ति वाले गीत देने वाले कवियों-गीतकारों का जन्म हुआ।  कवि प्रदीप (६ फरवरी) ने हिंदी  फिल्मो को देश भक्ति के दूर हटो ऐ दुनिया  वालों, चल चल रे  नौजवान, आओ बच्चो तुम्हे दिखाए झांकी हिंदुस्तान की, आदि जैसे देशभक्ति पूर्ण और  जय  संतोषी माँ फिल्म के तमाम भक्ति पूर्ण गीतों के अलावा भारत के लिए भगवान का वरदान  हैं  गंगा, कोई लाख करे चतुराई,  काहे को बिसारे हरि नाम, आदि जैसे ढेरों  भक्ति गीत लिखे थे।  उनका ऐ मेरे वतन के लोगों गीत उन्हें हिंदुस्तान का कवि सम्राट साबित करता है।  मोहम्मद ज़हूर ख़य्याम (१८ फरवरी) फिल्म संगीतकार होने के बावजूद शास्त्रीय संगीत की हस्तियों में शुमार किये जाते थे। इसी लिए उन्हें संगीत नाटक अकादमी अवार्ड भी मिला।  उनकी उल्लेखनीय फिल्मों में  फूटपाथ, फिर सुबह  होगी, आखिरी  खत, शगुन,  कभी कभी, आदि के नाम शामिल हैं।  उन्हें उमराव जान के लिए नेशनल फिल्म अवार्ड मिला। जां निसार अख्तर (१४ फरवरी) भी ख़य्याम की तरह फिल्म से जुड़े होने के बावजूद साहित्य के क्षेत्र में सम्मानीय थे।  उन्होंने बाप रे बाप, यास्मीन, सीआईडी,  रुस्तम सोहराब, नूरी,  प्रेम  पर्वत, शंकर हुसैन, रज़िया सुल्तान, आदि फिल्मों के गीत लिखे। उन्हें १९७६ में साहित्य अकादेमी अवार्ड दिया गया।  संगीतकार रविन्द्र जैन को टीवी सीरियल रामायण ने अमर कर दिया।  उन्होंने राजश्री की फिल्मों को गीत  संगीत दिया।  वह राजकपूर की फिल्म राम तेरी गंगा मैली के संगीतकार भी थे।  लखनऊ में जन्मे तलत महमूद हिंदी फिल्मों के हीरो बनना चाहते थे।  उन्होंने कानन बाला, कानन  देवी, सुरैया, माला सिन्हा,  नादिरा, नूतन, आदि बड़ी अभिनेत्रियों के साथ फ़िल्में भी की।  लेकिन,  बड़ी सफलता मिली बतौर ग़ज़ल गायक। वह एक समय दिलीप कुमार की आवाज़ हुआ करते थे।
हिंदी फिल्मों को मनोरंजन और रोमांस देने वाले
२६ फरवरी को जन्मे मनमोहन देसाई ने हिंदी फिल्मों को खोया मिला का हिट फार्मूला दिया।  अमिताभ बच्चन को सुपर स्टार का दर्ज़ा दिलवाने वालों में देसाई की  फ़िल्में शुमार होती हैं।  उन्होंने राजकपूर, राजेश  खन्ना,  जीतेन्द्र, शशि  कपूर, शत्रुघ्न  सिन्हा, आदि के साथ एक से एक हिट फ़िल्में बनाई। नासिर हुसैन (०३ फरवरी)  ने हिंदी फिल्मों को रोमांस दिया,  संगीत से भरपूर मनोरंजन दिया, थ्रिलर फ़िल्में दी।  उनका हाथ हमेशा दर्शकों की नब्ज़ पर रहा करता था।  उन्होंने तुमसा नहीं  देखा, फिर वही दिल लाया हूँ,  जब प्यार किसी से होता है, कारवां, यादों की बरात, आदि उनकी हिट फ़िल्में थी। बम्बईया फिल्म उद्योग का बॉलीवुड नामकरण  उन्ही का किया हुआ है।  हिंदी फिल्मों में रोमांस की अलख जगाये रखने वाले जॉय  मुख़र्जी २४ फरवरी, विनोद मेहरा १३ फरवरी और राहुल रॉय ९ फरवरी को जन्मे थे।  राहुल रॉय आशिक़ी से सुपर हिट हुए थे।  लेकिन, उनकी यह सफलता ज़्यादा फिल्मों तक नहीं चल सकी।  विनोद मेहरा ने एक्शन और रोमांस से भरपूर थ्रिलर फ़िल्में की।  उनकी रेखा के साथ जोड़ी ज़्यादा गर्म हुई।  जॉय मुख़र्जी तो रोमांस के मसीहा थे।  उनके करियर की शुरुआत साधना के साथ फिल्म लव इन शिमला से हुई।  साधना के साथ फिल्म एक मुसाफिर एक हसीना भी की।  आशा पारेख के साथ फिल्म फिर वही दिल लाया हूँ, लव इन  टोक्यो और ज़िद्दी तथा सायरा बानो के साथ दूर की आवाज़, शागिर्द और यह ज़िन्दगी कितनी हसीं है में उनकी जोड़ी खूब जमी। आज इनके प्रशंसकों तक को इनका जन्मदिन याद नहीं होगा।
हिंदी फिल्मों के रोमांस के चेहरे
हिंदी फिल्मों की वीनस मधुबाला १४ फरवरी को जन्मी थी। केदार शर्मा की फिल्म नील कमल से डेब्यू करने वाली मधुबाला को कमाल अमरोही की फिल्म महल ने रहस्यमय सौंदर्य की नायिका बना दिया।   उनकी यादगार फिल्मों में दुलारी, तराना, संगदिल, अमर, मिस्टर एंड मिसेज़  ५५, बरसात की  रात, फागुन, काला  पानी, चलती का नाम  गाडी, मुग़ल ए आज़म, आदि थी।  पचास के दशक में निम्मी गाँव की गोरी के बतौर मशहूर थी।   लेकिन, उन्होंने हर प्रकार की फ़िल्में की।  वह  दीदार, दाग, आँधियाँ, उड़न खटोला,  अमर, आदि सामजिक फिल्मों की नायिका बनी, तो  उन्होंने अलिफ लैला और अंगुलिमाल जैसी धार्मिक और फंतासी और लव एंड गॉड जैसी फ़िल्में भी की।  महबूब खान की  फिल्म बहन में बहन के किरदार से अपने करियर का आगाज़ करने वाली नलिनी जयवंत अशोक कुमार के साथ फिल्म संग्राम करके टॉप पर पहुँच गई।  अशोक कुमार और नलिनी जयवंत की जोड़ी ने जलपरी, काफिला,  नौबहार, सलोनी, लकीरें, नाज़, शेरू, मिस्टर एक्स, आदि फ़िल्में की।  वह  शिकस्त, रेलवे  प्लेटफार्म, फूटपाथ,  नास्तिक, मुनीमजी, हम सब चोर हैं, काला  पानी, आदि फिल्मों की लीड एक्ट्रेस थी।  २१ फरवरी को जन्मी जयश्री गाड़कर को धार्मिक फिल्मों की नायिका के बतौर शोहरत मिली।  टीना मुनीम ने कभी देवानंद के साथ फिल्म देश परदेस  फिल्म में शराब के प्याले में नहा कर अपनी सेक्स अपील का कायल कर दिया।  बिज़नेस टाइकून अनिल अम्बानी से शादी करने से पहले तक वह क़र्ज़,   मनपसंद, यह  वादा  रहा, फिफ्टी  फिफ्टी,रॉकी,  सौतन, आदि फिल्मों की सेक्सी नायिका बनी।  अमृता सिंह (९ फरवरी) ने भी अपने ग्लैमर की बदौलत अमिताभ बच्चन की मर्द जैसी फिल्मों की नायिका बनने का  रुतबा हासिल किया।
कभी प्राण का जलवा हुआ करता था।  उनकी जन्म दिन (१२ फरवरी) की पार्टी में बड़े हीरो और हीरोइन भी पहुंचते और टॉप के फिल्म निर्माता और निर्देशक भी।  आई एस जौहर जीनियस एक्टर थे।  उन्होंने कॉमेडी फ़िल्में की।  लेकिन उनकी कॉमेडी में क्लास होता था।  उनकी स्पूफ फ़िल्में लाजवाब थी।  वह एक फिल्म मैगज़ीन में उसके पाठकों के सवालों के जवाब दिया करते थे।  पहाड़ी सान्याल (२२ फरवरी) और मनमोहन कृष्ण (२६ फरवरी) सह भूमिकाओं में कमाल किया करते थे।  सुजीत कुमार (७ फरवरी) ने सपोर्टिंग रोल किये। उन्होंने कई भोजपुरी फिल्मों में नायक की भूमिका की।
साफ़ है कि फरवरी में जन्मी फिल्म हस्तियों ने एक मुकाम  बनाया,  मील का पत्थर  रखा, हिंदी  सिनेमा को मज़बूती दी और अपना दबदबा कायम रखा।  सोचा जा सकता है कि इन हस्तियों की बुलंदी के दौर में इनके जन्मदिन पर क्या जलवा रहता होगा।  लेकिन, जैसे ही यह सितारे डूबने को हुए या इनका निधन हुआ, इनकी यादें भी इनके साथ चली गई।  टीना मुनीम तो अम्बानी बन कर अपना जन्मदिन  शान से मना लेती हैं।  पर बाकी हस्तियां तो शायद अपनी पैदाइश की तारिख भी  भूल गई होंगी।  फिल्म इंडस्ट्री तो भूल ही गई।



मेल ब्रुक्स की कॉमेडी पैरोडी 'स्पेसबॉल्स'

नब्बे साल के अमेरिकन एक्टर, कॉमेडियन,  फिल्मकार, संगीतकार और गीतकार मेल ब्रुक्स की प्रतिष्ठा स्वांग या कॉमेडी पैरोडी फिल्मों के निर्माता की है।  उन्होंने द प्रोडूसर्स, द ट्वेल्व चेयर्स, ब्लेज़िंग सड्ल्स, यंग फ्रैंकेंस्टीन, साइलेंट मूवी, हाई एंग्जायटी, स्पेसबॉल्स और रोबिन हुड: मेन इन टाइटस का निर्माण  और निर्देशन किया।  स्पेसबॉल्स २६ जून १९८७  को रिलीज़ हुई थी।  मेल ब्रुक्स इस फिल्म के लेखक, निर्माता और निर्देशक होने के अलावा जॉन कैंडी, रिक मॉर्निस, बिल पूलमैन, डाफ्ने सुनिगा, जॉर्ज वीनर के साथ एक्टर भी थे। यह फिल्म वीडियो पर कल्ट क्लासिक फिल्मों में शुमार की जाती है।  इस फिल्म की सेटिंग और करैक्टर मूल स्टार वार्स ट्राइलॉजी तथा अन्य विज्ञानं फंतासी फ्रैंचाइज़ी स्टार ट्रेक, एलियन और प्लेनेट ऑफ़ द एप्स की पैरोडी थे। फिल्म के निर्माण में २२.७ मिलियन डॉलर का खर्च आया था।  फिल्म ने बॉक्स  ३८.१ मिलियन डॉलर कलेक्ट किये थे। इस फिल्म के सीक्वल की किस्से भी बहुत व्यंग्यात्मक हैं।  २००४ में मेल ब्रुक्स ने रिक मॉर्निस के साथ स्टार वार्स प्रीक्वेल ट्राइलॉजी की पैरोडी बनाने की सोची।  इस फिल्म का नाम स्पेसबॉल्स ३: इन सर्च ऑफ़ स्पेसबॉल्स २ रखा जाना था।   लेकिन,मॉर्निस और ब्रुक्स के बीच बात बात न बन पाने के कारण फिल्म पर आगे काम नहीं हो सका।  इसके बाद पिछले साल फरवरी में ब्रुक्स ने कहा कि वह स्टार वार्स मूवी के रिलीज़ होने के बाद स्पेसबॉल्स का सीक्वल बनाएंगे।  इस फिल्म का नाम स्पेसबॉल्स २: द  सर्च फॉर मोर मनी रखा जाना बताया गया।  इस टाइटल से ऐसा लगता था कि मेल ब्रुक्स सीक्वल बनाने के लिए गंभीर नहीं है।


Wednesday 27 January 2016

जब घायल हुआ हीरो !

अभी ह्रितिक रोशन नयगांव में आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'मोहनजोदड़ो' की शूटिंग कर रहे थे।  इस फिल्म के एक्शन सीन को करने के चक्कर में वह घायल हो गए।  खबर है कि उनके टखने में चोट आई और दो लिगमेंट फट गए।  डॉक्टर ने उन्हें  हफ्ते का बेड रेस्ट करने की सलाह दी ।  कुछ ऐसा ही किस्सा शाहिद कपूर का भी है।  आजकल वह विशाल भारद्वाज की फिल्म 'रंगून' की शूटिंग कर रहे हैं। यह फिल्म सेकंड वर्ल्ड वॉर की पृष्ठभूमि पर रोमांस फिल्म है।  शाहिद कपूर एक सैनिक का किरदार कर रहे हैं।  वह फिल्म के लिए एक जापानी एक्टर के साथ फाइट सीक्वेंस कर रहे थे।  शायद एक्शन की टाइमिंग कुछ गड़बड़ हो गई।  दोनों अभिनेता एक दूसरे से जा भिड़े । शाहिद कपूर की उंगली में चोट आयी।  जापानी एक्टर के सीने में चोट लगी।  उसे हॉस्पिटल ले जाना पड़ा।  शाहिद कपूर लगातार छह घंटे से बारिश में शूट कर रहे थे।  उन्हें बुखार भी हो  गया।  डॉक्टर ने पूरे आराम की सलाह दी।   
ह्रितिक रोशन को परफेक्ट हीरो माना जाता है।  वह अपने रोल को स्वभाविक बनाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं।  जब तक खुद सीन से संतुष्ट नहीं हो जाते रिटेक देना पसंद करते हैं।  कुछ ऐसे ही परफेक्ट एक्टर शाहिद कपूर भी हैं।  वह रंगून के लिए जापानी सीख रहे हैं।  ह्रितिक की तरह अपने एक्शन सीन खुद करना उन्हें पसंद है।  वैसे आजकल एक्टरों की सोच है कि वह जब अपने तमाम सीन बिना किसी डुप्लीकेट के सहारे खुद करेंगे तो सीन परफेक्ट बनेगा। दर्शक उनसे ज्यादा जुड़ेंगे। ख़ास तौर पर युवा एक्टरों में अपने एक्शन खुद करने की होड़ सी लगी हुई है।  यही कारण है कि फिल्मों के सेट पर अभिनेताओं के घायल होने की ख़बरें आम हो चली हैं।  
बागी के स्टंट करते घायल हुए टाइगर श्रॉफ 
अब जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ को ही लीजिये। इस एक्टर ने हीरोपंती से हिंदी फिल्म डेब्यू किया था।  फिल्म बड़ी हिट साबित हुई थी।  हीरोपंती के हिट होने में टाइगर के डांस के अलावा एक्शन सींस का खासा योगदान था।  टाइगर श्रॉफ रेमो डिसूज़ा की फिल्म फ्लाइंग जट्ट में एक सुपर हीरो किरदार कर रहे हैं।  ज़ाहिर है कि इस  किरदार के लिए उन्हें एक्शन करने ही होंगे।  लेकिन, वह घायल हो गए बागी की शूटिंग के दौरान।  साबिर खान के डायरेक्शन में फिल्म बागी एक एक्शन से भरी फिल्म है। इस फिल्म का एक एक्शन दृश्य टाइगर पर भारी पड़ा।  टाइगर सोचते थे कि वह इस सीन को आसानी से कर ले जायेंगे। लेकिन, अनुमान के विपरीत वह चूके और सीधा पीठ के बल ज़मीन पर आ गिरे।  डॉक्टर ने  जांच कर बताया कि उनकी डिस्क में हलकी चोट आई है।  अब वह भी डॉक्टर की सलाह पर आराम को मज़बूर हैं।
अक्षय कुमार कहाँ पीछे !
टाइगर श्रॉफ को खतरनाक स्टंट न करने की सलाह देने वाले अक्षय कुमार खुद कहाँ मानते हैं! पिछले साल रिलीज़ प्रभुदेवा  के निर्देशन में फिल्म 'सिंह इज़ ब्लिंग' के  एक इंट्रोडक्टरी सांग 'तुंग तुंग बाजे' में अक्षय कुमार को कुछ एक्शन करते दिखाया गया है।  एक एक्शन जलते हुए रिंग के बीच से फांदने का था।  अक्षय कुमार ने इस एक्शन को ठीक से तो कर लिया, लेकिन एक छोटी गलती के कारण उनके पैर जल गए।  हालाँकि, फिल्म की यूनिट अक्षय की चोट को लेकर चिंतित थी।  लेकिन, खुद अक्षय अगले दृश्य को करने में जुट गए।   
सुजॉय घोष की फिल्म के सेट पर घायल हुए अमिताभ बच्चन 
घायल होने के मामले में ७३  साल के अमिताभ बच्चन भी पीछे नहीं।  आजकल वह कोलकात्ता में सुजॉय घोष की फिल्म टीइ३एन (TE3N) की शूटिंग कर रहे हैं।  इस फिल्म की शूटिंग कोलकात्ता के भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी हो रही है।  ऐसे ही एक शूट के दौरान भीड़ के बीच से भागते हुए अमिताभ बच्चन फिसल गए। उनकी दो पसलियां टूट गई। दरअसल, अमिताभ बच्चन इस उम्र में भी अपने एक्शन खुद  करने को तैयार रहते हैं।  डायरेक्टर के मना करने के बावजूद वह अपने बॉडी डबल को किनारे कर एक्शन सींस खुद करने लगते हैं। 
वेलकम बैक के सेट पर घायल हुए जॉन अब्राहम
जॉन अब्राहम को तो जैसे एक्सीडेंट ढूंढते रहते हैं। निशिकांत कामथ की २०११ में रिलीज़ फिल्म 'फ़ोर्स' की शूटिंग के दर्जन वह रेल पटरियों के बीच पीठ के बल आ गिरे और गंभीर चोटें खा बैठे। इसके बावजूद उन्होंने कोई सबक नहीं लिया। पिछले साल की हिट फिल्म 'वेलकम बैक' के एक फाइट सीक्वेंस के दौरान उनके सर पर चोट आ गई।  इस सीक्वेंस में एक फाइटर को जॉन अब्राहम के कन्धों पर वार करना था।  लेकिन, गलती से उसका प्रहार जॉन के सर पर हो गया।  जॉन अब्राहम दर्द से बेहाल हो गए।  डॉक्टर  बुलाया गया। यह संयोग ही था कि जॉन के सर पर अंदरूनी चोट नहीं आया।  उनके साथ दूसरा हादसा फ़ोर्स २ सेट पर घटा।  इस फिल्म का निर्देशन अभिनय देव कर रहे हैं। फिल्म के एक सीक्वेंस में एक्शन करते हुए वह घुटनों  के बल गिर पड़े।  उनके घुटनों में गंभीर चोट आई। थक्का जम गया।  हॉस्पिटल में थक्कों को निकाल दिया गया।   लेकिन, जॉन अब्राहम डॉक्टर की सलाह के विपरीत सेट पर पहुँच गए। नतीजे के तौर पर उन्हें घुटने को माइनर ऑपरेशन कराना पड़ा।     
धोनी की बायोपिक के सेट पर घायल हुए सुशांत सिंह राजपूत 
सुशांत सिंह राजपूत को नया परफेक्शनिस्ट कहा जा रहा है। वह इस समय भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की कहानी पर फिल्म 'धोनी अं अनटोल्ड स्टोरी' में महेंद्र सिंह धोनी का किरदार कर रहे हैं।  वह कप्तान के किरदार को विश्वसनीय बनाने के लिए क्रिकेट की हर बारीकी को समझ और कर रहे हैं।  धोनी का एक सिग्नेचर शॉट हेलीकॉप्टर शॉट है।  इस शॉट को करने के लिए सुशांत ने जैसे ही बल्ला घुमाया बॉल उनकी पसलियों से जा लगी। इसके  कारण से सुशांत को फिल्म की शूटिंग से तीन हफ्ते तक दूर  रहना पड़ा।  
जब रणवीर सिंह घायल हुए 
रणवीर सिंह की हिस्टोरिकल लव स्टोरी फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' हिट साबित हुई है।  ज़ाहिर है कि फिल्म के  हिट होने की ख़ुशी में रणवीर सिंह अपनी उस चोट को भूल गए होंगे जो उन्हें बाजीराव मस्तानी की जयपुर में शूटिंग के दौरान घोड़े से गिरने से लगी थी। रणवीर के कन्धों पर काफी चोट आई थी।  डॉक्टरों ने उन्हें आर्म स्लिंग  पहनने की सलाह दी।  यही कारण था कि रणवीर सिंह दिल धड़कने दो के प्रचार के दौरान आर्म स्लिंग में नज़र आये।  चोट खाने के मामले में उनकी पूर्व प्रेमिका अनुष्का शर्मा भी पीछे नहीं।  अपनी फिल्म एनएच १० की शूटिंग के दौरान एक एक्शन करते हुए वह अपनी पीठ चोटिल करा बैठी थी।  
घायल हुआ फैन का हीरो 
घायल होने के मामले में शाहरुख़ खान जॉन अब्राहम से कहीं बहुत आगे हैं।  वह अपनी हर फिल्म के सेट पर घायल हो जाते हैं।  हैप्पी न्यू ईयर की शूटिंग के दौरान उनके घायल होने का सिलसिला जारी रहा, वह इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान भी घायल हो गए, जब एक होटल का दरवाज़ा उन पर आ गिरा।  इसलिए, शाहरुख़ खान का मज़ाक भी खूब बनाया जाता है कि वह अपनी चोट को भी पब्लिसिटी स्टंट बना लेते हैं।  दिलवाले की शूटिंग के दौरान भी वह ट्विटर पर घायल कंधे वाली फोटो में नज़र आये।  उन्होंने ट्वीट कर लिखा भी, "माय लव बीते फ्रॉम अ बार फाइट।" अभी वह फैन की शूटिंग करते हुए भी चोटिल हो गए।  
दंगल के सेट पर आमिर खान के साथ अमंगल
नितीश तिवारी की फिल्म 'दंगल' में आमिर खान का अमंगल शुरू हो गया लगता है।  इस फिल्म के लुधियाना शूट के दौरान आमिर खान को एक लम्बे एक्शन सीक्वेंस में कई एंगल से सीन देने थे।  ऐसे ही एक सीन के दौरान वह ज़मीन पर गिरे तो खुद नहीं उठ सके।  ऐसा लगा की उनकी मांस पेशियों में खिंचाव हो गया है।  बर्फ आदि से इलाज़ के बावजूद जब आमिर खान खुद  खड़े नहीं हो सके तो उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने बताया कि आमिर खान के कंधे पर गंभीर चोट लगी है।  नतीजे के तौर पर मिस्टर परफेक्शनिस्ट को लुधियाना से मुंबई  रवाना होना पड़ा।
अपनी फिल्मों के सेट पर एक्टर गिरते हैं, चोट खाते हैं।  कभी मामूली, कभी गंभीर।  शाहरुख़ खान जैसी अभिनेता पब्लिसिटी के लिए भी इसका इस्तेमाल करते हैं। इसीलिए यह समझ पाना मुश्किल हो जाता है कि कोई चोट गंभीर है या पब्लिसिटी स्टंट ! यही कारण है कि जब दिलवाले के प्रचार के दौरान शाहरुख़ खान ने बताया कि फिल्म की शूटिगं के  दौरान काजोल ज़मीन पर गिर पड़ी थी तथा वह कोई आधे घंटे तक किसी को नहीं पहचान सकी थी, तो सबने इस पब्लिसिटी स्टंट ही समझा।
टाइगर श्रॉफ कहते हैं, "हालाँकि, अक्षय सर ने मुझसे खतरनाक एक्शन  सीन खुद न करने के लिए कहा था।  लेकिन, दर्शक फिल्म में कुछ नए एक्शन देखना चाहता है।  मुझे खुद को हर फिल्म के साथ कुछ ज़्यादा साबित करना है।" टाइगर  जानते हैं कि हर शुक्रवार किसी नए चहरे के उभरने का शुक्रवार हो सकता है।  हर नया हीरो दूसरा मौका नहीं लेना चाहता।  वह पहली फिल्म से ही खुद  को परफेक्ट हीरो साबित कर देना चाहता है।  ऐसे में टाइगर को अपना वज़ूद बचाने के लिए हर फिल्म में कुछ हैरतअंगेज तो करना ही होगा !


अल्पना कांडपाल 



अब छह महीना पहले आ जायेगा स्पाइडर-मैन

हॉलीवुड की कम से कम चार बड़ी फिल्मों की रिलीज़ की तारीखों में फेर बदल किये जाने की खबर है।  जॉन वाट्स निर्देशित स्पाइडर-मैन रिबूट फिल्म की रिलीज़ की तारिख १५ दिसंबर २०१७ से ७ जुलाई २०१७ कर दी गई है यह रिबूट फिल्म सोनी द्वारा डिज्नी की पार्टनरशिप से बनाई जा रही है इस फिल्म में अभिनेता टॉम हॉलैंड हाई स्कूल के छात्र स्पाईडी का किरदार करेंगे लेकिन, दर्शक टॉम हॉलैंड को स्पाइडर मैन के किरदार में इस साल ०६ मई को ही देख लेंगे  अब १५ दिसम्बर की खाली तारिख में डिज्नी की स्टार वार्स सीरीज की फिल्म स्टार वार्स एपिसोड ८ रिलीज़ होगी स्टार वार्स एपिसोड ७ पिछले साल दिसम्बर में रिलीज़ हुई थी  इस फिल्म को अभूतपूर्व सफलता मिली एपिसोड ७ अब तक १ बिलियन डॉलर से अधिक का बिज़नस कर चुकी है इसलिए, एपिसोड ८ का दिसम्बर में रिलीज़ होना फायदेमंद ही नज़र आता है । स्टार वार्स सीरीज की यह तीसरी फिल्म  होगी, जो दिसंबर में रिलीज़ होगी।  क्योंकि इस सीरीज में दूसरी फिल्म रोग वन: अ स्टार वार्स स्टोरी इसी साल दिसंबर में रिलीज़ होनी है । संयोग की बात यह है कि वार्नर ब्रदर्स ने १५ दिसम्बर २०१७ को एक विज्ञानं फंतासी फिल्म रेडी प्लेयर वन को रिलीज़ करना तय किया है इस फिल्म के निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग है, जो विज्ञानं फंतासी फिल्मों के महारथी हैं । इस फेर बदल में पाइरेट्स ऑफ़ द कॅरीबीयन: डेड मेन टेल नो टेल्स अब ७ जुलाई २०१७ के बजाय २६ मई को रिलीज़ होगी २८ जुलाई २०१७ की तारीख सोनी की जुमांजी रिबूट फिल्म के लिए सुरक्षित कर ली गई है २८ जुलाई को रिलीज़ होने जा रही मार्वल की फिल्म थॉर राग्नारोक अब ३ नवम्बर २०१७ को रिलीज़ होगी मार्वल स्टूडियोज की फ़िल्में आम तौर पर मई के पहले सप्ताह में ही रिलीज़ की जाती हैं कैप्टेन अमेरिका सिविल वॉर के बाद अगले दो सालों तक गार्डियनस ऑफ़ द गैलेक्सी २ और अवेंजेर्स इनफिनिटी वॉर मई के पहले हफ्ते में रिलीज़ होती रहेंगी

मनी मॉन्स्टर जोडी फोस्टर

अपने समय की श्रेष्ठ अभिनेत्री जोडी फोस्टर की प्रतिभा का बयान द एक्यूज्ड और साइलेंस ऑफ़ द लैम्ब के लिए श्रेष्ठ फिल्म अभिनेत्री के ऑस्कर पुरस्कार और कुल चार नॉमिनेशन करते हैं।  उन्होंने अपने अब तक के करियर में २९ अवार्ड और ५८ नॉमिनेशन पाये हैं।  वह अच्छी अभिनेत्री के साथ साथ अच्छी फिल्म निर्देशक भी हैं।  वह  टीवी सीरीज के अलावा तीन फिल्मों लिटिल मैन टेट, होम फॉर द हॉलीडेज और  द बीवर का निर्देशन कर  चुकी हैं।  बतौर निर्देशक उनकी चौथी फिल्म मनी मॉन्स्टर १३ मई को रिलीज़ होने जा रही है।  ली गेट्स एक फाइनेंसियल नेटवर्क पर अपने शो मनी मॉन्स्टर में स्टॉक सम्बन्धी सलाह दिया करता है।  वह वाल स्ट्रीट का जाना माना नाम है। एक दिन उसका एक दर्शक शो के दौरान उसके शो के क्रू और शो की निर्माता पैटी फेंन के साथ उसे बंधक बना लेता है।  उस दर्शक ने ली  की सलाह पर स्टॉक मार्किट में पैसा लगा कर काफी नुक्सान उठाया था।  इस फिल्म का तनावपूर्ण और उत्तेजना से भरपूर पहलू यह है कि ली और फेन को खुद के शो को जारी रखते हुए, इस बात का पता भी लगाना है कि वह स्टॉक जिस पर ली ने राय दी थी, कैसे क्रैश कर गया।  इस फिल्म में ली गेट्स की भूमिका जॉर्ज क्लूनी, पैटी फेंन की भूमिका जूलिया रॉबर्ट्स और नाराज़ इन्वेस्टर  की भूमिका जैक ओ'कनेल ने की है।  अन्य भूमिकाओं में डॉमिनिक  वेस्ट, कैट्रिओना बल्फे, क्रिस्टोफर डेन्हम, क्रिस बाउर, आदि के नाम उल्लेखनीय हैं।